पीएम मोदी की बात पर शशि थरूर ने जताई सहमती, बोले-कंपनियों ने अपना वादा पूरा नहीं किया
#shashitharoorpraisespmnarendra_modi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले हफ्ते फेडरेशन ऑफ इंडियन चेंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के कार्यक्रम में भारतीय उद्योग जगत को लेकर नाराजगी जाहिर की। पीएम मोदी ने अपने भाषण के दौरान दो टूक पूछा कि कॉरपोरेट टैक्स में ऐतिहासिक कटौती और अन्य नीतिगत सुधारों के बाद क्या कंपनियों ने रोजगार बढ़ाने और कर्मचारियों की आय में सुधार के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं? कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पीएम मोदी के बयान का समर्थन किया है। बता दें कि शशि थरूर पहले भी कई अवसरों और मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ कर चुके हैं।
![]()
थरूर बोले-कंपनियों ने अपना वादा पूरा नहीं किया
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान कहा, मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री ने जो कहा, वह एक सच्चाई है। हो सकता है कि कॉरपोरेट जगत के पास इसके बचाव में अपनी कोई दलील हो, लेकिन जहां तक मैं समझता हूं, प्रधानमंत्री का तर्क यह है कि सरकार ने टैक्स इसलिए कम किए थे ताकि कंपनियां ज्यादा निवेश करें, ज्यादा नौकरियां पैदा करें और वेतन बढ़ाएं, लेकिन कंपनियों ने अपना वादा पूरा नहीं किया।
आईआईटी से पढ़े युवाओं को भी प्लेसमेंट नहीं मिल रहा-थरूर
शशि थरूर ने कहा, प्रधानमंत्री की चिंता वास्तविक है। देश में रोजगार की स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायत है कि नौकरियां मिलना मुश्किल हो गया है। यहां तक कि पहली बार आईआईटी से पढ़े युवाओं को भी प्लेसमेंट नहीं मिल पाने जैसी स्थिति सामने आ रही है। पहले इस तरह की स्थिति सुनने को नहीं मिलती थी। इससे पता चलता है कि खासकर कॉलेज से पढ़कर निकलने वाले युवाओं के लिए रोजगार का माहौल काफी चुनौतीपूर्ण हो गया है।
सरकार की नीतियों पर भी उठाए सवाल
थरूर ने इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की नीतियों पर भी सवाल खड़े किए। शशि थरूर ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री कंपनियों पर सवाल उठा रहे हैं और कंपनियां इसके लिए सरकारी नीतियों को जिम्मेदार ठहरा रही हैं, तो यह देखने वाली बात होगी। हालांकि, उनका मानना है कि सरकार भी कई मोर्चों पर बेहतर काम कर सकती है। थरूर ने कहा कि सरकार को नियमों और प्रक्रियाओं को आसान बनाने की जरूरत है।
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के दावे को खारिज किया
कांग्रेस सांसद ने देश में कारोबार करना आसान होने (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस) के दावे को पूरी तरह से खारिज किया। उन्होंने कहा, 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' (व्यापार करने में आसानी) असल में कहीं नहीं दिखती। और मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है कि जिन भी व्यापारियों से मैं बात करता हूं, उनके अनुसार भ्रष्टाचार पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गया है। और सच कहूं तो, प्रधानमंत्री ने एक बार बहुत मशहूर बात कही थी, 'न खाऊंगा, न खाने दूंगा।' अब हमें समझ आया कि उनका मतलब शायद सिर्फ 'बीफ' (गोमांस) से था।'







1 hour and 59 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k