Rohtas

Jul 17 2023, 18:01

अमझोर थाना से एक जंगली वज्रशल्क गायब, खोजबीन में जुटी पुलिस

रोहतास: जिले के अमझोर थाना परिसर से रविवार की रात एक जंगली वज्रशल्क यानी पंगोलीन गायब हो गया। बताया जाता है कि अमझोर थाना क्षेत्र के रामडीहरा गांव से एक जंगली वज्रशल्क को पुलिस ने पकड़ कर थाने ले आई तथा थाने के एक कमरे में बंद कर दिया।

 लेकिन मध्य रात्रि में पंगोलीन कब गायब हो गया किसी को पता नही चला। ज्ञात हो कि वज्रशल्क यानी पंगोलीन फोलिडोटा गण का एक स्तनधारी प्राणी है। इसके शरीर पर केराटिन के बने शल्क (स्केल) नुमा संरचना होती है। जिससे यह अन्य प्राणियों से अपनी रक्षा करता है। पैंगोलिन ऐसे शल्कों वाला अकेला ज्ञात स्तनधारी है। जो अफ़्रीका और एशिया में प्राकृतिक रूप से पाया जाता है। इसे भारत में सल्लू साँप भी कहते हैं। 

हालांकि इनके निवास वाले वन अब शीघ्रता से काटे जा रहे हैं और अंधविश्वासी प्रथाओं के कारण इनका अक्सर शिकार भी किया जाता है, जिसकी वजह से पैंगोलिन की सभी जातिया अब संकटग्रस्त मानी जाती हैं और उन सब पर विलुप्ति का ख़तरा भी मंडरा रहा है। 

वहीं इस संदर्भ में थानाध्यक्ष केके केसरी ने बताया कि ग्रामीणों से मिली सूचना पर पुलिस ने वज्रशल्क को पकड़ कर थाने के एक कमरे में बंद कर दिया था। लेकिन वज्रशल्क कमरे से कब चला गया पता नही चला।

 उन्होंने बताया कि थाना में लगे सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से उक्त जानवर को मध्य रात्रि में रूम से बाहर निकलकर पीछे घने लगे घास में जाते हुए देखा गया है। जिसकी खोजबीन जारी है। 

जबकि वनपाल अमित कुमार ने बताया कि वज्रशल्क को अमझोर पुलिस द्वारा पकड़े जाने की सूचना मिलते हीं त्वरित कार्यवाई करते हुए थाना पहुंचा तो पता चला कि उक्त जानवर रात्रि में ही भाग गया। जिसे थाने की मदद से खोजा जा रहा है।

Rohtas

Jul 17 2023, 17:57

रोहतास: नहर में डूबने से एक यूवक की मौत, एसडीआरएफ की मदद से खोजबीन जारी

रोहतास: जिले के डेहरी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहन बीघा निवासी विशाल सिंह की नहर में डूबने से मौत हो गई है। घटना के बारे में परिजनों ने बताया कि विशाल सिंह सोमवार की सुबह शौच करने के लिए कैनाल रोड स्थित नहर की तरफ गया था।

 इसी दौरान उसके पैर फिसला और नहर की तेज धारा में चला गया। जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि इस घटना के बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। 

जिसके पश्चात शव की खोजबीन के लिए प्रयास शुरू किया गया। वहीं नहर में ज्यादा पानी होने एवं तेज बहाव के कारण डेहरी एसडीएम की मदद से एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। 

जिसकी मदद से खोज बिन का प्रयास किया जा रहा है। बता दें कि घटना के 8 घंटे बीत जाने के बाद भी अभी तक शव को नहीं निकाला गया है। जबकि एसडीआरएफ की टीम लगातार प्रयास में जुटी हुई है।

