lucknow

Aug 03 2023, 19:38

*मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत महमूदपुर विद्यालय पहुंची महिला पुलिस की टीम*

लखनऊ। गोसाईगंज सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत बालिकाओं एवं महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन संबंधी जानकारी देने के लिए गुरुवार को गोसाईगंज कोतवाली की महिला पुलिस टीम ने महमूदपुर विद्यालय पहुंच कर सभी का हाल जाना और योजनाओ की जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार गुरुवार को गोसाईगंज कोतवाली की महिला उप निरीक्षक नीरू यादव आरक्षी प्रीती द्विवेदी और विदुषी के साथ पूर्व मध्यमिक विद्यालय महमूदपुर पहुंची। महिला पुलिस ने कक्षाओ में जाकर बालिकाओं से पूछा की किसी को कोई परेशानी तो नहीं है। रास्ता आते जाते कोई परेशान तो नही करता है। उप निरीक्षक नीरू यादव ने बालिकाओं से पुलिस सहायता से संबंधित नंबरों की जानकारी ली। उन्होंने कहा की कोई परेशान करता है तो उस बात को छुपाना नही है बताना है।

महिला पुलिस ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय पोषण मिशन, सामूहिक विवाह योजना तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना साहित महिला हेल्प डेस्क, शक्ति मोबाइल, महिला साइबर सेल के विषय में जानकारी देते हुए बताया की सरकार महिलाओ की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति संकल्परत है।

महिला जवानों ने बालिकाओं और बालको को योजनाओं की जानकारी देते हुए बुकलेट वितरित किया और कहा की सभी बच्चे इनको घरों में जाकर देंगे और पढ़ कर सुनाएंगे।

इंस्पेक्टर गोसाईगंज दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया की महिला उपनिरीक्षक और सिपाही गांवो में जाकर उक्त जानकारी देने के साथ ही महिलाओ का हाल भी जान रही हैं। ब्रेकथ्रू की हिना ने भी बालिकाओं को कई तरह की जानकारी दी।

विद्यालय में प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह, इंचार्ज अध्यापिका नीता यादव, उमा देवी पाल, कुमुद अग्रवाल, रीना यादव, देव नारायण, मनोज तिवारी और राजू शर्मा, भी मौजूद रहे।

lucknow

Aug 03 2023, 19:16

*श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ देने में अधिकारी कोताही न बरतेंः मंत्री अनिल राजभर*

लखनऊ। प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि भारत सरकार और प्रदेश सरकार रोजगार सृजन के लिए निरन्तर प्रयासरत हैं, ताकि यहां के श्रमिकों को रोजगार के अवसर प्राप्त हों, उन्हें रोजगार की तलाश में प्रदेश से बाहर न जाना पड़े।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ श्रमिकों को मिल सके, इसके लिए लेबर अड्डों पर, ब्लॉक और तहसीलों में जागरूता कार्यक्रम, सेमिनार करवाये जायें, जिससे कि योजनाओं का लाभ उन्हें मिल सके।

श्रम मंत्री ने कहा कि ऐसे श्रमिक, जिनका अभी पंजीयन नहीं हुआ है, उनको पंजीयन करने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि बोर्ड के स्तर से योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए स्थाई पदों के सृजन की कार्यवाही शीघ्र करा ली जाय। अनिल राजभर ने यह निर्देश बापू भवन स्थित सभागार में उप्र असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा बोर्ड के कार्यों की समीक्षा के दौरान दिए।

श्री राजभर ने निर्देशित किया कि उत्तर प्रदेश के चयनित जिलों में मुसहर, सहरिया, वनटांगिया और विमुक्त, घुमन्तु जातियों व समुदायों को चयनित करने की कार्यवाही गम्भीरता से की जाय और संवेदनशीलता से डाटा संग्रहण किया जाय। मंत्री जी द्वारा बैठक के दौरान बोर्ड के सभी सदस्यों से यह अपेक्षा की गई कि असंगठित कामगारों के हित में बोर्ड को प्रभावी बनाने हेतु नई योजनाओं के संचालन हेतु विस्तृत अध्ययन कर अपना प्रस्ताव बोर्ड कार्यालय को उपलब्ध कराया जाय।

उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों के बोर्ड द्वारा श्रमिकों के हितों में किये जा रहे कार्यों से भी प्रेरणा ली जाय, ताकि प्रदेश के श्रमिकों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाया जा सके।

प्रमुख सचिव श्रम अनिल कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना एवं एनपीएस ट्रेडर्स के तहत सभी जनपदों को लक्ष्य आवंटित कर दिया गया है। जनपद व मण्डल स्तर पर कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के चयनित जिलों में मुसहर, सहरिया, वनटांगिया और विमुक्त, घुमन्तु जातियों व समुदायों के डाटा संग्रहण की कार्यवाही भी की जा रही है। बैठक में बोर्ड के सदस्यगणों के अलावा श्रम विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहें।

lucknow

Aug 03 2023, 19:13

*सभी अधिकारी ज़ीरो टॉलरेंस नीति के आधार पर कार्य करना करे सुनिश्चित: डीएम*

लखनऊ। आज कलेक्ट्रेट सभागार में ज़िलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार द्वारा राजस्व कार्यो की मासिक समीक्षा बैठक आहूत की गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए की सभी तहसीलों के बाबुओं और लेखपालों की सूची क्षेत्रवार बनाते हुए जनपद की वेबसाइट पर मोबाईल नंबरों सहित अपलोड की जाए।

आमजनमानस को संबंधित कर्मचारी/लेखपाल से संपर्क करने में कठिनाई न हो। उन्होंने कहा की तहसीलों की कार्य प्रणाली एक दम दुरुस्त हो, शिकायत की कोई भी गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए की सभी अधिकारी प्रतिदिन अपने न्यायलय में रहे और प्रतिदिन कोर्ट करे।

सभी उप जिलाधिकारी/तहसीलदार राजस्व संहिता का गहन अध्य्यन करते हुए कोर्ट की कार्यवाहियों में राजस्व सहित की धाराओं का अक्षर अनुपालन करना सुनिश्चित करे। उक्त के साथ ही निर्देश दिए गए की मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के जितने भी प्रकरण लंबित है उनका तत्काल निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाए। उक्त के साथ ही अधिकारियों को राजस्व न्यायलय की वर्किंग में थोड़ा अपग्रेडेशन लाने के निर्देश दिए गए। उक्त के बाद जिलाधिकारी द्वारा बिंदुवार समस्त विषयों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में ज़िलाधिकारी द्वारा निम्नवत दिशा निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया गया की अपर जिलाधिकारी राजस्व एवम वित्त को न्यायलयों के निरीक्षण और मॉनिटरिंग के लिए नोडल बनाया गया है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवम राजस्व प्रतिदिन शाम को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों के साथ कोर्ट की कार्यवाहियों की समीक्षा करेगे। समय समय पर उक्त समीक्षा में जिलाधिकारी द्वारा भी प्रतिभाग करते हुए कोर्ट के प्रकरणों की गहन समीक्षा की जाएगी।

भूमियों की पैमाईश में संबंध में जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए की व्यक्तिगत/एकल खातों वाली भूमियों की पैमाईश धारा 24 में वाद दाखिल कराकर तत्काल कराई जाए और जो संयुक्त खाते है उनकी पैमाईश के लिए पहले बटवारे का वाद दाखिल कराते हुए बटवारा कराने के पश्चात पैमाईश कराई जाए।

बैठक में ज़िलाधिकारी द्वारा IGRS व मुख्यमंत्री संदर्भ के तहत ऑनलाइन प्राप्त होने वाले प्रकरणों की समीक्षा से की गई। ज़िलाधिकारी द्वारा बताया गया की IGRS पोर्टल के मानकों में बदलाव हुआ है। अब प्रकरण प्रतिदिन प्रकरण डिफाल्टर होने और हमे प्रतिदिन डिफाल्टर होने वाले प्रकरणों का निस्तारण उनको डिफाल्टर होने से पहले करना होगा। साथ ही निर्देश दिए गए कि IGRS प्रकरणों के सभी निस्तारण गुणवत्तापूर्ण हो। निस्तारण करते समय यदि आवश्यकता हो तो अपर ज़िलाधिकारियों से निस्तारण के सम्बन्ध में मार्गदर्शन प्राप्त करना सुनिश्चित किया जाए। IGRS के प्रकरणों के सम्बंध में किसी भी प्रकार की शिथिलता को बर्दाश्त नही किया जाएगा। IGRS के प्रकरणों में यदि कोई भी अनियमितता पाई जाती है तो कार्यवाही निश्चित है। समाधान दिवस के प्रकरणों का ससमय गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रकरणों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं को कॉल करके उनका फीडबैक भी लिया जाए।

