मन की बात': पीएम मोदी ने गुमला के ओम प्रकाश साहू की पहल को सराहा, नक्सल प्रभावित क्षेत्र में मत्स्य क्रांति की तारीफ की
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' को संबोधित करते हुए झारखंड का विशेष रूप से जिक्र किया। पीएम ने गुमला जिले के कभी नक्सल प्रभावित रहे इलाके में हो रही मत्स्य पालन की जमकर सराहना की। उन्होंने जिले के बसिया प्रखंड निवासी ओम प्रकाश साहू की पहल की खूब प्रशंसा करते हुए कहा कि "अगर रास्ता सही हो और मन में भरोसा हो, तो कठिन से कठिन परिस्थिति में भी विकास का दीपक जल सकता है।"
![]()
माओवादी हिंसा से मत्स्य क्रांति तक का सफर
पीएम मोदी ने बताया कि गुमला जिले का बसिया प्रखंड एक समय माओवादी हिंसा के लिए जाना जाता था। लोग अपने घरों में डरे-सहमे रहते थे, रोजगार का अभाव था, जमीनें खाली पड़ी थीं और नौजवान पलायन कर रहे थे। इसी बीच एक विकास का दीपक जला। बसिया प्रखंड निवासी ओम प्रकाश साहू ने हिंसा का रास्ता छोड़ कर मत्स्य पालन शुरू किया। उन्होंने न केवल खुद इस रास्ते को चुना, बल्कि अपने साथियों को भी इसके लिए प्रेरित किया।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना बनी संबल
प्रधानमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से मछली पालन करने वाले लोगों को एक नई ताकत मिली। इस योजना के तहत मत्स्य पालन का प्रशिक्षण दिया गया और तालाब बनाने में भी लोगों को मदद मिली। देखते ही देखते गुमला में मत्स्य क्रांति की शुरुआत हुई। आज बसिया प्रखंड में 150 से अधिक परिवार मछली पालन से जुड़ चुके हैं।
बंदूक छोड़कर जाल थामा, सम्मान से जी रहे जीवन
ओम प्रकाश साहू की इस पहल से धीरे-धीरे परिस्थितियां बदलने लगीं। नक्सली संगठन से जुड़े कई लोगों ने भी मत्स्य पालन को अपनाया। जो लोग पहले हाथों में बंदूक थामे नजर आते थे, अब उनके हाथों में मछली के जाल हैं। वे सभी लोग सम्मान से जीवन जी रहे हैं और साथ ही कई अन्य लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं। पीएम मोदी ने इस बदलाव को एक सकारात्मक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया, जो दर्शाता है कि सही दिशा और दृढ़ संकल्प से किसी भी चुनौती पर विजय पाई जा सकती है।
Jul 27 2025, 19:08