Begusarai

Jul 04 2024, 16:08

पुलिस की बड़ी कार्रवाई : एक माह में 391 आरोपियों को किया गिरफ्तार

बेगूसराय : जिले की पुलिस सड़क हादसे और अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार वाहन चेकिंग कर रही है। 

बीते 1 महीने में बेगूसराय पुलिस की कार्रवाई के डर से 285 आरोपियों ने आत्मसमर्पण किया है। वहीं, चेकिंग के दौरान 25 लाख रुपए से अधिक जुर्माना वसूला गया है। बड़े पैमाने पर हथियार भी बरामद किए गए हैं।

एसपी मनीष ने बताया कि जिले की हमारी टीम ने बीते एक महीने में 391 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जबकि पुलिस के डर से 285 आरोपियों ने आत्म समर्पण किया है। कुल मिलाकर 439 आरोपी को जेल भेजा गया है। जिसमें हत्या मामले के 5, हत्या के प्रयास मामले के 10, लूट व डकैती मामले में 2, पुलिस पर हमला मामले में 4, आर्म्स एक्ट में 25, एससी-एसटी एक्ट में 15 लोगों को जेल भेजा गया।

महिला उत्पीड़न में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। जबकि 108 वारंटी व उत्पाद अधिनियम में 130 के अलावा अन्य विभिन्न मामलों में फरार 89 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

एसपी ने बताया कि इस दौरान 15 देसी कट्टा, एक पिस्टल, एक कार्बाइन, 76 गोली, 8 खोखा, 1 मैगजीन और एक मिसफायर गोली बरामद किया है।

2781 लीटर विदेशी शराब के साथ ही 773 लीटर देसी शराब भी बरामद की गई। जबकि देसी शराब के 15 भठ्टियों को नष्ट करने के साथ-साथ 5350 लीटर कच्चा महुआ शराब भी नष्ट किया गया है। कुर्की के चार मामलों के निष्पादन के साथ जमानती व गैर जमानती 245 मामलों का निष्पादन किया गया। 

वाहन चेकिंग के दौरान 25 लाख 35 हजार 500 जुर्माना वसूल किया गया है।

वहीं 21 बाइक, 1 टैंक लॉरी, 1 ई-रिक्शा, 1 ट्रक, 2 जेसीबी, 1 कार, 15 ट्रैक्टर, 11 मोबाइल, 1 लैपटॉप, 1 बायोमीट्रिक मशीन, 8 लाख 22 हजार 940 रुपया और 44 किलो से अधिक गांजा भी बरामद किया गया है।

एसपी ने बताया कि किसी भी इमरजेंसी में डायल- 112 की टीम त्वरित सेवा उपलब्ध करवा रही है। बेगूसराय पुलिस का कंट्रोल रूम 9264429701 लगातार एक्टिव मोड में है। सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त जानकारी के आधार पर भी कार्रवाई की जा रही है। बेगूसराय पुलिस फेसबुक, X और इंस्टाग्राम पर एक्टिव है।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Jul 01 2024, 20:16

नए कानून के विरोध में सड़क पर उतरा भाकपा (माले) : जिला सचिव ने कहा- मोदी सरकार ने लाया है खतरनाक और दमनकारी कानून

बेगूसराय : पूरे देश में आज से लागू किए गए नए कानून के खिलाफ भाकपा (माले) ने आंदोलन शुरू कर दिया है। जिला सचिव दिवाकर कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रतिवाद दिवस मनाया। कार्यालय से निकला प्रतिवाद जुलूस विभिन्न सड़कों से होते हुए समाहरणालय के उत्तरी द्वार पर पहुंचा। जहां कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए बदलाव को रद्द करने की मांग की है।

जिला सचिव दिवाकर ने कहा कि मोदी सरकार ने जो तीन फौजदारी कानून लाया है, यह कानून पिछले संसद सत्र में ही 149 विपक्षी सांसदों को निलंबित करते हुए संसद से बाहर करके बनाया गया था। जिसे आज से लागू कर दिया गया है। यह खतरनाक और दमनकारी कानून है, जन विरोधी कानून है। इसके माध्यम से मोदी सरकार अपने विरोधी नेताओं को कभी भी जेल में उठाकर बंद कर सकती है।

