अनंत सिंह को बड़ा झटका : कोर्ट ने जमानत अर्जी किया खारिज, अभी जेल में रहना होगा

डेस्क : बिहार से एक बड़ी खबर सामने आई है। मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। अभी अनंत सिंह बाहर नहीं आ पाएंगे। कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका को खारिज कर दिया है।

बताते चले कि बीते बुधवार को अनंत सिंह जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने फैसले को रिजर्व रख लिया था। वहीं आज कोर्ट ने इस मामले में फैसला सुनाते हुए जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। इससे अनंत सिंह के समर्थकों को बड़ा झटका लगा है। दोनों मामलों में कोर्ट ने जमानत याचिका रद्द कर दी है। वहीं अब अनंत सिंह के वकील ऊपरी अदालत में नियमित जमानत के लिए याचिका दाखिल करेंगे।

गौरतलब है कि मोकामा के पंचमहला थाना क्षेत्र में 22 जनवरी को हुई गोलीबारी मामले में अनंत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था जिसके बाद उन्होंने सरेंडर कर दिया था। जिसके बाद से वे पटना के बेउर जेल में बंद है।

पिछले दिनों उनकी ओर से कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की गई थी। जिसकी सुनवाई में कोर्ट ने केस डायरी की मांग की थी। बुधवार को केस डायरी उपलब्ध होने के बाद एमपी एमएलए कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद कोर्ट ने फैसला रिजर्व रखा थी। जिसे आज सुनात हुए अनंत सिंह की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है।

पटना जंक्शन और न्यू मार्केट पर लगने वाले जाम से जल्द मिलेगी निजात, इस माह मल्टी मॉडल हब एवं सब-वे का होगा उद्घाटन

डेस्क : पटनावासियों के लिए एक खुशखबरी है। पटना जंक्शन और न्यू मार्केट के पास लगने वाले जाम के झाम से जल्द ही उन्हें निजात मिलने वाली है। पटना स्मार्ट सिटी मिशन परियोजना के तहत जीपीओ के पास बने मल्टी मॉडल हब एवं सब-वे का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसी माह मल्टी हब के उद्घाटन होने की संभावना है। इसी प्रकार मौर्यालोक के पास कार पार्किंग भी लगभग तैयार है। दोनों का शुभारंभ इस माह के अंत तक हो सकता है।

इसी आलोक में बुधवार को डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने अधिकारियों के साथ दोनों निर्माण कार्य स्थल का निरीक्षण किया। डीएम ने कहा कि मौर्यलोक में भी मल्टीलेवल कार पार्किंग बन रही है। ऑटो एवं बस संघों के प्रतिनिधियों, जन-प्रतिनिधियों एवं आम जनता से भी सुझाव प्राप्त किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए यहां दो मल्टी-लेवल पार्किंग उपलब्ध हो जाएगी। ये दोनों पार्किंग ट्रैवलेटर, एस्कलेटर एवं लिफ्ट से जुड़ी रहेंगी।

इस एरिया में यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो इसके लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की है, जिनकी रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई होगी।

जमीन के दस्तावेज मिलने में नहीं होगी परेशानी, अब राज्य के सभी वसुधा केन्द्रों पर भी मिलेगी दस्तावेजों की प्रमाणित प्रति

डेस्क : बिहार के लोगों के लिए एक बड़ी खबर है। अब जमीन के दस्तावेज मिलने में परेशानी नही होगी। राज्य के सभी वसुधा केन्द्रों पर भी अब जमीन के दस्तावेजों की प्रमाणित प्रति मिले सकेगी। इसके अलावा राजस्व न्यायालय में वाद या मुकदमा भी ऑनलाइन माध्यम से दायर किया जा सकता है। इसे वसुधा केंद्रों के माध्यम से भी दायर किया जा सकता है। हालांकि इन दो नई सुविधाओं के लिए निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा।

