नागपुर हिंसा के मुख्य आरोपी फहीम खान के घर पर चला बुलडोजर, अवैध निर्माण को लेकर कार्रवाई
#nagpur_violence_fahhim_khan_illegal_construction_will_be_demolished
महाराष्ट्र के नागपुर में औरंगजेब की कब्र को लेकर 17 मार्च को हिंसा भड़क गई थी। इस दौरान कई पुलिसकर्मी और कई स्थानीय लोग घायल हुए थे। इसी बीच हिंसा के मुख्य आरोपी फहीम खान पर महाराष्ट्र सरकार का डंडा चला है। फहीम खान के घर पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई है। नगर निगम अधिकारियों ने सोमवार को फहीम खान के घर के अवैध हिस्से को ध्वस्त कर दिया। दरअसल, नोटिस के बाद भी उसने अवैध ढांचे को नहीं हटाया। जिसके बाद ये कार्रवी की गई है।
नागपुर के संजय बाग कॉलोनी स्थित फहीम के घर का हिस्सा अवैध घोषित किया गया था। नागपुर नगर निगम ने उसे खुद से अवैध निर्माण हटाने के लिए 24 घंटे का समय दिया था, जो आज पूरा हो गया। घर की नाप-नपाई के बाद बुलडोजर से अवैध हिस्से को गिरा दिया गया है। घटना को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले नागपुर नगर निगम ने उसे नोटिस जारी किया था। इसमें कई खामियों और घर के लिए बिल्डिंग प्लान की मंजूरी न होने का हवाला दिया गया था। घर फहीम खान की पत्नी के नाम पर पंजीकृत है।
मास्टर माइंड फहीम पर आरोप है कि उसने लोगों को उकसा कर इस हिंसा को अंजाम दिया था। 17 मार्च को हिंसा तब भड़की, जब यह अफवाह फैली कि छत्रपति संभाजीनगर में औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन के दौरान धार्मिक चादर जलाई गई। झड़प के बाद शहर के कई हिस्सों में पथराव और आगजनी हुई, जिसमें पुलिस उपायुक्त स्तर के तीन अधिकारियों सहित 33 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
Mar 24 2025, 13:37