गया कॉलेज प्रबंधन विभाग में वरिष्ठ एमबीए सत्र: 2023-25 के विद्यार्थियों को भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित
विदाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत: प्राचार्य
गयाजी शहर के गया कॉलेज गया के मुंशी प्रेमचंद सभागार में मंगलवार को गया कॉलेज के प्रबंधन विभाग में एमबीए सत्र: 2024-26 के विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठ एमबीए सत्र: 2023-25 के विद्यार्थियों को भावपूर्ण विदाई दी।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत गान से हुई। तत्पश्चात् विद्यार्थियों द्वारा सभी उपस्थित पदाधिकारीगण, शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों का स्वागत भेंट स्वरूप अंगवस्त्र और पौधे भेंट कर किया गया। इसके बाद कनिष्ठ विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, नृत्य और मंचीय प्रस्तुतियों से वरिष्ठों के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया।
इसअवसर पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सतीश सिंह चंद्र ने कहा कि विदाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। सफलता का वास्तविक स्वरूप नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व से निर्धारित होता है। विभागाध्यक्ष डॉ. अम्बरीष नारायण ने कहा कि एमबीए सत्र: 2023-25 की दो वर्षीय शैक्षणिक यात्रा केवल उपलब्धियों से ही नहीं, बल्कि अनुशासन, सहभागिता और सृजनात्मक दृष्टिकोण से भी परिपूर्ण रही है। विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और नवाचार की सोच से विभाग की गरिमा को बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये विद्यार्थी भविष्य में जिस भी क्षेत्र में जाएंगे, वहाँ उत्कृष्टता और नैतिक मूल्यों के साथ समाज तथा राष्ट्र की प्रगति में महत्त्वपूर्ण योगदान देंगे।
कार्यक्रम में कॉलेज के बर्सर डॉ. मार्कण्डेय पाण्डेय, व्यावसायिक विषयों के ओएसडी डॉ. विनोद कुमार सिंह, विभागीय शिक्षक डॉ. सुशांत मुखर्जी, अमृता सिन्हा, अजीत राज, प्रेमपति चखैयार सहित विभिन्न विभागों के सम्मानित शिक्षकों तथा शिक्षकेत्तर संघ के सचिव संतोष सिंह, मनीष प्रताप सहित अन्य की गरिमामई उपस्थिति रही।
यह विदाई समारोह विभागीय परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विद्यार्थियों के बीच सौहार्द और सकारात्मक भावनाओं का प्रतीक बना।
Aug 21 2025, 10:40