Purnea

Aug 15 2023, 13:53

लाल किले पर खाली रही कांग्रेस अध्यक्ष खरगे की कुर्सी, कार्यक्रम में शामिल नहीं होने पर उठे सवाल, तो दिया ये जवाब

#khargeschairseenemptyatred_fort

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लालकिले पर तिरंगा फहराया। इस मौके पर पक्ष-विपक्ष के नेता और सांसद लाल किले पर पहुंचे थे। कार्यक्रम में कई दिग्गज और करीब दो हजार तक अतिथि शामिल हुए। हालांकि, इस दौरान एक कुर्सी खाली दिखाई दी। यह कुर्सी कांग्रेस के एक बड़े नेता की थी। जी हां, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कुर्सी इस समारोह के दौरान खाली दिखी। खरगे इस समारोह में शिरकत नहीं कर सके।

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम में राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के मौजूद नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस ने इस पर सफाई भी दी। उन्होंने कहा कि खरगे को ठीक महसूस नहीं हो रहा था, इसलिए वह लाल किले पर नहीं पहुंचे। कांग्रेस की तरफ से सफाई देते हुए बताया गया,'खरगे को अपने घर और कांग्रेस पार्टी दफ्तर में तिरंगा फहराना था। इसलिए वह लाल किला में होने वाले समारोह में शामिल नहीं हो पाए। अगर वे जाते तो वह घर वहां से जल्दी नहीं निकल सकते। उन्हें कम से कम दो घंटे तक वहां पर रहना ही पड़ता, वे कांग्रेस मुख्यालय में समय से ध्वजारोहण नहीं कर पाते।

लाल किला नहीं पहुंचने पर दी सफाई

लाल किले नहीं जाने का सवाल खरगे से किया गया तो उन्होंने अपनी आंखों की समस्या बताई। दूसरी बात उन्होंने कही कि मुझे घर पर प्रोटोकॉल के तहत झंडा फहराना था। फिर मुझे कांग्रेस ऑफिस आकर झंडा फहराना था। यहां तो मैं पहुंच ही नहीं सकता था। उनकी सिक्योरिटी इतनी टाइट है। पहले प्रधानमंत्री के जाने तक किसी को नहीं छोड़ते। आजकल होम मिनिस्टर के जाने तक नहीं छोड़ते। रक्षा मंत्री, स्पीकर... के बाद हम लोगों का नंबर लगता। इसलिए समय के अभाव और सिक्योरिटी की अड़चन थी। अब जैसा उन्हें छोड़ते हैं वैसा मुझे तो रास्ता नहीं देते।

खरगे का सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश

इस बीच खरगे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्वीट के जरिए एक वीडियो संबोधन जारी किया। जिसमें उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई दीं। कहा कि लोकतंत्र और संविधान हमारी देश की आत्मा है। हम यह प्रण लेते हैं कि हम देश की एकता और अखंडता के लिये, प्रेम और भाईचारे के लिए, सौहार्द और सद्भाव के लिए लोकतंत्र और संविधान की स्वतंत्रता कायम रखेंगे। उन्होंने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, मौलाना आजाद, राजेंद्र प्रसाद, सरोजिनी नायडू और बीआर अंबेडकर जैसे स्वतंत्रता प्रतीकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पूर्व प्रधानमंत्रियों के योगदानों का किया जिक्र

अपने वीडियो संदेश में कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, राजीव गांधी, पीवी नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह जैसे अन्य कांग्रेस प्रधानमंत्रियों के योगदानों का जिक्र किया। उन्होंने बीजेपी के आदर्श अटल बिहारी वाजपेयी का भी जिक्र किया। कहा कि हर प्रधानमंत्री ने देश की प्रगति में योगदान दिया है। अटल बिहारी वाजपेयी के साथ-साथ सभी प्रधानमंत्रियों ने देश के बारे में सोचा और विकास के लिए कई कदम उठाए।