इससे संबंधित एक पत्र राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने सभी जिलाधिकारियों को लिखा है। इसके तहत न्यायालय में वाद दायर करने के लिए 40 रुपये प्रति आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा। वहीं, भू-अभिलेख पोर्टल से अभिप्रमाणित प्रति प्राप्त करने के लिए प्रति पृष्ठ 20 रुपये शुल्क देना होगा। स्कैनिंग का शुल्क 1.50 रुपये प्रति पेज एवं छपाई का शुल्क अतिरिक्त देना होगा। साथ ही इसमें जीएसटी एवं कर अलग से देय होगा। सभी डीएम को लिखे पत्र में सभी वसुधा केन्द्र संचालकों को विभाग के निर्णय से अवगत कराने का अनुरोध किया गया है। सीएसपी (कॉमन सर्विस प्वाइंट) संचालकों को आवश्यक प्रशिक्षण देने की बात भी कही गई है। आम रैयतों को विभाग के इस निर्णय की जानकारी देने के लिए अपने स्तर से प्रचार-प्रसार करने का भी अनुरोध किया गया है।

वसुधा केन्द्र में राजस्व विभाग की सभी ऑनलाइन सेवाओं के लिए दर निर्धारित की गई है। पंजी-2 देखने के लिए 10 रुपये प्रति जमाबंदी, पंजी-2 देखने के साथ प्रति जमाबंदी ऑनलाइन भुगतान करने के लिए 20 रुपये का भुगतान किया जाता है। दाखिल-खारिज आवेदन जमा करने का शुल्क 40 रुपये प्रति आवेदन और भू-मापी के लिए आवेदन शुल्क भी 40 रुपये प्रति आवेदन तय है।

बिपुसे के 8 और केन्द्रीय सिविल सेवा के अधिकारियों को हुई प्रोन्नति, अधिसूचना जारी

डेस्क : बिहार पुलिस सेवा (बिपुसे) के आठ पदाधिकारियों और राज्य में प्रतिनियुक्ति के आधार पर नियुक्त केंद्रीय सिविल सेवा के दो अधिकारियों को प्रोन्नति दी गयी है। बिहार पुलिस सेवा के 8 अधिकारियों को गृह विभाग ने कार्यकारी व्यवस्था के अंतर्गत अस्थायी स्थानापन्न उच्चतर प्रभार दिया है। इनमें चार वरीय पुलिस उपाधीक्षकों (डीएसपी) को अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) में, जबकि चार एएसपी को स्टाफ ऑफिसर में प्रोन्नति दी गई है। गृह विभाग की आरक्षी शाखा ने बुधवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।

विभागीय अधिसूचना के अनुसार, मुकुल कुमार रंजन, मो. तनवीर अहमद, प्रभाकर तिवारी और मनोज कुमार पांडेय को एएसपी रैंक में कार्यकारी प्रभार दिया गया है। वहीं एएसपी स्मिता सुमन, राकेश कुमार, राजेश कुमार सिंह प्रभाकर और रूप रंजन हरगवे को स्टाफ ऑफिसर की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं राज्य में प्रतिनियुक्ति के आधार पर नियुक्त केंद्रीय सिविल सेवा के दो अधिकारियों को प्रोन्नति दी गयी है। इनमें ग्रामीण कार्य विभाग के अपर सचिव के पद को प्रोफॉर्मा प्रोन्नति के आलोक में विशेष सचिव के रूप में पदनामित किया गया है।

जबकि पंचायतीराज विभाग की अपर सचिव प्रीति तोंगरिया के पद को विशेष सचिव के रूप में पदनामित किया गया है। बुधवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।

प्रगति यात्रा के तहत आज लखीसराय जिले का दौरा करेंगे सीएम नीतीश कुमार, जिले को देंगे 450 करोड़ की विभिन्न योजनाओं की सौगात

डेस्क : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चौथे चरण की यात्रा की शुरुआत हो चुकी है। जिसके तहत वे बीते बुधवार को मुंगेर जिले का दौरा कर करोड़ो रुपये के विकास योजनाओं की सौगात दिए। वहीं आज गुरुवार को लखीसराय जाएंगे। लखीसराय में सीएम 450 करोड़ की विभिन्न योजनाओं की शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। सीएम नीतीश के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।

