Aurangabad

Aug 26 2023, 20:31

औरंगाबाद: प्रखंड अभिसरण योजना की बैठक का किया गया आयोजन

औरंगाबाद: योजना भवन के सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी औरंगाबाद, विजयंत की अध्यक्षता में प्रखंड अभिसरण योजना की बैठक का आयोजन किया गया। 

इस प्रखंड स्तरीय बैठक में नबीनगर, रफीगंज, मदनपुर, देव ,औरंगाबाद, कुटुंबा ,बारुण के सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी ने भाग लिया तथा इसमें राष्ट्रीय पोषण मिशन के तहत किशोरी बच्चियों,महिलाओं,बच्चों में कुपोषण को कैसे दूर कर सामान्य स्तर में लाया जाए इस विषय पर विस्तृत रूप से चर्चा किया गया।  

इस विस्तृत चर्चा में स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज, जीविका, आईसीडीएस ,कृषि विभाग, शिक्षा विभाग एवं ग्रामीण के पदाधिकारी ने कुपोषण को दूर करने के लिए अपने-अपने सुझाव रखें। 

अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा भी सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर कैसे इस कुपोषण को प्रतिवर्ष 2% के दर से कैसे कम किया जाए इस पर उनके द्वारा विस्तृत निर्देश भी दिया गया कि जब तक कुपोषण के इन वर्गो को चिन्हित कर उसके आस पास के समुदाय को भी शामिल कर प्रेरित नही किया जाएगा, तब तक हम सभी एक स्वस्थ समाज/समुदाय का निर्माण नही कर सकते। इसके लिए सभी को जीवन के आरंभिक 1000 दिन और आरोग्य दिवस पर प्रमार्श सत्र को बेहतर बनाने पर विशेष चर्चा का निर्देश दिया गया।

Aurangabad

Aug 26 2023, 19:22

पत्नी का आरोप, पति का दूसरी महिला से अफेयर, अभियंत्रण संगठन के कार्यालय में घुसकर पति की जमकर पिटाई की

औरंगाबाद: स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, कार्य प्रमंडल, औरंगाबाद के कार्यपालक अभियंता की पत्नी का आरोप है कि उसके पति का दूसरी महिला से अफेयर है। यही आरोप लगाते हुए पत्नी ने हाई वोल्टेज ड्रामा किया। वह अपनी बेटी के साथ दानी बिगहा में महाराणा प्रताप चौक के पास स्थित स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के कार्यालय पहुंची। ऑफिस में घुसकर पति की जमकर पिटाई कर दी।

पत्नी से मार खाते-खाते बचकर भागे कार्यपालक अभियंता

इस दौरान कार्यपालक अभियंता पति मार खाते रहे और गिड़गिड़ाते रहे। वे गिड़गिड़ाते हुए ऑफिस से भाग निकले। भागने के दौरान ऑफिस से बाहर निकलते ही कार्यपालक अभियंता के साथ सिर मुड़ाते ही ओले पड़े वाली बात लागू हो गयी। भागते हुए ऑफिस के बाहर आते ही वहां पहले से खड़े कुछ परिजनों कार्यपालक अभियंता को पकड़ लिया।

 पकड़ते ही पत्नी भी पीछे से आ धमकी और फिर चप्पल मारने की बौछार कर दी। चप्पल हाथ से छूट गया तो पत्नी को पास में ही गिरा पाईप का एक टुकड़ा मिल गया और उससे भी पति को दे दना दन पीटा। पति को पीटते हुए पत्नी कार्यपालक अभियंता से मोबाइल छिनने का प्रयास कर रही थी, लेकिन मोबाइल उसके हाथ नही लग सका। वही मौका माैका पाते ही कार्यपालक अभियंता मौके से फरार हो गए।

इस दौरान करीब आधे घंटे तक ऑफिस के बाहर हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। ड्रामे को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ लगी रही। 

पति को पीटने के बाद एसपी ऑफिस जाकर की कार्यपालक अभियंता की शिकायत

बताया जाता हैं कि कार्यपालक अभियंता की पत्नी स्मिता रंजन अपनी बेटी व बेटा के साथ पटना स्थित एक फ्लैट में रहती है। कार्यपालक अभियंता को पीटने के वाद पत्नी अपनी बेटी के साथ औरंगाबाद समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पहुंची। वहां एसपी के ऑफिस में नही रहने पर उनके कार्यालय में आवेदन दिया। 

