cgstreetbuzz

Aug 04 2024, 23:11

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘बेस्ट ऑर्थाेपेडिक सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल‘ का किया शुभारंभ

रायपुर-     मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि आदिवासी बहुल छत्तीसगढ़ राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार के साथ-साथ निजी क्षेत्र की भागीदारी भी जरूरी है। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद से अब तक प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है, लेकिन अभी भी काफी कुछ करने की जरूरत है। राज्य सरकार का यह प्रयास है कि प्रदेश के नागरिकों को विशेष रूप से दूरस्थ अंचलों के मरीजों को भी अच्छी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

मुख्यमंत्री श्री साय आज राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाने के पास रिंग रोड नंबर 1 के समीप ‘बेस्ट ऑर्थाेपेडिक सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल‘ का शुभारंभ करने के बाद कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अस्पताल छत्तीसगढ़ के लोगों को बेहतर इलाज की सुविधाएं मुहैया कराएगा। आज राजधानी रायपुर में हड्डी रोग के इलाज के लिए एक और अच्छी सुविधा उपलब्ध हो रही है। उन्होंने सभी लोगों को हरेली की शुभकामनाएं और बधाई दीं।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें जरूरतमंद मरीजों को पांच लाख रूपए तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को इलाज कराने के लिए वे अपने सार्वजनिक जीवन के आरंभ से ही सक्रिय रहे हैं। सांसद विधायक और केन्द्रीय राज्य मंत्री रहते हुए उन्होंने अनेक मरीजों का इलाज कराया है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री राहत कोष के माध्यम से इलाज के लिए राशि स्वीकृत होने पर सात दिन के अंदर संबंधित अस्पताल को राशि उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से आग्रह किया कि आने वाले समय में जरूरतमंद मरीजों को राज्य और केन्द्र सरकार की योजनाओं के तहत इलाज के लिए इस अस्पताल में भी भेजा जाएगा। उम्मीद है कि ऐसे मरीजों को यहां अच्छे इलाज की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

विधायक मोती लाल साहू ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया और लोगों को रायपुर में हड्डी रोग के इलाज के लिए उत्कृष्ट हास्पिटल की स्थापना पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। अस्पताल के संचालकों ने अस्पताल में हड्डी रोग चिकित्सा की आधुनिक सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, वार्ड पार्षद शीतल, हॉस्पिटल के डॉ. अमित अग्रवाल, डॉ. प्रवीण अग्रवाल, डॉ. रोहित कनोई, डॉ. सुनील देवांगन, डॉ. सौरभ श्रीवास्तव सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित थे।

cgstreetbuzz

Aug 04 2024, 23:06

फिर आसमां छूने को तैयार माउंटेन मैन, 15 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया के सबसे ऊंची चोटी पर फहराएंगे तिरंगा

रायपुर-    छत्तीसगढ़ के प्रथम पर्वतारोही राहुल गुप्ता ‘माउंटेन मैन‘ पर्वतारोहण क्षेत्र में नया रिकॉर्ड कायम करने जा रहे है। ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट कोज़िअस्को में 15 अगस्त को तिरंगा फहराएंगे। माउंटेन मेन राहुल गुप्ता ने आज खेल मंत्री से मुलाकात कर आगामी अभियान के लिए आशीर्वाद लिया। राहुल, ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप के सबसे ऊंची चोटी माउंट कोज़िअस्को (7,310 फिट) की ऊंची चोटी पर चढ़ाई करेंगे। जो कि महाद्वीपो के पहाड़ो की ऊँचाई की रैंकिंग में सातवाँ व सबसे छोटी चोटी है।

