संयुक्त किसान मोर्चा की किसान महापड़ाव 26 से शुरू
![]()
अयोध्या।संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वावधान में आयोजित 26-27-28 नवम्बर को लखनऊ के इको गार्डन में किसान महापड़ाव में जिले से सैकड़ों किसान और मजदूर भागीदारी करेंगे। उक्त आशय की जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश किसान सभा के प्रदेश सचिव अशोक कुमार तिवारी और भाकपा (माले) के जिला प्रभारी अतीक अहमद ने बताया कि इस ऐतिहासिक महापड़ाव में प्रदेश के हजारों किसान और मजदूर 26 नवम्बर को उक्त स्थल पर एकत्रित होंगे और एकजुटता के साथ अपनी मांगों को बुलन्द करेंगे ।
तैयारी को अन्तिम रूप देने में लगे संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक मयाराम वर्मा, भाकियू नेता कमला प्रसाद बागी, माकपा जिला सचिव अशोक यादव, किसान सभा के जिलाध्यक्ष मो० इश्हाक, मयाराम वर्मा, मजदूर नेता शैलेन्द्र प्रताप सिंह, अवधराम यादव, विनोद सिंह, उमाकांत विश्वकर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की किसान विरोधी, जनविरोधी और राष्ट्रविरोधी नीतियों से आज पूरा देश त्रस्त है।
इन विनाशकारी नीतियों के कारण एक तरफ किसान बढ़ती लागत और घटती आय के कारण कर्ज और आत्महत्या के शिकार हो रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मजदूर बेरोज़गारी, मंहगाई और शोषण का शिकार हैं।उक्त नेताओं ने कहा कि एम एस पी की कानूनी गारण्टी और किसानों की आय दोगुनी करने के वादे के साथ सत्ता में आई मोदी सरकार ने किसानों के साथ घोर विश्वासघात किया है।
केंद्र सरकार की नीतियों ने किसानों और मजदूरों के साथ साथ आम नागरिकों और उनके अधिकारों के अस्तित्व को ही संकट में डाल दिया है।
Nov 24 2023, 16:47