नाम लिए बिना पीएम पर निशाना

पीएम मोदी का नाम लिए बिना खरगे ने कहा कि कुछ लोग ऐसा मानते हैं कि देश पिछले कुछ वर्षों में विकसित हुआ है। लेकिन यह सच नहीं है। जब अंग्रेज देश छोड़कर चले गए, तो स्थिति ऐसी थी कि देश में एक सूई भी नहीं बनती थी। तब पंडित नेहरू बड़ी पहल की, इस्पात संयंत्र स्थापित किए, बांध बनाए, आईआईटी, आईआईएम, एम्स जैसे संस्थान स्थापित किए। इंदिरा गांधी-लाल बहादुर शास्त्री हरित क्रांति लेकर आए, भारत को आत्मनिर्भर बनाया। सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जो लोकतंत्र का ढोल बजाते हैं, वे दूसरे तरफ विपक्ष का मुंह बंद कर देते हैं। आज लोकतंत्र को बहुत बड़ा खतरा है। संसद में विपक्ष की आवाज बंद कर दी जाती है, मेरा माइक बंद कर दिया जाता है।

Purnea

Aug 15 2023, 12:11

पीएम मोदी ने परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण पर किया कड़ा प्रहार, भारत के विकसित देश बनने की राह में बताया सबसे बड़ा रोड़ा

#pmmodiattackedcorruptionfamilialism_polarisation 

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से देश के विकास में आने वाली सबसे बड़े रोड़ों का जिक्र किया। लाल किले पर तिरंगा लहराने के बाद पीएम मोदी ने देशवासियों के सामने सरकार की उपलब्धियां गिनाई। वहीं देश के विकास में आ रही बाधा की बात करते हुए परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण के बहाने विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में इन तीन बुराइयों को खत्म करने का संकल्प लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सपनों को सिद्ध करने के लिए भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण का आंख में आंख डालकर सामना करने की बात कही।

मोदी का कमिटमेंट है कि मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ता रहूंगा-पीएम मोदी

लाल किले के प्राचीर से भाषण देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, " भ्रष्टाचार देश को दीमक की तरह खोखला कर रहा है। इसने देश के सामर्थ्य को बुरी तरह नोंच लिया है। यह मोदी के जीवन का कमिटमेंट है, यह मेरे व्यक्तित्व की प्रतिबद्धता है कि मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ता रहूंगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें भ्रष्टाचार से मुक्ति पानी है। इस देश में पिछले नौ साल में दस करोड़ लोगों को मैंने गलत फायदा उठाने से रोक दिया। ये दस करोड़ लोग वो थे, जिनका जन्म ही नहीं हुआ था। वे विधवा, वृद्ध, दिव्यांग हो जाते थे। दस करोड़ बेनामी चीजों को रोका है। भ्रष्टाचारियों की संपत्ति पहले की तुलना में 20 गुना ज्यादा जब्त की है। पीएम मोदी ने बताया कि इस सरकार ने सरकारी व्यवस्था में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए पिछली सरकारों की तुलना अदालत में ज्यादा चार्जशीट दायर की हैं।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमें भ्रष्टाचार के खिलाफ नफरत का माहौल बनाना होगा। जैसे गंदगी हमारे मन में नफरत पैदा करती है, वैसे ही सार्वजनिक जीवन की इस गंदगी को भी दूर करना होगा।

देश के विकास के लिए परिवारवाद से मुक्ति जरूरी

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि 'लोकतंत्र में यह कैसे हो सकता है, विशेष बल देकर राजनीतिक दलों के बारे में कह रहा हूं। यह बुराई है परिवारवादी पार्टियां। उनका मूल मंत्र है उनका राजनीतिक दल, परिवार का, परिवार के द्वारा और परिवार के लिए काम करे। परिवारवाद और भाई-भतीजावाद प्रतिभाओं के दुश्मन होते हैं। किसी राजनीतिक दल का प्रभारी केवल एक ही परिवार कैसे हो सकता है? देश के विकास के लिए परिवारवाद से मुक्ति जरूरी है।

तुष्टीकरण ने सामाजिक न्याय को मौत के घाट उतार दिया-पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि तुष्टीकरण ने सामाजिक न्याय का सबसे बड़ा नुकसान किया है। सामाजिक न्याय को तबाह किसी ने किया है तो वह तुष्टीकरण की राजनीति ने किया है। इसने सामाजिक न्याय को मौत के घाट उतार दिया है। 

