बाबूलाल मरांडी ने गृह मंत्री अमित शाह को दी बधाई, बोले- 'वे सबसे लंबे कार्यकाल वाले गृह मंत्री'
रांची: झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भारत के राजनीतिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले गृह मंत्री बनने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। श्री मरांडी ने कहा कि अमित शाह उन चुनिंदा नेताओं में से एक हैं, जिन्होंने नीतिगत और जमीनी स्तर पर निरंतर परिवर्तन के लिए काम किया है।
![]()
मरांडी ने इस गौरवपूर्ण क्षण को अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के ऐतिहासिक प्रस्ताव से जोड़ा, जो 2019 में गृह मंत्री द्वारा संसद में रखा गया था। उन्होंने कहा कि इस निर्णय ने जम्मू-कश्मीर को भारत के संविधान के साथ पूरी तरह जोड़ा और एक ऐतिहासिक बोझ से मुक्ति दिलाई।
झारखंड में नक्सलवाद के खिलाफ 'ऑपरेशन समर्पण'
बाबूलाल मरांडी ने अमित शाह के कार्यकाल में गृह मंत्रालय की आंतरिक सुरक्षा नीतियों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से झारखंड का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां दशकों से नक्सलवाद ने विकास, शिक्षा और रोजगार को बाधित किया था, वहीं गृह मंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 'ऑपरेशन समर्पण' के तहत एक निर्णायक लड़ाई शुरू की। उन्होंने कहा कि यह अभियान झारखंड और अन्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आम नागरिकों का विश्वास बहाल कर रहा है कि केंद्र सरकार उनकी सुरक्षा और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
मरांडी ने अमित शाह को उनके "लंबे, प्रभावशाली और निर्णायक कार्यकाल" के लिए हार्दिक बधाई दी और कामना की कि उनके नेतृत्व में देश और भी सशक्त तथा सुरक्षित बने।
Aug 05 2025, 20:47