जानकारी अनुसार सीएम का काफिला दोपहर 12 बजे सबसे पहले बालगुदर गांव पहुंचेगा। जहां वे म्यूजियम का लोकार्पण और शिवगंगा तालाब का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा, वे पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण, खेल मैदान और जल जीवन हरियाली योजना के तहत बने तालाब का उद्घाटन भी करेंगे। सीएम विभिन्न विभागों के स्टॉल का जायजा लेने के साथ जीविका दीदियों से संवाद भी करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री 49 करोड़ की लागत से किऊल नदी पर बनने वाले पुल का शिलान्यास करेंगे। वहीं, समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। डीएम मिथिलेश मिश्र ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, और कार्यक्रम गुरुवार (06 फरवरी) को बालगुदर पंचायत में होगा।

इधर अपने विधान सभा क्षेत्र में सीएम के आगमन पर डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उनकी प्रगति यात्रा को ऐतिहासिक बताया है। लखीसराय में सीएम के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। बुधवार को गांधी मैदान में मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रिफिंग के बाद एनएच-80 पेट्रोल पंप के पास हेलिपैड स्थल पर मॉक ड्रिल भी किया गया।

मौसम अलर्ट : बिहार में आज शाम से बदल सकता है मौसम का मिजाज, इतने डिग्री तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ने की संभावना

डेस्क : पिछले कुछ दिनों से राजधानी पटना समेत पूरे प्रदेश में अच्छी धूप निकलने और तापमान में बढ़ोत्तरी से ठंढ से राहत मिली है। लेकिन इस बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने से ठंड में इजाफा होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार शाम या शुक्रवार सुबह से प्रदेश में सर्द उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे सुबह और शाम के समय ठंड अधिक महसूस होगी।

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ पहुंच चुका है। इसके अलावा, उत्तर-पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास 1.5 किमी ऊंचाई पर एक चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। इन दोनों प्रभावों के कारण पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में बारिश का अनुमान है। प्रदेश में एक बार फिर तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी, खासकर सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ेगा। हालांकि, यह स्थिति केवल दो से तीन दिनों तक बनी रहेगी, इसके बाद न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, उत्तर बांग्लादेश और उत्तर-पूर्वी असम में भी एक चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है, जो मौसम में बदलाव का कारण बन सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, छह फरवरी यानी आज से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। हालांकि, कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन वातावरण में अधिक ठंडक महसूस होगी। राज्य के उत्तरी भाग के ग्रामीण क्षेत्रों में हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।

बीते बुधवार को पटना सहित बिहार के 30 शहरों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि मोतिहारी 7.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा शहर रहा। वहीं गया का अधिकतम तापमान 29.5 और न्यूनत तापमान 14.4, भागलपुर का अधिकतम तापमान 28.3 और न्यूनतम तापमान 14.0 और मुजफ्फरपुर का अधिकतम तापमान 26.4 और न्यूनत तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बिहार के चार डीएसपी का एएसपी मे हुआ प्रोमोशन, अधिसूचना जारी

डेस्क : बिहार मे सीनियर डीएसपी रैंक के चार पुलिस अधिकारियों को अपर पुलिस अधीक्षक(एएसपी) के पद पर प्रमोशन दिया गया है। इसको लेकर गृह विभाग ने अधिसूचना जारी किया है।

जारी अधिसूचना के अनुसार इन चारों पुलिस अधिकारियों को उनकी वरियता क्रम के अनुसार प्रमोशन दिया गया है।

जिन पुलिस अधिकारियों को प्रमोशन दिया गया है, उनमें 1. मुकुल कुमार रंजन, वैशाली, 2. मो. तनवीर अहमद, प. चंपारण, 3. प्रभाकर तिवारी, कैमूर, 4. मनोज कुमार पांडेय, बोकारो स्टील सिटी शामिल हैं।

सीएम नीतीश कुमार ने मुंगेरवासियों को दी 1500करोड़ की कई नई बड़ी परियोजनाओं की सौगात

डेस्क : अपने चौथे चरण के प्रस्तावित प्रगति यात्रा के तहत आज बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का मुंगेर पहुंचे। उनके साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी,मंत्री विजय चौधरी और मुंगेर सांसद ललन सिंह के अलावे कई विधायक और विभागों के सचिव मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1500 करोड़ की कई नई बड़ी परियोजनाओं की सौगात मुंगेर वासियों को दी। जबकि 440 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया।

