Bhadohi

Nov 26 2023, 13:36

केएनपीजी में चार से कौशल विकास परीक्षा

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर की कौशल विकास पाठ्यक्रम की परीक्षा चार दिसंबर से शुरू होगी। कौशल विकास की परीक्षा चार - पांच व छह दिसंबर को सुबह 11 से एक बजे तक होगी। काशी प्रशासन स्तर से परीक्षा की तैयारी तीव्र वेग से चल रही है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉक्टर रमेश चंद्र यादव ने ये जानकारी दी।

Bhadohi

Nov 26 2023, 13:21

दोनों लेन पर आवागमन बंद जाम

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। नगर स्थित जीटी रोड पर बने फ्लाईओवर के संस्पेंशन में आई खराबी को दूर किया जा रहा है। इसके लिए कार्यदाई संस्था की ओर से दक्षिण लेन के साथ ही एक बार फिर उत्तरी लेन पर आवागमन को बंद कर दिया गया। इसके कारण नगर में जाम के झाम स्थिति बनी रही।

बता दें कि फ्लाईओवर के पिलर पर लगे संस्पेंशन में तकनीकी गड़बड़ी के कारण आधा दर्जन से अधिक पिलरों से वाहनों के आवागमन करते समय धमाके जैसी आवाज आती है। मामले से नगर के लोगों व दुकानदारों ने डीएम को अवगत कराया था। उनके आदेश के बाद एन‌एनच‌एआई के अफसरों की तंद्रा टूटी। करीब एक पखवारे से खामी को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। काम के लिए फ्लाईओवर पर आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।

Bhadohi

Nov 25 2023, 15:50

कार्तिक पूर्णिमा पर सवा लाख दीपकों से जगमग होगा ज्ञानसरोवर

रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव

भदोही- कार्तिक पूर्णिमा पर पूरे जिले के प्रमुख गंगा घाटों के अलावा सरोवरों पर देव दीपावली का आयोजन किया जाएगा। देव दीपावली को लेकर आयोजन समितियों की ओर से तैयारियां भी शुरू कर दी गई है। सिद्धपीठ हरिहरनाथ मंदिर के ज्ञानसरोवर सवा लाख और पावन पर्यटन स्थल सीतामढ़ी गंगा घाट 21 हजार दीयों से जगमग होगा। वहीं गंगा आरती की जाएगी और आतिशबाजी भी होगी।

देव दीपावली का आयोजन 27 नवंबर को प्रमुख धार्मिक स्थलों पर किया जाएगा। मंदिरों, सरोवर, तालाब और नदियों के घाटों को सजाया जाएगा। घाटों पर देव दीपावली को यादगार बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सीतामढ़ी में उत्सव के संबंध में महर्षि बाल्मीकि आश्रम परिसर में बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम की भव्यता पर विचार किया गया। आयोजन समिति अध्यक्ष बसंत लाल गौड़ और प्रधान प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि गंगा तट और आसपास 21 हजार दीपक जलाए जाएंगे। गंगा मैया की भव्य आरती का भी आयोजन होगा। मुख्य अतिथि राहुल दुबे होंगे।

ज्ञानसरोवर पर आयोजित देव दीपावली उत्सव में सवा लाख दिए जलाए जाएंगे। जहां अद्भुत आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। आयोजन के मुख्यअतिथि विधायक विपुल दुबे और जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा होंगे। इस दौरान ज्ञानपुर में चेयरमैन डॉ. घनश्याम दास गुप्ता, अशोक जायसवाल, रमेश पासी, रंजीत गुप्ता, सोहित रावत, शशिभूषण रावत और सीतामढ़ी में बसंत लाल गौड़, महेश्वर शास्त्री, धर्मेंद्र सिंह, संजय सिंह चौहान, दुर्गेश तिवारी, सरकार बहादुर शुक्ला सहित अन्य रहे।

Bhadohi

Nov 25 2023, 15:49

बढ़ी ठंड, अस्पताल में मरीजों की लगी भीड़,सर्द मौसम से बचाव के लिए डॉक्टरों ने दी सलाह

रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव

भदोही- सर्दी का मौसम स्वास्थ्य के लिए अतिउत्तम माना जाता है। लेकिन बुजुर्गों, रोगियों,व चोट लगे मरीजों के लिए जाड़ा विलेन साबित हो रहा है। बदन,पीठ, एंढ़ी मांसपेशियों, कूल्हे समेत अन्य रोगों से पीड़ितों की संख्या अस्पतालों में काफी तादाद में देखी जा रही है। अस्पताल में भी मरीजों की भीड़ लग रही है। ‌डॉक्टर सर्द मौसम से बचाव के लिए पीड़ितों को सलाह दे रहे हैं। आलम यह है कि असहनीय दर्द के कारण कुछ लोगों की आंखों से रातों में नींद गायब हैं।

चिकित्सकों के अनुसार समय पर उपचार, बचाव, संतुलित,खान - पान, अभ्यास व योगासन के जरिए आराम पाया जा सकता है। बता दें कि भागदौड़ भरी जिंदगी, अनियमित खान-पान, अधिक समय तक कुर्सी पर बैठने की आदत देर रात जगाने का काम करना, सड़क हादसों व अन्य कारणों से शरीर में लगी चोटें मौसम परिवर्तन के बाद काफी कष्टकारी साबित होने लगती है। अधिक ठंड पड़ने पर ऑक्सीजन मानव को कम मिलता है। साथ ही नसों में खिंचाव आना, जोड़ों का दर्द उठना,खून की दौड़ भी शरीर में कमजोर पड़ने लगती है। इसके चलते पुराने दर्द अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर देते हैं। समय पर सही उपचार न मिलने पर दिन में चैन व रातों की नींद गायब हो जाती है।

चिकित्सकों ने बताया कि उक्त बीमारियों का कारण अधिक भागदौड़,खाने व सोने का सही समय न होना, चोटों की अनदेखी करना, नसों के मामलों में लापरवाही बरतना आदि है। रोगों का लक्षण प्रतीत होने पर चिकित्सकों को दिखाने के साथ ही उनके बचाएं उपायों पर गंभीरता से पहल कर ही निजात पाई जा सकती है।

Bhadohi

Nov 25 2023, 12:30

मंत्री पद नहीं मिला तो भी लोकसभा चुनाव NDA के साथ लडेंगे राजभर, जानें प्रमोद कृष्णम के साथ वायरल फोटो पर क्या कहा सुभासपा अध्यक्ष ने

रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव

भदोही- भदोही पहुंचे सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने पिछले दिनों एक कार्यक्रम के दौरान आचार्य प्रमोद कृष्णम द्वारा उनका हाथ पकड़कर बतियाने के वायरल हो रहे फ़ोटो पर कहा कि हमारा हाथ पकड़ने के लिए तो सब परेशान रहते हैं। संभल में भगवान कल्कि की जंयती पर धार्मिक कार्यक्रम था, वहां मैं गया था। अब अपना नजरिया है कि उसको पॉलिटिकल देखें, चाहे धार्मिक। 

अब तक मंत्री न बनाये जाने के सवाल पर उन्होंने दो टूक जवाब दिया। कहा कि अभी तो मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ नहीं है, जिस दिन विस्तार होगा, उन्हें मिनिस्टर बनाया जाएगा। मंत्री पद न मिलने पर भी NDA के साथ रहने के सवाल पर राजभर ने कहा कि मंत्री पद एक साधन है। फिलहाल 2024 के लोकसभा चुनाव मैं NDA के साथ ही चुनाव लड़ूंगा। मैंने तो न्याय व समाजहित में मंत्री पद छोड़ दिया था, ऐसे में मेरे लिए पद के कोई मायने नही।पिछले दिनों घोसी उपचुनाव में हार पर उन्होंने कहा कि हमने मजबूती से भाजपा प्रत्याशी को अपना वोट डलवाया। यह उनके नेतृत्व ने माना भी, हार जीत तो लगी रहती है। बसपा का चुनाव मैदान में वहां न होना नुकसान कर गया।