इनसे लड़ने के लिए संकल्प लेने का आहवान

इन तीन बुराइयों के बारे में बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने देश को इनसे पूरे सामर्थ्य के साथ लड़ने का संकल्प लेने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि इन बुराइयों से देश के लोगों की आकांक्षाओं का दमन होता है और ये बुराइयां लोगों के सामर्थ्य का शोषण करती हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गरीब, दलित, पिछड़े, पसमांदा, आदिवासी, माता-बहनों को उनका हक दिलाने के लिए देश को इन तीन बुराइयों से मुक्ति पाना होगा।

Purnea

Aug 15 2023, 11:13

लोकसभा चुनाव से पहले यह प्रधानमंत्री का लाल किले से आखिरी संबोधन, किये ये बड़े ऐलान*

#independence_day_pm_modi_red_fort_speech

देश के 77वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देश के लोगों को संबोधित किया।इस दौरान पीएम मोदी ने लाल किले से नई योजनाओं का ऐलान किया, साथ ही कई वादे भी किए।साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले यह प्रधानमंत्री का लाल किले से आखिरी संबोधन है, ऐसे में इस संबोधन के कई राजनीतिक मायने भी हैं।

-लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एलान किया कि वह सुनार, सुतार, राजमिस्त्री, बाल काटने वाले, औजारों-हाथों से काम करने वाले वर्ग को नई ताकत देने वाले हैं। इसके लिए वह विश्वकर्मा जयंती पर विश्वकर्मा योजना शुरू करेंगे।इसकी शुरुआत 13 से 15 हजार करोड़ रुपये से की जाएगी।

-पीएम मोदी ने घोषणा करते हुए कहा कि देश में अभी तक 10 हजार जन औषधि केंद्र थे, अब हम इस लक्ष्य को 25 हजार जन औषधि केंद्र तक पहुंचा रहे हैं और आने वाले वक्त में इस ओर काम शुरू हो जाएगा।

-पीएम ने ऐलान किया कि मोदी की गारंटी है कि आने वाले पांच साल में देश दुनिया की टॉप-3 अर्थव्यवस्था में शामिल होगा।

-शहरों में जो लोग किराये पर रहते हैं या जिनके पास अपना घर नहीं है या जो अनाधिकृत कॉलोनी में रहते हैं, उनको अपना घर बनाने के लिए बैंक से जो लोन मिलता है, उसके ब्याज में राहत दी जाएगी और इसके लिए जल्द योजना का ऐलान होगा।

-प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरा नया लक्ष्य गांव में 2 करोड़ लखपति दीदी बनाने का है, एग्रीकल्चर सेक्टर के जरिए हम वुमेन सेल्फ हेल्प ग्रुप की ट्रेनिंग देंगे जिसमें महिलाओं को ड्रोन चलाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। हम गांव में महिलाओं को मजबूत करना चाहते हैं और इस ओर यह कदम अहम है।

Purnea

Aug 14 2023, 19:07

स्मैक तस्कर को कोर्ट ने सुनाई 5 वर्ष कारावास की सजा, 50 हजार रुपए लगाया अर्थ दंड

पूर्णियां : न्यायालय द्वारा एक व्यक्ति को स्मैक तस्करी का दोषी पाए जाने के बाद 5 वर्ष करवा एवं 50 हजार रुपए आर्थिक दंड की सजा सुनाई गई है। आर्थिक दंड की रकम अभियुक्त द्वारा नहीं जमा करने की स्थिति में उसे 6 अतिरिक्त करवास में बिताने होंगे।

सजा पाने वाला अभियुक्त पूर्णिया जिले के सदर थाना अंतर्गत सिंगल टोला वार्ड नंबर 39 निवासी 33 वर्षीय रोहित कुमार है। यह सजा पूर्णिया के जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह विशेष न्यायाधीश (एन०डी०पी०एस०) सुजीत कुमार सिंह ने सुनाई है।