एसपी कार्यालय को को दिए आवेदन में पत्नी ने कहा है कि कार्यपालक अभियंता का दूसरे महिला के साथ अफेयर है। उन्होने खर्चा देना बंद कर दिया है। सारा पैसा वह अफेयर वाली महिला के चक्कर में खर्च कर देते है। इसे लेकर कई बार आपस में मामला सुलझाने की कोशिश की लेकिन मामला नहीं सुलझा। इसके बाद उसने यह कदम उठाया। आवेदन के माध्यम से कार्यपालक अभियंता की पत्नी ने मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। 

खर्च नही देने से बेटी की एमबीबीएस की पढ़ाई में आ रही बाधा

बताया जाता है कि कार्यपालक अभियंता की बेटी एमबीबीएस फाइनल ईयर की स्टूडेंट है। एसपी को दिए आवेदन में जिक्र है कि खर्चा बंद लिए जाने से बेटी की पढ़ाई में परेशानी हो रही है।

 एसपी कार्यालय से पत्नी के आवेदन को औरंगाबाद महिला थाना को हस्तांतरित किया गया है। वही महिला थाना की पुलिस मामले में अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है।

Aurangabad

Aug 26 2023, 16:20

औरंगाबाद: स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन(एलएइओ) का कार्यालय बना जूतम पैजार का अखाड़ा

औरंगाबाद: शहर में दानी बिगहा स्थित स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन(एलएइओ) का कार्यालय शनिवार को जूतम पैजार का अखाड़ा बन गया।

 विभाग के प्रधान यानी कार्यपालक अभियंता विनोद कुमार रंजन को उन्ही की पत्नी स्मिता रंजन ने दे दना थपड़ जड़ डाले और चप्पलों की बौछार कर दी। अभियंता पत्नी के हाथो पीटते रहे। गिड़गिड़ाते रहे। कहते रहे कि आपस का मामला है। घर का मामला है। 

मिल बैठकर सलट लेंगे लेकिन वह नही मानी और वह पति को खदेड़ खदेड़ कर पीटती रही और पति बचने के लिए भागता रहा। बचते बचते अभियंता दुम दबाकर मौके से भाग खड़ा हुआ। तब जाकर पत्नी शांत हुई।

Aurangabad

Aug 26 2023, 09:55

जिलाधिकारी द्वारा रामरेखा नदी के उद्गम स्थल का किया निरीक्षण

आज दिनांक- 25 अगस्त 2023 को जिलाधिकारी औरंगाबाद द्वारा प्रखंड नवीनगर के ग्राम पंचायत रामनगर अंतर्गत कर्मा लहंग अवस्थित रामरेखा नदी के उद्गम स्थल का निरीक्षण किया गया. इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत ढंडवा अंतर्गत बेबी गजर ग्राम में अवस्थित ढनढनवा पहाड़ का अवलोकन किया गया. 

क्षेत्र भ्रमण के क्रम में ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर रामरेखा नदी के उदगम स्थल पर सिंचाई की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई. इसके साथ ही ढनढनवा पहाड़ी क्षेत्र से बहाव होने वाले जल को संरक्षित कर सिंचाई की व्यवस्था करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए. 

क्षेत्र भ्रमण के क्रम में वन प्रमंडल पदाधिकारी को इन क्षेत्रो मे ट्रेंच की खुदाई करा कर जल संरक्षित करने की कार्य योजना तैयार करने का निदेश भी दिया गया. लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता को रामरेखा नदी के उदगम स्थल पर जल संरक्षित करने के उद्देश्य से चेक डैम बनाने की कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया. 

उक्त भ्रमण कार्यक्रम के क्रम मे वन प्रमंडल पदाधिकारी, लघु सिंचाई के कार्यपालक अभियंता, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, कार्यपालक अभियंता मनरेगा सहित कार्यक्रम पदाधिकारी नबीनगर उपस्थित थे.

