सपा प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव ने पत्नी के साथ किया मतदान
इलाहाबाद-झांसी स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए प्रयागराज में 152 बूथों पर वोटिंग शुरू, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

प्रयागराज।इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह प्रयागराज में मतदान शुरू हो गया। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव ने सुबह आठ बजे धूमनगंज के कंपोजिट विद्यालय हरवारा स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उनकी पत्नी डॉ. प्रभा यादव ने भी मतदान किया। मतदान के बाद डॉ. मानसिंह यादव ने सोशल मीडिया पर मतदान करते हुए अपनी तस्वीर साझा की।

जनपद में मतदान के लिए कुल 152 बूथ बनाए गए हैं। मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मतदान केंद्रों पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

सुरक्षा के लिए टीमें लगातार निगरानी कर रहीं

पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी निर्वाचन के लिए मतदान शुरू
लखनऊ । मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव के लिए आज सुबह से जनपद गौतमबुद्ध नगर के 13 मतदान केन्द्राें के 42 बूथों पर आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। दोनों निर्वाचन क्षेत्र में कुल 18 प्रत्याशी मैदान में हैं जिनकी किस्मत मत पेटियों में आज शाम काे बंद हो जाएंगी। पोलिंग पार्टियां कल शाम ही मतदान के लिए निर्धारित बूथों पर पहुंच गईं थीं। यह चुनाव वैलेट पेपर से कराया जा रहा है।

जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि एमएलसी स्नातक निर्वाचन के लिए जनपद गौतमबुद्ध नगर में 12 हजार 754 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 13 हजार 104 मतदाता हैं। ये लोग अपने मताधिकार का प्रयोग आज कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। यह लोग लगातार भ्रमण कर रहे हैं। उच्च अधिकारी भी मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर रखे हुए हैं। जिला प्रशासन ने मतदान केन्द्राें पर जरूरी निर्वाचन सामग्री उपलब्ध करा दी है। उन्होंने कहा कि मतदान से जुड़ी जानकारी देने या शिकायत दर्ज करने के लिए मतदाता और अन्य संबंधित लोग हेल्पलाइन नंबर 0102-02978702 पर संपर्क कर सकते हैं।
अमेठी - सड़क दुर्घटना में 2 युवकों की मौत
अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद स्थित भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर कादूनाला चौकी से करीब 100 मीटर आगे बीती रात सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मृतकों की पहचान एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की।

मृतक की पहचान रोहित उर्फ खुन खुन (25) पुत्र रामलाल पासी, निवासी ग्राम जमुआ, थाना घुंघटेर, जिला बाराबंकी और दूसरे की पहचान बृजेश (22) पुत्र भोदू पासी, निवासी ग्राम अटहरा, थाना घुंघटेर, जिला बाराबंकी का के रूप में हुई है।

भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने के प्रभारी अजेंद्र पटेल ने शुक्रवार को बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। दोनों युवक मोटरसाइकिल से थे । किसी अज्ञात वाहन ने इन्हें कुचल दिया है जिससे दोनों की मौत हो गई है। मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए गौरीगंज स्थित मरचरी हाउस, भेज दिया गया है। सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से घटना कारित करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
रामगोपाल यादव ने एमएलसी चुनाव में किया मतदान
लखनऊ। उत्तरप्रदेश के इटावा जनपद में आगरा खंड के स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने सैफई पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह चुनाव महत्वपूर्ण नहीं है। वोटर लिस्ट में मतदाताओं के नाम की गड़बड़ी होने पर उन्होंने कहा कि इसमें मतदाताओं की भी जिम्मेदारी होती है कि वह आपत्ति दर्ज कर उसमें संशोधन करवाए पूरी जिम्मेदारी अधिकारियों पर डालना उचित नहीं है।

पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कल एक दो जगह औरैया में मतदाताओं के घर पुलिस गई थी मेरे द्वारा शिकायत करने पर फिर बापिस आई अब ऐसी गड़बड़ी की कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह चुनाव बिल्कुल महत्वपूर्ण नहीं है।
देवरिया : शिक्षक निर्वाचन को लेकर डीएम ने गौरीबाजार व बैतालपुर में मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

