समय से दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन करें,आपसी सौहार्द के साथ मनाएं दशहरा पर्व: डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’
                           
                                       
बलरामपुर। आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष एवं केंद्रीय दुर्गा पूजा महोत्सव केंद्रीय समन्वय समिति के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने जनपदवासियों से दुर्गा पूजा महोत्सव एवं दशहरा पर्व को आपसी प्रेम,भाईचारे,शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने सभी दुर्गा पूजा समितियों,पदाधिकारियों,श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से निर्धारित समय के भीतर दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन संपन्न कराने का आग्रह किया है।
डॉ.धीरू ने कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा हमारी धार्मिक आस्था,सांस्कृतिक परंपरा तथा सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। इन पर्वों को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाने के साथ-साथ प्रशासनिक दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित समय का पालन करना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। समय से प्रतिमा विसर्जन होने से व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने,यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा आम नागरिकों को होने वाली असुविधा से बचाने में सहयोग मिलेगा।
उन्होंने कहा कि दशहरा पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देता है। भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक व्यक्ति को समाज में प्रेम,सद्भाव,मर्यादा और सकारात्मकता को बढ़ावा देना चाहिए। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
नगर पालिका अध्यक्ष ने दुर्गा पूजा समितियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करें तथा साफ-सफाई और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे धार्मिक उत्सवों की गरिमा बनाए रखते हुए जिम्मेदारी के साथ पर्व में सहभागी बनें।
अंत में डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने सभी नगरवासियों एवं जनपदवासियों को विजयादशमी और दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और बलरामपुर की गंगा-जमुनी तहजीब,सामाजिक एकता तथा आपसी भाईचारे की परंपरा को और मजबूत बनाएं।
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में 48 लाख की सामग्री का मामला गरमाया, किसान नेता ने की निष्पक्ष जांच की मांग
प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचा मामला, अधिकारियों के जवाब पर उठे सवाल; अभिलेखों और मौके पर सत्यापन की मांग

फर्रुखाबाद।  जनपद के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में जांच सामग्री एवं उपकरणों से संबंधित लगभग 48 लाख रुपये के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश आलू विकास एवं विपणन सहकारी संघ लिमिटेड के निदेशक एवं किसान नेता अशोक कटियार ने निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र भेजकर स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और सरकारी धन के सदुपयोग का मुद्दा उठाया है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में जांच सामग्री एवं उपकरणों की उपलब्धता, उनके वितरण एवं वास्तविक उपयोग की स्थिति की जांच आवश्यक है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता और जरूरतमंद मरीजों तक सही ढंग से पहुंच रहा है या नहीं।

इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय द्वारा 17 अक्टूबर 2026 को शिकायत के संबंध में जवाब दिया गया। पत्र में सामग्री एवं उपकरणों की उपलब्धता, स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं एवं कर्मचारियों के रिक्त पदों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं का उल्लेख किया गया है। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए केवल लिखित जवाब के आधार पर संतुष्ट होने के बजाय संबंधित अभिलेखों और वास्तविक स्थिति का सत्यापन कराया जाना आवश्यक है।

उन्होंने मांग की है कि संबंधित केंद्रों पर उपलब्ध जांच सामग्री एवं उपकरणों का भौतिक सत्यापन कराया जाए, खरीद और वितरण से जुड़े अभिलेखों की जांच हो तथा जहां आवश्यक हो, वहां स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकीय सुविधाओं और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीण जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का उद्देश्य गरीबों और जरूरतमंदों को सुलभ उपचार उपलब्ध कराना है। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है, तो जिम्मेदारी तय करके नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि जनहित में तथ्यों की निष्पक्ष जांच, सरकारी धन की पारदर्शिता और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार सुनिश्चित कराना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मांग की कि शिकायत पर की गई कार्रवाई की तथ्यात्मक रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए । साथ ही सभी बिंदुओं की जांच के बाद ही उचित निर्णय लिया जाए।
आजमगढ़: बुढ़नपुर तहसील के ग्राम पांती में माता जी के हवन-पूजन और प्रसाद वितरण का भव्य आयोजन