राहुल गुप्ता आगामी 15 अगस्त को पीक फतह करेंगे। इस दौरान लगभग माइनस (अधिकतम -10 डिग्री) तापमान तक मे ट्रेकिंग के द्वारा लगभग 23 किलोमीटर दूरी तय करके पूरा करेंगे। राहुल गुप्ता अल्पाइन टेक्निक क्लाइम्बिंग के साथ साथ विंटर एक्सपीडिशन में एक्सपर्ट है। अल्पाइन टेक्निक से क्लाइम्बिंग यानी इस चढ़ाई में अमूमन 1-2 लोग ही होते हैं और अभियान को पूरा करते हैं। यह पर्वतारोहण के क्षेत्र में सबसे उच्चतम श्रेणी की विधा है। राष्ट्रीय स्तर पर विंटर एक्सपीडिशन करने वाले भी छत्तीसगढ़ के पहले व्यक्ति हैं। सर्वप्रथम अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पहाड़ों को फ़तह करना छत्तीसगढ़ राज्य के प्रथम पर्वतारोही राहुल गुप्ता श्माउंटेन मेनश् ने वर्ष 2015 से शुरू किया था।

पहले भी शिखर पर देश का तिरंगा व छत्तीसगढ़ राज्य लोगो वाला फहरा कर संदेश दिया

छत्तीसगढ में एडवेंचर स्पोर्ट्स के जरिए हर बार कोई न कोई संदेश (सोशल मेसेज) को भी बढ़ावा देने लिए राहुल ने झंडा फहराया है। इस अभियान के लिए राहुल ने खेल मंत्री टंक राम वर्मा और छत्तीसगढ़ प्रदेश के मुखिया विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया। राहुल ने बताया कि राज्यमंत्री रहते हुए श्री साय ने दिल्ली में कई बार सहयोग किया। उनके सहयोग के बिना पर्वतारोही बन पाना संभव नहीं था।

राहुल गुप्ता छत्तीसगढ़ के प्रथम पर्वतारोही है जिन्होंने दुनिया की सर्वाेच्च चोटी माउंट एवेरेस्ट (8848 मीटर) फतह किया है। इन्हें छत्तीसगढ़ राज्य में एडवेंचर स्पोर्ट्स के जनक के रूप में भी जाना जाता है। राज्य के प्रथम प्रोफेशनल पर्वतारोही है जो कि मूल निवासी अम्बिकापुर, छत्तीसगढ़ के रहने वाले है। राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय 14 पहाड़ों पर पर्वतारोहण दल का नेतृत्व किए है। पर्वतारोही राहुल गुप्ता ने भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के पर्वतारोहण संस्थान जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग (पर्वतारोहण) से ट्रेनिंग (प्रशिक्षण) ली है। पर्वतारोहण जैसे साहसिक खेलों के क्षेत्र में उनका पिछले 12 सालों का अनुभव रहा है।

cgstreetbuzz

Aug 04 2024, 22:56

मुख्यमंत्री ने बीरगांव में एन.के.डी. हॉस्पिटल का किया शुभारंभ

रायपुर-    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बीरगांव में एन.के.डी. हास्पिटल का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अस्पताल के संचालकों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉक्टरों को भगवान का दूसरा रूप माना जाता है। डॉक्टर गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को नया जीवन देने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि इलाज की आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस अस्पताल के चिकित्सक सेवा भाव से मरीजों का इलाज पुण्य का काम समझ कर करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के 24 वर्षाें में प्रदेश में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से लेकर जिला अस्पताल तक स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ हुई हैं, लेकिन अभी भी इस क्षेत्र में काफी कुछ करने की जरूरत है। मेेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। राज्य सरकार के साथ-साथ निजी क्षेत्र को भी लोगों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में कंधे से कंधा मिलाकर काम करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में हरेली का त्यौहार उमंग और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर आज राजधानी में दो अस्पतालों का शुभारंभ हुआ है। इससे नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

इस अवसर पर रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के विधायक मोती लाल साहू, बीरगांव नगर निगम के महापौर नंद लाल देवांगन, अस्पताल के संचालक डॉ. नंद किशोर देवांगन, डॉ. वेद प्रकाश देवांगन, डॉ. देव प्रकाश देवांगन सहित अनेक चिकित्सक, जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

cgstreetbuzz

Aug 04 2024, 21:07

डीजीपी अशोक जुनेजा को मिला छह महीने का एक्सटेंशन, रविवार को जारी हुआ आदेश…

रायपुर- पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा के कार्यकाल में राज्य सरकार ने छह महीने वृद्धि की है. गृह विभाग की ओर से इस संबंध में रविवार को आदेश जारी किया गया है।