Rohtas

Jul 17 2023, 17:03

बैंक लूट कांड मामले में एक अपराधी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रोहतास। बिक्रमगंज एसडीपीओ शशि भूषण सिंह ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में एक प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि रोहतास पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में अपराध-नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु अपराध कर्मियों की धर-पकड़ एवं गिरफ्तारी को लेकर लगातार विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। श्री सिंह ने कहा कि मध्य बिहार ग्रामीण बैंक काराकाट में कैसियर आदि को आग्नेयास्त्र का भय दिखाकर लूटपाट करने के प्रयास में कांड अंकित किया गया था।

जिसे पुलिस अधीक्षक ने मामले में फरार चल रहे अपराध कर्मी की गिरफ्तारी हेतु मेरे नेतृत्व में परिक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद आदिल बिलाल नासरीगंज अंचल एवं काराकाट थानाध्यक्ष आदित्य कुमार को निर्देशित किया। तत्पश्चात सूचना संकलन किया गया तो पता चला कि इस कांड के अप्राथमिकी अभियुक्त संतोष कुमार मेहता पिता उपेंद्र मेहता साकिम अपकी थाना कसमा जिला औरंगाबाद अपने गांव आए हुए हैं।

जिसे परिक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में ग्राम अपकी से उक्त अपराध कर्मी को गिरफ्तार किया गया तथा शेष अपराध कर्मी के विरुद्ध उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि इस कांड में पूर्व में दो अपराध कर्मी ददन राम

पिता स्वर्गीय शिव भरत राम साकिम समहुता तथा अलबेला उपाध्याय पिता मालधन उपाध्याय साकिम ओसांव दोनों थाना कछवां जिला रोहतास को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। एसडीपीओ ने कहा कि गिरफ्तार उक्त अपराधी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। जो पूर्व के कई मामलों में भी जेल जा चुका है।

Rohtas

Jul 16 2023, 19:19

लोजपा(रामविलास) चली गांव की ओर' कार्यक्रम के तहत अनुमंडल स्तरीय कार्यकर्ता बैठक हुआ आयोजित

रोहतास : लोक जनशक्ति पार्टी(रामविलास) चली गांव की ओर' कार्यक्रम के तहत आज रविवार को अनुमंडल स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक विक्रमगंज शहर के शिव कंपलेक्स में आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता पार्टी जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह एवं संचालन बिक्रमगंज प्रखंड अध्यक्ष सूरज पासवान ने की। 

2025 में बिहार में लोजपा (रामविलास) की सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी और लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान मुख्यमंत्री होंगे। उक्त बातें शहर के शिव कंपलेक्स के सभागार भवन में प्रदेश उपाध्यक्ष सह रोहतास जिला पार्टी प्रभारी विष्णु पासवान ने कही। 

लोजपा(रामविलास) चली गांव की ओर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला प्रभारी श्री पासवान ने प्रखंड अध्यक्ष को टास्क दिया कि केंद्र एवं राज्य प्रायोजित योजनाओं का संकलन कर एक माह के अंदर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को दें। साथ हीं पार्टी के बूथ कमेटी का गठन करने का भी आह्वान किया। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिनारा विधानसभा के पार्टी के पूर्व प्रत्याशी अजीत राय ने कहा कि हमारे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का निर्देश है कि बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट के तहत हम लोगों की पार्टी गांव की ओर चलकर सरकार द्वारा चलाए जा रहे सारी योजनाएं लोगों तक पहुंचा कि नहीं इसकी जानकारी देंगे। 

उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कहना है कि इसके लिए हम सबों को आम लोगों की समस्याओं को सुनकर उनकी समस्याओं को निजात दिलाने के लिए गांव व प्रखंड सहित अन्य आला अधिकारियों तक पहुंच कर समस्याओं का निदान कराते हुए विकास कार्यो को धरातल पर लाकर जन-जन तक पहुंचाना है। 