मामला स्पेशल (एन०डी०पी०एस०) वाद संख्या 41/2022 का है, जो सदर थाना कांड संख्या 397/2022 पर आधारित था। घटना तिथि 5 जून 2022 की है। गुप्त सूचना के आधार पर तत्कालीन सदर थाना अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने कप्तान पुल पर छापेमारी के क्रम में बी० आर०11 पी० बी० 1834 रजिस्ट्रेशन नंबर के टेंपो-चालक सुजीत कुमार के हाफ पेंट के वायें पॉकेट से 10.15 ग्राम स्मैक बरामद किया था।

इस मुकदमे में अभियोजन पक्ष की ओर से कुल पांच गवाहों को प्रस्तुत किया गया। गवाहों की गवाही एवं अभिलेख पर उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त को स्मैक तस्करी का दोषी पाए जाने के बाद उपरोक्त सजा सुनाई गई।

इस मुकदमे को अभियोजन पक्ष की ओर से संचालित कर रहे थे विशेष (एन०डी०पी०एस०) लोक अभियोजक शंभू आनंद।

पूर्णिया से जेपी मिश्रा

Purnea

Aug 14 2023, 18:32

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक का हुआ आयोजन, डीएम ने पदाधिकारियों को दिए कई निर्देश

पूर्णिया : जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आज साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आहूत की गई। जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि चार लाख क्यूसेक पानी की डिस्चार्ज की सूचना प्राप्त हुई।

इसके आलोक में आपदा प्रभारी श्री टेशलाल सिंह को जिला पदाधिकारी द्वारा अविलंब एसडीआरएफ की एक टीम को धमदाहा अनुमंडल में प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया गया।

आपदा प्रभारी द्वारा सूचित किया गया की संभावित कटाव वाले स्थलों पर निगरानी की जा रही है ।जिला पदाधिकारी द्वारा सभी अंचलाधिकारी को अपने क्षेत्र में लगातार गस्ती करने तथा नदी किनारे वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी करने का निदेश दिया गया।

जिला पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारी को चौकस रहने का निर्देश दिया गया। सभी अनुमंडल पदाधिकारी को इस संबंध में सभी अंचलाधिकारी से लगातार रिपोर्ट लेते रहने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने श्रावणी सोमवारी के आलोक में सभी घाटों पर कड़ी निगरानी करने तथा एसडीआरफ की टीम को किसी भी आपातकालिक स्थिती हेतु तैयार रहने का निर्देश दिया। किसी भी परिस्थिति में कोई अप्रिय घटना नहीं होने पाए इसको सुनिश्चित करने का निर्देश सभी सम्बन्धित पदाधिकारी को दिया गया।

कार्यपलक अभियन्ता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल पूर्णिया को जिला पदाधिकारी द्वारा विद्युत आपूर्ति में सुधार लाने का निदेश दिया गया। कसबा क्षेत्र में विधुत आपूर्ति में बाधित होने की सूचना मिलने पर जिला पदाधिकारी द्वारा अविलंब समस्या दूर कर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सहायक समाहर्ता, उप विकास आयुक्त,नगर आयुक्त ,अपर समाहर्ता,जिला परिवहन पदाधिकारी, जनपद अधिकारी सदर एवं संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

पूर्णिया से जेपी मिश्रा

Purnea

Aug 14 2023, 18:24

कालाबाजरी के ले जाए जा रहे पीडीएस के 200 बोरा चावल को स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से पकड़ा गया


पूर्णिया : सरकार द्वारा गरीबों को दिए जाने वाले जन वितरण प्रणाली के अनाज की कालाबाजारी कर रहे 200 बोडा चावल को स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से पूर्णिया में पकड़ा गया है। घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंच कर छानबीन कर रही है।

दरअसल स्थानीय ग्रामीण मनोहर कुमार को उनके गांव कोशिका पर से जन वितरण प्रणाली के चावल को गुलाब बाग मंडी में बेचने के लिए ले जाने की जानकारी मिली थी।

उनके द्वारा जब गाड़ी का पीछा किया गया तो गाड़ी पूर्णिया गुलाब बाग स्थित आर्यन गोदाम में जाकर लगी हुई मिली।

मनोहर कुमार ने बताया कि जन वितरण प्रणाली की यह चावल वर्षों से कालाबाजारी के लिए गुलाबबाग आता था लेकिन आज इस गोरख धंधे का खुलासा हो गया।