सीएम मुंगेर में सबसे पहले 10 : 40 am में वे हेलीकॉप्टर से डिप्टी सीएम के पैतृक आवास तारापुर पहुंचे। जहां उन्होंने तारापुर वासियों को 100 करोड़ की लागत से रिंग रोड का सौगात दी। साथ ही तारापुर प्रखंड के रणगांव में धोबई पंचायत स्थित तालाब, एचडब्ल्यूसी और जीविका के पुस्तकालय, म.वि.रणगांव का निरीक्षण किया।

इसके बाद वे प्राकृतिक सौन्दर्य से परिपूर्ण ऋषिकुंड पहुंचे। ऋषिकुंड का मुख्यमंत्री ने भ्रमण कर 12 करोड़ की लागत से सौन्दर्यीकरण की घोषणा की। साथ ही वे नौवागढ़ी में ही खेल मैदान , पंचायत सरकार भवन का उद्घाटन किया तो वहीं नौवागढ़ी उत्तरी पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित उच्च् माध्यमिक विद्यालय चडौन में 16 विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया और 162 योजना जिसकी लगत 440 करोड़ की शिलान्यास और उद्घाटन किया । साथ ही वहीं जीविका दीदियों से भी वे बात की और कई योजनाओं का चेक भी दिया।

100 बेड वाला मॉडल सदर अस्पताल भवन बन कर तैयार हो चुका है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा इस अस्पताल भवन का उद्घाटन किया गया और इसे मुंगेर की जनता को सौंपा गया। साथ ही किला परिसर स्थित राजा रानी तालाब का 6.5 करोड़ सौंदर्यकरण किया गया है। जिसे आज उन्होंने जनता को सुपुर्द किया।

स्कूलो मे मध्यान भोजन की गुणवत्ता मे सुधार और लूट पर लगेगी रोक, एसीएस ने जारी किया यह आदेश

डेस्क : शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव बिहार के स्कूलों में शिक्षा के साथ-साथ अन्य सुविधाओं के लिए पूरा प्रयास कर रहे है। इसे लेकर वे खुद स्कूलो का निरीक्षण कर नये आदेश जारी कर रहे है।

अब मध्यान भोजन की गुणवत्ता सुधारने और प्रधानाध्यापक की मध्यान भोजन के नाम पर लूट की शिकायत पर बड़ा आदेश निकाल दिया है।

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ ने इसे लेकर बुधवार को एक अहम निर्देश जारी किया। साथ ही इसे लेकर राज्य के सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी को विशेष निर्देश दिया गया है।

नए निर्देश में स्कूलों में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर उठे सवाल के बाद शिक्षा विभाग का यह बड़ा निर्णय हुआ है। इसके तहत अब सभी स्कूलों के हेड मास्टर, प्रभारी हेड मास्टर के साथ-साथ सभी शिक्षकों का प्रमाण पत्र पर सिग्नेचर होगा। इसमें एक प्रमाण पत्र बनेगा और वह हर दिन बनेगा उसे पर सभी लोगों का सिग्नेचर होगा।

अगर कोई भी शिक्षक उस दिन के मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, छात्रों की संख्या से सहमत नहीं है तो वह भी सिग्नेचर करेगा और कारण बताएगें।

शिक्षा विभाग के आदेश में यह भी कहा गया है कि अब बिना इस प्रमाण पत्र के किसी भी प्रधानाध्यापक को कोई भी भुगतान नहीं होगा। सभी शिक्षकों का सिग्नेचर प्रमाण पत्र पर आवश्यक है. साथ ही जो टीचर प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर नहीं नहीं करेंगे उसे दिन वह अनुपस्थित माना जाएगा।

इसे लेकर शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र लिखकर निर्देश जारी कर दिया है।

राहुल गांधी पहुंचे पटना, सबसे पहले शकील अहमद खान से की मुलाकात

डेस्क : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को पटना दौरे पर हैं।

वहीं, पटना एयरपोर्ट पर आने केे बाद राहुल गांधी वहां से सीधे कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान के घर गए।

बता दें शकील अहमद खान के 18 साल के बेटे अयान खान ने खुदकुशी कर ली थी। राहुल गांधी शकील अहमद खान के आवास पर पहुंचने के बाद शोकाकुल परिवार से मिले। इस मुलाकात के दौरान शकील अहमद खान और उनकी पत्नी मौजूद थीं।

इसके अलावा राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी और बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश सिंह भी मौजूद रहे।