कार्यक्रम में उपस्थित पार्टी के प्रदेश महासचिव सह रोहतास जिला के सह प्रभारी हरिहर पासवान ने सतेंद्र राम, विनोद साह, अजीत कुमार, विजय साह, राहुल कुमार सहित दर्जनों लोगों को पार्टी में शामिल कराया गया। मौके पर पार्टी के प्रदेश सचिव नारायण साह, पार्टी के युवा जिलाध्यक्ष मनीष राज, उमाशंकर पासवान, धर्मेंद्र पासवान, रवि शंकर पासवान, राम इकबाल पासवान, लक्ष्मण पासवान, अयोध्या पासवान, सुरेंद्र पासवान, पप्पू सिंह, जय चटर्जी, श्रीभगवान सिंह, हरेंद्र पासवान, हरेराम पासवान, पुष्पा शर्मा, आदित्य पांडेय, बादशाह पासवान, राजेंद्र पासवान सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता लोग मौजूद थे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 16 2023, 18:27

आशा कार्यकर्ताओं ने निकाला पैदल मार्च

रोहतास : आशा कार्यकर्ताओं ने अपने अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान रविवार को सरकार के विरुद्ध विरोध पैदल मार्च निकाला। यह पैदल मार्च स्थानीय पीएचसी से मुख्य बाजार फलदुकान चौक होते हुए तिलौथू जगदेव चौक तक निकाला गया। जहाँ से पुनः लौटकर अपने गंतव्य स्थान पीएचसी पहुँचकर विरोध मार्च समाप्त हुआ। इस विरोध मार्च में सरकार विरोधी नारे भी लगाए जा रहे थे। 

हड़ताल के चलते पांचवें दिन भी स्वास्थ्य विभाग का ओपीडी, टीकाकरण एवं प्रसव पूर्णतः प्रभावित रहा। 

प्रखंड अध्यक्ष देवन्ति देवी ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं के 9 सूत्री मांगों को अगर सरकार द्वारा नहीं माना गया तो अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगा। 

विरोध मार्च के दौरान संघ की सचिव उर्मिला देवी, उप सचिव पुनिता कुँवर, कोषाध्यक्ष अनिता सिंह, सरिता देवी, मंगली देवी, देवन्ति देवी, शंकुतला देवी, प्रियंका चौधरी, फैसिलेटर प्रतिमा देवी, कुन्ती देवी समेत सभी आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 16 2023, 17:41

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का मनाया गया 95 वां स्थापना दिवस

रोहतास : कृषि विज्ञान केंद्र बिक्रमगंज द्वारा रविवार को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर तकनीक दिवस का आयोजन किया गया। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद इस वर्ष 95 वां स्थापना दिवस मना रहा है। इसी कार्यक्रम के तहत आज तकनीक दिवस का आयोजन किया गया था तथा यह कार्यक्रम आगे भी 2 दिनों तक जारी रहेगा। 

कार्यक्रम में कोचस, बिक्रमगंज एवं सूर्यपुरा प्रखंड के 50 किसानों ने भाग लिया। इस दौरान किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र धनगाई के फार्म में नई तकनीक से लगे हुए धान फसल के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। धान की सीधी बुवाई बिना कदवा एवं रोपनी के 17 जून को की गई थी। जिसे देखकर किसान प्रेरित हुए। 

उन्होंने इसमें खरपतवार निवारण की जानकारी प्राप्त की। केंद्र के द्वारा आम के प्रभेद आम्रपाली, मल्लिका, मालदा वर्मी कंपोस्ट, एजोला, कड़कनाथ मुर्गा प्रजाति, मत्स्य बीज, मशरूम बीज इत्यादि तकनीक किसानों हेतु उचित मूल्य पर उपलब्ध है। कृषि यंत्र कृषि विज्ञान केंद्र के द्वारा भी भाड़े पर इस्तेमाल हेतु दिए जाते हैं, जैसे हैप्पी सीडर, कंबाइन हार्वेस्टर, ट्रैक्टर चालित स्प्रेयर इत्यादि। 

कार्यक्रम में उपस्थित प्रोफेसर एवं प्रधान डॉ शोभा रानी ने किसानों को फसल विविधीकरण एवं कृषि में फसल के अलावे पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यान इत्यादि कृषि कार्यों को करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने केंद्र द्वारा चलाए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं मोटे अनाज के ऊपर चलाए जा रहे प्रत्यक्षण कार्यक्रम की जानकारी कृषकों को दी। 

