भाजपा पश्चिम से पूरब तक हार रही है : अखिलेश यादव
![]()
मीरजापुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्रीअखिलेश यादव ने बुधवार को नगर के बरकछां कलां में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी रमेश चन्द्र बिन्द के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बरकछां कलां में आयोजित जनसभा में कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ जनता की नाराजगी सड़कों पर दिख रही है। भाजपा ने दस सालों में सभी के साथ धोखा किया है। किसी को भी नहीं छोड़ा है।
हर वर्ग के साथ भेदभाव किया है। भाजपा संविधान बदलना चाहती है। यही संविधान न्याय, अधिकार, सम्मान, नौकरी दिलाता है। भेदभाव खत्म करता है। बाबा साहब का संविधान हम सबके लिए संजीवनी है। यह संविधान आगे बढ़ने का अवसर देता है। उन्होंने कहा भाजपा की नीयत ठीक नहीं है। इस लड़ाई में एक तरफ संविधान बचाने के लिए हम इंडिया गठबंधन के लोग है, तो वहीं दूसरी तरफ संविधान बदलने की बात करने वाले भाजपा के लोग है।
इस लोकसभा चुनाव में जनता संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए इंडिया गठबंधन के साथ खड़ी हो गयी है। पहले चरण के चुनाव से ही जनता ने भाजपा के सफाये का मन बना लिया था। जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ा जनता ने भाजपा का सफाया कर दिया है। सातवें चरण में भाजपा पूरी तरह साफ हो जाएगी। कहा भाजपा ने हर वर्ग के साथ विश्वासघात किया है।
भाजपा सरकार ने किसान, नौजवान सभी को ठगने का काम किया। धोखा दिया। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया। आय दोगनी नहीं हुई लेकिन खेती का लागत मूल्य बढ़ा दिया। खेती सम्बन्धित जरूरत का हर सामान महंगा कर दिया। कीटनाशक दवा डीजल, पेट्रोल, खाद सब महंगा कर दिया। गन्ने का किसान पूरी लागत लगा रहा है, लेकिन कीमत नहीं मिली। अन्य फसलों की भी कीमत नहीं मिली। उत्तर प्रदेश में गन्ने की कीमत दूसरे प्रदेशों से कम है। इंडिया गठबंधन सरकार किसानों के कर्ज माफ करेगी, साथ ही फसलों की सही कीमत दिलाएगी। जिससे किसानों के घर खुशहाली आये।
अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार किसानों की मदद करेगी साथ ही नौजवानों की सरकारी विभागों में खाली पड़े लाखो पदों पर भर्ती करेगी। नौजवानों को नौकरी और रोजगार देगी। भाजपा सरकार ने नौकरियां नहीं दी। भर्ती परीक्षाओं के पेपर जानबूझ कर लीक करा दिये। भाजपा युवाओं को सिर्फ सपने दिखाना चाहती है। नौकरी आरक्षण नहीं देना चाहती है। इंडिया गठबंधन की सरकार गरीबों को अच्छी गुणवत्ता का राशन देगी। राशन दोगुना दिया जाएगा। पौष्टिक पैकेट आटा और मोबाइल चलाने के लिए फ्री इंटरनेट डाटा दिया जाएगा।
भाजपा पश्चिम से लेकर पूरब तक सब जगह हार रही है। भाजपा नेताओं की भाषा लड़खड़ा रही है। मुख्यमंत्री जी पहले ही डगमगा रहे थे अब और डगमगा रहे है। इनके पास जनता को बताने के लिए कोई विकास कार्य नहीं है। भाषणों में वही पुरानी बातें और वही पुराने डायलॉग है। कहा कि हमें इस बात का दुःख है। मुख्यमंत्री जी पेपर लीक पर कुछ नहीं बोलते है। इनकी सरकार ने लाखों नौजवानों का भविष्य बर्बाद कर दिया। इनका बुल्डोजर केवल गरीबों और असहायों पर चलता है। पेपर लीक कराने वालों पर नहीं चलता है।
बुलडोजर गायब है। जो 400 पार करने की बात कर रहे है वे 400 हार रहे है। 140 करोड़ की जनता इन्हें 143 पर ही सिमट रही है।
उन्होंने ने नौजवानों को भरोसा दिलाया कि दिल्ली में सरकार बनते ही तीस लाख खाली पदों पर आरक्षण के साथ नौकरियां दी जायेगी। गरीब माताओं, बहनों के खाते में एक लाख रुपया डालेंगे। महंगाई रोकेंगे। शिक्षामित्रों, आंगनवाड़ी कार्यक्रत्रियों आदि सबकी मदद करेंगे। उन्होंने मिर्जापुर से इण्डिया गठबंधन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रमेश चन्द्र बिन्द को भारी मतों से जिताने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव आदर्श यादव ने किया।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस एवं आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।





May 29 2024, 18:26
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
7.7k