Begusarai

Apr 11 2024, 18:35

नाइट गार्ड का संदिग्ध में स्थिति बरामद हुआ शव, पिता ने कहा- बेटे की हुई है हत्या

बेगूसराय : जिले में एक नाइट गार्ड की लाश संदिग्ध स्थिति में बरामद की गई है। घटना रिफाइनरी थाना क्षेत्र के केशावे गांव में स्थित एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के साइट की है। मृतक नाइट गार्ड सिंघौल थाना क्षेत्र के रतौली नवासी अजय पाठक का पुत्र आदित्य कुमार पाठक (23) है। मृतक के गले और हाथ पर रस्सी से बांधे जाने के निशान पाए गये हैं। प्रोजेक्ट के साइट इचार्ज को भी किसी प्रकार की जानकारी नहीं है। 

मृतक के पिता अजय पाठक ने बताया कि आदित्य उनका इकलौता पुत्र था। दोनों पिता-बेटे रिफाइनरी विस्तारीकरण में काम कर रही अलग-अलग कंपनी में गार्ड की नौकरी कर जीवन यापन कर रहे थे। अगले साल आदित्य की शादी भी करते। मृतक के पिता ने शव की हालत देखकर हत्या का आरोप लगाया है। दोषी पर कार्रवाई और मुआवजा की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पैसिव कंपनी में बीते 4 महीने से नाइट गार्ड का काम करता था। रोज की तरह कल भी शाम में छह बजे घर से गया था, लेकिन सुबह 8:30 बजे तक घर नहीं पहुंचा। हम लोगों ने फोन किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ। कंपनी के प्रोजेक्ट साइट पर पहुंचे तो कहा गया कि एक निजी अस्पताल ले जाया गया है, वहां गए तो किसी ने कुछ नहीं बताया। उसके बाद फिर साइट पर पहुंचे तो दो-तीन लोग मेरे पुत्र की लाश को गाड़ी से उतार कर भाग निकले। प्रोजेक्ट साइट पर काम करने वाला कोई भी स्टाफ नहीं मिला, सभी फरार हो गए। गोदाम मटिहानी के पूर्व विधायक बोगो सिंह का है, जिसे किराए पर पैसिव कंपनी को दिया गया था। 

इधर, घटना की सूचना मिलते ही राजद नेता निशांत कुमार सिंह सहित अन्य लोग भी घटनास्थल पर जुटे। रिफाइनरी थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही हम लोग घटनास्थल पर पहुंचे, मामले की छानबीन की जा रही है।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Apr 09 2024, 18:12

दबंगों ने एक ही परिवार के पांच लोगों को पीटा:लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई कर किया अधमरा, केस उठाने का बना रहे थे दबाव

बेगूसराय में दबंगों ने एक ही परिवार के पांच लोगों की लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के मानिकपुर चेरिया गांव की है।

मारपीट में घायल हरेराम पोद्दार का आरोप है कि गांव के ही मिथिलेश पोद्दार ने उनके परिवार में काम करने वाले मजदूर सुलोचन सदा को सरसों चोरी का आरोप लगाकर मारपीट करते हुए घायल कर दिया था। इसको लेकर सुलोचन सदा ने एससी-एसटी एक्ट के तहत मिथिलेश पोद्दार पर केस किया था।

इसके बाद मिथलेश पोद्दार ने भी सुलोचन सदा पर सरसों चोरी का केस किया था। इसमें मिथिलेश पोद्दार द्वारा सुलोचन सदा पर केस में समझौता करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इसी विवाद में मिथिलेश पोद्दार ने परिवार वालों के साथ हरेराम पोद्दार एवं उसके परिवार वालों के साथ मारपीट किया।

हरेराम पोद्दार के साथ उसके चारों भाई और महिलाओं के साथ भी मारपीट किया है। फिलहाल सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय लाया गया है। घटना की सूचना नीमा चांदपुरा थाना को भी दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Apr 08 2024, 16:43

चाचा ने भतीजी के साथ किया दुष्कर्म:मेडिकल जांच के लिए भेजा गया सदर अस्पताल, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

बेगूसराय के मटिहानी थाना क्षेत्र में चाचा ने अपनी भतीजी के साथ दुष्कर्म किया है। घटना शुक्रवार की है। आज पीड़िता का मेडिकल चेकअप कराया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। शनिवार को इस घटना को लेकर पीड़िता के परिजनों ने आरोपी चाचा के साथ मारपीट भी किया गया।