देवरिया ।गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आज हो रहे मतदान को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने विकास खंड गौरीबाजार एवं बैतालपुर में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान की व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मतदान प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए। मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए, ताकि मतदाताओं को मतदान करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा मतदान प्रक्रिया के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
देवरिया : गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन में सुबह 10 बजे तक 16.46 प्रतिशत मतदान
देवरिया।गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को जिले में मतदान जारी है। सुबह आठ बजे से शुरू हुए मतदान में पूर्वाह्न 10 बजे तक 16.46 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां की गई हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बताया कि जनपद के 16 मतदान केंद्रों पर कुल 4,200 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान संपन्न कराने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मतदान केंद्रों पर अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए प्रशासन सतर्क है। अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने को कहा गया है। सुबह के समय मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।

मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित स्थान पर भेजा जाएगा। निर्वाचन को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
खेत किनारे खड़े युवक को थार ने कुचला, मौत
लखनऊ /नोएडा,। उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना दादरी क्षेत्र में एक थार जीप के चालक ने तेजी और लापरवाही से चलाते हुए खेत के किनारे खड़े एक व्यक्ति को कुचल दिया। इस घटना में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि योगेश भाटी ने आज सुबह को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि मेरा भाई नविंद्र सिंह उम्र 34 वर्ष घर से अपने खेत पर गया था। अजायबपुर से कोट नहर पुल की तरफ वाली सड़क पर ओमपाल भाटी खेत की बाउंड्री के पास वह सड़क किनारे खड़ा था, तभी एक काले रंग की थार जीप वहां पर आई और उसने सीधे उसके भाई को टक्कर मार दिया। उसका भाई इस घटना में काफी दूर जाकर गिरा। उनके अनुसार थार चालक मौके से भाग गया, वह तथा उनके जानकार लोग घटना की सूचना पाकर वहां पहुंचे तथा नविद्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। उन्होंने बताया कि रास्ते में उपचार के लिए जाते समय उनके भाई ने बताया था कि थार वाले ने उनके साथ यह घटना किया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में उपचार के दौरान बृहस्पतिवार की देर रात को उनके भाई की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दीपावली, भैया दूज, छठ पूजा के मद्देनजर 10 ट्रेनों में अस्थाई रूप से लगेंगे अतिरिक्त कोच
मुरादाबाद। आगामी त्यौहारों दीपावली, भैया दूज, छठ पूजा के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा व सुगम आवागमन हेतु मुरादाबाद रेल मंडल से होकर गुजरने वाली 10 ट्रेनों में अस्थाई रूप से अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने शुक्रवार को बताया कि आनंद विहार टर्मिनल-लोकहा बाजार स्पेशल (04014) में एक नवंबर से 13 नवंबर तक एक वातानुकूलित प्रथम श्रेणी कम वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी कोच और एक वातानुकूलित तृतीय श्रेणी कोच लगाया जाएगा। लोकहा बाजार स्पेशल-आनंद विहार टर्मिनल में (04013) में दो नवंबर से 14 नवंबर तक एक वातानुकूलित प्रथम श्रेणी कम वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी कोच और एक वातानुकूलित तृतीय श्रेणी कोच लगाया जाएगा।

आनंद विहार टर्मिनल- मुजफ्फरपुर स्पेशल (04028) में तीन नवंबर से 13 नवंबर तक व मुजफ्फरपुर- आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल (04027) में चार नवंबर से 14 नवंबर तक एक वातानुकूलित प्रथम श्रेणी कम वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी कोच और एक वातानुकूलित तृतीय श्रेणी कोच लगाया जाएगा।

सीनियर डीसीएम ने आगे बताया कि वाराणसी दिल्ली स्पेशल (04210) में दो नवंबर से 13 नवंबर तक, दिल्ली वाराणसी स्पेशल (04210) में तीन नवंबर से 14 नवंबर तक, फिरोजपुर कैंट पटना स्पेशल (04616) में तीन नवंबर से 10 नवंबर तक, पटना फिरोजपुर कैंट स्पेशल (04615) में चार नवंबर से 11 नवंबर तक, अमृतसर बरौनी स्पेशल (04668) में एक नवंबर से 15 नवंबर तक और बरौनी अमृतसर स्पेशल (04667) में तीन नवंबर से 17 नवंबर तक वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के दो-दो कोच लगाए जाएंगे।
किसान आईडी ना बनने से आलू किसानों के सामने आ रही समस्या, किसान नेता ने की तिथि बढ़ाने की मांग


