45 सालों से मुस्लिम परिवार बना रावणा का पुतला

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। ज्ञानपुर नगर के पुरानी बाजार निवासी राजू का मुस्लिम का परिवार जहां मोहर्रम में ताजिया बनाता है। वहीं नवरात्र लगते ही मां दुर्गा की प्रतिमाओं के साथ रावण के पुतलों को भी आकार देने में लग जाता है। इस परिवार ने ज्ञानपुर व नई बाजार में विजय दशमी मेला के लिए रावण के 30-30 फीट के दो पुतले तैयार किए हैं। राजू व उसका परिवार हिंदुओं के हर पर्व में किसी न किसी रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराता है। राजू की अंगुलियां मोहर्रम के ताजिया बनाती हैं तो दशहरे पर दहन होने वाले रावण के पुतले भी साकार रूप देने में जरा भी गुरेज नहीं करती। वे बताते हैं कि उनके पिता मो. इनुश ये काम करते थे। 35 सालों तक उन्होंने यह काम किया, अब वे उनका परिवार 10 सालों कर रहे हैं। बताया कि 30-30 फीट के दो रावण का पुतला बनाने में करीब 35-35 हजार का खर्च आया है।
एसडीएम सदर सुल्तानपुर गरिमा सौनेकिया ने किया भव्य भंडारे का शुभारंभ

सुल्तानपुर में आज तहसील सदर परिसर में श्री रामनवमी एवं नवरात्रि के पावन अवसर पर माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण कर भव्य भंडारे का शुभारंभ किया गया है।

उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार के मार्गदर्शन में तहसील परिवार द्वारा इस भव्य भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आपसी सहयोग,सौहार्द और सेवा भावना को बढ़ावा देना है।

श्री सौनेकिया ने समस्त तहसील स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया और सभी आम जनमानस से अपील है कि भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर कार्यक्रम को सफल बनाएं।

उपजिलाधिकारी सदर सुल्तानपुर गरिमा सौनेकिया ने बताया कि आज नवमी के दिन दिनांक 19 अक्टूबर 2026 को तहसील परिवार की तरफ से हमारी व्यक्तिगत कैपेसिटी में हमने एक भंडारा आयोजित किया है और सभी लोग, सभी श्रद्धालुगण और अन्य लोग आमंत्रित हैं, आकर प्रसाद ग्रहण करें और ज्यादा से ज्यादा संख्या में आएं तो हम भी इसके लिए उनके आभारी होंगे, बाकी सभी इसको सफल बनाएं यही हमारी कामना है।
रायबरेली में भीषण हादसा: पिता-पुत्र की मौत, डंपर जलकर राख
राख लदे डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, छोटा बेटा गंभीर घायल; टक्कर के बाद वाहन में लगी आग, चालक फरार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जनपद रायबरेली में राख लदे डंपर की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई,जबकि छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक डंपर में फंसकर सड़क पर घिसटती रही,जिससे डंपर में आग लग गई। देखते ही देखते वाहन जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायल को अस्पताल पहुंचाया।

ज़िले के गदागंज थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव निवासी इंद्रपाल (50) रविवार देर रात अपने बेटे शिवम (19) और सत्यम (17) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। तीनों बरारा बुजुर्ग रेलवे स्टेशन की ओर से अपने गांव जा रहे थे। ऊंचाहार-लालगंज मार्ग पर बरारा बुजुर्ग चौराहे के पास ऊंचाहार स्थित एनटीपीसी से राख लादकर डलमऊ की ओर जा रहे डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में इंद्रपाल और उनके बड़े बेटे शिवम की मौत हो गई जबकि छोटा बेटा सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है। टक्कर के बाद बाइक डंपर में फंस गई और काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई। इसी दौरान डंपर में अचानक आग लग गई। सूचना मिलने पर गदागंज पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग को काबू करने में सफलता मिली । हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।

