हजारीबाग में रामनवमी पर आर्ष कन्या गुरुकुल ने निकाली भव्य शौर्य यात्रा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह हुए सम्मानित।
![]()
हजारीबाग। रामनवमी के पावन अवसर पर रविवार, 6 अप्रैल को आर्ष कन्या गुरुकुल, हजारीबाग के द्वारा एक भव्य रामनवमी शौर्य यात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा पूरे नगर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करती हुई, श्रद्धा और संस्कृति से ओतप्रोत वातावरण में निकली।
पारंपरिक वेशभूषा, वैदिक मंत्रोच्चार और आकर्षक झांकियों के साथ निकली इस यात्रा ने नगरवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए एक भव्य धार्मिक आयोजन में तब्दील हो गई। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़कों पर उमड़ पड़े।
इस शोभायात्रा में नगरवासियों के साथ-साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह ने भी श्रद्धापूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर गुरुकुल के आचार्य कौटिल्य ने उन्हें पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए श्री मुन्ना सिंह ने कहा कि आर्ष कन्या गुरुकुल केवल नारी शिक्षा को सशक्त बना रहा है, बल्कि हमारी सनातन परंपराओं और भारतीय संस्कृति के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि जब आधुनिकता के युग में पारंपरिक मूल्यों का क्षरण हो रहा है, तब ऐसे संस्थान हमारी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूती देने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने आयोजन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसी सांस्कृतिक यात्राओं से नई पीढ़ी को अपनी सभ्यता और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है, जिससे राष्ट्र निर्माण को नई दिशा मिलती है।
Apr 06 2025, 19:14