आर के जलज मत्स्य वैज्ञानिक ने मत्स्य पालन एवं मुर्गी पालन में उपलब्ध सरकारी योजनाओं की जानकारी किसानों को दी। उद्यान वैज्ञानिक डॉ रतन कुमार ने सभी कृषकों को फार्म में उपलब्ध तकनीकों की विस्तृत जानकारी मुहैया कराया एवं फलदार पौधे तैयार करने की विधि की जानकार दी। 

कृषकों में अशोक कुमार, आशुतोष सिंह, महेंद्र चौबे, सर्वेश पटेल, प्रियंका देवी, कुंती देवी, राजमुनि कुंवर, रंभा कुमारी सहित अन्य किसान व कर्मी उपस्थित थे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 16 2023, 17:40

भाजपा नेताओं पर हुए लाठीचार्ज को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ने व्यक्त की तीखी प्रतिक्रिया, सरकार पर लगाए कई गंभीर आरोप

रोहतास : विधानसभा मार्च के दौरान बीते दिनों पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज में गंभीर रूप से घायल भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह काराकाट लोकसभा क्षेत्र प्रभारी त्रिविक्रम नारायण सिंह ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है। 

आज रविवार को गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेता त्रिविक्रम नारायण सिंह ने कहा कि बिहार के युवाओं एवं शिक्षक अभ्यर्थियों के समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा मार्च कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर जिस तरह से सरकार के इशारे पर लाठी डंडे बरसाए गए उससे प्रतीत हो रहा था कि सरकार भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या करना चाहती हो और हुआ भी यही। इस दौरान हमारे एक कार्यकर्ता की मौत भी हो गई तथा सैकड़ों कार्यकर्ता घायल हो गए। जिसका मैं खुद साक्षी हूं।

कहा कि मैं बैरिकेड से लगभग 200 मीटर पीछे दूर खड़ा था लेकिन मेरे सर पर पीछे से डंडे बरसाए गए। जिससे मेरा सर फट गया और 14 टांके लगाने पड़े। उन्होंने कहा कि आप एक भी वीडियो फुटेज नहीं दिखा सकते जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहीं भी उपद्रव किया हो। बल्कि ऐसे कई वीडियो फुटेज सामने आए हैं जिसमें साफ तौर से देखा जा सकता है कि पुलिस ने कितनी बर्बरता से महिला, वृद्ध एवं भाजपा के वरीय पदाधिकारियों को गिरने के बाद भी पीटा है। 

श्री सिंह ने कहा कि न्याय के साथ विकास की बात करने वाले नीतीश कुमार ये कैसा न्याय कर रहे हैं उन्हें इसका विश्लेषण करना चाहिए। लोकतंत्र में अगर प्रतिरोध एवं अपनी मांगों को रखने की भी जगह ना रहे तो इस लोकतंत्र का कोई मतलब नहीं। यह जंगलराज 3 की वापसी है और अगर नीतीश कुमार की तुलना जनरल ओ डायर से की जाए तो अतिश्योक्ति नहीं होगी। साथ हीं श्री सिंह ने कहा कि यह गर्व की बात है कि हमारा खून बिहार के युवाओं के लिए बहा है तथा मैं अपने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को विधानसभा मार्च के दौरान हुए लाठीचार्ज के बावजूद भी दिखाए गए धैर्य के लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं। 

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील चंद्रवंशी, जिला महामंत्री विजय सिंह, प्यारेलाल ओझा, अशोक शाह, विवेक सिंह, मीडिया प्रभारी ई पुलकित सिंह, बबल कश्यप, नवीनचंद शाह, रोहित राज, शशिभूषण प्रसाद, आर्यन सिंह, दीपक कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 15 2023, 17:20

रोहतास: भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा का एक दिवसीय धरना

