महिला सुरक्षा पर भाजपा को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए - झामुमो महासचिव विनोद पांडेय
रांची, 6 सितंबर: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने भाजपा के आरोपों को चुनावी प्रोपेगेंडा करार देते हुए कहा कि भाजपा को झारखंड पर उंगली उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
![]()
विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा जिन आंकड़ों का हवाला दे रही है, उन्हीं के अनुसार भाजपा शासित राज्यों, जैसे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं सबसे ज्यादा होती हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी महिला सुरक्षा के मामले में केंद्र सरकार को विफल बताया है।
हेमंत सरकार की उपलब्धियां
पांडेय ने हेमंत सोरेन सरकार द्वारा महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने 'सखी मंडल', 'पलाश ब्रांड' और 'मईयां सम्मान योजना' जैसी कई योजनाएं शुरू की हैं। इसके अलावा, हेल्पलाइन, महिला थानों और फास्ट ट्रैक कोर्ट की संख्या भी बढ़ाई गई है।
उन्होंने दावा किया कि इन प्रयासों से हजारों महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं और राज्य से महिलाओं का पलायन भी रुका है। पांडेय ने कहा कि हेमंत सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और अपराधों पर कार्रवाई की गति भाजपा के कार्यकाल से कहीं ज्यादा तेज है।
विनोद पांडेय ने आरोप लगाया कि भाजपा केवल आंकड़ों की बाजीगरी कर जनता को गुमराह करना चाहती है। उन्होंने भाजपा को झूठ और डर की राजनीति छोड़कर महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक भूमिका निभाने की सलाह दी।
Sep 06 2025, 21:04