lucknow

Feb 02 2024, 15:44

*नारेबाजी और हंगामा के बीच राज्यपाल ने पढ़ा पूरा अभिभाषण*

लखनऊ । यूपी विधानमंडल का बजट सत्र शुक्रवार से प्रारंभ हो गया। सत्र के पहले दिन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विधानमंडल के दोनों सदनों को संबोधित किया और सरकार की उपलब्धियों की चर्चा की। वर्तमान बजट सत्र 12 फरवरी तक चलेगा। पांच फरवरी को वित्त मंत्री सुरेश खन्ना विधानसभा में वित्त वर्ष 2024-25 का बजट पेश करेंगे।

राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सपा के सदस्य लगातार नारेबाजी और हंगामा करते रहे। सभी विपक्षी सदस्य राज्यपाल वापस जाओ के नारे लगा रहे थे। इस दौरान भाजपा के सदस्य भी शोरगुल करने लगे। हालांकि, राज्यपाल अपना अभिभाषण पढ़ती रहीं। राज्यपाल ने अपने अभिभाषण के अंत में कहा कि प्रदेश सरकार अपनी योजनाओं के क्रियान्वयन और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए प्रदेश में रामराज्य स्थापित करने में सफल रही है।

प्रदेश में दो बार हुई इंवेस्टर्स समिट, जी20, विश्वकप 2023 के आयोजन के साथ ही प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम सकुशल संपन्न हुआ है जिसने दुनिया के सामने प्रदेश की एक नई छवि रखी है। राज्यपाल ने बताया कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर काम कर रही है। इसके लिए प्रत्येक जिले में खेलो इंडिया सेंटर की स्थापना की जा रही है। इसके साथ ही खिलाड़ियों को अलग-अलग सेवाओं में नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है।

lucknow

Feb 02 2024, 15:33

*गोंडा में दिन दहाड़े बाइक सवारों ने ग्रामीण बैंक से लूटे आठ लाख*

लखनऊ । गोंडा जिले के प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक में शुक्रवार को दिनदहाड़े पल्सर सवार लुटेरे ने आठ लाख रुपये लूट लिए। लुटेरे ने हसुआ के दम पर कर्मचारियों को धमकाते हुए वारदात को अंजाम दिया। शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र में पुलिस थाने से सिर्फ 500 मीटर दूरी पर हुई वारदात से सनसनी फैल गई।

वारदात के समय बैंक में दो महिलाओं सहित तीन कर्मचारी ही मौजूद थे। मामले की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और डीआईजी अमरेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और पूछताछ की। बदमाशों को पकड़ने के लिए जिले भर की पुलिस अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि दिनदहाड़े लूट की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

lucknow

Feb 02 2024, 11:54

*विधानसभा का पहला सत्र : सपा विधायक हाथ में तख्तियां लेकर पहुंचे , गेट पर किया प्रदर्शन*

लखनऊ । यूपी में विधानमंडल का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। यह 11 दिन चलेगा। 5 फरवरी को बजट पेश होगा। बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से होगी। पहले दिन सपा विधायक हाथ में तख्तियां लेकर पहुंचे। उन्होंने गेट पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

lucknow

Feb 02 2024, 11:52

*ज्ञानवापी मामला : जुमे की नमाज को लेकर काशी में अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात*

लखनऊ । ज्ञानवापी के व्यास तहखाने में पूजा-पाठ शुरू होने से नाराज मुस्लिम पक्ष ने शुक्रवार को जुमे पर वाराणसी बंद का आह्वान किया है। मुस्लिम पक्ष यानी अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी न मुसलमानों से अपील की है कि वह शांतिपूर्ण तरीके से अपना कारोबार बंद रखें। इस ऐलान के बाद ज्ञानवापी के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। करीब 2000 जवान ज्ञानवापी और उसके आसपास तैनात किए गए हैं।

