चार दिनों में दूसरी बार मौसम की बेरूखी, आंधी-बारिश ने मचाई तबाही, किसानों की फसलें बर्बाद; पेड़ गिरे
नितेश श्रीवास्तव,भदोही। मौसम का रूख रविवार की सुबह अचानक बदल गया। तेज हवाओं के साथ चली आंधी में कई इलाकों में टीन शेड व मंड़ई उजड़ गए। आंधी के बाद बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। बड़ी संख्या में किसानों की खेत में पड़ी फसल बारिश से बर्बाद हो गई। बर्बाद हो चुकी फसल के पास बैठे किसान अपनी किस्मत को कोस रहे थे।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वांचल में अचानक सक्रिय हुए वायुमंडलीय दबाव के कारण मौसम में बदलाव हुआ है।जिले में बीते चार दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव का असर बना हुआ है। तीन दिन पहले ही आंधी और बूंबाबादी से किसानों के फसल को हल्का बहुत नुकसान हुआ था, लेकिन रविवार की सुबह आंधी के साथ हुई बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया।
दुर्गांगंज, अभोली, सीतामढ़ी, ऊंज, चौरी, मोढ़, महराजगंज, औराई, लालानगर, गोपीगंज, कौलापुर, वहिदानगर, जंगीगंज, सुरियावां, सर्रोई समेत भदोही, खमरिया, ज्ञानपुर, नईबाजार जैसे इलाकों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के किसानों के खेत में पड़ी फसल बर्बाद हो गई। फसल भिंगने से इसकी मड़ाई में और देरी होगी।
तेज हवाओं के कारण सर्रोई के प्रजापतीपुर-रामपुर उधवा आसनाव मार्ग पर पेड़ गिर गया। जिससे मार्ग करीब एक घंटे से अधिक समय तक बाधित रहा। इसी तरह दुर्गागंज के मिश्राइनपुर गांव के दिव्यांग जियालाल का टीन शेड आंधी से उड़ गया। जिससे उसकी रिहायशी मड़ई में रखा सामान भींगकर खराब हो गया। मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल के अनुसार वायुमंडलीय दबाव के कारण मौसम में बदलाव आया है। बताया कि हवाओं की रफ्तार 32 किमी प्रतिघंटा रही।
Apr 13 2025, 19:04