नव युवक मंगल दल सेवा समिति ने कराया आयोजन, भक्तिमय हुआ पूरा गांव



उपेन्द्र कुमार पांडेय


*आजमगढ़ :: बुढ़नपुर।* जनपद के बुढ़नपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पांती में माता जी के हवन पूजन एवं प्रसाद वितरण का भव्य कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुआ। नव युवक मंगल दल सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।

सुबह से ही गांव में भक्ति का माहौल रहा। पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन पूजन कराया गया और गांव की सुख-शांति, समृद्धि व खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई। हवन के उपरांत विशाल भंडारे व प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं सहित समस्त ग्रामवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया। *समिति ने संभाला मोर्चा*

कार्यक्रम को सफल बनाने में नव युवक मंगल दल सेवा समिति के *अध्यक्ष हरिश्चंद्र पांडेय, उपाध्यक्ष सूर्यकांत पांडेय और कार्य समिति प्रमुख तुषार पांडेय* ने मुख्य भूमिका निभाई। उनके साथ सहयोगी गण *अंकित पांडेय, रामप्रकाश पांडेय, इंद्रमणि पांडेय, विकास पाठक, राजन पांडेय,वीरेंद्र मिश्र,* सहित समस्त ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया और व्यवस्था को सुचारू रूप से संभाला।

ग्रामीणों ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से गांव में आपसी भाईचारा और एकता मजबूत होती है।
एक वर्षीय बच्चे को सांप ने डसा, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत


अमृतपुर फर्रुखाबाद 19 अक्टूबर। जनपद फर्रुखाबाद के थाना राजेपुर कस्बे में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में एक वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घर में खेल रहे बच्चे को कथित तौर पर कोबरा सांप ने हाथ में डस लिया। परिजन उसे आनन-फानन में लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार, राजेपुर कस्बा निवासी आरजू पाल का एक वर्षीय बेटा आरव सोमवार सुबह करीब 10 बजे घर में खेल रहा था। उस समय बच्चे की मां पिंकी रसोई में खाना बना रही थीं। उसी दौरान सांप ने बच्चे के हाथ में डस लिया।करीब 20 मिनट बाद जब बच्चे की हालत बिगड़ने लगी और वह बेहोश होकर जमीन पर गिरने लगा, तब मां को घटना की जानकारी हुई। परिजन तत्काल बच्चे को निजी वाहन से लोहिया अस्पताल लेकर निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटे की मौत से मां पिंकी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और वह गम में बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। आरजू पाल के एक बेटी और दो बेटे हैं। तीन बच्चों में सबसे छोटे बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग परिवार को सांत्वना देने के लिए घर पहुंच गए। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।
मतदेय स्थलों की सूची का आलेख्य प्रकाशन, आपत्ति एवं सुझाव आमंत्रित


*गोण्डा, 20 अक्टूबर, 2026*
निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद के समस्त सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की सूची का आलेख्य प्रकाशन दिनांक 19 अक्टूबर, 2026 को कर दिया गया है। यह कार्य लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 25 के प्रावधानों के अंतर्गत किया गया है।
जनपद गोण्डा में सम्मिलित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 295-मेहनौन, 296-गोण्डा, 297-कटराबाजार, 298-करनैलगंज, 299-तरबगंज, 300-मनकापुर (अनुसूचित जाति) तथा 301-गौरा शामिल हैं। इन सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत विभिन्न मतदान क्षेत्रों एवं मतदान समूहों के लिए मतदेय स्थलों की व्यवस्था की गई है। आलेख्य सूची के प्रकाशन का उद्देश्य मतदेय स्थलों के संबंध में संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों को जानकारी उपलब्ध कराना तथा आवश्यक सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त करना है।
उक्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदेय स्थलों से संबंधित आलेख्य सूचियां सभी कार्य दिवसों में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी कार्यालयों में निःशुल्क निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेंगी। इसके लिए तहसील गोण्डा सदर, करनैलगंज, तरबगंज एवं मनकापुर स्थित संबंधित कार्यालयों के साथ-साथ जिला निर्वाचन कार्यालय, गोण्डा में भी सूची का अवलोकन किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त जनपद की आधिकारिक वेबसाइट के जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) पोर्टल पर भी आलेख्य सूची प्रदर्शित कर दी गई है, जिससे नागरिक सुविधानुसार सूची का अवलोकन कर सकें।

