*अयोध्या महापौर गिरीश पति त्रिपाठी और जिलाधिकारी नितीश कुमार ने किया शुभारंभ*
![]()
अयोध्या। महापौर नगर निगम अयोध्या महंथ गिरीश पति त्रिपाठी एवं जिलाधिकारी नितीश कुमार द्वारा उ०प्र० खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वाधान से आयोजित मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का उद्घाटन आज दिनांक 11.12.2023 को फीता काटकर किया एवं प्रदर्शनी स्थल का अवलोकन किया गया और शुभकामनाएं व्यक्त की गई। मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का 15 दिवसीय आयोजन दिनांक 11.12.2023 से 25.12.2023 तक किया जा रहा है।
जिसका मुख्य उद्देश्य सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत परम्परागत कारीगरों के चिन्हित उत्पादों के प्रदर्शन के साथ- साथ बिकी हेतु महत्वपूर्ण/वृहद आकार उपलब्ध कराने हेतु तथा बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने हेतु प्रेरित करने तथा सामान्य नागरिकों को भी खादी एवं ग्रामोद्योग के उत्कृष्ठ उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। प्रदर्शनी के आयोजन से नवयुवक/नवयुवतियों को स्वरोजगार स्थापना की दिशा में सार्थक प्रेरणा प्राप्त होगी।
खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी उ०प्र० के विभिन्न जनपदों को संस्थागत/व्यक्तिगत इकाईयों के साथ राजस्थान व जम्मू- कश्मीर के उद्यमियों द्वारा उत्पादित खादी ग्रामोद्योग सामग्री को 70 स्टालों पर प्रदर्शित किया गया है। जनपद के बेरोजगार नवयुवक/नवयुवतियों से अपेक्षा है कि अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पधार कर स्वयं का उद्योग लगायें एवं स्वावलम्बी बनें तथा इस अवसर का लाभ उठायें। प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह के अवसर पर जिला/परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी अयोध्या राकेश दुबे के साथ कार्यालय के अधिकारी/कर्मचारी व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
Dec 11 2023, 18:38