उक्त के बाद ज़िलाधिकारी द्वारा देयो से सम्बंधित बिंदु की समीक्षा की गई। ज़िलाधिकारी द्वारा वसूली बढ़ाने के निर्देश और अपर जिलाधिकारी वित्त एवम् राजस्व को दोनो तहसीलों की अलग अलग समीक्षा करने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी राजस्व एवम वित्त द्वारा बताया गया की विद्युत देय की वसूली के लिए टीमे गठित कर दी गई है। सभी अधिकारी इस माह शत प्रतिशत वसूली करना सुनिश्चित करे। उक्त के साथ ही स्टांप वाद और रेरा की वसूली टीम बनाकर करना सुनिश्चित की जाए। जो बाकीदार आरसी का भुगतान नहीं कर रहे है उनकी संपत्तियों को सीज करने की कार्यवाही की जाए।

उक्त के बाद जिलाधिकारी द्वारा विभागीय कार्यवाहियों व मेजस्ट्रेशियल जांच के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।

उन्होंने कहा की विभागीय कार्यवाहियों व मेजस्ट्रेशियल जांचो के जितने भी प्रकरण लंबित है तत्काल उनका निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाए। उक्त के साथ ही आर्थिक सहायता के प्रकरणों के संबंध में निर्देश दिए गए की आर्थिक सहायता के प्रकरणों के संबंध में शिथिलता कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही न्यायिक सहायक को निर्देश दिए की उनके द्वारा हर घंटे में पोर्टल चेक किया जाए ताकि जैसे कोई आर्थिक सहायता का प्रकरण प्राप्त हो तो तत्काल उसके संबंध में आवश्यक कार्यवाही की जाए।

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए की सभी तहसीलों को हाईटेक किया जाए। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए की तहसीलों में जितने भी उच्च क्षमता के कम्प्यूटर, प्रिंटर आदि की आवश्यकता है उसकी तत्काल डिमांड दी जाए। सभी तहसीलों में अलग अलग दो सर्विस प्रोवाइडर के हाई स्पीड ब्रॉडबैंड इंटरनेट कनेक्शन की व्यवस्था को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा की तहसील के हर कम्प्यूटर पर हाई स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था होनी चाहिए।

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए की मासिक समीक्षा बैठक के बाद सभी उप जिलाधिकारी अपनी तहसीलों में जाकर लेखपालों के साथ समीक्षा बैठक आहूत करेगे ताकि मासिक समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जो दिशा निर्देश दिए गए है उनका कड़ाई से अनुपालन कराया जा सके।

इस बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन शुभी काकन, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ, समस्त उप ज़िलाधिकारी, समस्त अपर नगर मजिस्ट्रेट, समस्त तहसीलदार व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

lucknow

Aug 03 2023, 17:53

*सरकारी जमीन हड़पने वाले पर लेखपाल ने लिखाई रिपोर्ट*

बाराबंकी / लखनऊ। राजधानी से लगे बाराबंकी जिले में एक दबंग व्यक्ति ने सरकारी अभिलेखों में हेराफेरी कर गांवसभा की एक एकड़ जमीन अपने नाम करा ली थी। फ्राड सिद्ध होने के बाद उक्त जमीन पुन: नवीन परती व बंजर घोषित कर दी गई और अब उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में लेखपाल ने मुकदमा भी दर्ज करवा दिया है।

राजधानी हो या आसपास के जिले हर जगह सरकारी जमीनों पर भू माफियाओं की गिद्ध दृष्टि हमेशा लगी रहती है। ऐसा ही एक मामला बाराबंकी जिले के फतेहपुर तहसील के ग्राम फिरोजपुर अंतर्गत उजागर हुआ था। यहां झंझरी चौराहे के पास गांवसभा की एक एकड़ जमीन जो नवीन परती व बजंर के रूप में थी। उसे पहले तो देवराज नाम के व्यक्ति ने अपने नाम करवा लिया।