Aurangabad

Aug 25 2023, 18:04

गोइठा चोरी में हुई हत्या के मामले में एक दोषी करार, 28 अगस्त को सुनाई जायेगी सजा

औरंगाबाद : आज़ व्यवहार न्यायालय औरंगाबाद में एडिजे सात सुनील कुमार सिंह ने एसटीआर -309/19 ,43/19 में निर्णय पर सुनवाई करते हुए एक अभियुक्त बुधन पासवान बड़का गांव रिसियप को भादंवि धारा 302/34 में दोषी करार दिया है। सज़ा के बिन्दु पर सुनवाई के तिथि 28/08/23 निर्धारित किया गया है। 

इस वाद में अन्य दो अभियुक्त सुकुमारी देवी और रविंद्र पासवान को निर्दोष पाकर रिहा किया गया है। 

अधिवक्ता सतीश कुमार स्नेही ने बताया कि प्राथमिकी सूचक मुरारी पासवान बड़का गांव रिसियप ने प्राथमिकी में बताया कि 21/04/18 को मेरी मां सुमित्रा देवी ने अपने खेत से गोइठा चोरी का हल्ला किया जिसे सुनकर मेरे पिता रामसुनेश्वर पासवान पहुंचे।  

तभी अभियुक्तों ने हुजुम बना कर लाठी डंडे और खंती से मेरे माता-पिता पर हमला कर दिये जिससे दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। इलाज के क्रम में पिता रामसुनेश्वर पासवान की मृत्यु हो गई थी। 

खंती से हमला बुधन पासवान ने ही किया था। घटना के पांच साल में सोमवार को अभियुक्त को सज़ा सुनाई जाएगी। 

औरंगाबाद से धीरेन्द्र

Aurangabad

Aug 25 2023, 18:02

हत्या के जुर्म में काराधीन आरोपी दोषी करार, 31 अगस्त को सुनाई जायेगी सजा

औरंगाबाद : आज़ व्यवहार न्यायालय औरंगाबाद में एडिजे दस रत्नेश्वर कुमार सिंह ने उपहरा थाना कांड संख्या -88/20 , एसटीआर -215/21 में निर्णय पर सुनवाई करते हुए काराधीन अभियुक्त गोलु शर्मा उर्फ अमित कुमार मेहदीपुर उपहरा  को भादंवि धारा 302/34 और 27 आर्म्स एक्ट में दोषी करार दिया है।  

वहीं दो अन्य अभियुक्त मुन्ना उर्फ संजीव शर्मा तथा नीरज शर्मा को भादंवि धारा 302/34 मंा निर्दोष पाकर रिहा किया है।  

अधिवक्ता सतीश कुमार स्नेही ने बताया कि सज़ा के बिन्दु पर सुनवाई के तिथि 31/08/23 निर्धारित किया गया है,वाद के सूचक मृतक सकलदेव यादव विजनेरा महिदपुर के पत्नी लालती देवी ने प्राथमिकी में बताया कि 30/12/20 को (लेवी न देने के कारण) अभियुक्तों द्वारा सकलदेव यादव को गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।  

अभियुक्तों ने लेवी न देने पर हत्या की धमकी घटना के एक माह पूर्व दी थी।

औरंगाबाद से धीरेन्द्र

Aurangabad

Aug 25 2023, 14:16

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी का बड़ा बयान, आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में किसी भी दल के साथ नहीं होगा समझौता

औरंगाबाद : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा है कि 2024 के लोकसभा और 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी राज्य में किसी भी दल से चुनावी समझौता नही करेगी। श्री चौधरी ने औरंगाबाद में गुरुवार को यह घोषणा की। साथ ही शर्तें भी रखी। 

उन्होने पार्टी कार्यकर्ताओं के समक्ष शर्त रखते हुए कहा कि हमने केंद्र में 2024 में केंद्र में पुनः नरेंद्र मोदी की सरकार बनाने और 2025 में बिहार में सुशासन का भाजपा राज स्थापित करने का संकल्प ले रखा है। इसी संकल्प के तहत हमने अपने सर पर पगड़ी नही मुरेठा बांध रखा है। यह मुरेठा मेहनत का प्रतीक है। यह मुरेठा उसी दिन खुलेगा, जिस दिन बिहार में भाजपा का सरकार बनेगा। 

कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बनने से पहले उन्होने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व से यह वचन लिया था कि किसी भी सूरत में नीतीश कुमार से समझौता नही होगा। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व आज भी इस वचन पर कायम है। उन्होने कहा कि वें चाहते है कि बिहार में भाजपा की अकेले अपने दम पर सरकार बने। यह संभव भी है लेकिन इसके लिए परिश्रम करना होगा। कार्यकर्ताओं को पसीना बहाना होगा। हमारे कार्यकर्ता बुथ और शक्ति केंद्र को मजबूत करे। 