मटिहानी थानाध्यक्ष ओम प्रकाश कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी चाचा मनीष कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। दुष्कर्म पीड़िता ने आरोप लगाया है कि चाचा अपने एक भाभी के साथ प्लान बनाकर मेरे साथ दुष्कर्म किया और मुझे कहीं ले जाकर बेचने वाला था। दुष्कर्म के दौरान मैंने उन लोगों की बातें सुन ली। घटना के बाद मैंने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Apr 08 2024, 16:42

तीन लाख का इनामी कुख्यात गिरफ्तार:STF और जिला पुलिस ने दिल्ली से दबोचा, 26 मामले हैं दर्ज

बेगूसराय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बेगूसराय पुलिस और STF के SOG-3 की टीम ने संयुक्त छापेमारी कर तीन लाख के इनामी अपराधी नागमणि महतो को गिरफ्तार कर लिया है। मानवीय औ टेक्निकल इनपुट के आधार पर नागमणि उर्फ नागो को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है।

एसपी मनीष ने बताया कि चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के कुंभी गांव निवासी स्व. जयप्रकाश महतो के पुत्र नागमणि महतो उर्फ नागो पर हत्या, रंगदारी, लूट सहित कई संगीन अपराध के 25 मामले बेगूसराय जिले के विभिन्न थाना और एक मामला औरंगाबाद के दाउदनगर थाना में दर्ज है। 2015 में इसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया गया था। लेकिन करीब 4 महीना पहले यह जेल से बाहर निकला और लगातार आपराधिक वारदात को अंजाम दे रहा था। हाल ही में इसने खोदाबंदपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या कर दी। चेरिया बरियापुर में चिमनी व्यवसायी से रंगदारी के लिए गोलीबारी किया था। तभी से पुलिस इसके पीछे पड़ी हुई थी।

इसी दौरान सूचना मिली की नागमणि दिल्ली के हरि नगर थाना क्षेत्र में फिलहाल रह रहा है और बराबर ठिकाना बदल कर रहा है। सूचना मिलते ही मंझौल डीएसपी नवीन कुमार के नेतृत्व में चेरिया बरियारपुर थानाध्यक्ष विवेक भारती की टीम, जिला आसूचना इकाई और एसटीएफ के एसओजी- 3 की टीम ने दिल्ली में घेराबंटी कर दिया। जहां से उसे पकड़ कर आज बेगूसराय लाया गया है।

एसपी ने बताया इसके ठहरने के सभी ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसके बाद पुलिस मुख्यालय द्वारा घोषित 3 लाख के इनामी नागमणि को पकड़ने में सफलता मिली है। इसके पहले नागमणि के गिरोह के कई अपराधियों को पकड़ा गया था। इसके हथियार के जखीरा को भी बरामद किया जा चुका है। पूरी टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Apr 07 2024, 18:48

बेगूसराय में आग लगने से चार घर जलकर राख:खाना बनाने के दौरान लगी आग, गैस सिलेंडर हुआ ब्लास्ट

बेगूसराय : जिले में बीते रात भी वीरपुर थाना क्षेत्र के सहुरी में आग लगने से चार घर जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने काफी कोशिश के बाद आग पर काबू पाया।

बताया जा रहा है कि देर रात करीब 11:30 बजे सहुरी निवासी गुड्डू साह के घर में खाना बन रहा था। खाना बनाने के दौरान ही अचानक आग लग गई। इसके बाद घर में रखा खाना बनाने वाला गैस सिलेंडर ब्लास्ट कर गया। जिससे आग ने विकराल रूप धर लिया।

घटना की सूचना तुरंत वीरपुर थाना एवं फायर ब्रिगेड की टीम को दिया गया। उसके बाद फायर ब्रिगेड की एक छोटी एवं एक बड़ी गाड़ी पहुंची और स्थानीय लोगों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक गुड्डू साह, राज किशोर साह, रूपेश साह एवं मंटू साह का घर जलकर पूरी तरह से राख हो गया।

घटना में लाखों की क्षति हुई है, लेकिन फायर ब्रिगेड एवं स्थानीय लोगों के प्रयास से बड़ी घटना टल गई। घटना के बाद चारों परिवार में कोहराम मचा हुआ है, इन लोगों के रहने-खाने की कोई व्यवस्था नहीं है। लोग ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Apr 06 2024, 18:39

