17अगस्त से 10अक्टूबर तक शहीद सिदो कान्हु के जन्म स्थली से शुरू होगी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की संकल्प यात्रा
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवम मुख्यालय प्रभारी डॉ प्रदीप वर्मा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की होने वाली संकल्प यात्रा के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
![]()
डॉ वर्मा ने बताया कि आज राज्य में अराजकता की स्थिति है। सत्ता संपोषित भ्रष्टाचार से राज्य की जनता त्राहि त्राहि कर रही है। बहन बेटियां असुरक्षित हैं। युवाओं के उम्मीदों पर राज्य सरकार ने कुठाराघात किया है।आदिवासी, दलित, पिछड़ा कोई सुरक्षित नहीं। राजधानी रांची सहित कही भी किसी समय हत्या करने में अपराधी सफल हो जा रहे।
इसे लेकर भाजपा सदन से सड़क तक राज्य सरकार की विफलताओं को उजागर कर रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी राज्य को भय,भूख ,भ्रष्टाचार और कुशासन से मुक्त कराने के संकल्प के साथ संकल्प यात्रा के माध्यम से राज्य के सभी 24 जिलों, 263प्रखंडों की जनता के बीच संकल्पों को साकार करने के लिए आह्वान करेंगे।
यह संकल्प यात्रा सात चरणों में होगी। सभी चरणों के लिए अलग अलग यात्रा संयोजक एवं टोली बनाई गई है।
इस यात्रा की शुरूआत 17अगस्त को झारखंड के अमर शहीद सिदो कान्हो की जन्मभूमि भोगना डीह से शुभारंभ की जाएगी। प्रत्येक दिन दो विधानसभा क्षेत्र में अलग अलग जनसभा होगी। शिवगादी धाम में पूजा अर्चना के बाद प्रदेश अध्यक्ष 17अगस्त को पहली जनसभा बरहेट में करेंगे। पहला चरण 17 से 20अगस्त तक चलेगा जिसमे बरहेट, बोरियो, राजमहल, महगामा, गोड्डा, पोड़ैयाहाट, महेशपुर ,लिट्टीपाड़ा,पाकुड़ की जनसभा होगी।
दूसरा चरण 23अगस्त से 27अगस्त तक निर्धारित है जिसके संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद शर्मा हैं। तीसरा चरण 4 से 6 सितंबर तक आयोजित है जिसके संयोजक विधायक केदार हाजरा बनाए गए हैं। यात्रा का चौथा चरण 9 से 16 सितंबर तक है जिसके संयोजक प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय बनाए गए है।
पांचवें चरण की यात्रा 18 से 24सितंबर तक आयोजित है जिसके संयोजक विनय लाल हैं। छठ्ठे चरण की यात्रा 26 सितंबर से 01अक्टूबर तक होगी जिसके संयोजक गणेश मिश्र हैं। सातवां और अंतिम चरण 3 अक्टूबर से 10अक्टूबर तक होगी जिसके संयोजक प्रदेश महामंत्री एवम मुख्यालय प्रभारी डॉ प्रदीप वर्मा बनाए गए हैं।
Aug 14 2023, 10:07