Baliya

Mar 01 2024, 14:42

परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की रियल टाइम अटेंडेंस को लेकर सख्ती, एक दर्जन जिलों के 50 विकासखंड चिह्नित

संजीव सिंह, बलिया।परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की रियल टाइम अटेंडेंस को लेकर सख्ती शुरू हो गई है। रोजाना बच्चों की उपस्थिति न अपडेट करने वाले एक दर्जन जिलों के 50 विकास खंड चिह्नित किए गए हैं। इनकी छह मार्च को समीक्षा बैठक होगी। माना जा रहा है कि शासन यहां के बीईओ पर कार्रवाई कर सकता है।

परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति, मिड डे मील समेत एक दर्जन रजिस्टर डिजिटल करने की प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में हाल ही में बच्चों की उपस्थिति व मिड डे मील की जानकारी रोजाना ऑनलाइन अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि अभी भी काफी विद्यालयों में टैबलेट का प्रयोग नहीं शुरू हो सका है।

महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा ने रायबरेली व बस्ती समेत एक दर्जन जिलों के 50 विकासखंड में डाटा इंट्री काफी कम होने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने समीक्षा बैठक में सभी बीएसए व बीईओ को उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा को पत्र लिखकर ऑनलाइन उपस्थिति के लिए शिक्षकों पर दबाव न बनाने की मांग की है।

बच्चों की उपस्थिति अपडेट करने व मिड डे मील की रिकॉर्डिंगव मिड डे मील की रिकॉर्डिंग व फल-दूध वितरण की तस्वीर मांगे जाने पर रोक लगाएं। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षकों के प्रोन्नत वेतनमान का निर्धारण, शिक्षकों की वरिष्ठता सूची का प्रकाशन, जीपीएफ लेजर को अपडेट, ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों को नगरीय क्षेत्र के विद्यालयों में शामिल किया जाए।

Baliya

Feb 29 2024, 09:36

बलिया में खड़ी ट्रैक्टर से टकराया ई-रिक्शा, युवक की मौत , चार घायल

संजीव सिंह ,बांसडीह, बलिया : बांसडीह मनियर मार्ग पर स्थित बांसडीह कस्बे के पाण्डेय पोखरा के पास ई रिक्शा की खड़ी ट्राली में टक्कर से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। वही ई रिक्शा सवार कई लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ बच्चे भी शामिल है। घटना बुधवार देर शाम की है।

बताया जा रहा है की कस्बे के वार्ड नं. 10 निवासी रामचंद्र गोंड के तीसरे लड़के की लड़की का छेंका कोतवाली क्षेत्र के केवरा से करके परिजन ई रिक्शा पर सवार होकर वापस घर आ रहे थे। अभी वह पाण्डेय पोखरा पर पहुंचे थे, तभी तेज रफ्तार से ओवरटेक कर रही मोटरसाइकिल को बचाने में ई रिक्शा सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर की ट्राली में भिड़ गया।

इस जोरदार भिड़ंत में ई-रिक्शा सवार सभी लोग घायल हो गये, जिन्हें आसपास के लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ केंद्र बांसडीह पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने वार्ड नं. 10 निवासी भरत माली (46) पुत्र शिवनारायण माली को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कस्बा बांसडीह रामचंद्र गोंड पुत्र स्व भालू गोंड, राजकुमार पुत्र रामचंद्र गोंड, शिवानी (11) पुत्री गोबिंद निवासी सकरपुरा, राजबीर पुत्र गोविंद (09) निवासी सकरपुरा घायल है। गंभीर रूप से घायल रामचन्द्र गोंड को उचित इलाज के लिए जिलाचिकित्सालय भेज दिया गया।

मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

Baliya

Feb 28 2024, 15:13

बलिया: फर्जी निवास प्रमाणपत्र से नौकरी हासिल करने के आरोप में एक व्यक्ति पर प्राथमिकी दर्ज

संजीव सिंह,बलिया:केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में कार्यरत एक जवान के खिलाफ फर्जी निवास प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी हासिल करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी है। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनिल कुमार झा ने बताया कि सीआईएसएफ के एक उप सेनानायक की शिकायत पर बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के पटखौली शेर गांव के निवासी सुधीर कुमार पाठक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उन्होंने बताया कि शिकायत में उल्लेख किया गया है कि पाठक की नियुक्ति सीआईएसएफ के इस आशय का का निवास प्रमाणपत्र दाखिल किया था।