जिसकी सूचना जन वितरण प्रणाली के अधिकारियों और स्थानीय थाना को भी दी गई है।

पूर्णिया से जेपी मिश्रा

Purnea

Aug 13 2023, 20:29

पूर्णिया एयरपोर्ट मांग को लेकर ट्विटर ट्रेंड कर युवाओं ने विकास का दिखाया दृढ़ संकल्प


पूर्णिया

पूर्णिया में हवाई अड्डा जल्द शुरू हो इसके लिए आज पूर्णिया के युवाओं ने महा ट्यूटर अभियान चलाया।युवाओं की यह दूरदर्शिता सीमांचल वासियों के लिए एक मिल का पत्थर साबित होगा ।आज चले इस अभियान में पूर्णिया सहित कई जिलों और राज्यों के युवाओं और युवतियों ने अपनी विकास की प्रतिज्ञा के वचन को प्रदर्शित किया।

#NoVoteWithoutPurneaAirport चार घंटे तक ट्रेंड करता रहा ।खास बात यह रही की बिहार में प्रथम और भारत में टॉप 25 पर यह ट्रेंडिंग रहा। इस ट्रेंडिंग ने अपने इस अभियान से जाता दिया की पूर्णिया एयरपोर्ट बनाने से इस इलाके में बड़ी व्यावसायिक क्रांति आएगी।एक बेहतर विकास के लिए यातायात एक मजबूत सीढ़ी है ।

आने वाले लोकसभा चुनाव 2024 के लिए राजनीतिज्ञों के लिए एक सीधा सपाट संदेश है की बिना एयरपोर्ट के वोट नही मिलने वाला । इस अभियान पर आज राज्य और केंद्र सरकार की नजरें जरूर नजर गड़ाए देख रही होंगी।वर्तमान में यह अभियान का चलना पुनः एक जागरूकता के झंडे को फहरा गया।लगभग 21 हजार ट्रेंडिंग ने जनप्रतिंधियों के माथे पर शिकन लाने में सफल तो अवश्य रहा।

इस कार्यक्रम के लिए श्रीनायक कैंपस में वॉर रूम बनाया गया था।कई सारे युवा मिलकर राज्य और देश के साथियों के संपर्क में थे।प्रेस क्लब पूर्णिया के कोषाध्यक्ष तथा एबीपी न्यूज के वरिष्ठ संवाददाता पंकज नायक ने अपनी तथा अपने टीम के साथ युवाओं को पूर्ण साकारात्मक साथ दिया।

प्रेस क्लब पूर्णिया ,मिथिला स्टूडेंट यूनियन,कई महिलाओं की टीम,अमन केसरी जैसे युवाओं ,ज्योति कुमारी इत्यादि की टीमों ने अपने सहयोग को देकर अपनी सार्थकता को दिखाया।

एमएसयू राष्ट्रीय संगठन मंत्री अविनाश कुमार मिश्र, पुष्कर मिश्रा , रवि रंजन,ज्योति झा आनंद मिश्रा,अमन केसरी, रितेश कुमार, अमन जायसवाल सहित दर्जनों युवाओं के इस अभियान को ऐसे चला रहे थे जैसे लग रहा हो बहुत बड़ा यज्ञ किया जा रहा हो ।"न भूख न प्यास और एयरपोर्ट की आस " पूर्णिया सहित कई जिलों के लोगों के लिए यह तप अवश्य काम आएगा।

Purnea

Aug 12 2023, 21:25

पूर्णिया: बिहार सरकार पिछले एक वर्षों में हर मोर्चे पर फेल- पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूढ़ी

पूर्णिया: बिहार में महागठबंधन सरकार के एक साल पूरे होने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूढ़ी ने पूर्णिया में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार सरकार पिछले एक वर्षों में हर मोर्चे पर फेल रही है । 

उन्होंने कहा कि बिहार की सरकार कम्युनल होकर राज्य में दंगा करा रही है । बिहार में बेरोजगारी चरम पर है और पेपर लीक सरेआम हो रहा है । 