देश के भीतर सत्ता के खिलाफ और असहमति की आवाज को निर्ममता पूर्वक कुचल सकते हैं। यह खतरनाक और दमनकारी कानून है। इस सवाल को लेकर भाकपा माले पूरे देश में विरोध दिवस मना रहा है। बिहार से जीते हमारी पार्टी के सांसद सुदामा प्रसाद और राजाराम ने संयुक्त हस्ताक्षर करके राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा है कि इस कानून पर रोक लगाई जाए।

चन्द्रदेव वर्मा ने कहा है कि नया फौजदारी कानून न्याय संहिता, नागरिक संहिता और साक्ष्य संहिता लाकर भारत सरकार कह रही है कि अंग्रेजों के बनाए गए कानून को हम भारतीय कानून के रूप में लागू कर रहे हैं। लेकिन यह हिंदुस्तान के लोगों के साथ धोखा है। इस कानून की आड़ में मोदी सरकार अपने विरोधियों को बंद करना चाहती है। विरोध की आवाज दबाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि पुलिस राज स्थापित करने के लिए यह कानून लाया गया है। इसलिए आज हम लोग व्यापक रूप से विरोध कर हैं। भाकपा-माले इसका विरोध कर रही है, हम सड़क से सदन तक इसके खिलाफ विरोध कर रहे हैं। यह देश के लोगों के हित में नहीं है, दमनकारी है। गरीबों के आंदोलन पर दमन करने वाला कानून है, इस कानून को वापस लिया जाए।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Jul 01 2024, 20:15

थाने में नए कानून के प्रति लोगों को किया जागरूक : आपराधिक न्याय प्रणाली में बदलाव, पुलिस की जवाबदेही और पारदर्शिता के अलावा मोबाइल ऐप की दी गई

बेगूसराय : नाम और धारा संख्या को संशोधित कर लागू किए गए आज से लागू किए नये कानून को मूर्त रूप देने के लिए आज जिले के सभी थाना में बैठक की गई। जिसमें संबंधित पुलिस पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी उपस्थित हुए। बैठक में कानून के संबंध में विस्तार से जानकारी देने के साथ-साथ इस संबंध में बुकलेट भी उपलब्ध कराया गया है।

नगर थाना में आयोजित कार्यक्रम में एसपी मनीष, मुख्यालय डीएसपी रमेश प्रसाद सिंह, सदर-वन डीएसपी सुबोध कुमार, नगर थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार और मेयर पिंकी देवी भी शामिल हुए। बैठक के दौरान एसपी ने नए कानून के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। लोगों को नए कानून की प्रस्तावना, नागरिक केंद्रित कानून, न्याय प्रणाली में टेक्नोलॉजी, त्वरित न्याय, आपराधिक न्याय प्रणाली में बदलाव, पुलिस की जवाबदेही और पारदर्शिता व एनसीआरबी मोबाइल ऐप के संबंध में जानकारी दी गई।

एसपी ने बताया कि भारतीय संसद में पारित तीन नए आपराधिक कानून आज से लागू हो गए हैं। जिसे मानवाधिकारों और मूल्यों को केंद्र में रखा गया है। नए कानून में अब भारतीय दंड संहिता 1860 की जगह भारतीय न्याय संहिता 2023, दंड प्रक्रिया संहिता 1973 की जगह भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 1872 की जगह भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 लागू हो गया है। इस कानून में दंड की जगह न्याय देने पर बल दिया गया है।

न्याय पर केंद्रित तीनों नए आपराधिक कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से तैयार है, सभी पदाधिकारी और कर्मियों को कानून में हुए बदलाव से जुड़ी जानकारी के लिए प्रशिक्षण दिया जा चुका है। आम लोगों को भी वीडियो, ग्राफिक्स और अन्य माध्यम से नए कानून के प्रति जागरूक कर इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना हम सबका कर्तव्य है। नए कानून में डिजिटल तौर पर FIR और नोटिस सहित अन्य मुद्दों पर बल दिया गया है।

