दुमका : साइबर अपराध का दुमका में किंगपिन माने जाने वाला घनश्याम मंडल सहित 5 गिरफ्तार
घनश्याम के पास है करोड़ों की संपत्ति, विभिन्न थानों में दर्ज है 9 मामले
![]()
दुमका : दुमका पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दुमका में साइबर अपराध का किंगपिन माने जाने वाले एक साइबर अपराधी घनश्याम मंडल सहित पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। B.Tech तक की पढ़ाई कर चुका घनश्याम मंडल पर साइबर अपराध के जरिये करोड़ों रूपये की ठगी किए जाने का आरोप है।
साथ ही घनश्याम के खिलाफ सिर्फ दुमका जिले के अलग अलग थानों में 8 और गोड्डा नगर थाना में 1 केस दर्ज है। सभी मामले साइबर अपराध से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लैपटॉप एवं 12 एंड्रॉयड फोन जब्त किया है। रविवार को सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि दुमका पुलिस को प्रतिबिम्ब ऐप के माध्यम से कुछ अपराधियों द्वारा साइबर अपराध किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने सूचना मिलने पर कुछ हॉटस्पॉट चिन्हित किया।
साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर एक टीम का गठन किया गया। घनश्याम मंडल एक ग्रुप बनाकर साइबर अपराध की घटना को अंजाम देता था। पुलिस ने छापेमारी कर दुमका के रामगढ़ थाना क्षेत्र के रहनेवाले घनश्याम मंडल सहित हर्ष राज पांडेय, बजरंग कुमार मंडल, बिट्टू कुमार एवं प्रशांत मंडल को गिरफ्तार किया। कहा कि घनश्याम मंडल ने पिछले 8 से 10 सालों में साइबर अपराध के जरिये करोड़ों रूपये की संपत्ति अर्जित किया है जिसकी जाँच पुलिस कर रही है।
घनश्याम ने उन काली कमाई को कहाँ कहाँ लगाया है उसकी जाँच कर जब्त किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)
Apr 28 2025, 13:51