दुमका : केंद्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ का 30 को दुमका दौरा, सांगठनिक चुनाव की स्थिति का लेंगे जायजा
दुमका : भाजपा के सांगठनिक चुनाव को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ 30 मार्च को दुमका जिले का दौरा करेंगे। मंत्री संजय सेठ पर्यवेक्षक के तौर पर संगठन की स्थिति का जायजा लेंगे।
पार्टी के जिला चुनाव अधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में भाजपा की सांगठनिक मजबूती को और अधिक धार दी जाएगी।
![]()
सोमवार को दुमका परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला चुनाव अधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा अपने संगठन को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने संगठन विस्तार की दिशा में ठोस रणनीति पर चर्चा की। मौके पर पार्टी जिलाध्यक्ष गौरवकांत, सह चुनाव अधिकारी बबलू मंडल एवं जिला मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कू भी मौजूद थे।
श्री सिंह ने कहा कि पार्टी के निर्देशानुसार मंडल अध्यक्ष पद के लिए तीन नाम तय किए जाएंगे, जिसमें एक महिला का नाम अनिवार्य रूप से शामिल होगा। उन्होंने साफ किया कि मंडल स्तर पर चयनित नामों को प्रदेश संगठन को भेजा जाएगा और प्रदेश नेतृत्व की स्वीकृति के बाद विधिवत रूप से मंडल अध्यक्षों की घोषणा की जाएगी।
शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा की रीढ़ उसके कर्मठ कार्यकर्ता हैं। इसलिए पार्टी ने तय किया है कि 35 से 45 वर्ष आयु वर्ग के ऊर्जावान युवाओं को मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को प्रखंड स्तर पर ऐसे सशक्त अध्यक्षों की जरूरत है, जो आम जनता की समस्याओं को उठाएं और उनके समाधान के लिए पूरी ताकत से संघर्ष करें।
कहा कि झारखंड की जनता हेमंत सरकार की विफलताओं का खामियाजा भुगत रही है। वृद्धा पेंशन और दिव्यांग पेंशन जैसी कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया गया, जिससे हजारों जरूरतमंद लोग परेशान हैं। सरकार सिर्फ मईया सम्मान योजना जैसी दिखावटी योजनाओं का प्रचार कर जनता को गुमराह कर रही है।
(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)
Mar 24 2025, 21:00