बीसीसीआई ने किया सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट का ऐलान, 5 भारतीय खिलाड़ियों को मिली जगह
#bcciannounces202425annualcontractlist
![]()
बीसीसीआई ने साल 2024-2025 के लिए खिलाड़ियों के सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट की सूची का एलान कर दिया है। इस लिस्ट में कुल 34 खिलाड़ी हैं। 34 नामों को चार ग्रेड में बांटा गया है। हमेशा की तरह खिलाड़ियों को A+, A, B और C कैटेगरी में बांटा गया है। इनकी सैलरी एक करोड़ से 7 करोड़ तक है। 34 खिलाड़ियों में 5 ऐसे नाम शामिल हैं जिन्हें बीसीसीआई ने पहली बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में जगह दी है। बड़ी बात ये है कि ईशान किशन और श्रेयस अय्यर की कॉन्ट्रेक्ट में फिर से वापसी हुई है।
किस ग्रेड को कितना पैसा?
बीसीसीआई सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट में 34 खिलाड़ियों को 4 ग्रेड में बांटा गया है। हर खिलाड़ी को उसके ग्रेड के मुताबिक सालाना रकम दी जाएगी। सबसे ज्यादा 7 करोड़ रुपये A+ ग्रेड के खिलाड़ियों को मिलते हैं। वहीं A ग्रेड में 5 करोड़ रुपये मिलते हैं। जबकि B ग्रेड के खिलाड़ियों को 3 करोड़ रुपये। वहीं C ग्रेड में शामिल खिलाड़ियों को सालाना 1-1 करोड़ रुपये मिलते हैं। बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंध की सूची में उन्हीं खिलाड़ियों को जगह मिलती है जो एक साल के अंदर कम से कम तीन टेस्ट, आठ वनडे या 10 टी20 मैच जरूर खेले हों।
ऋषभ पंत ग्रेड- B से ग्रेड- A में प्रमोट
A+ ग्रेड में 4 खिलाड़ियों को जगह दी है। उसने रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को इस ग्रेड में रखा है। वहीं A ग्रेड में 6 खिलाड़ी शामिल किए गए हैं, जिसमें मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, शुभमन गिल, हार्दिक पंड्या, मोहम्मद शमी और ऋषभ पंत हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को इस कॉन्ट्रेक्ट में फायदा हुआ है। वह ग्रेड- B से ग्रेड- A में प्रमोट किए गए हैं।
ईशान और श्रेयस की वापसी
वहीं, पांच खिलाड़ी B ग्रेड और 19 खिलाड़ी C ग्रेड में हैं। नीतीश रेड्डी, हर्षित राणा, अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती को पहली बार बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंध में जगह मिली है। इन सभी को ग्रेड- C में रखा गया है। इस केंद्रीय अनुबंध की सबसे बड़ी खबर ईशान किशन और श्रेयस अय्यर की इस सूची मे वापसी है। ईशान और श्रेयस को बीसीसीआई से अनबन के बाद 2023-24 के केंद्रीय अनुबंध की सूची से बाहर होना पड़ा था। बीसीसीआई के कहने के बावजूद ईशान और श्रेयस ने घरेलू टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया था। हालांकि, अब इन दोनों की वापसी हो गई है। ईशान को ग्रेड- C और श्रेयस को ग्रेड- B में रखा गया है।
11 hours ago