ज्ञानवापी परिसर के व्यासजी के तहखाने में पूजा का अधिकार हिंदू पक्ष को मिलने के बाद पहले जुमे की नमाज को लेकर शुक्रवार को सुबह से पुलिस अलर्ट मोड में है। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन पर सभी पुलिसकर्मी सतर्क हैं। अधिकारी भी सुबह से गश्त कर रहे हैं। बांसफाटक इलाके में मंडुआडीह थाना प्रभारी भरत उपाध्याय ने गश्त किया।

lucknow

Feb 02 2024, 11:51

*अयोध्या के लिए आठ शहरों से शुरू हुई सीधी उड़ान सेवा*

लखनऊ । अयोध्या के नव्य-दिव्य-भव्य मंदिर में विराजित श्रीरामलला के दर्शन की चाह रखने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अयोध्या पहुंचना और आसान हो गया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और राज्य मंत्री वीके सिंह ने 08 शहरों से अयोध्या आने-जाने के लिए स्पाइसजेट की सीधी उड़ान सेवा का शुभारंभ किया।

विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा, अहमदाबाद, चेन्नई, जयपुर, पटना, दिल्ली, मुंबई, और बेंगलुरु से अयोध्या के लिए स्पाइसजेट द्वारा नॉन-स्टॉप उड़ान सेवाएं शुरू होने से अयोध्या की कनेक्टिविटी और बेहतर हो गई है, इससे पर्यटन में भी वृद्धि होगी। इससे पहले दिल्ली, अहमदाबाद, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु के लिए अयोध्या से वायु सेवा प्रारंभ हो चुकी है, जो सफलता पूर्वक संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि बीते 30 दिसंबर 2023 को प्रधानमंत्री ने अयोध्या धाम के नए इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था।

अभी एक माह ही हुआ है, लेकिन इस अल्प अवधि में ही अयोध्या की कनेक्टिविटी देश के इतने महत्वपूर्ण नगरों के साथ होना, अयोध्या के बेहतर भविष्य का संकेत देती है। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से अयोध्या की शान बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग नई वायु सेवा का समुचित उपयोग करें और अयोध्या की सुंदरता और परंपरा को दुनिया के साथ साझा करें।

श्रीरामलला के नूतन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से हर नागरिक के चेहरे पर तेज, उत्साह और उमंग: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या देश की आस्था का प्रतीक है। जनभावनाएं अयोध्या के साथ जुड़ी हुई है। प्रभु श्री राम लला के साथ जुड़ी हैं। हर अयोध्यावासी की एक अभिलाषा थी कि अयोध्या का भी विकास होना चाहिए। आज वह सपना साकार हो रहा है। वास्तव में अयोध्या इसकी हकदार थी। लेकिन किन्हीं कारणों से अयोध्या की उपेक्षा हुई। आज से 10 वर्ष पहले कोई सोचता भी नहीं था कि अयोध्या में भी कोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा। कोई सोचता भी नहीं था कि अयोध्या की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। पांच सदी पूर्व जो एक कलंक अयोध्या पर लगाने का प्रयास हुआ था, उससे मुक्त होकर के प्रभु राम के भव्य मंदिर में रामलला फिर से विराजमान हो गए, इस सपने को साकार होते हुए देखकर के आज पूरी दुनिया प्रफुल्लित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 22 जनवरी का कार्यक्रम केवल एक कार्यक्रम मात्र नहीं है। प्रभु तो सर्वव्यापी हैं लेकिन यह वास्तव में भारत के गौरव की पुनर्प्रतिष्ठा हुई है। जब से श्रीरामलला के नूतन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम संपन्न हुआ है, भारत के हर नागरिक के चेहरे पर जो तेज है, जो उत्साह है, जो उमंग है, वह एक नए भारत की तस्वीर को प्रस्तुत करती है। यही ऊर्जा 2047 तक भारत को दुनिया के एक विकसित देश के रूप में स्थापित करने के प्रधानमंत्री जी के संकल्प को पूरा करेगी।