उन्होंने बताया कि स्थानीय तहसीलदार की जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि प्रमाणपत्र उनके स्तर से जारी नहीं किया गया था और पाठक बरगढ़ का निवासी नहीं है। पुलिस के अनुसार पाठक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 467, 468 व 471 (दस्तावेजों में हेराफेरी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

Baliya

Feb 25 2024, 08:11

बलिया महिला शिक्षक संघ ने संत रविदास जयंती वृद्धा आश्रम में मनाकर किये सम्पन्न

संजीव सिंह ,बलिया। संत रविदास जयंती के शुभ अवसर पर बलिया महिला शिक्षक संघ को मान्यता मिलने के उपलक्ष्य में महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष अन्नू सिंह अपनी पदाधिकारियों के साथ वृद्धा आश्रम पहुंचकर माता- पिता तुल्य बुजुर्गो का आशीर्वाद ली।जिलाध्यक्ष पद ग्रहण करने के पश्चात मेरी यह आस्था थी की अपने बहनों- भाइयों और शुभचिंतकों से स्नेह और आशीर्वाद लेने के बाद मैं वृद्धा आश्रम पहुंचकर उन माता पिता का भी आशीर्वाद लू जिन्हें उनकी खुद की ही संतान ने खुद से अलग कर दिया है।

मैं सामान्य तरीके से मिलना चाहती थी पर वहां पहले से ही पुण्य तिथि का कार्यक्रम चल रहा था सच कहे वहां पहुंचकर मेरा कलेजा फट गया।मुझे दो शब्द बोलने कहा गया पर मेरे गले से पीड़ा के मारे आवाज नहीं आ रही थी दिल कर रहा था फूट फूट कर रो पड़े ।मेरी बहनों की स्थिति भी कुछ ऐसी ही थी। मैं आप सबसे विनती करती हूं की एक शिक्षक के रूप में एक माता- पिता के रूप में अपने छात्रों और बच्चों के अंदर संस्कार जरूर भड़े । जिस मां ने हमें नौ महीने गर्भ में पाला,अपना दूध पिलाया जिस पिता ने हमें अपने खून पसीने से सींचा हमें जीवन दिया इतना ही काफी है ताउम्र उनके चरणों में अपने को समर्पित करने के लिए।मेरे साथ रंजिता सिंह और रमिता देवी ने भी कुछ पल रुककर देवता तुल्य बुजुर्ग माता -पिता के साथ अपनी खुशियां बांटी।

Baliya

Feb 25 2024, 08:10

बलिया में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती को शिक्षकों ने बड़े हर्षोल्लास से मनाकर किये सम्पन्न

संजीव सिंह,बलिया।: नगरा-आज संत रविदास जी की जयंती के शुभ अवसर पर बीआरसी नगरा के FLN 2 प्रशिक्षण के हाल में बड़ी ही धूमधाम से नगरा खंड शिक्षा अधिकारी रामप्रताप सिंह की अध्यक्षता में बीआरसी के प्रशिक्षण हाल में सभी एआरपी शिक्षक / शिक्षकाएं,शिक्षामित्र ने संत रविदास जी के बारे में प्रकाश डाला भक्ति शिरोमणि संत रविदास जी ने जात पात, छुआछूत, आडम्बर, अन्याय, विसमता, भेदभाव, ईश्वर भक्ति के नाम पर पैदा किये जाने वाले विवादों को त्याग कर प्रेम, सदाचार और परिहित की भावना को जागृत करने का काम किया था। उन्होंने अपनी वाणी के माध्यम से सच्ची भक्ति का जो संदेश दिया।

वह सर्वधर्म समभाव की स्थापना में सहायक सिद्ध हुआ। उन्होंने निश्छल कर्म का सबसे उत्तम वर्णन करते हुये “मन चंगा तो कठौती में गंगा” उनके इसी जीवन मार्ग को आज अपनाने की जरूरत है। इस मौके पर एआरपी दयाशंकर , अजीत यादव, संजय यादव,शैलेंद्र यादव ,वीरेंद्र यादव,प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह (तेगा),महामंत्री, राजीव नयन पांडेय, हेमंत यादव,रामबहादुर यादव, बृजेश यादव ,रामप्रसाद वर्मा ,नूतन मिश्रा,भुवाल यादव, बच्चालाल प्र.अ,दिनेश कुमार प्र.अ.,अरविंद कुमार, राकेश पांडेय,राजीव गुप्ता, शशिभूषण मौर्य, सचिन यादव,रेनू सिंह, रुपा तिवारी,सुनील चौहान,बृजेश कुमार, संचालन कर्ता बालचंद्र प्रसाद ने बड़े ही सादगी से रविदास जी पर प्रकाश डाला। तथा सबका आभार बीआरसी के लोकप्रिय एआरपी दयाशंकर व बच्चालाल, मीडिया के साथी शिवकुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Baliya

