*बांग्लादेश - म्यांमार तट से टकराता मोचा 200 किमी की रफ्तार से चल रही हवाएं*
भदोही। शक्तिशाली चक्रवाती मोचा रविवार को बांग्लादेश और म्यांमार के तटीय इलाकों से टकराया इसके चलते भारी बारिश और 200 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से हवाएं चलीं। बंगाल की खाड़ी के आसपास के इलाकों में खतरनाक बाढ़ की आंशका जताई गई है।
बांग्लादेश और म्यांमार के तटीय इलाकों से 5 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। वहीं पश्चिम बंगाल में बक्खाली समुद्र तट को पर्यटकों और लोगों से खाली करा लिया गया और अगले तीन तक लोगों के यहां रोक लगा दी गई है। क्योंकि यहां पानी काफी बढ़ गया है। मौसम विभाग का कहना है कि मोचा के चलते चार मीटर तक की तूफानी लहरें निचले इलाकों के गांवों को पानी में बहा सकती है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि चक्रवात मोचा दुनिया के सबसे बड़े शरणार्थी शिविर काॅक्स बाजार को भी प्रभावित कर सकता है।
यहां दस लाख से अधिक विस्थापित मुस्लिम रोहिंग्या शरणार्थी अस्थायी शिविरों में रह रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात काॅक्स बाजार से 250 किलोमीटर दक्षिण में है और अब तट को पार कर रहा है।
दो दशकों का सबसे शक्तिशाली तूफान
मौसम वैज्ञानिकों ने पहले चेतावनी दी थी कि मोचा बांग्लादेश में लगभग दो दशकों में आया सबसे शक्तिशाली तूफान हो सकता है। श्रेणी 4 चक्रवात श्रेणी - पांच तूफान के बराबर तेज हो गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों और अधिकारियों को डर है कि मोचा चक्रवात के टकराने के बाद उठी लहरें बड़े पैमाने पर जलप्रलय और भूस्खलन का कारण बन सकती है, जो पहाड़ी शिविरों में रहने वाले लोगों के जीवन को खतरे में डालती है।
भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी
संयुक्त राष्ट्र के विश्व मौसम विज्ञान संस्थान ने चेतावनी दी है कि सुपर चक्रवात बांग्लादेश और म्यांमार के तटों के आसमान भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन का कारण बनेगा। हालांकि बांग्लादेश के मौसम विज्ञान के निदेशक मोहम्मद अजीजपुर रहमान का कहना है कि बांग्लादेश के लिए जोखिम कम हुआ है। चक्रवात मोचा से म्यांमार और इसके दक्षिणी क्षेत्रों में अधिक जोखिम होने की संभावना है। लोगों को सतर्क किया गया है ।
May 15 2023, 17:50