Jun 05 2024, 09:32
लोकसभा चुनाव : बिहार के 40 सीटों का परिणाम जारी, जानिए किसे मिली कितनी सीट*
डेस्क : बीते मंगलवार को मतगणना के बाद देर रात चुनाव आयोग ने बिहार की सभी 40 सीटों पर परिणाम जारी कर दिए। अधिकतर सीटों पर सीधे मुकाबले में एनडीए को 30 और इंडिया गठबंधन को 9 सीटें मिलीं, जबकि बाकी एक सीट पूर्णिया में निर्दलीय पप्पू यादव ने परचम लहराया। एनडीए में जदयू को 12, भाजपा को 12, लोजपा (आर) को 5 और हम को एक सीट हासिल हुई। वहीं, इंडिया में राजद को 4, कांग्रेस को 3, भाकपा माले को दो सीटें हासिल हुई हैं। *एनडीए को 9 सीटों का हुआ नुकसान* पिछले चुनाव में एनडीए के खाते में 39 सीटें आई थीं। इसबार उसे 30 सीटों पर जीत हासिल हुई है। इस तरह उसे 9 सीटों का नुकसान हुआ है। जदयू को चार और भाजपा को पांच सीटों का झटका लगा है। जदयू को किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया और जहानाबाद में हार का सामना करना पड़ा। जबकि, भाजपा को पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, औरंगाबाद एवं सासाराम (सु.) में शिकस्त मिली। लोजपा (आर) ने अपनी सभी पांच सीटें जीत लीं। *राजद का इसबार खुला खाता* पिछले चुनाव में राजद का खाता नहीं खुला था। लेकिन इसबार उसे 4 सीटों पर जीत के साथ इंडिया को आठ सीटों का फायदा हुआ है। जिसमें राजद को चार, कांग्रेस को दो और भाकपा माले को दो सीटों का लाभ शामिल हैं। पिछली बार कांग्रेस को एक मात्र किशनगंज सीट मिली थी। वहीं, राजद व भाकपा माले के खाते में एक भी सीट नहीं थी। *इन दिग्गजों की हुई जीत* चुनाव जीतने वाले प्रमुख लोगों में गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, चिराग पासवान, ललन सिंह, मीसा भारती, राधामोहन सिंह, तारिक अनवर शामिल हैं। वहीं, हारने वालों में आर के सिंह, उपेंद्र कुशवाहा, रोहिणी आचार्य, रामकृपाल यादव, पवन सिंह भी शामिल हैं।
Jun 06 2024, 09:37