10 दिन में 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 दिन के अंदर अयोध्या में 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रभु रामलला के दर्शन किए हैं। एक अद्भुत स्थिति है जो लोगों के लिए कौतूहल और आश्चर्य का विषय बनी हुई है। मुख्यमंत्री ने अयोध्या के लिए नई उड़ान सेवाएं शुरू करने के लिए स्पाइसजेट के सीएमडी अजय सिंह को भी धन्यवाद दिया और कहा कि समूह को उत्तर प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए भी ऐसे ही प्रयास करने चाहिए। कार्यक्रम में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अयोध्या के समग्र विकास के लिए मुख्यमंत्री योगी के प्रयासों को क्रांतिकारी बताया और कहा कि जहां राम का नाम होता है वहां सारे काम पूरे होते हैं।

lucknow

Feb 02 2024, 08:35

*यूपी विधानमंडल का बजट सत्र आज से, सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम*

लखनऊ । उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र 2 फरवरी से शुरू होगा। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना विधानसभा में पांच फरवरी को वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट प्रस्ताव पेश करेंगे। विधानमंडल का बजट सत्र 12 फरवरी तक संचालित होगा। गुरुवार को विधानसभा की कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में कार्यवाही संचालन को लेकर निर्णय लिए गए। सदन की कार्यवाही इस बार शनिवार को भी चलेगी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किये गये है।

विधानसभा में शुक्रवार को सुबह 11 बजे विधानमंडल के संयुक्त सत्र में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल अभिभाषण पेश करेंगी। दोपहर 12.30 बजे राज्यपाल का अभिभाषण पढ़कर सुनाया जाएगा। तीन फरवरी को भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह और सपा विधायक एसपी यादव के निधन पर शोक प्रस्ताव के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित हो जाएगी। संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि दो फरवरी से प्रारम्भ हो रहे विधान मण्डल सत्र-2024 के प्रथम सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत विधान मण्डल एवं उसके आस-पास की सुरक्षा व्यवस्था को दो जोन व सात सेक्टर में बांटा गया है। जोन के प्रभारी अपर पुलिस उपायुक्त व अपर पुलिस अधीक्षक रैंक तथा सेक्टर के प्रभारी सहायक पुलिस आयुक्त व क्षेत्राधिकारी रैंक के अधिकारी होंगे।

दो अपर पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस अधीक्षक, सात सहायक पुलिस आयुक्त व क्षेत्राधिकारी,82 उपनिरीक्षक, आठ महिला उपनिरीक्षक,293 आरक्षी, 56 महिला आरक्षी, छह कंपनी पीएसी व आरआरएफ, तीस एटीएससी, 153 आरक्षी (महिला व पुरुष) एलआईयू की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त प्रवेश गेटों पर चेकिंग एवं एण्टी सेबेटॉज चेकिंग की व्यवस्था की गयी है जिसके लिये 18 डीएफएमडी, 40 एचएचएमडी तथा चार एएस चेक टीम, दो बीडीएस टीम व एक एन्टी माइन्स टीम को लगाया गया है तथा चार कम्पनी पीएसी व एक कम्पनी आरआरएफ बल का व्यवस्थापन भी प्रवेश द्वार व परिसर में किया गया है।

उपरोक्त के अतिरिक्त विधानमण्डल परिसर के बाहर सड़कों पर कानून व्यवस्था को बनाये रखने के लिए पांच सहायक पुलिस आयुक्त, 24 निरीक्षक, 91 उपनिरीक्षक, 21 महिला उपनिरीक्षक, 129 मु.आ. व आरक्षी, 72 महिला आरक्षी व पांच कम्पनी, दो प्लाटून पीएसी की ड्यूटी लगायी गयी है। उपरोक्त के अतिरिक्त विधानमण्डल सत्र के दौरान सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए अपर पुलिस उपायुक्त यातायात के नेतृत्व में दो सहायक पुलिस आयुक्त, चार यातायात निरीक्षक, 37 उपनिरीक्षक व एचसीपी यातायात व 143 आरक्षियों की तैनाती की गयी है।