Feb 24 2024, 15:50

*बलिया क्रॉसिंग पर ट्रेन से टकराकर गिरी 10वीं की छात्रा, बाल-बाल बची*

रसड़ा-मऊ रेल खंड पर स्थित प्यारेलाल चौराहहा से सटे रसड़ा नगरा मार्ग रेलवे क्रासिंग पर शनिवार को सूरत छपरा ताप्ती गंगा एक्सप्रेस अप की चपेट में आकर बलिया जिले के घोसी रोड थाना नगरा अंजली (16) घायल हो गई।

रेलवे सुरक्षा बल चौकी रसड़ा पोस्ट के मुताबिक गाड़ी संख्या 19046 रसड़ा स्टेशन से नियत ठहराव के बाद प्रस्थान करने पर रसड़ा स्टेशन स्थित गेट संख्या 15 स्पेशल पर गेट बंद के दौरान एक लड़की निकल रही थी, जो इंजन के सामने आ गई। गाड़ी की गति धीमी थी, जिससे टकराकर लड़की गिर गई। लोको पायलट द्वारा ब्रेक मार कर लड़की को बचा लिया गया। इस वजह से ट्रेन 11:10 से 11:25 बजे तक उक्त घटना के कारण रुकी थी।

सहायक उप निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल चौकी रसड़ा महिपाल सिंह साथ स्टाफ घटनास्थल पर पहुंचे तो एक लड़की इंजन के नीचे थी, जिसे निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा ले जाया गया। वहां पर इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर द्वारा उपचार करने के बाद उनके परिवार के लोग और उसकी मां श्रीमती चुनचुन देवी पत्नी कमलेश गौड की अंजली को सुपुर्द कर दिया गया। अंजली ने बताया कि वह हाई स्कूल की परीक्षा दे रही है।परीक्षा के लिए कुछ खरीदने आई थी। गेट बंद था। जल्दी बाजी में निकल रही थी। गाड़ी नहीं देखी और घायल हो गई

Baliya

Feb 22 2024, 16:41

मां बनी दुल्हन , दिया बेटे को जन्म शादी के 48 घंटे बाद,दूल्हा पक्ष ने लिया बड़ा फैसला

संजीव सिंह,उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में मंगलवार को दुल्हन विदाई के बाद ससुराल पहुंची। घर पर खुशी का माहौल था। बधाई गीत गाए जा रहे थे। लोग प्रसन्न थे। गांव के लोग भी नवदंपती को बधाई देने के लिए घर आ रहे थे। उसी दिन उनकी सुहागरात थी। इससे पहले शाम को ही दुल्हन के पेट में तेज दर्द होने लगा। घरवाले उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। यहां जो घटना घटी उसे देखकर घरवालों के होश उड़ गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।

मामला किशनी थाना के कुसमरा चौकी क्षेत्र के एक गांव का है। यहां मंगलवार को एक घर में नई नवेली बहू विदा होकर आई थी। घर में खुशियों का माहौल था। शाम को बहू के पेट में अचानक तेज दर्द होने लगा। घरवाले उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां पता चला कि यह असहनीय दर्द प्रसव पीड़ा का है। इसके बाद परिजन उसे लेकर जिला महिला अस्पताल पहुंचे। यहां बहू ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।

बच्चे के जन्म के बाद पति और ससुरालीजन ने हंगामा शुरू कर दिया। दूल्हे ने कहा कि यह बच्चा उसका नहीं है। घरवालों ने बहू को साथ रखने से मना कर दिया। इसके बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। हंगामा देख और भी तमाशबीन लोग जुट गए। सुबह तक खबर लोगों में फैल गई।

दूल्हे के बड़े भाई की साली है दुल्हन

जानकारी होने पर बुधवार को महिला समाजसेवी आराधना गुप्ता अस्पताल पहुंची। उन्होंने दूल्हे और परिजन को समझाकर मामला शांत किया। साथ ही बहू को साथ रखने के लिए तैयार किया। बातचीत में पता चला कि बहू कोई अंजान लड़की नहीं बल्कि परिवार की बड़ी बहू की छोटी बहन है। यानी दूल्हे के बड़े भाई की साली है।