इसका पता चलने के बाद तहसील में ये मामला चला और वर्षों बाद साल 2009 में उक्त जमीन देवराज के नाम से निरस्त करते हुए गांवसभा में निहित कर दी गई। कई साल तक देवराज चुप रहे लेकिन 2014 में अचानक से वह खुद कागज लेकर मंडलायुक्त की कोर्ट में पहुंच गये। जहां से ये आदेश प्राप्त किया कि वाद संख्या 944 की एसडीएम पुनः सुनवाई करें। सूत्रों का कहना है कि अभी मामले की सुनवाई हो ही रही थी कि देवराज सिंह से अमित सिंह ने उक्त जमीन का बैनामा करा लिया।

बताया जाता है कि सरकारी कागजों में जो भी हेराफेरी की गई उसके पीछे अमित सिंह ही था। खैर कोर्ट में जब इस जालसाजी का खुलासा हो गया तो उक्त जमीन एक बार फिर से गांवसभा में निहित करते हुए नवीन परती व बंजर घोषित कर दी गई लेकिन जालसाज के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई तब उक्त प्रकरण को लेकर भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति (अ.रा.) लखनऊ के जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र वर्मा ने डीएम बाराबंकी को प्रार्थना पत्र देते हुए अमित सिंह पुत्र ओम प्रकाश सिंह व उनके साथियों पर कानूनी कार्रवाई किये जाने की मांग की थी जिस पर डीएम ने एसडीएम को 15 दिन के अंदर विधिक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया था।

उक्त निर्देश के बाद लेखपाल फिरोजपुर विवेक कुमार सिंह ने देवराज सिंह व अमित सिंह के खिलाफ मोहम्मदपुर थाना में धारा 419, 420, 467, 468 व 471 के तहत मुकदमा दर्ज करवाया है।

lucknow

Aug 03 2023, 10:26

*हर घर तिरंगा अभियान के तहत डाकघरों से होगी तिरंगे ध्वज की बिक्री ,डाकघरों में मात्र 25 रुपए में मिलेगा तिरंगा ध्वज*

लखनऊ।आज़ादी का अमृत महोत्सव के तहत इस बार पुन: हर घर तिरंगा अभियान देश भर में चलाया जायेगा। इस कार्यक्रम में विभाग अपना पूरा सहयोग देते हुए लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, आगरा, प्रयागराज, बरेली गोरखपुर, झांसी, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा सहित प्रदेश के सभी डाकघरों में तिरंगे ध्वज की बिक्री करने का फैसला किया है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा 'हर घर तिरंगा' 2.0 अभियान की घोषणा की गयी है। इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री ने देश के सभी नागरिकों से अपने-अपने घरों में 13 से 15 अगस्त तक तिरंगा फहराने की अपील की है।

उत्तर प्रदेश डाक परिमंडल वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि 'हर घर तिरंगा' 2.0 अभियान में डाक विभाग द्वारा हर घर तिरंगा पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाएगीI इसके तहत ई-पोस्ट पोर्टल पर 1 अगस्त से राष्ट्रीय ध्वज बिक्री हेतु उपलब्ध है, वहीं वाराणसी में विशेश्वरगंज और कैण्ट स्थित प्रधान डाकघर से भी इसकी बिक्री आरम्भ हो गई है। डाकघर से बिक्री हेतु उपलब्ध तिरंगे की माप 20 X 30 इंच है, जिसे लोगों द्वारा मात्र 25/- रूपए में ख़रीदा जा सकता है तथा अपने घर पर लगाया जा सकता है। शीघ्र ही इसे अन्य डाकघरों में भी बिक्री हेतु उपलब्ध कराया जाएगा।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि भारत सरकार द्वारा 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 'हर घर तिरंगा' 2.0 अभियान के अंतर्गत प्रत्येक प्रधान डाकघर में एक सेल्फी पॉइन्ट बनाया जाएग, जिसमें राष्ट्र ध्वज एवं स्वतंत्रता संग्राम पर जारी डाक टिकटों तथा विशेष आवरणों के फिलेटली फ्रेम शामिल होंगे। नागरिकों को इस सेल्फी पॉइन्ट पर सेल्फी लेने के पश्चात , और हैशटैग के साथ इंडिया पोस्ट और अमृत महोत्सव हैंडल को टैग करते हुए सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करने के लिए भी उत्साहित किया जाएगा।