सत्र के दौरान पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में तीन सशस्त्र एटीएस टीमों को विधानमण्डल परिसर में विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया गया है तथा विधानमण्डल स्थित छह वॉच टावरों पर 12 सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये हैं। इसके अतिरिक्त सत्र की सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत मॉनिटरिंग के लिए दो सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्थापित किये गये हैं। इस दौरान यातायात व्यवस्था भी बदली रहेगी।

इस प्रकार से रहे ट्रैफिक का डायवर्जन

जानकारी के लिए बता दें कि यूपी विधानसभा का सत्र दो फरवरी को प्रस्तावित है। इसके चलते शुक्रवार को ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। हजरतगंज व आसपास यातायात बदला रहेगा। इमरजेंसी में प्रतिबंधित मार्ग से एंबुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस, स्कूली वाहन निकाले जाएंगे। इसके लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं। इसलिए हजरतगंज की तरफ जा रहे है तो बदला मार्ग एक बार जरूर देख लें।

बंदरियाबाग चौराहे से विधान भवन की ओर नहीं जा सकेंगे वाहन

बंदरियाबाग चौराहे से राजभवन, डीएसओ चौराहा, गंज चौराहा, जीपीओ मोड़ और विधान भवन की ओर नहीं जा सकेंगे। लालबत्ती चौराहा, कैंट या गोल्फ क्लब चौराहा, 1090 चौराहा होकर जा सकेंगे। डीएसओ चौराहा से गंज, जीपीओ पार्क, विधानसभा मार्ग की ओर नहीं जा सकेगे। पार्क रोड, मेफेयर तिराहा होकर जा सकेंगे। रॉयल होटल चौराहे से विधान भवन के सामने से गंज चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। कैसरबाग चौराहा, परिवर्तन चौक, चिरैयाझील या बर्लिंग्टन चौराहा, सदर ओवरब्रिज, कैंट होकर जा सकेंगे।

महानगर से आने वाली बसों का यह रहेगा मार्ग

संकल्प वाटिका पुल के नीचे तिराहे से महानगर की ओर से आने वाली बसें सिकंदरबाग चौराहा, गंज चौराहा, विधान भवन की ओर नहीं जाएंगी। ये बसें बैकुंठ धाम, 1090 चौराहा, बंदरियाबाग चौराहा, लालबत्ती चौराहा, कैंट होकर जाएंगी। केकेसी तिराहे से चारबाग की ओर आने वाली बसें हुसैनगंज चौराहा, विधान भवन की ओर नहीं जाएंगी। ये लोको चौराहा, कैंट या बर्लिंग्टन चौराहा से कैसरबाग होकर जाएंगी। गोमतीनगर की ओर से आने वाली बसें सिकंदरबाग चौराहा, गंज चौराहा, विधान भवन की ओर नहीं जा सकेंगी। ये बैकुंठ धाम, संकल्प वाटिका ओवरब्रिज, चिरैयाझील तिराहा होकर कैसरबाग होते हुए 1090 चौराहा, लालबत्ती चौराहा, कैंट होकर जा सकेंगी।

सिकंदरबाग चौराहे से जाने वाला मार्ग

सिकंदरबाग चौराहे से विधान भवन की ओर जाने वाला यातायात गंज चौराहा की ओर नहीं जाएगा। यह सिकंदरबाग चौराहे से राणा प्रताप मार्ग, बालू अड्डा, 1090 चौराहा या चिरैयाझील होकर जाएगा। परिवर्तन चौक, हिंदी संस्थान तिराहे से गंज चौराहा होकर विधान भवन की ओर नहीं जा सकेंगे। कैसरबाग चौराहा या चिरैयाझील तिराहा, संकल्प वाटिका या सिकंदरबाग चौराहा, राणा प्रताप मार्ग, 1090 चौराहा होकर गोल्फ क्लब चौराहा, बंदरियाबाग चौराहा, लालबत्ती चौराहा, कैंट होकर जाएंगे। डीएसओ चौराहा से सिसेंडी तिराहा, रॉयल होटल चौराहे की तरफ नहीं आ-जा सकेंगे। गंज चौराहा, मेफेयर तिराहा या रॉयल होटल चौराहे से बर्लिग्टन चौराहा, कैंट होकर जाएंगे।

lucknow

Feb 01 2024, 19:41

बजट आम आदमी के लिए एक जुमला बजट हैः सभाजीत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष

लखनऊ। केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए अंतरिम बजट पर आम आदमी पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की. प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा मोदी सरकार ने आज जो बजट पेश किया है उससे साफ प्रतीत होता है कि यह जुमलों की सरकार है 2014 में मोदी ने दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था 10 साल में अब तक 20 करोड लोगों को नौकरियां मिल जानी चाहिए, लेकिन इस सरकार में युवाओं को नौकरियां नहीं मिली बल्कि लाठियां मिली है।

आज के बजट में मोदी सरकार ने रोजगार के नाम पर युवाओं को एक बार फिर छलने का काम किया कहा है। 55 लाख नौकरियां देंगे ये हास्यास्पद है, मॅहगाई की मार जितनी आज है , उतनी पहले कभी भी नहीं थी। आटा दाल सब्जी एलपीजी पेट्रोल डीजल सब महंगा हो गया है। आम आदमी की महंगाई से कमर टूट गई है।

किसान की आय दोगुनी नहीं हो पाई, फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं हुआ है। पूरी तरह से यह बजट आम आदमी के लिए एक जुमला बजट है।

lucknow

Feb 01 2024, 19:36

*प्रगति विचारधारा फाउंडेशन ने किया स्वास्थ्य जागरूकता, सम्मान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन*

लखनऊ। सामाजिक व सांस्कृतिक संस्था प्रगति विचारधारा फाउंडेशन द्वारा आज काशीराम उपवन में चल रहे महोत्सव में स्वास्थ्य जागरूकता, सम्मान समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम के अध्यक्ष नेहा खरे, संस्था की संरक्षक डॉ सीमा गुप्ता, एसके अवस्थी व स्टेलर अकादमी की प्रधानाचार्य अंजली श्रीवास्तव समेत मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर सरस्वती जी की पूजा अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

सबसे पहले स्टेलर अकादमी के बच्चों व अन्य बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके बाद संस्था द्वारा चलाए जा रहे ब्यूटी पार्लर कोर्स सीख रही महिलाओं को संस्था द्वारा सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर दिए गए कार्यक्रम में अपने-अपने क्षेत्र के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई जिनमें प्रमुख चिकित्सकों में से डाक्टर केवीएस निरंजन, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर पुनीष अग्रवाल, दंत रोग विशेषज्ञ डॉक्टर वेद प्रकाश मिश्रा, लेजर व क्षार रोग विशेषज्ञ डॉ मोहम्मद शफीक और जनरल फिजिशियन डॉक्टर मोहम्मद नफीस खान ने लोगों को कैसे बीमारियों से बचा जाए और कैसे उनका सही इलाज कराया जाए की जानकारी दी। इस अवसर पर पत्रकारों और कई वरिष्ठजनों का सम्मान हुआ।

वरिष्ठ पत्रकार डॉ अतुल मोहन, शिवम सिंह, विक्रम कश्यप, सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट खुशबू गुप्ता, सांस्कृतिक व धार्मिक कार्य विशेषज्ञ पूजा पांडे, संस्था की कोषाध्यक्ष पूनम सिंह, सुधा चतुर्वेदी, सुषमा सिंह आदि को सम्मानित किया गया।

संस्था की अध्यक्ष नेहा खरे ने बताया कि हमारी संस्था समाजिक व सांस्कृतिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती है जिसमें आप सभी जनमानस का पूरा सहयोग मिलता है। आज के कार्यक्रम में विशेष सहयोग देने वालों में डॉ सीमा गुप्ता, अंजली श्रीवास्तव व एसके अवस्थी रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रदीप शुक्ला ने किया।

lucknow

Feb 01 2024, 19:34

न्यूनतम समर्थन मूल्य जैसे विषयों को नजरअंदाज करने वाला बजट

लखनऊ। केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने कहा है कि यह मुद्रास्फीति और बेरोजगारी को बढ़ाने वाला बजट तथा कार्पोरेट को खुश करने वाला बजट है।