उन्होंने नीतीश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि नीतीश कुमार की स्मरण शक्ति कमजोर होती जा रही है जो बिहार की जनता के लिए चिंता की बात है । लालू और नीतीश पर तंज करते हुए कहा कि ये वे लोग हैं जो बिहार में 35 वर्षों तक राज राज किए हैं लेकिन बिहार के हालात सबसे खराब है बिहार देश के सबसे गरीब राज्यों में शुमार है ।

Purnea

Aug 11 2023, 19:07

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व तैयारी को लेकर डीएम ने पदाधिकारियों के साथ की बैठक, दिए कई निर्देश

पूर्णिया :- जिलाधिकारी कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में दिनांक 15 अगस्त 2023 (स्वतंत्रता दिवस) की पूर्व तैयारी को लेकर समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक आहूत की गई। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां ससमय करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।

 

पूर्व वर्ष की भांति इस वर्ष भी मुख्य कार्यक्रम स्थल इंदिरा गांधी स्टेडियम पूर्णिया में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया जाएगा।जहां पर झंडोत्तोलन पूर्वाहन 9:00 बजे मुख्य अतिथि पूर्णिया द्वारा किया जाएगा। झंडोत्तोलन के पश्चात पदाधिकारीगण अपने चयनित महादलित टोला में आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। महादलित टोलो में साफ सफाई की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया गया। महादलित टोलो को जोड़ने वाले सड़क को अच्छे स्थिति में करने का निर्देश दिया गया।

जिला पदाधिकारी द्वारा शहीद स्मारक एवं समारोह स्थल पर विशेष रूप से साफ सफाई की व्यवस्था नगर निगम पूर्णिया को ससमय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। शहीद ध्रुव कुंडू,कुताई साह एवं विभिन्न शहीद स्मारकों की रंगाई पुताई तथा सफाई की व्यवस्था नगर निगम पूर्णिया को सौंपा गया है।

कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल पूर्णिया को मंच निर्माण एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का दायित्व दिया गया है। बारिस के मौसम के आलोक में वॉटरप्रूफ पंडाल लगाने का निदेश दिया गया। 

इंदिरा गांधी स्टेडियम में प्रवेश एवं निकासी द्वार की बैरिकेडिंग एवं प्रवेश एवं निकासी द्वार पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी सदर पूर्णिया एवं पुलिस उपाध्यक्ष मुख्यालय पूर्णिया को दिया गया है।

बारिश के मौसम को देखते हुए जलजमाव से मुक्ति हेतु आवश्यक कार्यवाई करने का निर्देश सिटी मैनेजर, नगर निगम पूर्णिया को दिया गया। कार्यपालक अभियंता विद्युत को निर्देश दिया गया है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुरक्षित ढंग से निरंतर विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था तथा लूज विद्युत तार को सुरक्षित करना सुनिश्चित करेंगे।

स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का लाइव प्रदर्शन सोशल मीडिया फेसबुक वेबकास्टिंग, केबल टीवी आदि के माध्यम से कराने का निर्देश जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पूर्णिया,जिला योजना पदाधिकारी पूर्णिया तथा आईटी प्रबंधक पूर्णिया को समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। जिससे स्वतंत्रता दिवस समारोह का यह अद्भुत दृश्य आम जनमानस तक पहुंच सके।

स्टेडियम एवं पुलिस केंद्र तथा समाहरणालय अवस्थित झंडोत्तोलन मंच एवं ध्वज दंड की रंगाई पुताई की व्यवस्था करेंगे ध्वज दंड अच्छे हालत में हो इसे भी सुनिश्चित करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल को दी गई है। समाहरणालय चौक आर एन साह चौक से स्टेडियम तक सड़क के दोनों किनारे वृक्षों की भी रंगाई करने का निर्देश दिया गया है।

उक्त अवसर पर विधि व्यवस्था सुदृढ़ एवं यातायात सुगम बनाने को लेकर शहर के सभी चौक चौराहे के यातायात व्यवस्था ट्रैफिक डीएसपी पूर्णिया एवं विधि व्यवस्था नियंत्रण रखने की जिम्मेदारी पुलिस उपाध्यक्ष मुख्यालय पूर्णिया एवं अनुमंडल पदाधिकारी सदर पूर्णिया को दी गई।

