भारत-अमेरिका के बीच ऐतिहासिक समझौता, तनावपूर्ण होते रिश्तों के बीच दोनों देशों में 10 साल की डिफेंस डील
#indiaamerica10yeardefenceframeworkagreement
भारत और अमेरिका के बीच एक 10 वर्षीय रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर हुए हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 12वीं आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक (एडीएमएम-प्लस) में शामिल होने के लिए मलेशिया पहुंचे हैं। कुआलालंपुर में राजनाथ सिंह की अमेरिका के वॉर सचिव पीट हेगसेथ से मुलाकात हुई। इस दौरान वार्ता में अमेरिका और भारत के बीच प्रमुख रक्षा एग्रीमेंट पर मुहर लगी। इस वार्ता के दौरान डिफेंस एग्रीमेंट की रूपरेखा पर एक समझौते का आदान-प्रदान भी किया गया।
अमेरिका के युद्ध मंत्री ने समझौते पर हस्ताक्षर के बाद कहा कि दोनों देशों के रक्षा संबंध इतने मजबूत कभी नहीं रहे। अमेरिकी युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में बताया कि उनकी भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात हुई और एक रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर हुए। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच हुआ समझौता क्षेत्रीय स्थिरता को मजबूत करेगा।
भारत-अमेरिका संबंध और सशक्त होंगे- राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने कहा कि डिफेंस एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर के साथ आज एक नया अध्याय शुरू होगा। मुझे विश्वास है कि भारत-अमेरिका संबंध और सशक्त होंगे। यह बैठक दोनों देशों के बीच बढ़ते रक्षा स्तर के संवादों का प्रतीक है, जो बीते कुछ वर्षों में लगातार गहराते गए हैं।
भारत-अमेरिका में सुधर रहे रिश्ते
हाल के दिनों में भारत और अमेरिका के रिश्ते तनावपूर्ण नजर आए। पहले टैरिफ विवाद और फिर रूस से कच्चे तेल की खरीद के मुद्दे पर दोनों देश आमने-सामने आते दिखे। हालांकि, अब स्थितियां बदल रही हैं। अमेरिका और भारत के बीच रिश्तों को मजबूत करने के लिए कई तरह के समझौते और बातचीत जारी है। माना जा रहा कि बढ़े हुए टैरिफ पर भी कोई फैसला हो सकता है। इसी बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिका के वॉर सेकेट्री पीट हेगसेथ के साथ वार्ता की। इस दौरान अहम समझौतों पर भी मुहर लगी है।





Oct 31 2025, 16:47
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.7k