बिहार में नीतीश कैबिनेट का विस्तार, बीजेपी कोटे से 7 विधायकों को राज्यपाल ने दिलाई मंत्री पद की शपथ
डेस्क : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश कैबिनेट का विस्तार आज बुधवार को महाशिवरात्रि के दिन हो गया। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने बिहार सरकार के नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने मंत्रिमंडल में सात नए चेहरों को जगह दी गई। मंत्री बनने वालों में सभी 7 विधायक भाजपा कोटे से हैं। संजय सरावगी और जीवेश मिश्रा ने मैथिली भाषा में शपथ ली।
![]()
राज्यपाल ने सबसे पहले बीजेपी विधायक संजय सरावगी को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके बाद बीजेपी विधायक डॉ सुनील कुमार, बीजेपी विधायक जीवेश कुमार मिश्रा, बीजेपी विधायक राजू सिंह, विधायक मोतीलाल प्रसाद, कृष्ण कुमार मंटू और विजय कुमार मंडल को राज्यपाल ने मंत्री पद की शपथ दिलाई है। जल्द ही मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया जाएगा।
कैबिनेट विस्तार के बाद अब नीतीश मंत्रिमंडल में कुल 36 मन्त्री हो गए हैं। इसमें भाजपा कोटे से सबसे ज्यादा मंत्री हैं। भाजपा से जहां 21 मंत्री हैं वहीं जदयू कोटे से सिर्फ 13 मंत्री हैं। एक मंत्री हम से संतोष सुमन हैं तो निर्दलीय सुमित सिंह भी मंत्री हैं। ऐसे में बिहार में एनडीए सरकार में भले ही मुख्यमंत्री की कुर्सी जदयू के नीतीश कुमार के पास हो लेकिन मंत्रियों की संख्या के लिहाज से भाजपा के सर्वाधिक मंत्री हैं।
गौरतलब है कि 243 सदस्यीय विधानसभा में 36 मंत्री हो सकते हैं। अब तक इसमें 30 मंत्री थे, जिनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और दो उपमुख्यमंत्री शामिल हैं। बिहार की एनडीए सरकार के मंत्रिमंडल का आखिरी विस्तार 15 मार्च, 2024 को हुआ था, जब 21 मंत्रियों ने शपथ ली थी। इसमें नीतीश कुमार की जनता दल (यूनाइटेड) से नौ और सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से 12 को मंत्री के रूप में शामिल किया गया था। इसके पहले 28 जनवरी, 2024 को नीतीश कुमार महागठबंधन से नाता तोड़कर भाजपा के साथ वापस चले गए थे और मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। साथ ही कुछ नेताओं को मंत्री बनाया गया था। उसके 46 दिन बाद नीतीश कुमार ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया था। अब करीब 13 महीने बाद फिर से नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई।
Feb 26 2025, 19:20