गृह (पुलिस) विभाग की ओर से जारी आदेश में राज्य शासन के प्रस्ताव पर अखिल भारतीय सेवाएँ (मृत्यु सह सेवानिवृत्ति लाभ) नियम को जनहित में शिथिल करते हुए पुलिस महानिदेशक (पुलिस बल प्रमुख) की सेवा अवधि में 04.08.2024 से आगे 6 माह की वृद्धि का अनुमोदन किया गया है.

इस आदेश के साथ ही डीजीपी अशोक जुनेजा अब फरवरी 2025 तक पद पर बने रहेंगे. इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय के प्रस्ताव पर द अपॉइंटमेंट कमिटी ऑफ़ कैबिनेट ने छह माह के एक्सटेंशन पर मुहर लगाई थी.

cgstreetbuzz

Aug 04 2024, 20:57

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर दक्षिण को दी विकास की सौगात, किया 322 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया

रायपुर-      रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रविवार को रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में 3 करोड़ 22 लाख रुपए से ज्यादा के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। बृजमोहन अग्रवाल ने मोरेश्वर राव गद्रे वार्ड संतोषी नगर में 122.11 लाख रुपए, शहिद ब्रिगेडियर उस्मान वार्ड, टिकरापारा में 62 लाख रुपए और महामाया वार्ड में 139.21 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आज हरेली तिहार के अवसर पर भाजपा सरकार का क्षेत्र की जनता को विकास की सौगात है। उन्होंने कहा कि, भाजपा सरकार हमेशा से ही विकास को प्राथमिकता देती है और क्षेत्र की जनता को विभिन्न विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की योजनाओं और नीतियों का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को समृद्ध और सशक्त बनाना है। जिसके तहत स्कूल भवन, सीसी रोड निर्माण, सामुदायिक भवन आदि का भूमिपूजन किया गया है।

इस अवसर पर उपनेता नगर निगम मनोज वर्मा, पार्षद चन्द्रपाल धनगर, पार्षद सरिता वर्मा, पार्षद मृत्युंजय दुबे, मंडल अध्यक्ष सालिक सिंह ठाकुर, सुभाष तिवारी, राम कृष्ण धीवर समेत पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

cgstreetbuzz

Aug 04 2024, 16:15

किसानों की खुशहाली और समृद्धि हमारा ध्येय: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर-   मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि किसानों की खुशहाली और समृद्धि हमारी सरकार का लक्ष्य है। हमारी सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान राज्य है, यहां की 80 प्रतिशत आबादी का जीवन-यापन कृषि पर निर्भर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लेकर खेती-किसानी को समृद्ध बनाने का काम किया है।

मुख्यमंत्री श्री साय आज राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास में आयोजित हरेली तिहार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर प्रदेशवासियों को हरेली पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 15 साल डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में सरकार ने किसानों की बेहतरी के लिए काम किया है। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण जैसी सुविधाएं सुलभ करायी गई। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। छत्तीसगढ़ के किसानों को प्रति क्विंटल 3100 रूपए का मूल्य मिल रहा है, जो देश में सर्वाधिक है।