यदि किसी नागरिक, जनप्रतिनिधि अथवा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल को प्रकाशित आलेख्य सूची के संबंध में कोई आपत्ति या सुझाव देना हो, तो वह संबंधित तहसील के उपजिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय, गोण्डा में प्रस्तुत कर सकता है।
प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा। वर्तमान माननीय सांसदों एवं विधायकों तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ आयोजित बैठक में प्राप्त सुझावों और शिकायतों के निस्तारण के उपरांत मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

जिला निर्वाचन प्रशासन ने संबंधित नागरिकों एवं सभी हितधारकों से अपील की है कि वे आलेख्य सूची का अवलोकन कर आवश्यक सुझाव एवं आपत्तियां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रस्तुत करें, ताकि मतदेय स्थलों की व्यवस्था को अधिक सुगम, सुलभ एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।
45 सालों से मुस्लिम परिवार बना रावणा का पुतला

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। ज्ञानपुर नगर के पुरानी बाजार निवासी राजू का मुस्लिम का परिवार जहां मोहर्रम में ताजिया बनाता है। वहीं नवरात्र लगते ही मां दुर्गा की प्रतिमाओं के साथ रावण के पुतलों को भी आकार देने में लग जाता है। इस परिवार ने ज्ञानपुर व नई बाजार में विजय दशमी मेला के लिए रावण के 30-30 फीट के दो पुतले तैयार किए हैं। राजू व उसका परिवार हिंदुओं के हर पर्व में किसी न किसी रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराता है। राजू की अंगुलियां मोहर्रम के ताजिया बनाती हैं तो दशहरे पर दहन होने वाले रावण के पुतले भी साकार रूप देने में जरा भी गुरेज नहीं करती। वे बताते हैं कि उनके पिता मो. इनुश ये काम करते थे। 35 सालों तक उन्होंने यह काम किया, अब वे उनका परिवार 10 सालों कर रहे हैं। बताया कि 30-30 फीट के दो रावण का पुतला बनाने में करीब 35-35 हजार का खर्च आया है।
एसडीएम सदर सुल्तानपुर गरिमा सौनेकिया ने किया भव्य भंडारे का शुभारंभ

सुल्तानपुर में आज तहसील सदर परिसर में श्री रामनवमी एवं नवरात्रि के पावन अवसर पर माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण कर भव्य भंडारे का शुभारंभ किया गया है।

उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार के मार्गदर्शन में तहसील परिवार द्वारा इस भव्य भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आपसी सहयोग,सौहार्द और सेवा भावना को बढ़ावा देना है।

श्री सौनेकिया ने समस्त तहसील स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया और सभी आम जनमानस से अपील है कि भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर कार्यक्रम को सफल बनाएं।