रोहतास: विधानसभा मार्च के दौरान पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की रोहतास जिला इकाई ने जिला समाहरणालय के समक्ष महागठबंधन सरकार के खिलाफ एक दिवसीय धरने का आयोजन किया। जिसकी अध्यक्षता सुशील चंद्रवंशी व् संचालन जिला महामंत्री अशोक शाह ने किया।

 धरने को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुशील चंद्रवंशी ने कहा कि महागठबंधन की सरकार गूंगी एवं बहरी हो गई है। शिक्षक अभ्यर्थियों के समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा मार्च कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज कर नीतीश सरकार ने लोकतंत्र की हत्या कर दी है। उन्होने कहा की बंगाल का सीधा असर अब बिहार पर भी पड़ने लगा है। धरने में शामिल होने आए भाजपा एमएलसी संतोष सिंह ने कहा कि शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से विधान सभा मार्च कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर जिस तरह से बिहार सरकार के पुलिसिया गुंडों ने लाठी डंडे बरसाए उससे प्रतीत हो रहा था कि जैसे हम लोग आतंकवादी होंं। 

इस दौरान पुलिस के डंडे से घायल एक भाजपा कार्यकर्ता की मौत भी हो गई तथा सैकड़ों कार्यकर्ता घायल हो गए। जिसके विरोध में बिहार के सभी जिला मुख्यालयों पर भारतीय जनता पार्टी ने आज एक दिवसीय धरने का आयोजन किया है। वहीं कार्यकर्ता की मौत पर उन्होंने कहा कि वीडियो गवाह है कि किस तरह पुलिस द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठी डंडे व वाटर कैनन छोड़े जा रहे थे। जब भाजपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा मार्च कर रहे थे तो आखिर उनके ऊपर लाठियां क्यों बरसाई गई।

 उन्होंने बिहार सरकार को चैलेंज करते हुए कहा कि एक भी वीडियो हमें दिखा दीजिए जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं ने मार्च के दौरान अमर्यादित व्यवहार किया हो। जबकि धरने में शामिल एमएलसी जीवन कुमार ने कहा कि जब जब जनता के ऊपर लाठियां एवं गोलियां चली है तथा लाठियों के बल पर लोकतंत्र व संविधान को कुचलने का प्रयास किया गया है तब तब जनता ने उन्हें गद्दी से बेदखल किया है। शिक्षक अभ्यर्थियों के हित में भाजपा कार्यकर्ता का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। 

उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व नियोजित शिक्षकों को राज्य कर्मी का दर्जा देने का वादा किया गया था। लेकिन जब भाजपा नियोजित शिक्षकों के समर्थन में खड़ी हुई तो सरकार ने उनके कार्यकर्ताओं की हत्या करने का प्रयास किया है। 

धरना प्रदर्शन के दौरान सासाराम लोकसभा प्रभारी हरेराम चंद्रवंशी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद सिंह, जिला महामंत्री अशोक शाह, विजय सिंह, शरदचंद संतोष, सतेन्द्र सिंह, रामायण पासवान, जिला प्रवक्ता संजय कश्यप, सत्यनारायण पासवान, राजीव रंजन सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिषेक तिवारी, नंदजी गुप्ता, इंद्रजीत सिंह, जन्मंजय सिंह, सनीदेवल चंद्रवंशी, कौशल श्रीवास्तव, बृजनंदन कुशवाहा, वंशीधर सेठ, मुना कुमार, रजनीश वर्मा, परमेश्वर सिंह, राकेश श्रीवास्तव, संजय कुमार, मृत्युंजय शुक्ला, विकाश तिवारी, भोला कुमार समेत सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।

Rohtas

Jul 14 2023, 19:29

वज्रपात की चपेट में आने से किसान की मौत, परिवार मे मचा कोहराम

रोहतास : जिले के करगहर थाना क्षेत्र अंतर्गत मथुरापुर गांव मे शुक्रवार को खेत मे काम कर रहे एक किसान कि वज्रपात से मौत हो गई है। 

