पूरे देश में ईद की धूम : राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और सीएम नीतीश कुमार ने देश और प्रदेशवासियों को दी ईद की बधाई
डेस्क : बीते रविवार को चांद का दिदार होने के बाद आज सोमवार को ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जा रहा है। आज सोमवार की सुबह 7.30 बजे से गांधी मैदान में ईद की नमाज अदा की गई। वहीं ईद की बधाई देने का सिलसिला जारी है।
बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने समस्त देशवासियों व बिहारवासियों को ईद-उल-फित्र की बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा है कि खुशियों का यह त्योहार रमजान के मुबारक माह की समाप्ति के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। राज्यपाल ने कहा कि रोजेदार रमजान के महीने में रोजा रखते हैं और विशेष इबादत करते हैं। यह त्योहार आपसी प्रेम, मैत्री, करुणा और सद्भावना का संदेश देता है। उन्होंने कामना की है कि ईद-उल-फित्र सब के जीवन में ढेर सारी खुशियां लेकर आये।
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ईद-उल-फित्र के मौके पर प्रदेश एवं देशवासियों विशेषकर मुस्लिम भाई-बहनों को ईद की मुबारकबाद दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पवित्र रमजान के महीने में रोजेदारों द्वारा की गयी इबादत से उनके घर-परिवार के साथ-साथ प्रदेश और देश में शान्ति एवं समृद्धि आएगी।
उन्होंने कामना की कि समाज में अमन-चैन, भाईचारा कायम रहे। ईद का दिन इनाम का दिन है। खुदा इस मुबारक दिन पर अपने नेक बंदों को इनाम से नवाजते हैं। खुदा हम सब पर अपनी रहमतों की बारिश करें और हम सबों का जीवन सुख, शांति, समृद्धि से भरा रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत एक महान देश है। यहां विभिन्न धर्मों, सम्प्रदायों एवं मतावलंबियों के बीच पारस्परिक सौहार्द, प्रेम और सहिष्णुता बेमिसाल है। यहां सभी लोग एक दूसरे के पर्व-त्याहारों में शामिल होकर खुशियां बांटते हैं और एक दूसरे के धर्मों का सम्मान करते हैं। इसी से प्रदेश एवं देश को मजबूती मिलती है।
Mar 31 2025, 10:02