महिला सशक्तिकरण पर जोर देने वाली अहिल्या बाई होल्कर के कार्यों को इतिहास में छुपाया गया : शशांक
![]()
सीके सिंह(रूपम)
सीतापुर। महिला सशक्तिकरण और शिक्षा पर जोर देने वाली अहिल्या बाई होल्कर के कार्यों को इतिहास में छुपाया गया। जबकि अकबर और औरंगजेब को महान बताने का कार्य पूर्व की सरकारों द्वारा किया गया। यह बात महोली विधायक शशांक त्रिवेदी ने शुक्रवार को विकास खंड ऐलिया के सभागार में अहिल्या बाई होल्कर के त्रिशताब्दी जयंती व तिरंगा यात्रा के अवसर पर अपने संबोधन में कही।
उन्होंने कहा कि इतिहास में उन्हें महान बताया गया जिन्होनें हमारी धरोहरों विश्वविद्यालयों, मंदिरो को तोड़ने व लूटने का काम किया। मगर अहिल्या बाई के महान कार्यों न्यायप्रियता, कुशल नेतृत्व, महिला समूहों को प्राथमिकता व शिक्षा में विशेष योगदान करने वाली देवी का इतिहास दबा दिया गया। उन्होने विकास खंड ऐलिया में संचालित समूहों की सदस्यों को उत्कृष्ट कार्य करने के लिये पुरस्कार राशि की घोषणा करते हुये कहा कि इस विकास खंड में जो महिला समूह सबसे अच्छा कार्य करेगा उसे स्वयं के पास से मैं इक्यावन हजार रुपये का नक़द पुरस्कार दूंगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन करके किया गया। मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्यों का स्वागत बीडीओ ऐलिया प्रीति तिवारी व ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि संजय सिंह "संजू" ने पुष्प गुच्छ देकर किया। भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री लक्ष्मी ने अहिल्या बाई के जीवन पर प्रकाश डालते हुये बताया कि किसी राजा या रानी को इतने लंबे समय के बाद याद करने के विरले ही उदाहरण होंगे। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश प्रशासक और अंग्रेज अधिकारी सर जॉन मालकम ने मालवा के इतिहास पर कार्य किया था, उन्होंने देवी अहिल्या बाई को होल्कर राजवंश की श्रेष्टतम शासिका के रूप में उल्लेखित किया है। देवी अहिल्या बाई द्वारा अपने कार्यकाल में देशभर में 8527 धार्मिक स्थल, 920 मस्जिदों और दरगाह, 39 राजकीय अनाथालय का निर्माण कराया। साथ ही उनके कार्यकाल में धर्मशालाओं, नर्मदा किनारे, देश में प्रमुख धर्मस्थलों पर नदियों किनारे के घाटों, कुंए, तालाब, बाबड़ियों और गोशालाओं के निर्माण में आर्थिक मदद दी गई थी। अहिल्या बाई के कार्यकाल में होल्कर राजवंश में ही नहीं, बल्कि पूरे भारत में उनके द्वारा कार्य किए गए, जिनकी फेहरिस्त लंबी है। अहिल्या बाई ने राजधानी महेश्वर को बनाया और उनके द्वारा शिव के प्रति स्नेह और आदर भाव का पूर्ण ध्यान रखा गया। नर्मदा किनारे उन्होंने घाटों का निर्माण करवाया। कार्यक्रम के समापन के बाद तिरंगा यात्रा निकाली गयी और शहीद स्तंभ पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित की गयी।
इस मौके पर ऐलिया मंडल अध्यक्ष जेपी त्रिपाठी, जिला महामंत्री बब्बू मि्श्रा, बड़ा गांव मंडल अध्यक्ष रजनीश श्रीवास्तव, अधीक्षक सीएचसी ऐलिया डॉ सुधीर पांडेय, एडीओ पंचायत मनोज सिंह, जेई शिवी पांडेय, सुपरवाइजर नमिता सिंह, महोली ब्लाक प्रमुख जगदीश, लवकुश शुक्ला, जय प्रकाश सिंह"मिंटू", प्रेम नरायन मिश्रा, सुमेर राज सहित बड़ी संख्या में महिलाएं व ग्रामीण उपस्थित रहे
।
May 31 2025, 19:27