बताया जाता है कि कल्याणपुर पंचायत के मथुरापुर गांव के 12 नंबर वार्ड सदस्या मीना देवी के पति सुग्रीव पासी अपने खेतों मे कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश व गर्जन के बीच अचानक उनपर ठनका गिर गया। जिससे वे बुरी तरह झुलस गए। 

हालांकि आनन-फानन में परिजनों ने उन्हे सासाराम के सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। लेकिन चिकित्सकों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। 

मृतक 48 वर्षीय सुग्रीव पासी पिता रामबचन पासी के पुत्र बताये जाते है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Jul 14 2023, 19:09

स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बुरे बर्ताव के कारण अकोढ़ीगोला पीएचसी प्रभारी का हुआ स्थानांतरण

रोहतास : पिछले महीने अकोढ़ी गोला प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक पदाधिकारी डॉक्टर (मेजर) पिंकू कुमार का अन्य कर्मियों के साथ बुरे बर्ताव एवं लड़की डिमांड की बात सामने आने के बाद रोहतास सिविल सर्जन डॉक्टर के एन तिवारी ने डॉ मेजर पिंकू कुमार को स्थानांतरित कर दिया है। 

सिविल सर्जन ने स्थानान्तरण का पत्र जारी करते हुए बताया है कि अकोढ़ी गोला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर मेजर पिंकू कुमार के अधीनस्थ कार्यरत कर्मियों के साथ आपसी सामंजस्य स्थापित नहीं होने के कारण उन्हें प्रशासनिक दृष्टिकोण से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अकोढ़ी गोला के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के पद से मुक्त करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संझौली की जाती है। 

साथ हीं उक्त स्थान का प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्य बाधित ना हो इसको देखते हुए उक्त संस्थान में इनके बाद वरीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर शाइस्ता परवीन को प्रभारी चिकित्सा अधिकारी नियुक्त किया गया है। 

सिविल सर्जन ने पत्र के माध्यम से निर्देश दिया है कि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मेजर पिंकू कुमार अविलम्ब संझौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर अपना योगदान सुनिश्चित करें। वहीं डॉक्टर शाइस्ता परवीन को भी निर्देशित किया गया कि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी निकासी एवं व्यय अधिकारी का प्रभार ग्रहण करते हुए अपने कर्तव्य एवं दायित्व का निर्वाह निष्ठा पूर्वक करना सुनिश्चित करें।  

बता दें कि पिछले महीने अकोढ़ी गोला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मेजर पिंकू कुमार को लेकर एक ऑडियो वायरल हुआ था। जिसमे उनके लिए लड़के सप्लाई की बात की गई थी। इसके अलावा अस्पताल में शराब पीने का मामला भी प्रकाश में आया था। मामला इतना तूल पकड़ लिया कि स्थानीय विधायक फतेह बहादुर अस्पताल पहुंचकर 4 से 5 घंटे तक सभी कर्मियों से बारी-बारी से ऑडियो एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के दुर्व्यवहार के बारे में जानकारी लिया था।  

सारी वस्तु स्थिति की जानकारी लेने के बाद विधायक ने उक्त डॉ पर कार्रवाई करने के लिए भी अनुशंसा किया था। इसी के आलोक में रोहतास सिविल सर्जन ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को वहां से स्थानांतरित कर दिया है। 

हालांकि स्थानांतरण के बाद वहां कार्यरत अन्य कर्मी स्वास्थ्य विभाग पर सवाल उठने लगे हैं। वहां के अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की माने तो जिला स्वास्थ समिति द्वारा डॉ मेजर पिंकू कुमार को बचाने का प्रयास किया जा रहा है, क्योंकि डॉक्टर मेजर रिंकू कुमार ने स्वयं अस्पताल में शराब पीने की भी बात स्वीकार की थी और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने अपने साथ दुर्व्यवहार का भी शिकायत विधायक से किया था। जिसमें लड़की सप्लाई का भी मामला जोरों पर था।

रोहतास से दिवाकर तिवारी