मुख्यमंत्री निवास में हरेली पर्व पर रंगारंग आयोजन हुआ। पूरे परिसर को ग्रामीण परिवेश में सजाया गया था। छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के पहले पर्व “हरेली” पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी धर्मपत्नि कौशल्या देवी साय के साथ गौरी-गणेश पूजा कर भगवान शिव का अभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने कृषि कार्य में प्रयुक्त होने वाले नांगर, रापा, कुदाल व कृषि यंत्रों की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की ख़ुशहाली एवं सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कृषि विभाग द्वारा वहां लगायी गयी उन्नत कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और अनुदान पर 23 किसानों को ट्रेक्टर और हार्वेस्टर की चाबी और अन्य कृषि उपकरण प्रदान किए।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक किरण देव, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पूरी प्रतिबद्धता और सच्चे मन से प्रदेशवासियों की बेहतरी के लिए काम कर रहे हैं, फलस्वरूप ईश्वर का आशीर्वाद भी मिल रहा है। प्रदेश में अच्छी बारिश हो रही है। उन्होंने कहा कि बीते छह माह में श्री साय के नेतृत्व में किसानों के कल्याण के लिए बडे़ काम किए गए है, जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है। इस अवसर पर मंत्री टंक राम वर्मा, विधायक लता उसेंडी, मोती लाल साहू, अनुज शर्मा, संपत अग्रवाल, गजेन्द्र यादव, खुशवंत साहेब अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री निवास में राउत नाचा और गेड़ी धूम

छत्तीसगढ़ी संगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक गड़वा बाजा, राउत नाचा, गेड़ी नृत्य, रहचुली और विभिन्न छत्तीसगढ़ी पकवानों और व्यंजनों के आनंद के साथ मुख्यमंत्री निवास में मौजूद लोग उत्साह के साथ हरेली में शामिल हुए। इस अवसर पर लोक कलाकारों ने राउत नाचा, करमा नृत्य, बस्तरिया नृत्य और गेड़ी चढ़कर नृत्य की प्रस्तुति दी। राउत नाचा के कलाकारों के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वेशभूषा धारण कर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

मेहमानों के लिए बना छत्तीसगढ़ी पकवान

हरेली त्यौहार के मौके पर मुख्यमंत्री निवास छत्तीसगढ़ व्यंजनों से महक उठा। हरेली तिहार में आने वाले मेहमानों के लिए खास तौर पर ठेठरी, खुरमी, पिड़िया, अनरसा, खाजा, करी लड्डू, मुठिया, गुलगुला भजिया, चीला-फरा, बरा जैसे स्वादिष्ट पकवान बनाए गए थे, जिसका मेहमानों ने लुत्फ उठाया।

cgstreetbuzz

Aug 04 2024, 16:02

छत्तीसगढ़ी पकवान से महक उठा मुख्यमंत्री निवास

रायपुर-     हरेली त्यौहार में छत्तीसगढ़ व्यंजनों से महक उठा है मुख्यमंत्री निवास। आगन्तुकों के त्योहार में स्वागत के लिए खास तौर पर ठेठरी, खुरमी, पीडिया, गुलगुला भजिया, चीला जैसे पकवान बनाए जा रहे हैं।

हरेली तिहार का आरंभ सावन महीने की अमावस्या से होता है। यह त्योहार मानसून के मौसम के आगमन का प्रतीक है, जो खेती के लिए सबसे अनुकूल समय माना जाता है। हरेली का त्यौहार का संबंध कृषि से जुड़ा है इस दिन खेतों में बोनी पूर्ण होने के बाद अच्छी फसल की आस में कृषि यंत्रों की पूजा की जाती है।

हरेली त्यौहार में स्वच्छता का भी महत्व है गांवों में विशेष सफाई और सजावट की जाती है। घरों के आंगनों और खेतों में नीम के पत्तों, आम की पत्तियों और गोबर से अल्पना बनाई जाती है, जो शुभता और समृद्धि का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ में हरेली का त्यौहार बड़े उत्साह से मनाया जाता है।