फंदे से झूल रही थी महिला, किस्त मांग रहा था एजेंट: पड़ोसी महिलाओं ने चंदा कर चुकाया, ससुर ने कहा- पुलिस को बुलाने की दे रहा था धमकी

बेगूसराय में समय पर ग्रुप लोन की किस्त नहीं भर पाने के कारण एक महिला कंचन देवी (28) ने शुक्रवार की देर शाम आत्महत्या कर लिया। घटना बछवाड़ा थाना क्षेत्र के सूरो ओझा टोला गांव की है। मृतका के चचेरे ससुर तेज नारायण ने बताया कि कंचन ने लोन लिया था, किस्त जमा करने के लिए उसके पास पैसा नहीं था। कलेक्शन एजेंट घर पहुंचकर लगातार पैसा देने का दबाव बना रहा था। इससे डरकर कंचन ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। वहीं समूह की आस-पास रहने वाली महिलाओं ने आपस में चंदा कर रात 8:00 बजे एजेंट को पैसा दिया तो, वह वहां से निकला। तेज नारायण ने बताया कि जब एजेंट को पैसा दिया जा रहा था, तब कंचन की मौत हो चुकी थी। वह फंदे से लटकी हुई थी।

तेज नारायण महतो ने बताया कि कंचन देवी ने 2 महीना पहले L&T माइक्रो फाइनेंस बैंक से 65 हजार रुपए का ग्रुप लोन लिया था। इसके लिए प्रत्येक माह 3 हजार 600 रुपए का किस्त 2 साल के लिए फिक्स किया गया था। पहले महीने का किस्त कंचन ने जमा भी कर दिया था। कल शुक्रवार को दूसरे महीने का किस्त देना था, लेकिन कंचन के पास पैसे नहीं थे, कंचन का पति भी मजदूरी कर किसी तरह से परिवार चला रहा था, उसके पास भी पैसा नहीं था।

दोपहर करीब 2:00 बजे किस्त वसूलने वाला आया और पैसा देने का दबाव बनाने लगा। कंचन ने काफी आरजू-मिन्नत किया कि कुछ समय दिया जाए, लेकिन वह मानने के लिए तैयार नहीं हुआ। धमकी दे रहा था कि पैसा नहीं दोगे, तो घर का सामान उठाकर ले जाएंगे, चौखट खोल लेंगे। पुलिस को बुलाकर उसके हवाले कर देंगे, इससे कंचन काफी परेशान हो गई। डर से कंचन रूम में बंद हो गई। वहीं समूह की आस-पास रहने वाली महिलाओं ने आपस में चंदा कर रात 8:00 बजे एजेंट को पैसा दिया तो, वह वहां से निकला। थोड़ी देर बाद कंचन का पति काम से वापस लौटा तो देखा कि कंचन घर में फंदे से लटकी हुई थी।

इसके बाद घटना की सूचना बछवाड़ा थाने की पुलिस को दी गई। पति कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। थानाध्यक्ष अमित कांत ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, मामले की छानबीन की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजकर मामले की छानबीन कर रही है।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Apr 05 2024, 18:57

केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को बताया झूठ का पुलिंदा', कहा- 60 साल में कुछ काम नहीं किया

बेगूसराय : बीजेपी के फायर ब्रांड नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को डपोरशंखी घोषणा और झूठ का पुलिंदा करार दिया है। गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने 60 साल से अधिक समय तक देश पर राज किया, लेकिन काम कुछ नहीं किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस का 60 साल का घोषणा पत्र लूट का पुलिंदा रहा। अभी जो घोषणा पत्र जारी किया गया है, यह भी वही रहेगा। यह भी डपोरशंखी घोषणा के सिवा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि बेगूसराय में राजीव गांधी ने 1985 में मंच से कहा था कि पेट्रोकेमिकल बनेगा, लेकिन पेट्रोकेमिकल बन नहीं पाया। नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो पेट्रोकेमिकल की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ। आज कांग्रेस ने जो घोषणा किया गया है, वह सिर्फ और सिर्फ झूठ का पुलिंदा है। मोदी जी के गारंटी की तरह कांग्रेस ने भी गारंटी की बात कही है, नौकरी देने की बातें कही है। लेकिन सभी घोषणा सिर्फ जनता को दिग्भ्रमित करने के लिए झूठ का पुलिंदा बनाया गया है।

