उत्तर प्रदेश में पर्यटन विकास को मिली रफ्तार, दो वर्षों में 134.57 करोड़ की योजनाएं स्वीकृत
![]()
-- हर विधानसभा क्षेत्र में अल्पज्ञात स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर लाने की योजना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के पर्यटन विकास को गति देने के लिए ठोस प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री पर्यटन सहभागिता योजना के अंतर्गत पिछले दो वर्षों में 61 परियोजनाओं के लिए 134.57 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अल्पज्ञात ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों का विकास कर उन्हें पर्यटन मानचित्र पर प्रमुखता से स्थापित करना है। इससे न केवल पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
स्थानीय विरासत और संस्कृति को मिलेगा संरक्षण
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से स्थानीय विरासत और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने में मदद मिलेगी, जिससे इन स्थलों की महत्ता और पहचान दोनों बढ़ेगी। सरकार का यह प्रयास पर्यटन को आर्थिक और सांस्कृतिक दृष्टि से एक सशक्त माध्यम बनाने की दिशा में है।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक प्रमुख स्थल का होगा चयन
मुख्यमंत्री पर्यटन सहभागिता योजना के अंतर्गत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक प्रमुख स्थल का चयन किया जाएगा। इन स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, प्रकाश, बैठने की व्यवस्था, साइनबोर्ड आदि का विकास किया जाएगा। इसके अलावा, पर्यटन सेवा प्रदाताओं को आकर्षित करने के प्रयास भी किए जाएंगे।
योजनाओं में जन सहभागिता का विशेष महत्व
परियोजनाओं के क्रियान्वयन में जन सहभागिता को विशेष महत्व दिया गया है। मंत्री ने बताया कि प्रस्तावित योजनाओं में 50% धनराशि प्रस्तावक द्वारा और शेष 50% पर्यटन विभाग द्वारा वहन की जाती है। जनप्रतिनिधियों के अलावा कोई भी प्रतिष्ठित या सक्षम व्यक्ति, संस्था, ट्रस्ट, नगर निकाय, ग्राम पंचायत अथवा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत भी प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकते हैं।
वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 में योजनाएं
वित्तीय वर्ष 2023-24 में कुल 42 योजनाओं के लिए लगभग 116.51 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं, 2024-25 में 19 परियोजनाओं के लिए करीब 18.06 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
May 21 2025, 17:39