सोशल मीडिया पर अभियान के साथ-साथ डाककर्मियों एवं स्थानीय नागरिकों की भागीदारी के साथ प्रभात फेरी का आयोजन भी किया जाएगा एवं इस दौरान देशभक्ति के गीत बजाए जाएंगे। इसी क्रम में डाक विभाग द्वारा विभिन्न स्कूल, कॉलेजों, अस्पतालों, पुलिस लाइन, पीएसी, सैन्य बलों के कार्यालयों, कोर्ट-कचहरी आदि के साथ साथ सरकारी व निजी क्षेत्र के कार्यालयों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से सम्पर्क कर जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। श्री यादव ने कहा कि डाक कर्मियों द्वारा अपने परिजनों और आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जुड़ने और तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जायेगा।

lucknow

Aug 03 2023, 10:25

*संपत्ति के विवाद में युवक ने पिता व अपने बड़े भाई की घर में की धारदार हथियार से की नृशंस हत्या, बचाने पहुंची मां को भी गंभीर रूप से किया घायल*

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के अकबरपुर नगर में संपत्ति विवाद को लेकर बुधवार सुबह युवक ने धारदार हथियार से पिता व अपने बड़े भाई की घर में ही नृशंस हत्या कर दी। मां को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। उधर घायल मां की तरफ से भतीजे ने बेटे के अलावा दोनों बहू, समधी व उनके पुत्र पर हत्या व जानलेवा हमले का केस अकबरपुर कोतवाली में दर्ज कराया है।

अकबरपुर नगर के प्रसिद्ध सराफा कारोबारी व गहना कोठी के मालिक कृष्णचंद सोनी (61) के घर बुधवार सुबह जघन्य घटना को उनके ही छोटे बेटे रवि ने अंजाम दे डाला। परिवार में चल रहे विवाद के चलते रवि पिछले कुछ समय से परिवार से अलग रह रहा था। बुधवार सुबह वह अकबरपुर नगर के शहजादपुर कोल्ड स्टोरेज के निकट स्थित घर पहुंचा। वहां अगले हिस्से में मौजूद अपने पिता से कहासुनी के बाद उसने धारदार हथियार से उन पर ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या कर दी। मां बचाने पहुंची तो उस पर हमला बोल दिया। जिससे घायल होकर महिला जमीन पर गिर पड़ी।

सूचना पर पहुंची पुलिस से होश में आने के बाद रवि की मां सुनीता देवी ने बताया कि मेरे सामने ही मेरे पति और बड़े बेटे को मार डाला गया। मैं कुछ कर न सकी। मेरे छोटे बेटे रवि, समधी राधेश्याम सोनी, बड़ी बहू ज्योति, छोटी बहू शालिनी और उसके भाई सोनू ने मिलकर दोनों को मारा है। वो लोग सुबह ही घर आ गए थे। उन्होंने पहले मेरे पति को मारा। फिर मैं पहुंची, तो मेरे ऊपर हमला कर दिया। इसके बाद बड़ा बेटा आनंद आया, तो उसकी भी हत्या कर दी।सुनीता अंबेडकरनगर में हुए पिता-पुत्र के डबल मर्डर केस की चश्मदीद गवाह है।

मृतक कृष्ण चंद्र की पत्नी के बयान और भतीजे दीपक सोनी की तहरीर पर पुलिस ने छोटे बेटे रवि, समधी राधेश्याम सोनी, बड़ी बहू ज्योति, रवि की पत्नी शालिनी और राधेश्याम के बेटे सोनू के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज की है। इस मामले में एएसपी संजय राय ने कहा कि मामले को लेकर पुलिस की जांच-पड़ताल जारी है। जल्द से जल्द सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। इसके लिए टीमों का गठन किया गया है। टीम लगातार दबिश दे रहे है। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। दोहरे हत्याकांड की चीख अंबेडकरनगर की सीमा से निकलकर अयोध्या मंडल तक गूंजी। जानकारी होते ही आईजी अयोध्या मंडल प्रवीण कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने बातचीत के दौरान बताया कि संपत्ति विवाद के चलते पिता व पुत्र की हत्या हुई है।

lucknow

Aug 03 2023, 09:15

*हरियाणा में हिंसा के बाद उत्तर प्रदेश में भी अलर्ट जारी, हरियाणा से सटे जिलों में पुलिस की बढ़ा दी गई गश्त*