इससे पहले बैठक के दौरान गिरिराज सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं से टीम बनाकर काम करने की अपील किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सभी इकाई के कार्यकर्ता एनडीए के सहयोगी दल जदयू, लोजपा, हम आदि के कार्यकर्ताओं के साथ टीम बनाकर बूथ लेवल पर घर-घर जाएं। मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्यों से लोगों को अवगत कराएं।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Apr 05 2024, 18:55

बच्चा चोरी के आरोप में महिला की जमकर पिटाई, विडियो हो रहा वायरल

बेगूसराय : जिले में बच्चा चोरी के आरोप में एक महिला की जमकर पिटाई का मामला सामने आया है। मामला चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के सकरबासा गांव का है। महिला की पिटाई का एक वीडियो भी सामने आया है। 

वीडियो में दिख रहा है कि ग्रामीण महिला को जमीन पर बैठाया है। एक व्यक्ति उसे थप्पड़ और चप्पल से पिटाई कर रहा है। इस दौरान वह व्यक्ति महिला के बाल भी खींचता है। फिर ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां पूछताछ की जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव के काबर बहियार के रास्ते एक महिला दो छोटे-छोटे बच्चों को लेकर जा रही थी। इस दौरान ग्रामीणों ने महिला को पकड़ लिया। आरोपी महिला बच्चे को बिस्किट और चॉकलेट का लालच देकर अपने साथ ले जा रही थी। ग्रामीणों ने आरोपी महिला की पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला विक्षिप्त दिख रही है। हालांकि, महिला के पास से दोनों बच्चा और चॉकलेट भी बरामद किया गया। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Apr 05 2024, 18:51

चेकिंग के दौरान 2 पुलिस जवानों पर चढ़ाई बाइक ; एक पुलिस जवान गंभीर हालत में पटना रेफर

बेगूसराय ; जिले में स्टेट हाईवे पर गाड़ियों की चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार ने पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ा दी। इसमें दो पुलिस जवान घायल हो गए हैं। एक जवान की हालत गंभीर है। इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। घटना खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के मेघौल धर्मगाछी चौक के पास की है।

घायल जवानों के नाम पीटीसी विवेक कांत शेखर और रितेश कुमार है। पीटीसी विवेक कांत शेखर को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन स्थिति गंभीर रहने के कारण हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। जहां से परिजन उन्हें पटना लेकर चले गए।

घटना में पुलिस वालों पर गाड़ी चढ़ाकर भाग रहा बाइक सवार मंझौल निवासी अशोक सहनी का बेटा अंकित कुमार भी घायल हो गया। घायल बाइक सवार का पुलिस अभिरक्षा में इलाज कराया गया है।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट

Begusarai

Apr 03 2024, 16:56

बिजली के तार के चपेट में आने से किसान की गई जान

बेगूसराय में बिजली का करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। घटना मटिहानी थाना क्षेत्र के रामदिरी पंचायत-चार स्थित बहियार की है। मृतक किसान की पहचान सिंघौल थाना क्षेत्र के रचियाही कचहरी टोला निवासी जागेश्वर राय के पुत्र सत्यनारायण राय (60) के रूप में की गई है।

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सत्यनारायण राय मवेशी के लिए चारा लाने के लिए दियारा बहियार की ओर गए थे। चारा लेकर लौटने के दौरान बिजली का मोटर चलाने के लिए बिछाए गए विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गए।

हल्ला होने पर आसपास के लोग दौड़े तथा परिजनों को भी सूचना दी गई। लेकिन तब तक सत्यनारायण राय की मौत हो चुकी थी। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दिया। रचियाही पंचायत के मुखिया राजेश कुमार ने बताया कि एक किसान द्वारा खेत का पटवन करने के लिए काफी दूर से बिजली का तार लाया गया था, उसी के कारण मौत हुई है।

पोस्टमार्टम करने सदर अस्पताल आए जिला पार्षद नंदलाल राय ने कहा कि बिजली विभाग एवं मोटर चलाने वाले की बड़ी लापरवाही से यह घटना हुई है। मोटर चलाने वाले ने बिजली का नंगा तार बिछा रखा था। उसी में पैर फंस जाने के कारण करंट लगने से सत्यनारायण राय की मौत हुई है। दोषी पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा मिलना चाहिए।

फिलहाल पोस्टमार्टम सहित आगे की प्रक्रिया चल रही है। घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश है। सिंघौल थानाध्यक्ष नवीन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। अभी शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। ‌परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बेगूसराय से नोमानुल हक की रिपोर्ट