दोनों के बीच थे प्रेम संबंध

बात करने पर दूल्हे ने बताया कि शादी से पहले ही दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। बच्चा उसी का है। यह बात उसे पहले से पता थी। इसीलिए आनन फानन शादी भी कर ली थी। लेकिन यह अनुमान नहीं था कि सुहागरात के दिन ही प्रसव हो जाएगा। पूरी बात सामने आने के बाद घरवाले बच्चे और प्रसूता को हंसी खुशी अपने साथ घर ले गए।

Baliya

Feb 21 2024, 15:29

बिना दुल्हन के लौटी बारात,गुरहत्थी में गहना न देखकर भड़की दुल्हन

संजीव सिंह,बलिया।दूल्हे राजा बारात सजाकर पहुंचे थे। चहुंओर खुशी का माहौल था। खूब आतिशबाजी हुई। दुल्हन पक्ष ने चढ़-बढ़कर आगवानी की। द्वारचार के बाद जयमाल हुआ। इस दौरान वर और कन्या पक्ष काफी उत्साहित था। रिवॉल्विंग स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। स्पार्कल गन से आतिशबाजी की, लेकिन गुरहत्थी के दौरान गहना न देख दुल्हन भड़क गई। फिर बात बिगड़ी तो बनी नहीं। दुल्हन ने साफ शब्दों में कह दिया कि, मैं शादी नहीं करूंगी। घंटों पंचायत के बाद मामला थाने तक पहुंचा, मगर दुल्हन अपनी बात से डिगी नहीं। इसके बाद आपसी सहमति और लेनदेन के बाद बारात बिना दुल्हन ही लौट गई।

पूरा मामला बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। दुल्हन बीएससी फर्स्ट ईयर की छात्रा है। एक साल पहले उसकी शादी तय हुई थी। दूल्हा स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर नौकरी करता है। शादी को लेकर दोनों परिवार खुश थे। दोनों ने मिलकर शादी के मैन्यू, शादी के कपड़े फाइनल किए थे। दोनों ने हर एक रस्म की प्लानिंग की थी। रविवार की शाम दूल्हे राजा बारात लेकर पहुंचे। इधर, कन्या पक्ष के घर महिलाएं मांगलिक गीत गा रही थी। द्वारचार के बाद जयमाल की रस्म शुरू हुई।

देर रात गुरहत्थी के लिये वर पक्ष आंगन में आभूषणों के बिना रस्म पूरी करने का प्रयास किया तो कन्या पक्ष के लोग भड़क गये। गुरहत्थी में वर पक्ष द्वारा आभूषणों को न लाने के लिये बहाना बनाया जाने लगा। इसके बाद कन्या पक्ष ने सीधे तौर पर विवाह से इंकार कर दिया। दोनों पक्षों में काफी देर तक कहासुनी के बाद मामला कोतवाली पंहुचा। लेकिन रात होने के कारण इसमें कुछ नहीं हो सका। इसके बाद सोमवार को एक बार फिर थाने में बाराती व घराती पक्ष के बीच घंटो पंचायत होती रही। कन्या के पिता ने वर पक्ष की किसी भी सफाई को सुनने से इंकार कर दिया। अंततः स्थानीय लोगों की उपस्थिति में दोनों पक्षों ने अपने आपसी खर्चे आदि लेनदेन की वापसी की रूपरेखा तय की, फिर बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गयी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में लेनदेन को लेकर काफी असहमति हो गयी थी। जिसका दोनों पक्षों द्वारा आपस में बात-विचार कर निपटारा किया गया है।

Baliya

Feb 20 2024, 15:02

बलिया का लाल बना प्रदेश उपाध्यक्ष, चहुंओर खुशी की लहर

संजीव सिंह,बलिया।आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।संगठन विस्तार के क्रम में बलिया में युवाओं में सर्वाधिक लोकप्रिय,जुझारू और पार्टी की नीतियों के लिए हमेशा संघर्षशील रहने वाले ललित सिंह बिट्टू को समाजवादी छात्र सभा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।ललित बिट्टू जनपद के युवाओं में काफी लोकप्रिय और अपने क्षेत्र और विशेष रूप से राजपूत समाज में काफी पकड़ वाले नेता माने जाते है।

पार्टी को निश्चित रूप से श्री सिंह के इस पद पर नियुक्त करने से क्षत्रिय समाज के साथ रसड़ा विधान सभा की पूरी जनता जनार्दन का भी साथ और सहयोग प्राप्त होगा।

पार्टी के इस निर्णय से जनपद के सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है और ललित बिट्टू सहित सभी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष सहित राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्णय में आस्था व्यक्त करते हुए आगामी लोक सभा के चुनाव में पीडीए को जिताने के लिए पूरे जोश के साथ मेहनत और कार्य करने का संकल्प लिया।