तलाशी और गिरफ्तारी के दौरान वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के लिए सभी अनुसंधानकर्ताओं को लैपटॉप और मोबाइल दिए जाएंगे। सभी थाना का नए उपकरण के साथ आधुनिकीकरण किया जा रहा है। अब सभी थाना में वर्क स्टेशन, डाटा सेंटर, अनुसंधान हॉल, रिकॉर्ड रूम और पूछताछ कक्ष का निर्माण जल्द किया जाएगा। बढ़ते साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए व्यवस्था की गई है।

नया कानून व्यक्तिगत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की गारंटी देगा। नागरिक केंद्रित कानून बनाए जाने के बाद कोई भी लोग घटनास्थल या उससे अलग भी कहीं से FIR कर सकते हैं, जिसकी एक प्रति फ्री में दी जाएगी। 90 दिनों के अंदर जांच की प्रगति के संबंध में सूचना देना अनिवार्य कर दिया गया है। महिला अपराध की स्थिति में 24 घंटे के अंदर मेडिकल जांच होगी और 7 दिनों के अंदर मेडिकल रिपोर्ट डॉक्टर भेजेंगे।

अभियोजन पक्ष की मदद के लिए लोगों को खुद का कानूनी प्रतिनिधित्व करने का अधिकार दिया गया है। पीड़ित को मुआवजा और मुफ्त इलाज का अधिकार दिया गया है। गवाह संरक्षण योजना का प्रावधान है, कोर्ट में आवेदन करने पर भी पीड़ितों को ऑर्डर की प्रति फ्री में मिलना है। जनता को जागरूक करने के लिए व्यापक पैमाने पर बैठक और प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Jun 29 2024, 19:49

बेगूसराय में राजस्व विभाग में बड़ा फेरबदल: 22 कर्मचारियों का हुआ ट्रांसफर, DM ने कहा- विभागीय आदेश पर हुआ स्थानांतरण

बेगूसराय में राजस्व विभाग बड़ा फेरबदल किया गया है। डीएम रोशन कुशवाहा ने तीन वर्षों से एक ही अंचल में पदस्थापित 22 राजस्व कर्मचारी का स्थानांतरण कर दिया है। इन लोगों को चार जुलाई तक नए पदस्थापित जगह पर योगदान कर लेना है।स्थानांतरण के इस प्रक्रिया में कुंदन कुमार को बेगूसराय सदर प्रखंड से छौड़ाही, अनुभा सिन्हा को वीरपुर, जावेद हुसैन को खोदाबंदपुर संजय कुमार को नावकोठी, प्रीतम कुमार राय को साहेबपुर कमाल एवं राकेश कुमार को बरौनी प्रखंड भेज दिया गया है।

संजय गोपाल प्रसाद को मटिहानी से साहेबपुर कमाल एवं नीरज कुमार को बछवाड़ा, राजेश पासवान को बरौनी से बेगूसराय, रामसागर पासवान को बलिया एवं मंजेश कुमार ईश्वर को बेगूसराय सदर, अवधेश कुमार को बछवाड़ा से नावकोठी, उमेश प्रसाद को मंसूरचक से बछवाड़ा भेजा गया है।इसी प्रकार शैलेन्द्र कुमार को बलिया से बरौनी एवं मुकेश कुमार दास को बेगूसराय, अजय कुमार को चेरिया बरियारपुर से मंसूरचक, नितिन कुमार को बरौनी, कुमार रजनीश को खोदाबंदपुर से बेगूसराय, शंभू कुमार पासवान को नावकोठी से बलिया, अरुण कुमार को साहेबपुर कमाल, संतोष कुमार को बछवाड़ा से बेगूसराय एवं मुरारी प्रसाद को साहेबपुर कमाल से मटिहानी भेजा गया है।

डीएम ने बताया कि विभागीय निर्देश के आलोक में स्थानांतरण किया गया है। संबंधित अंचल अधिकारी को आदेश दिया गया है कि चार जुलाई तक स्थानांतरित राजस्व कर्मचारी का प्रभार आदान-प्रदान करते हुए उन्हें विरमित करें। चार जुलाई तक विरमित नहीं होने की स्थिति में पांच जुलाई से सभी स्वतः विरमित समझ जाएंगे।

बेगूसराय  से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Jun 28 2024, 10:54

