दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर झारखंड विधानसभा पहुंचा, नम आंखों से दी जा रही श्रद्धांजलि
रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संरक्षक दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर आज झारखंड विधानसभा पहुंच चुका है, जहां उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। सुबह से ही झामुमो समर्थकों की भारी भीड़ उनके मोरहाबादी स्थित आवास पर जुटी थी। जैसे ही उनके पार्थिव शरीर को विधानसभा ले जाने के लिए बाहर निकाला गया, भावुक समर्थकों ने वाहन को घेर लिया और "शिबू सोरेन अमर रहे" के नारे लगाने लगे।
![]()
पार्थिव शरीर ले जा रहे वाहन के अंदर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके भाई बसंत सोरेन भी मौजूद थे। नम आंखों के बावजूद वे खुद को संभालते हुए वहां मौजूद भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे थे।
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव होंगे अंतिम संस्कार में शामिल
विधानसभा में श्रद्धांजलि के बाद, शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर को सीधे रामगढ़ स्थित उनके पैतृक गांव नेमरा ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी उनके अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
हेमंत सोरेन ने साझा की भावुक यादें
इससे पहले, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार सुबह अपने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर अपने पिता से जुड़ी यादों को साझा किया। उन्होंने लिखा, "मैं अपने जीवन के सबसे कठिन दिनों से गुजर रहा हूं, मेरे सिर से सिर्फ पिता का साया नहीं गया, झारखंड की आत्मा का स्तंभ चला गया। मैं उन्हें सिर्फ ‘बाबा’ नहीं कहता था, वे मेरे पथप्रदर्शक थे, मेरे विचारों की जड़ें थे।"
दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन सोमवार सुबह दिल्ली स्थित सर गंगा राम अस्पताल में हुआ था। निधन की जानकारी खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर दी थी। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित देश के तमाम बड़े नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। सोमवार शाम को भी पूर्व सीएम रघुवर दास और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने हेमंत सोरेन से मिलकर उन्हें सांत्वना दी थी।
Aug 05 2025, 14:03