फर्रुखाबाद।
किसान आंदोलन के प्रदेश प्रभारी अशोक कटियार ने
प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में मांग की है कि भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना के अंतर्गत कोल्ड स्टोरेज भंडारण अनुदान की समय-सीमा बढ़ाने, शीतगृह स्वामियों को किसानों के दस्तावेज पूर्ण कराने की जिम्मेदारी सौंपने एवं जिला आलू विकास अधिकारी द्वारा तय समय में धनराशि अंतरित कराने के संबंध में कार्यवाही होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आलू उत्पादक किसानों के हित में आलू की उचित कीमत न मिलने के कारण “किसान आंदोलन” को देखते हुये शुरू की गई 'भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना' शुरू की गई है।
परंतु, वर्तमान में जमीनी स्तर पर किसानों को इस योजना का लाभ लेने में तीन मुख्य व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके निवारण हेतु आपका ध्यान आकर्षित करना अत्यंत आवश्यक है:
उन्होंने कहा कि समय-सीमा की कमी: तकनीकी कारणों, सर्वर की धीमी गति और एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसान आईडी बनने में हो रहे विलंब के कारण बहुत से पात्र किसान समय पर ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाए हैं। यदि आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर को आगे नहीं बढ़ाया गया, तो हजारों छोटे और सीमांत किसान इस वित्तीय सहायता से वंचित रह जाएंगे।
शीतगृह स्तर पर दस्तावेजों की अपूर्णता: ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के कारण किसानों के पास कोल्ड स्टोरेज से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज जैसे गेट पास,किराया शुल्क की रसीद और डिलीवरी ऑर्डर पूरी तरह व्यवस्थित नहीं हैं। चूंकि यह सारा रिकॉर्ड शीतगृह स्वामियों के पास सुरक्षित रहता है, इसलिए आसानी से पूर्ण करवा सकते हैं।
अनुदान राशि मिलने में देरी: आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी जिला स्तर पर फाइलों के लंबित रहने से किसानों के बैंक खातों में अनुदान राशि पहुंचने में काफी समय लग रहा है, जिससे उनकी आर्थिक परेशानियां बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों के हित में आदेश जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि
• अनुदान के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को आगे 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ाया जाए ताकि कोई भी पात्र किसान वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि हर कोल्ड स्टोरेज मालिकों को यह जिम्मेदारी सौंपी जाए कि वे अपने यहाँ आलू भंडारित करने वाले किसानों के गेट पास, किराया शुल्क की रसीद और डिलीवरी ऑर्डर को अपने स्तर पर अनिवार्य रूप से पूर्ण कराकर किसानों को उपलब्ध कराएं या पोर्टल पर अपलोड कराने में सहयोग करें।
जिला आलू विकास अधिकारी / उद्यान अधिकारी को निर्देशित किया जाए कि वे आवेदनों का त्वरित सत्यापन कर एक निश्चित समय-सीमा के भीतर अनुदान की धनराशि सीधे किसानों के आधार लिंक बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजना सुनिश्चित करें।
इस न्यायसंगत निर्णय से प्रदेश के लाखों आलू उत्पादक किसानों को समय पर आर्थिक लाभ मिलेगा और योजना का वास्तविक उद्देश्य धरातल पर सफल होगा।
तेज रफ्तार बाइक खंभे से टकराई, 22 वर्षीय युवक की मौत
फर्रुखाबाद।फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में नेकपुर गुमटी के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, लालजीत सक्सेना पुत्र स्वर्गीय बलबीर बाइक से घर से फतेहगढ़ की ओर जा रहा था। नेकपुर गुमटी के पास रेलवे क्रॉसिंग के सामने अचानक उसकी बाइक सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लालजीत गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजन आनन-फानन में उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे आवास विकास स्थित एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

लालजीत की मौत से पत्नी निशा और उसकी तीन साल की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया। मां समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि लालजीत चार भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार में तीन बहनें भी थीं, जिनमें एक भाई और एक बहन की पहले ही मौत हो चुकी है। अब परिवार में दो भाई शेष हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।