सिमरिया पुल आज पूरी रात रहेगा बंद : रात 10 बजे से आवाजाही रहेगी ब्लॉक, जानिए क्या है वजह

बेगूसराय : गंगा नदी पर बेगूसराय के सिमरिया और पटना के मोकामा के बीच बने राजेंद्र सेतु (सिमरिया पुल) पर मरम्मत का कार्य काफी तेजी से चल रहा है। इसके कारण बीच-बीच में ब्लॉक लिया जा रहा है। शुक्रवार की रात 10 बजे से शनिवार की सुबह 6 बजे तक पुल पर आवागमन बंद रहेगा। इस दौरान सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह से रोक रहेगी। 

शनिवार की सुबह 6 बजे के बाद पुल के सड़क मार्ग से वाहनों का परिचालन सामान्य हो पाएगा। राजेन्द्र सेतु के मरम्मत कार्य में लगी एसपी सिंगला कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अरुण कुमार गुप्ता ने बताया की स्पेन नंबर-दो में 122 मीटर की ढलाई होनी है। इसके कारण सड़क मार्ग को ब्लॉक किया गया है। 

कहा कि जो लोग राजेन्द्र सेतु से यात्रा करने वाले हैं, वह वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। बेगूसराय जिला प्रशासन और पटना जिला प्रशासन से आदेश लेकर सड़क मार्ग को ब्लॉक किया गया है। पुल के दोनों छोर पर पुलिस प्रशासन की व्यवस्था की गई है।

जो भी लोग सिमरिया पुल के रास्ते यात्रा करना चाहते हैं, वह पटना की ओर जाने के लिए बरौनी जीरोमाइल से NH-28 के रास्ते हाजीपुर होकर जा सकते हैं। लखीसराय और दक्षिण बिहार के शेष जिलों में जाने वाले लोग साहेबपुर कमाल होकर मुंगेर पुल के रास्ते यात्रा करें। बेगूसराय जिला प्रशासन द्वारा जीरो माइल के समीप पुलिस को तैनात किया गया है।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Jun 28 2024, 10:52

बेगूसराय में शातिर अटैची लिफ्टर गिरफ्तार : यशवंतपुर-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस से 6 लाख रुपए से भरा बैग लेकर भागा था, चलती ट्रेन में घटना को दिया था

बेगूसराय : बरौनी रेल पुलिस ने दुलरुआ धाम पोखर के पास 15227 यशवंतपुर-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस के एसी बोगी से 6 जून को एक पैसेंजर का करीब 6 लाख रुपए लेकर फरार शातिर चोर को बरौनी स्टेशन के गिरफ्तार किया है।

रेल डीएसपी गौरव पांडेय के निर्देश पर जीआरपी इंस्पेक्टर मनीष कुमार और थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई हुई है। तकनीकी टीम की मदद से गिरफ्तारी हुई है। शातिर अटैची लिफ्टर फुलवड़िया थाना क्षेत्र की शोकहारा पंचायत-एक निवासी मो. मुन्ना का पुत्र मो. कयूम है।

रेल पुलिस के मुताबिक 6 जून को 15227-अप यशवंतपुर-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस ट्रेन से यात्रा कर रहे तेघड़ा थाना क्षेत्र के मधुरापुर पुवारी टोला निवासी अमरजीत कुमार तिवारी ने जीआरपी बरौनी पोस्ट थाना में आवेदन देकर चलती ट्रेन से 6 लाख रूपया भरा बैग लेकर भागने का FIR कराया था।

घटना में पीड़ित द्वारा लिफ्टर का पीछा करने के दौरान एक अटैची लिफ्टर के सहयोगियों ने दुलरुआ धाम पोखर परिसर में पिस्तौल का भय दिखाकर उसके पर्स में रखा 10 हजार रुपया, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड आदि भी छीनकर भागने की बात कही गई थी।

जीआरपी पुलिस ने 21 जून को आरोपी के घर पर छापेमारी 2 लाख 40 हजार रूपया बरामद किया। आरोपी मो. कयूम पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि शातिर चोर और अटैची लिफ्टर का दुलरुआ पोखर पर जमावड़ा रहता है, इस पर ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Jun 27 2024, 17:02