राजभर ने कहा कि भदोही में उन्होंने जागरूकता जनसभा को सम्बोधित किया है। वह व उनकी पार्टी लगातार शोषित, वंचित लोगों को जागरूक करते रहते हैं। बता दें कि आचार्य प्रमोद कृष्णम के पिछले दिनों संभल जिले में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान ओमप्रकाश राजभर का हाथ पकड़कर बतियाने के वायरल हो रहे फ़ोटो से सियासत गर्म हो गई थी। राजनैतिक दलबदल के बढ़ते प्रचलन के बीच राजनैतिक गलियारे में आचार्य प्रमोद कृष्णम के बीजेपी में शामिल होने जैसी कयासबाजी भी की जा रही है। फिलहाल आमतौर पर राजनीति में भी बेबाक बयान देने वाले सुभासपा अध्यक्ष राजभर ने इसको लेकर कोई टिप्पणी नही की है।

Bhadohi

Nov 25 2023, 12:31

नियम-कानूनः बेधड़क लगा रहे होर्डिंग और बैनर, सबसे अधिक राजनीति पार्टियों के विज्ञापन, शुल्क लगाने की तैयारी

भदोही- नगर निकायों में जगह-जगह मनमाने तरीके से होर्डिंग लगवाईं है। इससे नगर की सुंदरता नष्ट हो रही है। दुघर्टना की भी आंशका बनी रहती है। जिले के सभी सातों नगर निकायों में होर्डिंग- बैनर आदि लगाने का कोई नियम नहीं है। अधिशासी अधिकारियों का कहना है अब शुल्क लगाने की तैयारी की जा रही है। भदोही और गोपीगंज नगर पालिका के अलावा ज्ञानपुर, सुरियावां, घोसिया, खमरिया और न‌ई बाजार पांच नगर पंचायत है। इन निकायों में बिजली खंभे चौराहे और तिहारे पर होर्डिंग और बैनरों की भरमार है। जगह-जगह लगे होर्डिंग निकायों की सुंदरता पर ग्रहण तो लगाते ही है। इस बार होर्डिंग की वजह से दुघर्टना भी होते-होते बचती है। 

शनिवार street Buzz टीम ने शनिवार को पांचों निकायों की पड़ताल की तो तमाम होर्डिंग - बैनर जहां - तहां लगे मिले। खास बात यह है कि इन होर्डिंग को अवैध होर्डिंग इसलिए नहीं कहा जा सकता कि किसी भी निकायों में होर्डिंग को लेकर नियम कानून नहीं बनाए हैं। जगह-जगह बैनर लगाने वाले राजनीतिक पार्टियों के लोगों के अलावा समाजसेवी और बिजनेस मैन अपनी इच्छानुसार किसी भी दिवार या बिजली के खंभे पर अपना होर्डिंग टांग देते हैं। पड़ताल में पाया गया कि सबसे अधिक होर्डिंग राजनीति पार्टियों के टंगे रहे। गोपीगंज नगर में ओवरब्रिज की सुंदरता को लेकर लगातार प्रयास हो रहे हैं लेकिन वहां भी ओवरब्रिज के खंभों में बैनर - पोस्टर चिपका दिया जाता है। जिससे नगर पालिका प्रशासन को प्रयासों पर पानी फिर जाता है। इसी तरह भदोही शहर में विभिन्न मार्गों पर दर्जनों छोटे-बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं। सभी होर्डिंग या तो किसी मकान पर है या सड़क किनारे के पटरी छोड़कर लगे हुए हैं। 

भदोही नगर पालिका में इस तरह होर्डिंग के लिए कोई उपविधि नहीं है। इसके चलते होर्डिंग पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। अधिशासी अधिकारी रविशंकर शुक्ल ने बताया कि नगर होर्डिंग से संबंधित नियम बनाने की प्रक्रिया चल रही है। अगले वित्तीय वर्ष से इसके लागू किया जाएगा।

