11.77 करोड़ रुपए की लागत से चित्रकूट में बनेगा ईको टूरिज्म पार्क, 5 करोड़ जारी
![]()
चित्रकूट धार्मिक, आध्यात्मिक और इको-पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा: जयवीर सिंह
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पर्यटन और संस्कृति मंत्री, जयवीर सिंह ने आज घोषणा की कि रामायण सर्किट का महत्वपूर्ण स्थल चित्रकूट जल्द ही धार्मिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा। इसके तहत रानीपुर टाइगर रिजर्व के पास इको-टूरिज्म थीम पार्क का निर्माण किया जाएगा, जिसकी लागत 11.77 करोड़ रुपये है, जिसमें से 5 करोड़ रुपये पहले ही जारी किए जा चुके हैं।
जयवीर सिंह ने बताया कि यह इको-टूरिज्म पार्क सात एकड़ के क्षेत्र में विकसित होगा और इसका उद्देश्य पर्यटकों को प्रकृति के करीब लाकर पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इस पार्क में आधुनिक सुविधाओं के साथ पर्यावरण को संरक्षित करते हुए जैव विविधता को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही, यह स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।
पर्यटन मंत्री ने परियोजना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि पार्क में इको लॉजेज, एक सुगंधित बगीचा, विशेष फूड कोर्ट/इको हट्स, और जलाशय का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा, परिवारों के लिए एक केंद्रीय लॉन और बच्चों के मनोरंजन के लिए एक प्ले एरिया भी तैयार किया जाएगा। पार्क में नेचर ट्रेल, बांस उद्यान, और पैरों के लिए विशेष ट्रैक जैसे स्वास्थ्यवर्धक विकल्प भी होंगे।
पार्क का एक प्रमुख आकर्षण रॉक गार्डन होगा, जो प्राकृतिक चट्टानों से बने उद्यान के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही, तितली उद्यान और एडवेंचर प्ले जोन भी पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण होंगे। यह पार्क पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का अनूठा संगम होगा।
जयवीर सिंह ने विश्वास जताया कि इस परियोजना से चित्रकूट आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, साथ ही स्थानीय समुदाय को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल चित्रकूट को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और इको-फ्रेंडली पर्यटन को भी नई दिशा देगी।
Mar 30 2025, 10:01