मतदेय स्थलों की सूची का आलेख्य प्रकाशन, आपत्ति एवं सुझाव आमंत्रित
*गोण्डा, 20 अक्टूबर, 2026*
निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद के समस्त सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की सूची का आलेख्य प्रकाशन दिनांक 19 अक्टूबर, 2026 को कर दिया गया है। यह कार्य लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 25 के प्रावधानों के अंतर्गत किया गया है।
जनपद गोण्डा में सम्मिलित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 295-मेहनौन, 296-गोण्डा, 297-कटराबाजार, 298-करनैलगंज, 299-तरबगंज, 300-मनकापुर (अनुसूचित जाति) तथा 301-गौरा शामिल हैं। इन सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत विभिन्न मतदान क्षेत्रों एवं मतदान समूहों के लिए मतदेय स्थलों की व्यवस्था की गई है। आलेख्य सूची के प्रकाशन का उद्देश्य मतदेय स्थलों के संबंध में संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों को जानकारी उपलब्ध कराना तथा आवश्यक सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त करना है।
उक्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदेय स्थलों से संबंधित आलेख्य सूचियां सभी कार्य दिवसों में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी कार्यालयों में निःशुल्क निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेंगी। इसके लिए तहसील गोण्डा सदर, करनैलगंज, तरबगंज एवं मनकापुर स्थित संबंधित कार्यालयों के साथ-साथ जिला निर्वाचन कार्यालय, गोण्डा में भी सूची का अवलोकन किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त जनपद की आधिकारिक वेबसाइट के जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) पोर्टल पर भी आलेख्य सूची प्रदर्शित कर दी गई है, जिससे नागरिक सुविधानुसार सूची का अवलोकन कर सकें।
यदि किसी नागरिक, जनप्रतिनिधि अथवा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल को प्रकाशित आलेख्य सूची के संबंध में कोई आपत्ति या सुझाव देना हो, तो वह संबंधित तहसील के उपजिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय, गोण्डा में प्रस्तुत कर सकता है।
प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा। वर्तमान माननीय सांसदों एवं विधायकों तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ आयोजित बैठक में प्राप्त सुझावों और शिकायतों के निस्तारण के उपरांत मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
जिला निर्वाचन प्रशासन ने संबंधित नागरिकों एवं सभी हितधारकों से अपील की है कि वे आलेख्य सूची का अवलोकन कर आवश्यक सुझाव एवं आपत्तियां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रस्तुत करें, ताकि मतदेय स्थलों की व्यवस्था को अधिक सुगम, सुलभ एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।
8 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1