कार्यकर्ताओं के परिश्रम से जिस दिन पार्टी राज्य के हर बुथ पर मजबूत हो जाएंगी, उस दिन से पार्टी किसी भी दल के साथ चुनावी समझौता करने के बजाय राज्य की हर विधानसभा की सीट पर अपने बल बूते पर चुनाव लड़कर जीतने में सक्षम होगी। वह दिन भी आएगा जब राज्य में भाजपा की अपनी सरकार होगी बशर्ते कार्यकर्ता मेहनत कर पार्टी को ऐसी मजबूत स्थिति में ला दे। उन्हे कार्यकर्ताओं पर पूरा भरोसा है और कार्यकर्ता इसे पूरा कर ही दम लेंगे। 

श्री चौधरी ने अवाम से आह्वान करते हुए कहा कि 2024 में ऐसी व्यवस्था कीजिएं कि नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री बनने का जो यह कीड़ा काटता है, वें उस कीड़े से कटवाना ही भूल जाएं। यह भी कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाइए कि 2024 में नीतीश कुमार का खाता नही खुले, जो तय भी है। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष ने की जबकि संचालन रवि शंकर ने किया। कार्यक्रम में औरंगाबाद के सांसद सुशील कुमार सिंह, विधान पार्षद दिलीप सिंह, पार्टी नेता प्रमोद चंद्रवंशी, प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता व गोह के पूर्व विधायक मनोज शर्मा एवं प्रदेश सचिव सह काराकाट लोस क्षेत्र के प्रभारी त्रिविक्रम नारायण सिंह सरस्वती सिंह परमार स्वीटी गुप्ता संजीत गुप्ता अनीता सिंह आदि ने विचार रखे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

औरंगाबाद से धीरेन्द्र

Aurangabad

Aug 25 2023, 09:33

औरंगाबाद में बेखौफ अपराधियों का तांडव, घर में सोए किसान की गोली मारकर कर दी हत्या

औरंगाबाद : जिले में दिन प्रतिदिन हो रही निर्मम हत्याओं से आमजनों में खौफ का सामना करना पड़ रहा है। बेखौफ अपराधियों को पुलिस और कानून का कोई डर नहीं रह गया है। वे किसी भी समय हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देकर आराम से चलते बन रहे है। 

एकबाऱ एक ऐसी ही घटना को अपराधियों ने अंजाम दिया है। जिले के गोह थाना क्षेत्र के देवहरा पंचायत अंतर्गत धेजना गांव में आधी रात को बेखौफ अपराधियों के द्वारा एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

67 वर्षीय धेजना गांव निवासी रामचंद्र मिस्त्री अपने घर में सोए हुए थे। जब सुबह उनकी पत्नी उठाने गई तो देखा कि उनके पति खून से लथपथ हैं। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही गोह थानाध्यक्ष कमलेश पासवान ने अपने दल बल के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुँचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा दिया है। वहीं पुलिस अधीक्षक औरंगाबाद के निर्देशन में गोह थानाध्यक्ष के द्वारा हत्या करने वाले की गिरफ्तारी हेतु एक विशेष टीम का गठन किया गया है। साथ ही FSL टीम एवं डॉग स्क्वायड को घटनास्थल पर बुलाया जा रहा है। 

वहीं गांव में दहशत का माहौल कायम है।अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस लगातार छापामारी कर रही है।

औरंगाबाद से धीरेन्द्र

Aurangabad

Aug 24 2023, 15:10

थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता को रिश्वत लेते रंगेहाथ निगरानी द्वारा की गई गिरफ्तारी में सस्पेंस और थ्रिल, जानिए पूरा मामला

औरंगाबाद : बिहार के निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की टीम द्वारा औरंगाबाद के गोह प्रखंड के उपहारा थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता को 20 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गुरुवार को की गई गिरफ्तारी में सस्पेंस और थ्रिल भी है। जानकारों की माने तो थानेदार की गिरफ्तारी के वक्त जमकर नौटंकी हुई है। हालांकि निगरानी के अधिकारी ऐसा कुछ होने से इंकार कर रहे है। 

थानेदार की पत्नी ने खिड़की से फेंक दी रिश्वत की रकम, फिर भी हुई गिरफ्तारी 

माने या न माने लेकिन भरोसेमंद सूत्रों के अनुसार थानेदार ने रिश्वत दाता सनोज को थाने के पास ही पैसे लेकर बुलाया था। सनोज से पैसे लेकर थानेदार, जैसे ही अपने सरकारी आवास में गए कि पीछे से विजिलेंस की टीम के एक सदस्य कमरे में पहुंच गए। इस पर थानेदार की पत्नी को तुरंत शक हो गया, पत्नी ने तत्काल रुपये के बंडल को खिड़की से बाहर फेंक दिया और वह शोर मचाने लगी। 