निर्देशित किया गया है कि अपने स्तर से सभी अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे वीवीआइपी वाहन से लेकर स्टेडियम के अंदर वहां आने वाले सभी वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था अनुमंडल पदाधिकारी सदर पूर्णिया एवं पुलिस उपाध्यक्ष मुख्यालय पूर्णिया को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया है कि एंबुलेंस के साथ सभी आवश्यक दवाओं तथा मेडिकल टीम की व्यवस्था निर्धारित स्थानों पर करना सुनिश्चित करेंगे। जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि राष्ट्रगान के लिए दो बेहतर टीम तैयार करना सुनिश्चित करेंगे।

उक्त अवसर पर परेड कार्यक्रम जिला सत्र पुलिस बल, गृह रक्षा वाहिनी, अग्निशाम दस्ता एवं स्काउट गाइड तथा एनसीसी के बच्चों द्वारा प्रदर्शित किया जाएगा। उक्त सभी टुकड़ियों के प्लाटून परेड में भाग लेंगे। टुकड़ियों का अभ्यास दिनांक 9 अगस्त से 13 अगस्त 2023 तक इंदिरा गांधी स्टेडियम में प्रातः 8:30 बजे से शुरू होगा।

उक्त अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं, खेल एवं कला के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए संबंधित व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। जिसकी सूची तैयार करने के लिए प्रभारी पदाधिकारी, सामान्य शाखा को निर्देश दिया गया।

उक्त कार्यक्रम में भाग लेने के लिए वरीय पदाधिकारी तथा गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रण कार्ड भेजने का निर्देश प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा को दिया गया।

जिलाधिकारी महोदय द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि यह राष्ट्रीय पर्व है जिले में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्सव माहौल में संपन्न हो इसके लिए सभी स्तरों पर बेहतर तैयारी किया जाना है।

इस बैठक में उपविकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता,अपर समाहर्ता, पुलिस उपाध्यक्ष मुख्यालय, जिला परिवहन पदाधिकारी, निर्देशक डीआरडीए, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पूर्णिया एवं संबंधित पदाधिकारीगण मौजूद थे।

पूर्णिया से जेपी मिश्रा

Purnea

Aug 10 2023, 17:20

डेंगू से घबराने की नहीं बल्कि बचाव और सुरक्षित रहने की जरूरत: सिविल सर्जन

पूर्णिया : बारिश के मौसम में लोगों पर अपने और अपने परिवार को संक्रमित होने वाली बीमारियों से बचाने की जिम्मेदारी बढ़ गई है। इस मौसम में डेंगू का भी खतरा बढ़ने लगता है। वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अपर निदेशक सह राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार ने पत्राचार कर इस बाबत आवश्यक दिशा निर्देश दिया है। 

उन्होंने कहा है कि राज्य में बरसात का मौसम शुरू हो चुका है। जिस कारण बिहार के अधिकांश जिलों में डेंगू एवं अन्य मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग काफी सतर्क है। स्थानीय स्तर पर सिविल सर्जन और जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मी जिलेवासियों को जागरूक कर बचाव और सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। 

डेंगू जैसी बीमारी से घबराने की नहीं बल्कि बचाव और सुरक्षित रहने की जरूरत: सिविल सर्जन 

सिविल सर्जन डॉ अभय प्रकाश चौधरी ने बताया कि डेंगू एक गंभीर बीमारी है। जो एडीज एजिप्टी नामक प्रजाति के मच्छरों से फैलता है। इसके कारण प्रत्येक वर्ष बहुत लोगों की मृत्यु हो जाती है। जब कोई मच्छर डेंगू बुखार से ग्रस्त किसी रोगी को काटता और फिर वही मच्छर जब किसी स्वस्थ व्यक्ति को काट लेता है, तो उसका वायरस स्वस्थ व्यक्ति के खून में पहुंच जाता है। जिस कारण स्वस्थ व्यक्ति को भी डेंगू बुखार हो जाता है। मच्छर के एक बार काटने से भी डेंगू होने की संभावना प्रबल रहती है। इन सभी बीमारियों से बचाव और सुरक्षित रहने के लिए विशेष रूप से सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। डेंगू से घबराने की जरूरत नहीं बल्कि इससे बचने की जरूरत है। डेंगू के लक्षण की जानकारी अधिकांश लोगों को नही रहती है। जिस कारण समय रहते उसका उपचार नहीं हो पाता है। नजदीकी स्वास्थ्य संस्थानों के चिकित्सकों से चिकित्सीय परामर्श लेकर इससे बचाव किया जा सकता है। 

सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करना स्वास्थ्य या संक्रमित बीमारियों के लिए बेहतर: डॉ आरपी मंडल

जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ राजेंद्र प्रसाद मंडल ने बताया कि पूर्णिया पूर्व में डेंगू के दो मरीज मिला हुआ है जिसका उपचार चल रहा है। हालांकि इससे बचने के लिए दिन में भी सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करना स्वास्थ्य या संक्रमित बीमारियों के लिए बेहतर साबित होता है। मच्छर भगाने वाली क्रीम या दवा का प्रयोग दिन में करना स्वास्थ्य के लिए कारगर उपाय होता है। पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनना चाहिए। घर के सभी कमरों की ठीक से सफाई, टूटे-फूटे बर्तनों, कूलर, एसी, फ्रीज में पानी जमा नहीं होने देना, पानी टंकी और घर के आसपास अन्य जगहों पर भी पानी नहीं होना, घर के आसपास साफ-सफाई का विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए और कीटनाशक दवा का इस्तेमाल करने से डेंगू जैसी बीमारियों से बचा जा सकता है। 

पहले डेंगू हो चुके व्यक्तियों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत: सोनिया मंडल 

जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण सलाहकार सोनिया मंडल ने बताया कि बरसात के दिनों में डेंगू एवं चिकनगुनिया के मरीज की संख्या बढ़ जाती है। 

डेंगू या अन्य बीमारियों से संक्रमित करने वाले मच्छर दिन में ही काटते और स्थिर एवं साफ पानी में पनपते हैं। अगर किसी भी व्यक्ति के शरीर में तेज बुखार, बदन, सिर एवं जोड़ों में दर्द और आंखों के पीछे दर्द हो तो सतर्क हो जाएं। इतना ही नहीं बल्कि आपके त्वचा पर लाल धब्बे या चकते का निशान, नाक- मसूढ़ों से या उल्टी के साथ रक्तस्राव होना और काला पखाना होना डेंगू के लक्षण हैं। 

इन लक्षणों के साथ यदि तेज बुखार हो तो तत्काल नजदीकी अस्पताल जाएं और अपना इलाज करवाएं। यदि किसी व्यक्ति को पहले डेंगू हो चुका है तो उसे ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। ऐसे व्यक्ति दोबारा डेंगू बुखार की आशंका होने पर सरकारी अस्पताल या फिर चिकित्सकों से संपर्क करें। 

डेंगू बुखार के मुख्य लक्षण: -

- डेंगू वायरस से संक्रमित होने के 3 से 14 दिनों के बाद ही किसी व्यक्ति में लक्षण दिखते हैं। 

- डेंगू वायरस के खून में फैलने के एक घंटे में ही संधियों में दर्द शुरू हो जाता और व्यक्ति को 104 डिग्री तक बुखार भी आता है। 

- उच्च रक्तचाप का तेजी से गिरना और हृदयगति का कम होना।

- आंखों का लाल होना और दर्द होना।

- चेहरे पर गुलाबी दाने निकलना डेंगू का सूचक है।

- भूख ना लगना, सिर दर्द, ठंड लगना, बुखार आना। इन चीजों के साथ डेंगू की शुरुआत होती है।

- यह सभी लक्षण डेंगू के पहले चरण में होते हैं। यह चार दिन तक चल सकते है।

- डेंगू के दूसरे चरण में बढ़ा हुआ शरीर का तापमान कम हो जाता और पसीना आने लगता है। इस समय शरीर का तापमान सामान्य होकर रोगी बेहतर महसूस करने लगता है। लेकिन यह एक दिन से ज्यादा नहीं रहता।

- डेंगू के तीसरे चरण में शरीर का तापमान पहले से और अधिक बढ़ने लगता और पूरे शरीर पर लाल दाने दिखने लगते हैं।

पूर्णिया से जेपी मिश्र