बेगूसराय में अलग-अलग हादसे में तीन की मौत

बेगूसराय में गुरुवार को तीन अलग-अलग हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद सभी शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए पुलिस ने अस्पताल भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई है। पहली घटना बरौनी-खगड़िया रेलखंड के साहेबपुर कमाल स्टेशन के पास की है।

जहां कि वंदे भारत ट्रेन से कटकर एक शिक्षिका की मौत हो गई। मृतका की पहचान साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के चौकी गांव निवासी अनिल कुमार सिंह की पत्नी क्रांति कुमारी के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि ट्रेन पकड़ने के लिए साहेबपुर कमाल स्टेशन पहुंची थी।

दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए वह फुट ओवर ब्रिज के बदले पहले से खड़ी मालगाड़ी के नीचे से निकली और ट्रैक पार कर रही थी। इसी दौरान खगड़िया की ओर से आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। आरपीएफ ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई कर रही है।

दूसरी घटना एनएच-31 फोरलेन पर रिफाइनरी थाना क्षेत्र के देवना चौक मजार के पास की है। जहां कि एचपीसीएल से सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी कर बाइक से घर लौटने के दौरान मजार के पास किसी अज्ञात वाहन ने भूतपूर्व सैनिक को कुचल दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान खगड़िया जिला के परबत्ता थाना क्षेत्र स्थित डुमरिया खुर्द निवासी स्व. महेन्द्र झा के पुत्र नवीन कुमार झा (45) के रूप में की गई है। सेना से रिटायर्ड होने के बाद वह बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र के हर्रख में रह रहे थे। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

तीसरी घटना नगर थाना क्षेत्र के महमदपुर चौक स्थित एनएच-31 फोरलेन के पास की है। जहां कि अज्ञात वाहन से कुचलकर खगड़िया जिला के मानसी थाना क्षेत्र स्थित सैदपुर निवासी अनिल सिंह की पत्नी रूमा देवी (40) के रूप में की गई है। हादसे में मृतका की पुत्री सोनम कुमारी (12) घायल हो गई। परिजनों ने बताया कि रूमा देवी अपने मायके सूजा गांव आई और आज अपनी पुत्री का इलाज कराने अस्पताल जा रही थी। इसी दौरान महमदपुर के समीप किसी वाहन ने कुचल दिया। इसमें रूमा की मौके पर ही मौत होगी। जबकि पुत्री घायल हो गई।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Jun 26 2024, 16:05

बेगूसराय मे 2 जुलाई को जॉब कैंप का होगा आयोजन:ड्रोन ऑपरेट करने के लिए 50 लोगों की होगी बहाली; इतने रुपए मिलेगी सैलरी

बेगूसराय : बिहार सरकार का श्रम संसाधन विभाग नियोजनालय के माध्यम से लगातार जॉब कैंप का आयोजन कर बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी कड़ी में एक बार फिर बेगूसराय नियोजनालय में 2 जुलाई को जॉब कैंप का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें टेक्नो ग्राउंड प्राइवेट लिमिटेड 50 लोगों को नौकरी उपलब्ध कराएगी।

बेगूसराय में पहली बार ड्रोन के पायलट और असिस्टेंट पायलट के लिए जॉब कैंप का आयोजन किया जा रहा है। हाल के दिनों में यूको आरसेटी सहित विभिन्न माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों ने ड्रोन चलाने का प्रशिक्षण लिया है। नियोजनालय में टेक्नो ग्राउंड प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित होने वाले इस जॉब कैंप में 50 युवाओं को नौकरी दी जाएगी।

शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक और इंटर रखा गया है। जॉब कैंप में 18 से 30 वर्ष के लोग शामिल होकर नौकरी प्राप्त कर सकते हैं। जॉब लोकेशन बिहार और यूपी होगा। महीने में 8500 से 11000 तक सैलरी के अलावा पीएफ, ईएसआईसी, ग्रेच्युटी, इंसेंटिव, मेडिकल इंश्योरेंस और एसेंशियल डेथ इंश्योरेंस का ही लाभ मिलेगा।