शोर को सुनकर सभी पुलिस वाले इकट्ठा हो गए। इससे पहले कि बात और बढ़ती विजिलेंस की टीम के अन्य सदस्य भी थाना परिसर में आ धमके। इसके बावजूद पुलिस की टीम थानेदार को विजिलेंस के हवाले नहीं सौंप रही थी। इसे लेकर काफी मशक्कत हुई। इसके बाद विजिलेंस की टीम द्वारा परिचय दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ। तब जाकर निगरानी की टीम थानेदार को अपनी गिरफ्त में ले सकी।

यह है गिरफ्तारी की निगरानी की थ्योरी

इधर निगरानी की टीम के पुलिस उपाधीक्षक अभय कुमार रंजन ने इस पूरे वाकये को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस अवर निरीक्षक सह उपाहारा थानाध्यक्ष, आनन्द कुमार गुप्ता को 20,000/- की नगद रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। उन्होने कहा कि निगरानी अन्वेषण ब्यूरो मुख्यालय, पटना की टीम द्वारा 23 अगस्त को दर्ज निगरानी थाना कांड सं.-30/2023 में पुलिस अवर निरीक्षक सह उपहारा थानाध्यक्ष आनन्द कुमार गुप्ता को 20,000/- (बीस हजार) रुपये की रिश्वत लेते उपहारा थाना परिसर स्थित उनके सरकारी आवास से रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। 

मामले के परिवादी उपहारा थाना के हमीदनगर निवासी सनोज कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में 16 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा था कि उपहारा थानाध्यक्ष आनन्द कुमार गुप्ता द्वारा उपहारा थाना कांड सं.-51/23 में मदद करने के लिए रिश्वत की मांग की जा रही है। मामले का ब्यूरो द्वारा सत्यापन कराया गया। 

सत्यापन के क्रम में थानाध्यक्ष द्वारा 20,000/- (बीस हजार) रुपये की रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। आरोप सही पाये जाने के बाद मामले में कांड अंकित कर अनुसंधानकर्त्ता निगरानी के डीएसपी अभय कुमार रंजन के नेतृत्व में एक धावा दल का गठन किया गया। धावा दल द्वारा कार्रवाई करते हुए उपहारा थानाध्यक्ष आनन्द कुमार गुप्ता को 20,000/-रुपये की रिश्वत लेते उपहारा थाना परिसर स्थित सरकारी आवास से रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। 

मामले में थानाध्यक्ष को पूछताछ के बाद पटना स्थित निगरानी की अदालत में उपस्थापित किया जाएगा। इसके बाद अदालती आदेश पर थानाध्यक्ष को जेल भेजा जाएंगा।

औरंगाबाद से धीरेन्द्र

Aurangabad

Aug 24 2023, 13:28

बड़ी खबर : थानाध्यक्ष ले रहा था घूस, निगरानी की टीम ने रंगे हाथ दबोचा

औरंगाबाद : जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां एक थानाध्यक्ष को निगरानी की टीम ने घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। 

गिरफ्तार पुलिसकर्मी जिले के उपहारा थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता को पटना से पहुंची निगरानी टीम ने आज गुरुवार को गिरफ्तार किया है। थानेदार की गिरफ्तारी के बाद हड़कंप मचा हुआ है। 

बताया जाता है कि उपहारा थाना क्षेत्र के हमीदनगर गांव निवासी सनोज कुमार से थानाध्यक्ष 20 हजार रुपये रिश्वत ले रहे थे। उसी समय निगरानी की टीम ने पैसा लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। 

स्थानीय लोगों ने बताया कि एक लड़की के अपहरण मामले में प्राथमिकी से तीन आरोपितों के नाम हटाने के लिए थानेदार पैसा ले रहे थे। निगरानी टीम ने इसकी जानकारी औरंगाबाद पुलिस को नहीं दी है। निगरानी की टीम उपहारा थानाध्यक्ष को अरवल ले जाकर पूछताछ कर रही है।

बता दें औरंगाबाद जिले में थानेदार को रिश्वत लेते गिरफ्तार करने का यह पहला मामला नहीं है इससे पूर्व भी कई थानाध्यक्ष को निगरानी की टीम ने गिरफ्तार किया है।

औरंगाबाद से धीरेन्द्र