लालू के गढ़ में गरजे केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पूरे परिवार पर जमकर साधा निशाना
डेस्क : बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होने लगी है। वहीं दो दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राजद सुप्रीमों लालू प्रसाद के गढ़ गोपालगंज से चुनावी शंखनाद कर दिया है।
![]()
आज रविवार को गोपालगंज के चैनपट्टी गांव स्थित न्यू पुलिस लाइन परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लालू प्रसाद यादव पर जमकर निशाना साधा। अपने पूरे संबोधन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लालू प्रसाद यादव के परिवार पर निशाना साधा और लोगों रैली में पहुंचे लोगों से एनडीए को मजबूत करने की अपील की।
अमित शाह ने कहा कि लालू राज में रंगदारी, जंगलराज, अपहरण, डकैती चरम पर थी। पूरे बिहार को तबाह कर रखा था। लालू प्रसाद यादव ने बाढ़ राहत घोटाला, रेलवे घोटाला, चरवाहा विद्यालय घोटाला और चारा घोटाला किया। ऐसे कितने घोटाले किये लेकिन इनको शर्म नही आयी। बिहार इनको भूल सकता है क्या? लालू प्रसाद यादव ने एक ही काम लिया है, केवल अपने परिवार को सेट किया है। लालू प्रसाद के दोनों लाल सीएम बनने की तैयारी कर रहे हैं। उनकी बेटी पहले से राज्यसभा में है। लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी भी सदन में है। उन्होंने अपने भाई और साले को भी सेट कर दिया है। बिहार में लालू यादव ने युवाओं को सेट नहीं किया। जबकि नरेंद्र मोदी ने बिहार के युवाओं को रोजगार दिया है।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि लालू और सोनिया ने बिहार को बर्बाद कर दिया है। नरेंद्र मोदी सरकार ने बिहार की गरीबी दूर किया। यहां पर पहले 54% गरीबी थी लेकिन अब गरीबी महज 36% तक आ गई है। नरेंद्र मोदी ने 9 लाख करोड़ बिहार के विकास के लिए दिया है। 13 ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे केंद्र सरकार बनवा रही है। 8000 करोड़ की लागत से 7 नए मेगा पुल बनाये जा रहे हैं।
शाह ने कहा कि बिहार में महात्मा गांधी सेतु पुल के समानांतर पुल बन रहा है। कोसी नदी पर चार लेने का पुल बनेगा, जो अपने आप में बिहार के विकास की गाथा लिखेगा। मखाना को लेकर भी अमित शाह ने कहा कि मखाना बोर्ड की बिहार में स्थापना की गई है। केंद्र सरकार ने इसकी स्थापना की है। जिससे सीमांचल के मखाना किसानों को खूब लाभ मिलेगा।
इस कार्यक्रम के दौरान एनडीए के कई विधायक, सांसद और मंत्री सहित लाखो की संख्या में लोग मौजूद रहे।
Mar 30 2025, 19:01