ग़दागंज के थानाध्यक्ष बालेंदु गौतम ने बताया कि डंपर और बाइक के बीच टक्कर हुई है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।
नेहा सिंह राठौर का अपमान, देश की महिलाओं का अपमान - एबीपी न्यूज़ माफी मांगे : शहर अध्यक्ष सभासद शाहिद अली कुरैशी*


गोण्डा। आज  कांग्रेस भवन कार्यालय, गोंडा में शहर अध्यक्ष सभासद शाहिद अली कुरैशी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रसिद्ध लोकगायिका नेहा सिंह राठौर पर एबीपी न्यूज़ द्वारा चलाई गई भ्रामक एवं तथ्यहीन खबर की कड़ी निंदा की गई।

शहर अध्यक्ष शाहिद अली कुरैशी ने कहा, "श्राप देने से कांग्रेस समाप्त नहीं होगी। यह वही कांग्रेस है जो अंग्रेजों से लड़ी थी और आज अडानी-अंबानी के ठेकेदारों से लड़ रही है। सच बोलने वाली देश की बेटी नेहा सिंह राठौर का अपमान, पूरे देश की महिलाओं का अपमान है। एबीपी न्यूज़ अपनी चापलूसी बंद करे और सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। महिलाओं का अपमान कांग्रेस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस थी, है और हमेशा रहेगी।"

इस दौरान  शौकत अली उर्फ माली बाबा  को शहर कांग्रेस का सोशल मीडिया प्रभारी (इंचार्ज) नियुक्त किया गया।

साथ ही साबिर अली को कांग्रेस पार्टी का पटका पहनाकर सम्मान के साथ पार्टी में शामिल कराया गया। शहर अध्यक्ष ने उन्हें कांग्रेस परिवार में हार्दिक स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश संगठन मंत्री (सेवादल) अनीस नाना, शहर संगठन प्रभारी सुकई भारती, शहर उपाध्यक्ष मुकेश सोनी, शौकत अली उर्फ माली बाबा, घनश्याम दास बाबा, शिव शंकर गौड़, मोहम्मद रिजवान,दिनेश सोनी, रहीम, मोहम्मद इकरार , कैलाश चंद श्रीवास्तव सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
धारा 107 बीएनएसएस के तहत अभियुक्त फूल मोहम्मद की अपराध से अर्जित सम्पत्ति, अनुमानित कीमत करीब ₹1.08 करोड़, की कुर्की की कार्यवाही
गोण्डा। थाना कोतवाली नगर, जनपद गोण्डा पर पंजीकृत मु0अ0सं0 45/2026 धारा 319(2)/318(4)/336(3)/338/340(2)/316(5)/ 3(5)/61(2)(1) बीएनएस से सम्बन्धित अभियुक्तगण द्वारा अपराध के माध्यम से अर्जित सम्पत्ति के विरुद्ध नियमानुसार कुर्की/जब्तीकरण की कार्यवाही की गयी।

*प्रकरण का संक्षिप्त विवरण—*
उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक लि0, गोण्डा शाखा में ऋण वितरण में अनियमितता, धोखाधड़ी, कूटरचित अभिलेखों के प्रयोग, आपराधिक साजिश एवं बैंक की धनराशि के दुर्विनियोग के सम्बन्ध में मु0अ0सं0 45/2026 पंजीकृत किया गया था। प्रकरण में बैंक की आन्तरिक विशेष ऑडिट रिपोर्ट में बैंक के विभिन्न खातों से कुल करीब ₹21.47 करोड़ की धनराशि के दुर्विनियोग का तथ्य प्रकाश में आया था।