लखनऊ । हरियाणा में हिंसा के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। हरियाणा से सटी हुए जिलों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।यूपी में प्रवेश करने वालों और गाड़ियों का ब्यौरा तैयार किया जा रहा है। सोमवार रात से ही बिड़ौली और कैराना बॉर्डर पर पुलिस चेकिंग तेज कर दी गई है। जिसकी लगातार डीजीपी मुख्यालय से नजर रखी जा रही है।

स्पेशल डीजी लॉ एण्ड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने बताया कि सोमवार को हरियाणा के नूह में भड़की हिंसा को देखते हुए यूपी में पुलिस अलर्ट मोड पर है।क्योंकि हिंसा का प्रभाव उत्तर प्रदेश में न हो, इसके लिए सीमा पर गश्त और चौकसी बढ़ी दी गई।मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, सहारनपुर, मुजफ्फर नगर, मेरठ, बागपत, हापुड़, अलीगढ़, शामली के अलावा नोएडा में पुलिस को खास सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

वहीं मुरादाबाद मण्डल को अलर्ट भी जारी किया गया है। हरियाणा की ओर से आने वाले इन जिलों में वाहनों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।साथ ही नाम पता और मोबाइल नम्बर भी नोट किया जा रहा है। नूंह से यूपी में प्रवेश होने आसान रास्ता कैराना हो सकता है, लिहाजा यहां पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

lucknow

Aug 03 2023, 09:12

*नशे में धुत सिपाही ने अपनी सर्विस पिस्टल तानकर युवक को गोली मारने की दी धमकी*

लखनऊ। राजधानी के पारा थाना क्षेत्र स्थित सूर्य नगर क्रासिंग के पास मामूली विवाद के बाद एक नशे में धुत सिपाही ने अपनी सर्विस पिस्टल तानकर युवक को गोली मारने की धमकी दी। बोला-मैं क्या करूंगा...बताऊं... इतना कह नशे में धुत सिपाही ने सर्विस पिस्तौल निकाली ली और सामने वाले को गोली मारने की धमकी दी।नशे में धुत सिपाही को राहगीरों ने पकड़कर किसी तरह से शांत कराया, लेकिन वह दोबारा पिस्टल लेकर युवक को दौड़ा लिया। जिससे वहां पर हड़कंप मच गया।भीड़ जुटने पर धमकी देते हुए भाग निकला। देर रात वीडियो वायरल होने पर डीसीपी पश्चिम ने पूरे मामले की जांच एसीपी काकोरी अनूप कुमार को सौंप दी है। वहीं उसके निलंबन की संस्तुति गोण्डा के एसपी अंकित मित्तल से की है।

पारा के डॉक्टर खेड़ा स्थित सोनियानगर निवासी बलवंत सिंह तोमर उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही है। वह गोंडा में तैनात है। बुधवार को वह घर आया था। इधर, उन्नाव के औरास का रहने वाला विजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गोविंद राजाजीपुरम में किसी काम से आया था। रात में घर लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 9.30 बजे सूर्यनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास नशे में धुत सिपाही बलवंत ने विजेंद्र के पैर में बाइक चढ़ा दी। इससे दोनों में विवाद हो गया।

 स्थानीय लोगों ने विजेंद्र का सपोर्ट करते हुए सिपाही को हटाने का प्रयास किया तो वह बौखला गया। उसने सर्विस पिस्तौल निकाल ली। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। इस बीच कुछ लोगों ने सिपाही की वीडियो बना ली और इसे वायरल कर दिया।मामले में एडीसीपी पश्चिम चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि सिपाही गोंडा में तैनात है। सोनियानगर में परिवार रहता है। शुरुआती पड़ताल में सामने आया कि वह अवकाश पर आया है। पिस्तौल सरकारी है या निजी इसकी जांच की जा रही है। जांच एसीपी काकोरी अनूप सिंह को सौंपी गई है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई होगी।

lucknow

Aug 03 2023, 09:07

*क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर 75 हजार की ठगी, साइबर क्राइम सेल ने कराया वापस*

