झारखंड के 35,000 सरकारी स्कूलों में शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि, 32 लाख छात्र हुए शामिल
रांची, 14 अगस्त 2025: झारखंड के सभी 35,000 सरकारी विद्यालयों में आज झारखंड आंदोलन के पुरोधा और दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी गई। शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में 1 लाख से अधिक शिक्षकों और 32 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इसके अलावा, समुदाय से 2 लाख से अधिक आम लोग भी इसमें शामिल हुए।
![]()
![]()
संघर्षशील जीवन से छात्रों को किया गया अवगत
श्रद्धांजलि सभा का आयोजन सुबह की प्रार्थना के दौरान किया गया, जिसमें मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिबू सोरेन के संघर्षशील जीवन, सामाजिक न्याय, आदिवासी अधिकारों की रक्षा, भूमि सुधार और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए अतुलनीय योगदान के बारे में विस्तार से बताया।
![]()
सत्य, न्याय और समाज सेवा का संकल्प
सभा में मौजूद छात्र-छात्राओं ने शिबू सोरेन के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। उन्होंने यह प्रण किया कि वे जीवन में सत्य, न्याय और समाज सेवा के मूल्यों को अपनाएंगे और एक जागरूक नागरिक के रूप में राष्ट्र और समाज के विकास में सक्रिय योगदान देंगे।
![]()
शिक्षा विभाग के सचिव श्री उमाशंकर सिंह ने बताया कि शिबू सोरेन का जीवन न केवल राजनीतिक रूप से प्रेरणादायी था, बल्कि उन्होंने झारखंडी अस्मिता, संस्कृति और आदिवासी समाज की उन्नति के लिए भी संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि उनके विचार आज भी युवाओं को प्रेरित करते हैं।
![]()
Aug 15 2025, 09:16