राहुल गांधी ने शेयर किया सोनिया और प्रियंका संग बातचीत का वीडियो, पिता राजीव की सुरक्षा हटाए जाने पर उठाए सवाल
#rahulgandhirecalledsoniagandhibookbelongingsharedvideowithpriyanka
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में राहुल, सोनिया गांधी की किताब पर मां और बहन प्रियंका से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस बातचीत के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या को लेकर एक बार फिर बड़ा दावा किया गया है। इस पारिवारिक बातचीत में आरोप लगाया गया है कि राजीव गांधी की सुरक्षा में कटौती कोई सामान्य चूक या महज हादसा नहीं था। उनकी सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी।
![]()
राहुल-प्रियंका ने मां के साथ की बातचीत
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग ए जर्नी ऑफ लव हाल ही में लॉन्च हुई है। इस किताब में सोनिया गांधी ने अपनी पर्सनल लाइफ से लेकर राजनीति तक के बारे में कई बातें लिखी हैं। इस बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मां सोनिया और बहन प्रियंका के साथ बातचीत का वीडियो शेयर कर पुरानी यादें ताजा की है। साथ ही इस किताब में अभी भी कई चीजें उन्होंने नहीं लिखी हैं जिनके बारे में राहुल और प्रियंका ने अपनी मां के साथ बैठकर बात की।
मां ने अपनी किताब में कुछ बातें शामिल नहीं की-राहुल गांधी
राहुल गांधी ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर लिखा है, 'यह प्रस्ताव योजना के मुताबिक आगे नहीं बढ़ा। मेरा सातवां जन्मदिन भी योजना के मुताबिक नहीं रहा'। उन्होंने लिखा, 2004 के फैसले से हममें से कुछ लोगों को राहत मिली, जबकि कुछ लोगों को खुशी हुई। बता दें कु साल 2004 में यूपीए को बहुमत मिलने के बाद सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री बनाए जाने की अटकलें शुरू हो गई थीं। यह वो दौर था, जब लोकसभा चुनाव में 145 सीटों के साथ कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई थी, लेकिन तब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद नहीं स्वीकार किया, जिसके बाद डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने का फैसला लिया गया।
दर्द फिर से ताजा हो गया-राहुल गांधी
राहुल कहते हैं, प्रियंका और मैं अपनी मां के साथ बैठकर इन सब बातों पर चर्चा करने लगे। उन यादों में वापस जाने से वह खुशी, वह हंसी और उस समय महसूस किया गया दर्द सब कुछ फिर से ताजा हो गया। मां का 'अपनापन' खोजने का सफर बहुत सारे प्यार और भयानक दुखों से भरा रहा है, और उन्होंने इन सबका सामना पूरी गरिमा और हिम्मत के साथ किया है।
पिता की सुरक्षा वापस लेने पर उठाए सवाल
वीडियो पोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने लिखा है कि पापा (राजीव गांधी) की सुरक्षा वापस लेने के पीछे एक खास मकसद था। इस बात का जिक्र सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा बिलॉन्गिंग ए जर्नी ऑफ लव में भी किया है। सोनिया ने किताब में लिखा है कि प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद भी राजीव गांधी की जान को खतरा था। सोनिया गांधी अपनी किताब में लिखती हैं कि दिसंबर 1990 में सरकारी समिति ने फैसला लिया था कि राजीव के लिए SPG सुरक्षा जारी रहनी चाहिए। लेकिन इसके अगले महीने वीपी सिंह सरकार ने एसपीजी सुरक्षा हटा ली थी और जिम्मेदारी पुलिस को दे दी गई थी। अगले ही साल 21 मई 1991 को राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी।






Nov 24 2026, 14:24
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.5k