जिला नियोजन पदाधिकारी राणा अमितेश ने बताया कि ड्रोन का प्रशिक्षण ले चुके युवाओं के लिए सुनहरा मौका है। निजी क्षेत्र की बड़ी कंपनी 2 जुलाई को सुबह 10:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक पनहांस चौक के समीप आईटीआई कैंपस के संयुक्त श्रम भवन स्थित जिला नियोजनालय में जॉब कैंप का आयोजन करेगी। एनसीएस पोर्टल www.ncs.gov.in पर रजिस्टर्ड अभ्यर्थी अपने बायोडाटा, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, बाइक का पेपर, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र बैंक पासबुक और पासपोर्ट साइज के दो रंगीन फोटो के साथ इसमें भाग ले सकते हैं।

सरकारी और निजी आईटीआई, जीविका, कुशल युवा कार्यक्रम, डोमेन स्किलिंग सेंटर, पीएमकेके, जिला कौशल प्रबंधक को सूचना दी गई है। जिससे कि अधिक से अधिक लोग इस जॉब कैंप का लाभ ले सकें।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Jun 25 2024, 19:07

आपातकाल के लिए माफी मांगे कांग्रेस:मंगल पांडेय ने कहा- सीएम हाउस में आते रहते थे अपराधी

बेगुसराय : आपातकाल के 50 साल पूरा होने पर आज बीजेपी ने काला दिवस मनाया। इस अवसर पर बेगूसराय के राज दरबार में आयोजित कार्यक्रम में बिहार के स्वास्थ्य सह कृषि मंत्री मंगल पांडेय और जिला के प्रभारी मंत्री मंगल पांडेय भी शामिल हुए। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए मंगल पांडेय ने कहा कि विपक्ष सदमे में है। विपक्ष पॉलिटिकल आईसीयू में है और क्या करना है उनको समझ में नहीं आ रहा है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता ने इस लोकसभा चुनाव में उनको पराजित किया। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का जनादेश दिया। उससे इंडी गठबंधन वाले लोग घबराए हुए हैं और हताशा में अनर्गल बात कर रहे हैं। संविधान की किताब लेकर लोकसभा में वैसे लोग जा रहे हैं, जिनके नेता इंदिरा गांधी ने 1975 में देश के अंदर संविधान को खत्म करने का काम किया था।

लोकतंत्र को खत्म करने का काम किया था। वह लोग जब संविधान का किताब लेते हैं तो हंसी आती है। कांग्रेस के लोगों को देशवासियों से आज का दिन माफी मांगने का दिन है। 25 जून ऐसा दिन है, जब कांग्रेस के हर नेता को कहना चाहिए कि इंदिरा गांधी ने देश के साथ जो आपातकाल लागू किया था। संविधान और लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की थी। उसके लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

तेजस्वी यादव द्वारा प्रधानमंत्री पर बढ़ते अपराध को लेकर हमला करने पर कहा कि तेजस्वी यादव को अपने पिताजी और माताजी से पूछना चाहिए कि जब उनका राज था तो मुख्यमंत्री आवास से कैसे अपराधियों का आना-जाना था। उस समय अखबारों में जो छपता था, तेजस्वी यादव को अखबार के उस पन्ने को निकाल लेना चाहिए।

अखबारों में छपता था कि अपराधियों का सारा सेटिंग-गेटिंग सीएम हाउस से होता है। उन्हें माता-पिता से पूछना चाहिए कि क्या होता था आपके राज में। पूछना चाहिए कि हाई कोर्ट ने आपके राज को जंगल राज क्यों कहा था। जब यह पूछ लेंगे तब उन्हें ज्ञान होगा, तब वह बयान देंगे तो अच्छा रहेगा।

बहुत सक्रियता और गंभीरता से काम कर रही है। एक-एक पर कार्रवाई कर रही है। जांच की जा रही है, जो भी दोषी लोग होंगे वह पकड़े जा रहे हैं। इससे पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंगल पांडेय ने कहा कि वह आपातकाल देश हित नहीं, राजनीतिक हित का निर्णय था। राजनारायण के केस और गुजरात में कांग्रेस की हार से इंदिरा गांधी तिलमिला गई थी। उन्होंने आपातकाल लागू किया था।