Bhadohi

Nov 24 2023, 17:08

सीएमओ ने आधा दर्जन कर्मियों का रोका वेतन

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार लाने की दिशा में सीएमओ डॉ संतोष कुमार चक का निरीक्षण निरंतर चल रहा है। सीएमओ ने एमबीएस अस्पताल भदओ में निरीक्षण किए। इसमें आक्सीजन प्लांट के रास्ते में घास उगी देख नाराजगी जाहिर की।

ट्रामा सेंटर औराई में आधा दर्जन आउटसोर्सिंग कर्मी अनुपस्थिति मिले जिनका वेतन रोकने का आदेश दिया। चेताया कि सरकारी अस्पताल में आए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराया जाए। मरीजों के इलाज में किसी स्तर से लापरवाही की शिकायत मिली तो कार्रवाई होना तय है।

क‌ई बार निर्देश के बावजूद अस्पताल में गंदगी देखने को मिला। घास काटने के साथ ही बेहतर सफाई को निर्देशित किया गया। सीएमओ ने बताया कि कोविड 19 में एवं ट्रामा सेंटर औराई में कार्यरत वार्ड ब्वॉय और स्वीपर द्वारा बार - बार निर्देशन के बावजूद सफाई कार्य न होने पर वार्ड ब्वाय अतुल कुमार तत्काल निलंबित करते हुए सीएमओ कार्यालय में संबद्ध दी गई।

ट्रामा सेंटर औराई में आउटसोर्सिंग से कार्यरत अमन शेख, सूरज, आनंद, राहुल, राजू , पारसनाथ अनुपस्थित मिले।

Bhadohi

Nov 24 2023, 17:07

गैंगेस्टर रेहान की 25 लाख की संपत्ति जब्त

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। संगठित एवं पेशेवर अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने गैंगेस्टर एक्ट के आरोपी रामचंद्र मौर्य पर लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने रामचन्द्र मौर्य गैंग के सक्रिय सदस्य रेहान उर्फ मुन्ना निवासी कुलमनपुर का करीब 25 लाख की कीमत का मकान जब्त कर लिया गया आरोप है ।

अभियुक्त ने उक्त मकान को अपने प्रभाव से तालाब की जमीन पर निर्माण कराया है। जिला मजिस्ट्रेट गौरांग राठी की आदेश के बाद गैंगस्टर एक्ट के तहत जमीन को कुर्क की गई। एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन के अनुसार रेहान उर्फ मुन्ना के खिलाफ धोखाधड़ी, चोरी, आर्म्स एक्ट व गैगेंस्टर सहित कुल 57 मुकदमे दर्ज हैं।

Bhadohi

Nov 24 2023, 13:16

रैन बसेरे में पसरी जिम्मेदारों की उदासीनता,स्थायी रैन बसेरे में 30 बेड हो ग‌ए है कबाड़,बाहर की लाइट खराब, खिड़कियों के टूटे कांच

नितेश श्रीवास्तव 

भदोही। जिले में धीरे-धीरे ठंड बढ़ रही है। मुख्यालय स्थित स्थायी रैन बसेरे में जिम्मेदारों की उदासीनता पसरी हुई है। 50 बेड वाले रैन बसेरे में 30 बेड कबाड़ हो चुके हैं। महज 20 बेड पर ही बिछौना है। जिले में सर्दी बढ़ने पर बेघर और प्रवासी लोगों को असुविधा होना तय है।

 जिला मुख्यालय के आस-पास होटल लॉज नहीं है। ठंड के दिनों में बेघरों के अलावा जिले में आने वाले प्रवासी भी रैन बसेरे में ठहरते हैं।कालीन नगरी में बीते एक सप्ताह से ठंडी का असर कुछ हद तक बढ़ा है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के कारण पूर्वांचल में लोग सुबह-शाम ठंडी महसूस कर रहे हैं। दूसरी तरफ जिले की रैन बसेरों में जिम्मेदारों की उदासीनता पसरी हुई है। ज्ञानपुर में जीआईसी के समीप स्थित स्थायी रैन बसेरा खस्ताहाल है। 

