केजरीवाल के बंगले को लेकर कांग्रेस का बड़ा दावा, अजय माकन ने कहा-रेनोवेशन पर 45 नहीं बल्कि खर्च किए 171 करोड़
#congress_allegation_on_cm_kejriwal_residence-renovation_is_171_crore
सीएम अरविंद केजरीवाल के बंगले की सजावट को लेकर राजनीतिक पार्टियों के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।कांग्रेस ने केजरीवाल पर बनावटी तौर पर सादा जीवन जीने और अपने सरकारी आवास पर करोड़ों रुपये खर्च करने का आरोप लगाया। कांग्रेस के अजय माकन ने रविवार को दावा किया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बंगले के सौंदर्यीकरण में 45 करोड़ रुपये नहीं बल्कि तीन गुना ज्यादा खर्च किए गए हैं।
केजरीवाल पर बनावटी सादगी अपनाने का लगाया आरोप
कांग्रेस नेता अजय माकन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीएम केजरीवाल पर गंभीर आऱोप लगाए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता अजय माकन ने केजरीवाल पर बनावटी तौर पर सादा जीवन जीने और अपने सरकारी आवास पर करोड़ों रुपये खर्च करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, केजरीवाल खुद को आम आदमी दिखाने के लिए अपनी साइज से बड़े कपड़े पहनते हैं, एक रुपए की कलम रखते हैं और चप्पल पहनते हैं। उन्होंने दावा कर कहा, केजरीवाल का महल 45 करोड़ नहीं बल्कि 171 करोड़ का बना है। उन्होंने कहा कि यह रकम कोविड महामारी के वक्त खर्च की गई जब लोग बिस्तर और ऑक्सीजन की कमी के कारण अस्पतालों के चक्कर लगा रहे थे।
शीला दीक्षित को बताया सादगी की मिसाल
कांग्रेस नेता माकन ने कहा कि असल सादगी की मिसाल तो पूर्व सीएम शीला दीक्षित थीं। माकन ने आरोप लगाया, शीला दीक्षित की पूरी कैबिनेट ने अपने शासन के 15 वर्षों में अपने घरों पर जितना खर्च किया, उसका अरविंद केजरीवाल द्वारा अपने ‘महल’ के नवीनीकरण पर खर्च की गई राशि से कोई मेल नहीं है।
अधिकारियों के लिए भी खरीदे गए फ्लैट
माकन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में 171 करोड़ खर्च का ब्योरा भी दिया। माकन ने कहा, ‘मैं समझाऊंगा कि 171 करोड़ रुपये कैसे खर्च किए गए। उन्होंने कहा, केजरीवाल के आवास को फैलाने के लिए अधिकारियों के मकान गिराए गए और उन अधिकारियों के लिए सीडब्ल्यूजी खेल गांव में 21 फ्लैट खरीदे गए, जिनकी कीमत 6 करोड़ प्रति फ्लैट है। इसको भी अरविंद केजरीवाल के महल के खर्चे में जोड़ा जाना चाहिए। अजय माकन ने आरोप लगाते हुए कहा, बजट में सीएम आवास पर 45 करोड़ या 171 करोड़ खर्च की कोई जानकारी नहीं दी गई है।
माकन ने कहा- विशेषाधिकार हनन का मामला है
माकन ने यह भी कहा कि यह विशेषाधिकार हनन का मामला है क्योंकि सरकार ने बजट तो पास करा लिया, लेकिन केजरीवाल के आवास के नवीनीकरण का कोई जिक्र नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नवीनीकरण में धरोहर, हरियाली के साथ-साथ दिल्ली के मास्टर प्लान की भी अवहेलना की गई है। उन्होंने ये भी कहा कि नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए केजरीवाल ने हेरिटेज बिल्डिंग को गिराकर 2 मंजिला इमारत बना दी है। इस दौरान 28 पेड़ काटे गए। तीखे अंदाज में अजय माकन ने कहा, एफिडेविट दे कर खुद को आम आदमी कहने वाले के घर में लाखों के पर्दे और करोड़ों के मार्बल लगे हुए।
May 08 2023, 19:45
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.7k