*विंध्यधाम का सुगम होगा सफर,15 करोड़ से चौड़ी होगी सड़क*
रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव
भदोही । जिले को विंध्यधाम से जोड़ने वाली चील्ह-गोपीगंज मार्ग चौड़ी होगी। अब यह सात की बजाए 10 मीटर तक चौड़ी की जाएगी। 7.400 किमी मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृकरण के लिए शासन ने 15 करोड़ रुपये स्वीकृत किया है। मकर संक्रांति के बाद इसके निविदा की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उक्त मार्ग चौड़ी होने से विंध्याचल जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी।जिले की 546 ग्राम पंचायतों और सात नगर निकायों में करीब ढाई हजार किमी तक सड़कों का जाल फैला है। लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, जिला पंचायत संग नगर पंचायत, मंडी समिति मार्गों की निगरानी करती है।इसमें सभी निर्माण कार्य का नोडल लोक निर्माण विभाग रहता है। हर साल सड़कों के नवीनीकरण, मरम्मतीकरण, गड्ढामुक्त अभियान में करोड़ो रुपये खर्च होते हैं। इस दौरान जरूरत के हिसाब से कुछ सड़कें चौड़ी की जाती है।वाहनों की बढ़ती संख्या एवं यातायात के बोझ के कारण कई सड़कों पर अक्सर जाम लग जाता है। उन्हीं मार्गों में चील्ह-गोपीगंज भी शामिल है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर 2024 में लोक निर्माण विभाग ने उक्त मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। अब उसे स्वीकृति मिल गई है। सड़क चौड़ी होने से मिर्जापुर के विंध्याचल, सोनभद्र और मध्य प्रदेश जाने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। डबल लेन मार्ग पर जगह अधिक होने से जाम की स्थिति भी नहीं बनेगी। कई जिलों के श्रद्धालुओं का है आना - जाना गोपीगंज - चील्ड मार्ग काफी व्यस्ततम मार्ग है। प्रयागराज, प्रतापगढ़, जौनपुर के बादशाहपुर, मछलीशहर, बदलापुर आदि क्षेत्र के श्रद्धालु विंध्याचल जाने के लिए इसी मार्ग से होकर जाते हैं। नवरात्रि के अलावा अन्य दिनों में भी देवी के दर्शन के लिए भक्त जाते हैं। चार पहिया वाहनों से अधिकतर आवागमन होता है। इसके अलावा सोनभद्र से भारी वाहनों से बालू, गिट्टी आदि लेकर भारी वाहन भी गुजरते हैं। चील्ड - गोपीगंज मार्ग पर भदोही सीमा तक सात किमी 400 मीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृकरण की स्वीकृति मिल गई है। इस पर करीब 15 करोड़ खर्च आएगा। मकर संक्रांति के बाद इसके लिए निविदा जारी की जाएगी। जैनूराम एक्सईएन पीडब्ल्यूडी
Jan 14 2025, 17:12