झारखंड का शहरी स्वच्छता में दबदबा कायम: जमशेदपुर को तीसरा स्थान, बुंडू 'प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर' घोषित
नई दिल्ली/रांची, 17 जुलाई 2025: झारखंड ने एक बार फिर शहरी स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी पहचान कायम की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कुशल नेतृत्व में, स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 के परिणामों में राज्य के दो शहरों को प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुए हैं। जमशेदपुर को 3-10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में तीसरा स्थान मिला है, जबकि बुंडू को 'झारखंड का प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर' घोषित किया गया है।
आज गुरुवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति में स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 के परिणामों की घोषणा की गई और बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर, राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य विभाग के सचिव श्रीनिवास कटिकिथला ने झारखंड सरकार, राज्य के नगर विकास विभाग और विशेष रूप से जमशेदपुर तथा बुंडू के नागरिकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
यह उल्लेखनीय है कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 की कुछ अन्य श्रेणियों में भी झारखंड के शहरों का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। जमशेदपुर को पांच सितारा शहरों की सूची में शामिल किया गया है। वहीं, झारखंड के देवघर, जुगसलाई और चाकुलिया को वन स्टार रैंकिंग प्राप्त हुई है। 'वाटर प्लस' शहरों की सूची में जमशेदपुर ने भी अपनी जगह बनाई है। बुंडू, चिरकुंडा, राजमहल, साहेबगंज और देवघर को 'ODF ++' श्रेणी में रखा गया है।
यह भी गौरतलब है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2016 में झारखंड की स्थिति बहुत संतोषजनक नहीं थी, लेकिन स्वच्छ सर्वेक्षण 2017 से लेकर 2023 तक राज्य की जनता, शहरी निकायों और राज्य सरकार के कुशल मार्गदर्शन में राज्य ने स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार कई सम्मान प्राप्त किए हैं। मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व, विभागीय मंत्री श्री सुदिव्य कुमार के मार्गदर्शन और सफाईकर्मियों के प्रति संवेदनशीलता का ही यह परिणाम है कि आज राज्य के दो शहरों को स्वच्छता के क्षेत्र में यह महत्वपूर्ण सम्मान मिला है।
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव श्री सुनील कुमार ने इस सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व, विभागीय मंत्री श्री सुदिव्य कुमार के मार्गदर्शन और नागरिकों के सहयोग को देते हुए अगले सर्वेक्षण में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। उन्होंने सभी नगर निकायों को साफ-सफाई को अपनी प्राथमिकता में रखकर कार्य करने के निर्देश भी दिए हैं।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर राज्य सरकार की ओर से नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव श्री सुनील कुमार, राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक श्री सूरज कुमार और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी श्री कृष्ण कुमार तथा बुंडू नगर पंचायत के पदाधिकारियों ने यह सम्मान ग्रहण किया।
![]()
Jul 17 2025, 16:48