गांव में बच्चे त्योहारों को आनंद गेड़ी चढ़कर लेते हैं। बच्चे से लेकर बूढ़े तक गेड़ी दौड़ में शामिल होते हैं। इस दिन खेती-किसानी में सहयोग देने वाले पशुओं विशेष रूप से गाय, बैल की पूजा की भी पूजा की जाती है। घरों में इस दिन छत्तीसगढ़ी पकवान बनाए जाते हैं।

cgstreetbuzz

Aug 04 2024, 15:56

हरेली त्यौहार पर मलखंभ का रोमांचक प्रदर्शन

रायपुर-   मलखंभ के युवाओं ने आज हरेली पर्व पर मुख्यमंत्री निवास में रोमांचक प्रदर्शन कर रहे हैं। मलखंभ शारीरिक फुर्ती के साथ मनोरंजन का भी अनोखा खेल है। जब इन खिलाड़ियों ने अपना जौहर दिखाया तो लोगों ने दांतों तले उंगली दबा ली। गौरतलब है कि नारायणपुर के मलखंभ खिलाड़ियों का लोहा पूरे देश ने माना है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार इसे आगे बढ़ाने के लिए काफी कार्य कर रही है।

हरेली त्यौहार के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री निवास में युवा तथा बुजुर्ग समवेत रूप से राऊत नाचा में हिस्सा ले रहे हैं। दोनों ही पीढ़ियां अपनी परंपरा को बढ़ा रही हैं। राऊत नाचा के लोकगीत हमारे लोक समाज की उत्सव और मनोरंजन के प्रति उसके आकर्षण दिखाते हैं। सरकार इन लोककलाओं को बढ़ावा देकर एवं लोकगीतों को भी सहेजने का काम कर रही है।

cgstreetbuzz

Aug 04 2024, 15:45

मुख्यमंत्री ने सपरिवार हरेली तिहार में की पूजा-अर्चना, अच्छी फसल और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की

रायपुर-     मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने निवास कार्यालय में आज परंपरागत रूप से छत्तीसगढ़ का पहला त्यौहार हरेली परिवार व आमजनों संग धूमधाम से मनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धर्मपत्नी कौशल्या साय एवं परिजनों के साथ विधिवत रूप से तुलसी माता, नांगर, कृषि उपकरणों, गेड़ी की पूजा कर अच्छी फसल, किसानों और प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। छत्तीसगढ़ की परंपराएं और संस्कृति मुख्यमंत्री निवास में पूरी तरह से जीवंत हो उठीं। हरेली, जो कि छत्तीसगढ़ का पहला और सबसे प्रमुख त्यौहार है, इसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सपरिवार और आमजन के साथ धूमधाम से मना रहे हैं।

मुख्यमंत्री निवास को छत्तीसगढ़ी ग्रामीण परिवेश में ढालते हुए, पारंपरिक सजावट और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के अनुरूप सजाया गया है। इस मौके पर आयोजित हो रहे छत्तीसगढ़ी संगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक गड़वा बाजा, राउत नाचा और गेड़ी नृत्य का भी विशेष आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर परंपरागत कृषि उपकरणों के स्टॉल उपकरणों से छत्तीसगढ़ के कृषि संस्कृति जीवन्त हो उठी है।

मुख्यमंत्री ने कलाकारों का बढ़ाया उत्साह

राउत नाचा के कलाकारों के आग्रह पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वेशभूषा धारण कर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया, जिससे हरेली के इस महोत्सव में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ।

cgstreetbuzz

Aug 04 2024, 15:26

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने हरेली पर कृषि औजारों और गेड़ी की पूजा की, प्रदेशवासियों को हरेली तिहार की बधाई और शुभकामनाएं दीं

रायपुर-  उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज राजधानी रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास में कृषि औजारों और गेड़ी की पूजा कर परंपरागत रूप से हरेली त्योहार मनाया। उन्होंने पूजा-अर्चना कर अच्छी फसल और किसानों की खुशहाली व समृद्धि की कामना की। उन्होंने हरेली के मौके पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अपने निवास पर आयोजित हरेली कार्यक्रम में कलाकारों के साथ नृत्य किया। उन्होंने इस दौरान गेड़ी का भी आनंद लिया। श्री साव ने हरेली पर्व पर प्रदेश को हरा-भरा बनाने और धरती मां के श्रृंगार के लिए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत लोगों से अपनी मां के सम्मान और स्मृति में पौधा लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण के संरक्षण-संवर्धन के साथ ही धरती की सुंदरता भी बढ़ेगी।