कल्याणकारी योजनाओं की अनदेखी करने वाला बजट, किसानों, रोजगार और युवाओं के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) जैसे विषयों को नजरअंदाज करने वाला बजट। वादे से ज्यादा गारंटी, काम में पूरा नहीं। कुछ पूंजीपतियों और बड़े व्यापारियों के लिए टैक्स वसूला जा रहा है। जनता को करों से लाभ होना चाहिए, लेकिन यह उनकी कमर तोड़ रहा है।”

बजट केवल दिखावा है। आम शहरी के लिए भी बजट में कुछ नहीं है। केंद्रीय बजट को लेकर लोग बहुत उत्साहित थे, लोगों में बहुत आशा और उम्मीद थी, लेकिन लोगों की उम्मीदों पर पानी फिर गया।

lucknow

Feb 01 2024, 16:48

*वित्त मंत्री द्वारा पेश किए गए बजट में केन्द्र सरकार के रिपीट होने का आत्मविश्वास दिखा : संजय गुप्ता*

लखनऊ। गुरुवार उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल एवं फिक्की के संयुक्त तत्वाधान में राजधानी के रीजेनंट्रा सेंट्रल होटल में "बजट चर्चा" का आयोजन हुआ ।

बजट चर्चा में राजधानी के व्यापारी ,उद्योगपति, चार्टर्ड अकाउंटेंट, महिला व्यापारी और अर्थशास्त्री शामिल हुए तथा सभी ने एक साथ बैठकर बजट का सजीव प्रसारण पैनी निगाह से देखा।

बजट चर्चा में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के चलते व्यापारियों एवं आम जनता को अंतरिम बजट में भी लोक लुभावना घोषणाओं की उम्मीद थी, लेकिन सरकार ने इसे अंतरिम बजट के रूप में ही पेश किया जो कि कहीं ना कहीं सरकार की गंभीरता और रिपीट होने के आत्म विश्वास को दर्शाती है।

उन्होंने कहा सीधे तौर पर व्यापारियों के लिए कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं हुआ लेकिन व्यापारियों को उम्मीद है नई सरकार बनने के बाद नए वित्त मंत्री व्यापारियों एवं उद्योगों को भी अपनी प्राथमिकता में शामिल करेंगे क्योंकि युवा किसान महिला गरीब के साथ-साथ व्यापार उद्योग को प्राथमिकता में रखने से ही देश की अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियंन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में सहायता मिलेगी।

व्यापारी नेता संजय गुप्ता ने बोलते हुए कहा कि बजट में सीधे तौर पर वित्त मंत्री ने व्यापारियों को कुछ भी नहीं दिया। इस बजट में संगठन को ई कॉमर्स पॉलिसी, रिटेल ट्रेड पॉलिसी, सभी प्रमुख बाजारों के लिए सीसीटीवी कैमरा योजना, व्यापारी स्वास्थ्य बीमा योजना लागू किए जाने की अपेक्षा थी।

व्यापारी नेता संजय गुप्ता ने नई सरकार के अगले वित्त मंत्री से पूर्णकालिक बजट में व्यापारियों की सभी मांगों को पूरा होने की उम्मीद जताई बजट चर्चा में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, नगर अध्यक्ष हरजिनदर सिंह ,ट्रांस गोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम, नगर महामंत्री राजीव शुक्ला वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ साकेत चतुर्वेदी, मोहम्मद आदिल, महिला इकाई की ट्रांस गोमती अध्यक्ष अंजलि मौर्य उपाध्यक्ष रितु ठाकुर एकता, रीमा अग्रवाल ,चार्टर्ड अकाउंटेंट बीके गुप्ता, फिक्की के यू पी चेयरमैन मनोज गुप्ता, फिक्की के कोचेयरमैन विश्वास स्वरूप, फिक्की के राज्य प्रमुख अमित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी शामिल थे।