उपजिलाधिकारी सदर सुल्तानपुर गरिमा सौनेकिया ने बताया कि आज नवमी के दिन दिनांक 19 अक्टूबर 2026 को तहसील परिवार की तरफ से हमारी व्यक्तिगत कैपेसिटी में हमने एक भंडारा आयोजित किया है और सभी लोग, सभी श्रद्धालुगण और अन्य लोग आमंत्रित हैं, आकर प्रसाद ग्रहण करें और ज्यादा से ज्यादा संख्या में आएं तो हम भी इसके लिए उनके आभारी होंगे, बाकी सभी इसको सफल बनाएं यही हमारी कामना है।
रायबरेली में भीषण हादसा: पिता-पुत्र की मौत, डंपर जलकर राख
राख लदे डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, छोटा बेटा गंभीर घायल; टक्कर के बाद वाहन में लगी आग, चालक फरार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जनपद रायबरेली में राख लदे डंपर की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई,जबकि छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक डंपर में फंसकर सड़क पर घिसटती रही,जिससे डंपर में आग लग गई। देखते ही देखते वाहन जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायल को अस्पताल पहुंचाया।

ज़िले के गदागंज थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव निवासी इंद्रपाल (50) रविवार देर रात अपने बेटे शिवम (19) और सत्यम (17) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। तीनों बरारा बुजुर्ग रेलवे स्टेशन की ओर से अपने गांव जा रहे थे। ऊंचाहार-लालगंज मार्ग पर बरारा बुजुर्ग चौराहे के पास ऊंचाहार स्थित एनटीपीसी से राख लादकर डलमऊ की ओर जा रहे डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में इंद्रपाल और उनके बड़े बेटे शिवम की मौत हो गई जबकि छोटा बेटा सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है। टक्कर के बाद बाइक डंपर में फंस गई और काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई। इसी दौरान डंपर में अचानक आग लग गई। सूचना मिलने पर गदागंज पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग को काबू करने में सफलता मिली । हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।

ग़दागंज के थानाध्यक्ष बालेंदु गौतम ने बताया कि डंपर और बाइक के बीच टक्कर हुई है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।
नेहा सिंह राठौर का अपमान, देश की महिलाओं का अपमान - एबीपी न्यूज़ माफी मांगे : शहर अध्यक्ष सभासद शाहिद अली कुरैशी*


गोण्डा। आज  कांग्रेस भवन कार्यालय, गोंडा में शहर अध्यक्ष सभासद शाहिद अली कुरैशी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रसिद्ध लोकगायिका नेहा सिंह राठौर पर एबीपी न्यूज़ द्वारा चलाई गई भ्रामक एवं तथ्यहीन खबर की कड़ी निंदा की गई।

शहर अध्यक्ष शाहिद अली कुरैशी ने कहा, "श्राप देने से कांग्रेस समाप्त नहीं होगी। यह वही कांग्रेस है जो अंग्रेजों से लड़ी थी और आज अडानी-अंबानी के ठेकेदारों से लड़ रही है। सच बोलने वाली देश की बेटी नेहा सिंह राठौर का अपमान, पूरे देश की महिलाओं का अपमान है। एबीपी न्यूज़ अपनी चापलूसी बंद करे और सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। महिलाओं का अपमान कांग्रेस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस थी, है और हमेशा रहेगी।"

इस दौरान  शौकत अली उर्फ माली बाबा  को शहर कांग्रेस का सोशल मीडिया प्रभारी (इंचार्ज) नियुक्त किया गया।

साथ ही साबिर अली को कांग्रेस पार्टी का पटका पहनाकर सम्मान के साथ पार्टी में शामिल कराया गया। शहर अध्यक्ष ने उन्हें कांग्रेस परिवार में हार्दिक स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश संगठन मंत्री (सेवादल) अनीस नाना, शहर संगठन प्रभारी सुकई भारती, शहर उपाध्यक्ष मुकेश सोनी, शौकत अली उर्फ माली बाबा, घनश्याम दास बाबा, शिव शंकर गौड़, मोहम्मद रिजवान,दिनेश सोनी, रहीम, मोहम्मद इकरार , कैलाश चंद श्रीवास्तव सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
धारा 107 बीएनएसएस के तहत अभियुक्त फूल मोहम्मद की अपराध से अर्जित सम्पत्ति, अनुमानित कीमत करीब ₹1.08 करोड़, की कुर्की की कार्यवाही
गोण्डा। थाना कोतवाली नगर, जनपद गोण्डा पर पंजीकृत मु0अ0सं0 45/2026 धारा 319(2)/318(4)/336(3)/338/340(2)/316(5)/ 3(5)/61(2)(1) बीएनएस से सम्बन्धित अभियुक्तगण द्वारा अपराध के माध्यम से अर्जित सम्पत्ति के विरुद्ध नियमानुसार कुर्की/जब्तीकरण की कार्यवाही की गयी।