यहां 50 बेड है, लेकिन इसमें से 20 बेड मौजूद है। इनमें 15 बेड पुरूष और 5 बेड महिलाओं के लिए आरक्षित है। वहीं रैन बसेरे में 30 बेड टूटकर कबाड़ हो गए हैं। मौजूद 20बेड की हालत की खस्ता है। वह कब टूटकर गिर जाए। इसका कोई भरोसा नहीं। दूसरी तरफ रैन बसेरे के बाहर लगी लाइट और उसकी खिड़की के कांच भी टूट चुके हैं। इससे ठंड बढ़ने पर यहां ठहरने वाले लोगों को ठंडी हवाएं सताएगी।

Bhadohi

Nov 23 2023, 16:33

जागेंगे भगवान विष्णु, दिसंबर में आठ,2024 में 62 मुहुर्त,चार माह 27 दिनों से ठप विवाह और मांगलिक कार्य होंगे शुरू, सहालग के लिए बाजार तैयार

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। देवोत्थान एकादशी पर भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के बाद मांगलिक कार्यों पर लगा विराम हट जाएगा। 147 दिनों के बाद वैवाहिक मुहुर्त शुरू होने से शहनाई गूंजेगी। नवंबर में विवाह के पांच मुहुर्त मिल रहे हैं। वहीं दिसंबर में कुल 10 मुहुर्त है।

जनपद के विभिन्न बाजार सज चुके हैं। दुकानों पर ग्राहकों को भीड़ उमड़ रही है। सौंदर्य प्रसाधन कपड़ा, आभूषण सहित विभिन्न सामग्री की सबसे अधिक खरीदारी की जा रही है। साल 2024 में शादी के सबसे ज्यादा 62 मुहुर्त है।

जिले में भी गोपीगंज , ज्ञानपुर, भदोही, सुरियावां, जंगीगंज, औराई,चौरी बाजार सज चुके हैं। विभिन्न दुकानों पर दिनभर खरीदारों की भीड़ लगी रहती है। सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर पहुंच रही महिलाएं खरीदारी के लिए घंटे - घंटे भर का समय ले रही हैं।

सौंदर्य प्रसाधन के होलसेल विक्रेता ज्ञानपुर पुरानी बाजार के शिवम् मोदनवाल ने बताया कि चूड़ी, बिंदी से लेकर सौंदर्य प्रसाधन के सारे सामान उपलब्ध है। दस रुपए लेकर एक हजार एक हजार रुपए तक के सामान है। हर सामान का अलग-अलग मूल्य निर्धारित है।

वहीं ज्ञानपुर के व्यापारी ने बताया कि खरीददारी के लिए ग्राहकों की भीड़ बढ़ी है। पंजाबी सूट, लहंगा,बनारसी साड़ी, रेशमी, सिल्क परजौटी की खाड़ी खरीदी जा रही है। देव‌उठनी एकादशी के साथ ही विवाह मुहूर्त शुरू हो जाएंगे। 15 दिसंबर से 15 जनवरी 2024 तक एक महीने खरमास के कारण विवाह वर्जित रहेंगे। मकर संक्रांति के बाद ही शादियां हो सकेंगी।

शालिग्राम और तुसली विवाह के बाद शुरू होगा विवाह

प्रबोधिनी एकादशी पर तुलसी विवाह के साथ ही विवाह का क्रम शुरू हो जाएगा। नवंबर महीनों में विवाह के कुल पांच मुहुर्त है। जिसमें 23,24,27,28 व 29 नवंबर को शहनाई गूंजेगी। इसके बाद दिसंबर में शादी करने के लिए नौ शुभ मुहूर्त मिल रहे हैं। दिसंबर में 3,4,5,7,9,10 11,12 और 14,15, व 16 तारीख की मुहुर्त है।

2024 के विवाह मुहूर्त

जनवरी -16,17,20,21,22,27,28,30,31

फरवरी - 4,6,7,8,12,13,17,24,25,26,29

मार्च -1,2,3,4,5,6,7,10,11,12

अप्रैल -18,19,20,21,22

जुलाई-9,11,12,13,14,15

नवंबर- 12, , 13,16,17,18,22,23,25,26,28,29

दिसंबर - 4,5,9,10,14,15