पूर्णिया के पूर्व सांसद उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह बने जन सुराज के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष
डेस्क : पूर्णिया के पूर्व सांसद उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह को जन सुराज का पहला राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। सोमवार को पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने राजधानी पटना में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी घोषणा की। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह और प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती सहित पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।
प्रशांत किशोर ने कहा कि सबने मिल कर उदय सिंह को जन सुराज का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना तय किया है। उनके आगमन से जनसुराज और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि जन सुराज में अब प्रशांत किशोर की भूमिका उस कुम्हार की होगी, जो मिट्टी उठा कर चाक पर डालता है। नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जन सुराज जिस मकसद को लेकर चला, उसने बिहार के लोगों के दिल-दिमाग में अपनी जगह बना ली है। बिहार की जनता की मांग पर बनी यह पार्टी बिहार के लोगों को राजनैतिक प्लेटफॉर्म देगी।
इस मौके पर वाईवी गिरी, अभिराम शर्मा, आफाक अहमद, रामबली सिंह चंद्रवंशी, आरके मिश्रा, ललन जी, केडी यादव, एनपी मंडल और किशोर कुमार मुन्ना सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
May 20 2025, 15:42