विधान परिषद आगरा खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल सम्पन्न कराने के लिए अनिवार्य ब्रीफिंग बैठक सम्पन्न*
*जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्वाचन में लगे अधिकारियों एवं कार्मिकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित मतदान सम्पन्न कराने पर दिया जोर*
फर्रुखाबाद । उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अन्तर्गत आगरा खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का मतदान निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में निर्वाचन प्रक्रिया में लगे समस्त माइक्रो आब्जर्वर, पीठासीन अधिकारियों, मतदान अधिकारियों तथा अन्य सम्बन्धित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की अनिवार्य ब्रीफिंग एवं बैठक रॉयल जे०जे०आर० पैलेस, फतेहगढ़ में आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को उनके दायित्वों के प्रति सजग रहते हुए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जनपद में कुल 11 मतदान केन्द्र एवं 30 बूथ बनाए गए हैं। सभी 11 मतदान केन्द्रों पर 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जो सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ-साथ स्टेटिक मजिस्ट्रेट का दायित्व भी निभाएंगे। इसके अतिरिक्त निर्वाचन प्रक्रिया को सम्पन्न कराने के लिए कुल 120 मतदान कार्मिकों की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में प्रत्येक अधिकारी एवं कार्मिक की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। सभी कार्मिक अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ करें। उन्होंने निर्देशित किया कि मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में समय प्रबंधन का विशेष ध्यान रखा जाए। पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतदान केन्द्रों पर समय से पहुंचने, मतदान प्रारम्भ कराने तथा मतपत्र पेटिका को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार व्यवस्थित करने सहित सभी कार्य समयबद्ध ढंग से सम्पन्न किए जाएं, जिससे मतदान प्रारम्भ होने में किसी प्रकार का विलम्ब न हो।
उन्होंने कहा कि सभी मतदान कार्मिक प्रशिक्षण के दौरान बताए गए प्रत्येक बिन्दु को भली-भांति समझ लें तथा निर्वाचन प्रक्रिया से सम्बन्धित नियमों एवं निर्देशों का पूर्ण ज्ञान प्राप्त कर लें। मतदान के दिन किसी भी प्रकार की असावधानी अथवा प्रक्रिया सम्बन्धी त्रुटि से बचने के लिए प्रत्येक कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन सावधानीपूर्वक करे। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदान करने से वंचित न रहने पाए तथा निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी मतदान कार्मिक की त्रुटि के कारण मतपत्र अथवा मत की वैधता प्रभावित न हो। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि मतदान आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप ही सम्पन्न कराया जाए।
जिलाधिकारी ने माइक्रो आब्जर्वर एवं पीठासीन अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मतदान प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखें तथा किसी भी समस्या अथवा असामान्य स्थिति की जानकारी तत्काल सम्बन्धित सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं वरिष्ठ अधिकारियों को उपलब्ध कराएं। निर्वाचन से सम्बन्धित सभी अभिलेखों, मतपत्रों एवं मतपत्र पेटिकाओं के रख-रखाव में निर्धारित नियमों का पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन की शुचिता बनाए रखना सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कहा कि निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण संवेदनशीलता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करें। निर्वाचन ड्यूटी में लगे समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने सहयोगी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मोबाइल नम्बर अनिवार्य रूप से आपस में साझा कर लें, जिससे आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सम्पर्क एवं समन्वय स्थापित किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मतदान के दौरान पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में सतर्क रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखें तथा आदर्श आचार संहिता के अनुपालन, मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मतपत्र पेटिकाओं की सुरक्षा एवं निर्वाचन से सम्बन्धित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की निरन्तर निगरानी करें। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पुलिसकर्मी निष्पक्षता बनाए रखते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपनी ड्यूटी सम्पन्न करें तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित रखें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने बताया कि पीठासीन अधिकारियों एवं माइक्रो आब्जर्वर का प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्ण कराया जा चुका है। उन्होंने मतदान दिवस की तैयारियों के सम्बन्ध में निर्देशित किया कि 23 अक्टूबर 2026 को जनपद के सभी 11 मतदान केन्द्रों पर पीठासीन अधिकारी प्रातः 08:00 बजे से पूर्व पोलिंग एजेंटों की उपस्थिति में मतपत्र पेटिका को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार व्यवस्थित कर लें। इस सम्पूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाए तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदान निर्धारित समय पर प्रारम्भ हो सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मतदान से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का भली-भांति परीक्षण कर लिया जाए। मतदान केन्द्र पर उपलब्ध निर्वाचन सामग्री, मतपत्र पेटिका एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की जांच समय रहते पूरी कर ली जाए। सभी पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा मतदान प्रक्रिया के दौरान निर्धारित प्रपत्रों एवं अभिलेखों का सही ढंग से संधारण सुनिश्चित करें।
बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित समय-सारिणी का पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें। निर्वाचन की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन एवं पुलिस विभाग के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित रखते हुए मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी अम्बरीष बाजपेई, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, समस्त उप जिलाधिकारी, निर्वाचन कार्य में लगे सम्बन्धित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, माइक्रो आब्जर्वर, पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी तथा अन्य सम्बन्धित कार्मिक उपस्थित रहे
10 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1