लखनऊ । साइबर क्राइम सेल द्वारा शिकायतकर्ता एम. गंगाधरम से साइबर ठगी किये गये 73,194 रुपये वापस कराये गये ।पुलिस आयुक्त द्वारा साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपराध में संलिप्त वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी व अपराध के रोक थाम के आदेश के क्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कमिश्नरेट, पुलिस उपायुक्त (अपराध), अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) के मार्गदर्शन में व सहायक पुलिस आयुक्त साइबर क्राइम के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम सेल प्रभारी सतीश साहु के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता से साइबर अपराधियों के द्वारा ठगे गये कुल 73,194 रुपये को शिकायतकर्ताओं के खाते में पुनः वापस कराया गया है।

साइबर क्राइम सेल प्रभारी ने बताया कि शिकायतकर्ता एम.गंगाधरम निवासी लखनऊ के द्वारा 29 जून को एक प्रार्थनापत्र साइबर क्राइम सेल में दिया गया था। जिसमें अंकित तथ्यों के अनुसार शिकायतकर्ता के पास क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी कर उनके क्रेडिट कार्ड से 75,000 रुपये निकाल लिये गये। शिकायतकर्ताओं द्वारा साइबर सेल में दिये गये प्रार्थनापत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगों के फ्रॉड की गयी धनराशि में से 73,194 रुपये शिकायतकर्ता के खाते मे वापस करायी गयी है। साइबर क्राइम सेल के द्वारा की गयी कार्यवाही के कारण शिकायतकर्ता अत्यन्त प्रसन्न हैं तथा पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ को धन्यवाद प्रकट किया है। साथ ही अपील किया कि क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने रिवार्ड प्वांइट के लिए किसी भी बैंक व संस्था द्वारा फोन नही किया जाता है, क्रेडिट लिमिट/रिवार्ड प्वांइट नियमानुसार एप्प के माध्यम से ही बढ़ / रिडीम किये जा सकते हैं, किसी के भी द्वारा फोन करने पर अपनी निजी जानकारी साझा/कोई भी एप्प (एनीडेस्क / क्वीक सपोर्ट आदि स्क्रीन शेयरिंग एप्प) डाउनलोड न करें।

lucknow

Aug 03 2023, 08:49

*गोसाईगंज में गार्ड व गोमतीनगर में प्रापर्टी डीलर फांसी पर झूला ,दोनों युवक थे अविवाहित, खुदकुशी का कारण स्पष्ठ नहीं*

लखनऊ । राजधानी के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में गार्ड और गोमतीनगर में प्रापर्टी डीलर ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों ने खुदकुशी क्यों किया इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है और न ही मौके पर कोई सुसाइड नोट मिला है। इनके परिजन भी कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं है। पुलिस ने दोनों का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।

पहली घटना गोसाईगंज की है। मोहित निवासी सीफतनगर सैनिक ढाबा के पीछे ने गोसाईगंज पुलिस को सूचना दिया कि बुधवार को उसके चचेरे भाई पवन कुमार यादव उम्र करीब 23 वर्ष ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया है। सूचना पर उप निरीक्षक अजीत कुमार पाण्डेय मौके पर पहुंचे। उनके द्वारा बताया गया कि मृतक पवन कुमार पुत्र केशव यादव ने गांव के बाहर आम के पेड़ से नायलॉन की रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा लिया। मृतक अंसल में गार्ड की नौकरी करता था तथा अविवाहित था। दूसरी घटना थाना गोमतीनगर की है।

ललित कुमार सिंह पुत्र राजेंद्र बहादुर सिंह निवासी विशाल खंड गोमतीनगर ने पुलिस को सूचना दिया कि वह और उसकी पत्नी छत पर सोये हुए थे। मकान के प्रथम तल पर उनका पुत्र निखिल सिंह उम्र करीब 27 वर्ष जो कि अकेला रहता था। एक अगस्त की रात्रि में अपने कमरे में पंखे से साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया है। सूचना पर उप निरीक्षक कपिल कुमार मौके पर पहुंचे। उनके द्वारा बताया गया कि मृतक प्रापर्टी का काम करता था और अविवाहित था। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।