तब जयप्रकाश नारायण ने संपूर्ण क्रांति के नाम से संघर्ष किया। स्वतंत्रता की लड़ाई की तरह आजादी की दूसरी लड़ाई लड़ी थी। जेपी सेनानी नहीं होते तो देश गुलाम हो गया होता। कांग्रेस का काम ही है जनता में झूठ और गलत बात का प्रचार करना। चुनाव आयोग और EVM पर निराधार आरोप लगाना, अल्पसंख्यक तुष्टिकरण कर वोट बैंक की राजनीति करना। देश में ओबीसी के दिए आरक्षण को काट कर कांग्रेस ने कर्नाटक में अल्पसंख्यकों को आरक्षण दे दिया।

मुस्लिम को दिया गया यह आरक्षण समाज को बांटने की साजिश है। लेकिन बीजेपी धर्म के आधार हिंदू का हिस्सा काटकर वोट बैंक की राजनीति नहीं करने देगी। कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले आपातकाल की मानसिकता से बाहर नहीं आ रहे हैं। बंगाल में तृणमूल कांग्रेस लोकतंत्र और जनमत की आवाज को दबा रही है। पूरा विपक्ष लोकतंत्र के हत्यारे हैं, रात में चुपके से आपातकाल लगाने वाले संविधान के हत्यारे संविधान की दुहाई दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन देश को कमजोर करने की हमेशा कोशिश करते रहे हैं। कांग्रेस ने 75 बार संविधान में संशोधन किया, यह आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान नहीं अपने संविधान को बचाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने देश में 90 बार राष्ट्रपति शासन लगाया। यह लोग चुनाव स्थगित करने वाले हैं। अब राजद और कांग्रेस सहित सभी विपक्ष 2025 में फिर से झूठ को प्रचारित करेंगे।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Jun 25 2024, 10:57

बेगूसराय पुलिस का एक्शन : कट्टा के साथ 3 अपराधी सहित 11 गिरफ्तार, 4 हजार लीटर से अधिक कच्चा शराब किया नष्ट*

बेगूसराय : पुलिस ने बीते 24 घंटे के दौरान विभिन्न मामले के 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान हथियार और गोली बरामद करने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर कच्चा देसी शराब भी नष्ट किया गया है। वाहन चेकिंग के दौरान 1 लाख से अधिक जुर्माना वसूल किया गया है। एसपी मनीष ने बताया कि 24 घंटे के दौरान उत्पाद अधिनियम के तहत 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि दो वारंटी और अन्य कांड में 2 आरोपी के साथ-साथ 3 बदमाशों को हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार किया गया है। वाहन चेकिंग के दौरान 1 लाख 3 हजार रुपए जुर्माना वसूल किया गया है। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि बलिया थाना क्षेत्र के सदानंदपुर गांव के सामने गुप्ता-लखमिनियां बांध स्थित दुर्गा मंदिर के आसपास कुछ बदमाश अपराध की योजना बना रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस पहुंची तो बदमाश भागने लगे, इसके बाद खदेड़ कर एक बाइक पर सवार तीन बदमाश सदानंदपुर निवासी संजीव सिंह, रवि रौशन राय एवं रौनक कुमार को पकड़ा गया। इन लोगों के पास से एक देसी कट्टा एवं चार गोली बरामद किया गया है। इस दौरान दूसरे बाइक पर सवार तीन बदमाश बाइक छोड़कर भाग गया, जिसके गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। छापेमारी में बलिया थानाध्यक्ष रामकुमार सिंह सहित पूरी टीम शामिल थे। पकड़े गए बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। दूसरी ओर साहेबपुर कमाल की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर विष्णुपुर आहोक के पास गंडक नदी किनारे छापेमारी कर 120 लीटर चुलाय देसी शराब बरामद किया। जबकि, 4000 लीटर से अधिक कच्चा देसी शराब और भट्ठी को नष्ट किया गया। चार गैस सिलेंडर, तीन गैस चूल्हा, तीन बड़ा एल्यूमीनियम का बर्तन जब्त किया गया है। बेगूसराय से नोमानुल की रिपोर्ट