*प्रकरण का संक्षिप्त विवरण—*
उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक लि0, गोण्डा शाखा में ऋण वितरण में अनियमितता, धोखाधड़ी, कूटरचित अभिलेखों के प्रयोग, आपराधिक साजिश एवं बैंक की धनराशि के दुर्विनियोग के सम्बन्ध में मु0अ0सं0 45/2026 पंजीकृत किया गया था। प्रकरण में बैंक की आन्तरिक विशेष ऑडिट रिपोर्ट में बैंक के विभिन्न खातों से कुल करीब ₹21.47 करोड़ की धनराशि के दुर्विनियोग का तथ्य प्रकाश में आया था।

*कार्यवाही—*
उक्त प्रकरण में अभियुक्तगण द्वारा आपराधिक कृत्य कर अर्जित की गयी सम्पत्ति के *धारा 107 बीएनएसएस* के अन्तर्गत जब्तीकरण/कुर्की हेतु पुलिस अधीक्षक, गोण्डा द्वारा सम्बन्धित सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था। मा0 न्यायालय अपर सिविल जज (प्रवर खण्ड)/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कक्ष संख्या-02, गोण्डा द्वारा दिनांक 13.08.2026 को सम्पत्ति के जब्तीकरण/कुर्की सम्बन्धी आदेश पारित किया गया। उक्त आदेश के अनुपालन में जिलाधिकारी, गोण्डा द्वारा दिनांक 05.10.2026 को नियमानुसार कुर्की/जब्तीकरण की कार्यवाही एवं प्रश्नगत सम्पत्ति के उचित एवं प्रभावी प्रबन्धन हेतु उप जिलाधिकारी सदर, गोण्डा को प्रशासक नियुक्त किया गया। इसी क्रम में एसडीएम सदर गोण्डा एवं उनकी राजस्व टीम (लेखपाल/कानूनगो) तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मय पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त फूल मोहम्मद की चिन्हित सम्पत्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कुर्की/जब्तीकरण की कार्यवाही की गयी।

*कुर्क की गयी सम्पत्ति का विवरण—*
1. गाटा संख्या 729, क्षेत्रफल 0.1130 हे0, ग्राम गिर्द गोण्डा ग्रामीण — अनुमानित मालियत ₹54,01,000/-।
2. गाटा संख्या 82 मि0, क्षेत्रफल 0.3710 हे0, खिराभा सदर गोण्डा — अनुमानित मालियत ₹18,42,000/-।
3. गाटा संख्या 469, क्षेत्रफल 0.7890 हे0, खिराभा सदर गोण्डा — अनुमानित मालियत ₹28,33,000/-।
4. गाटा संख्या 469, क्षेत्रफल 0.7890 हे0, खिराभा सदर गोण्डा — दान विलेख से सम्बन्धित सम्पत्ति।
5. गाटा संख्या 477, क्षेत्रफल 0.1090 हे0, लक्ष्मनपुर जाट — अनुमानित मालियत ₹3,27,000/-।

उपरोक्त सम्पत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य करीब ₹1,08,08,000/- (एक करोड़ आठ लाख आठ हजार रुपये) है।

*कुर्की कर्ता टीम—*
एसडीएम सदर गोण्डा मय राजस्व टीम (लेखपाल/कानूनगो) एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मय पुलिस टीम।