दिल्ली में यमुना का रौद्र रूप, लागातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण बाढ़ से हालात, कई इलाके डूबे
#delhi_flood
![]()
लगातार बारिश, ग्लेशियर टूटने और बादल फटने के चलते पहाड़ों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। यमुना का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का संकट गहरा गया है। दिल्ली में गुरुवार की सुबह 7 बजे यमुना नदी का जलस्तर 208.46 मीटर दर्ज किया गया। जबकि बीते बुधवार की दोपहर 1 बजे नदी बाढ़ के उच्चतम रिकॉर्ड 207.49 मीटर को पार कर गयी थी।
दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से करीब 2 मीटर ऊपर बह रही है। इसका मुख्य कारण है हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से लगातार पानी छोड़े जाना है। हथिनी कुंड बैराज से तीन लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद यमुना नदी में जलस्तर का बढ़ना जारी है। बता दें कि सन 1900 के बाद पहली बार है कि जब यमुना का जल स्तर 207.49 को पार कर गया है। इससे पहले 1978 में आखिरी बार यमुना का स्तर सबसे अधिक दर्ज हुआ था। तब 207.49 मीटर था।
करीब 16 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया
यमुना में पानी का जलस्तर बढ़ने की वजह से कई इलाकों में पानी भरने की सूचना है। दिल्ली में यमुना के पास बसे गांव पानी में डूब गए हैं। यमुना किनारे एरिया में देर रात भारी तादाद में पानी घरों के अंदर घुस गया। आनन-फानन में लोग अपना जरूरत का सामान निकालकर सड़क पर आ गए। सैकड़ों परिवार अपने बच्चों के साथ बांध पर बनी सड़क पर रहने को मजबूर हैं।यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन के लिए जाने वाला अप्रोच रोड भी पानी में डूब गया। बाहरी रिंग रोड पर पानी भरने की वजह से सड़क बंद कर दी गई है, जबकि मजनू का टीला से लेकर आईटीओ तक के रास्ते पर भी जलजमाव हुआ है। गुरुवार सुबह तक चंगी राम अखाड़ा, मजनू का टीला, मोनेस्ट्री मार्केट, लोहा पुल, निगम बोध समेत आसपास के इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। राजधानी में करीब 16 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।
*कई सड़कें जलमग्न
अगर ग्राउंड जीरो की बात करें तो दिल्ली आईटीओ, राजघाट की ओर जाने वाली सड़क, आउटर रिंग रोड, यमुना बाजार और लोहा पुल के पास पानी भरा है। दिल्ली आईटीओ के नज़दीक आईपी स्टेडियम और राजघाट की ओर जाने वाली सड़क पर भी जलजमाव देखने को मिल रहा है। इनमें यमुना बाज़ार सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र है, अब यहा कॉलोनी में तेज़ धार से पानी भरता जा रहा है। कल तक लोग जिस सड़क से लोहा पुल तक पहुंच सकते थे, वो आज पूरी तरह जलमग्न हो चुकी है। आउटर रिंग रोड पर यमुना के किनारे वाले तमाम मकान और मंदिरों में पानी भर चुका है।
कल से घटना शुरू हो सकता है यमुना का जलस्तर
हथिनी कुंड बैराज से पिछले 24 घंटे में पानी छोड़ने की रफ्तार कम हुई है पिछले 24 घंटे में करीब 1.5 लाख क्यूबिक फीट प्रति सेकेंड की रफ्तार से पानी छोड़ा जा रहा है जबकि मंगलवार रात 9 बजे तक 3.50 लाख क्यूसेक पानी थोड़ा जा रहा था. इस लिहाज से दिल्ली में कल से जलस्तर घटना शुरू हो सकता है।
Jul 13 2023, 11:24