*कार्यवाही—*
उक्त प्रकरण में अभियुक्तगण द्वारा आपराधिक कृत्य कर अर्जित की गयी सम्पत्ति के *धारा 107 बीएनएसएस* के अन्तर्गत जब्तीकरण/कुर्की हेतु पुलिस अधीक्षक, गोण्डा द्वारा सम्बन्धित सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था। मा0 न्यायालय अपर सिविल जज (प्रवर खण्ड)/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कक्ष संख्या-02, गोण्डा द्वारा दिनांक 13.08.2026 को सम्पत्ति के जब्तीकरण/कुर्की सम्बन्धी आदेश पारित किया गया। उक्त आदेश के अनुपालन में जिलाधिकारी, गोण्डा द्वारा दिनांक 05.10.2026 को नियमानुसार कुर्की/जब्तीकरण की कार्यवाही एवं प्रश्नगत सम्पत्ति के उचित एवं प्रभावी प्रबन्धन हेतु उप जिलाधिकारी सदर, गोण्डा को प्रशासक नियुक्त किया गया। इसी क्रम में एसडीएम सदर गोण्डा एवं उनकी राजस्व टीम (लेखपाल/कानूनगो) तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मय पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त फूल मोहम्मद की चिन्हित सम्पत्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कुर्की/जब्तीकरण की कार्यवाही की गयी।

*कुर्क की गयी सम्पत्ति का विवरण—*
1. गाटा संख्या 729, क्षेत्रफल 0.1130 हे0, ग्राम गिर्द गोण्डा ग्रामीण — अनुमानित मालियत ₹54,01,000/-।
2. गाटा संख्या 82 मि0, क्षेत्रफल 0.3710 हे0, खिराभा सदर गोण्डा — अनुमानित मालियत ₹18,42,000/-।
3. गाटा संख्या 469, क्षेत्रफल 0.7890 हे0, खिराभा सदर गोण्डा — अनुमानित मालियत ₹28,33,000/-।
4. गाटा संख्या 469, क्षेत्रफल 0.7890 हे0, खिराभा सदर गोण्डा — दान विलेख से सम्बन्धित सम्पत्ति।
5. गाटा संख्या 477, क्षेत्रफल 0.1090 हे0, लक्ष्मनपुर जाट — अनुमानित मालियत ₹3,27,000/-।

उपरोक्त सम्पत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य करीब ₹1,08,08,000/- (एक करोड़ आठ लाख आठ हजार रुपये) है।

*कुर्की कर्ता टीम—*
एसडीएम सदर गोण्डा मय राजस्व टीम (लेखपाल/कानूनगो) एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मय पुलिस टीम।
मऊ: विसर्जन की तैयारी में जुटी नगर पालिका, मुंशीपुरा ओवरब्रिज पर लाइटों की मरम्मत
मऊ। दशहरा पर्व को लेकर नगर पालिका प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।

विसर्जन से एक दिन पहले नगर पालिका की टीम मुंशीपुरा ओवरब्रिज पर खराब लाइटों की मरम्मत करते हुए दिखाई दी।

पर्व के दौरान शहर में रोशनी और आवागमन व्यवस्था बेहतर रखने के लिए कर्मचारी तैयारियों में जुटे हैं।
आज़मगढ़ वासियों को मिला शुद्धता का नया ठिकाना: 'श्री माधव स्वीट्स' का भव्य शुभारंभ

उपेन्द्र कुमार पांडेय



आज़मगढ़। नगर में शुद्धता, परंपरा और बेहतरीन स्वाद के नए पर्याय के रूप में श्री माधव स्वीट्स का भव्य उद्घाटन संपन्न हुआ। पुरानी आरटीओ रोड, घोरठ स्थित इस नए प्रतिष्ठान का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्षा डॉ. माला द्विवेदी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर भागवत तिवारी, शशांक तिवारी सहित स्थानीय गणमान्य नागरिकों और शहरवासियों की भारी भीड़ मौजूद रही, जिन्होंने इस नई शुरुआत का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर पुष्पेंद्र नाथ और उपेन्द्र नाथ दुबे ने समारोह में पधारे सभी आगंतुकों व अतिथियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस प्रतिष्ठान के खुलने से अब आज़मगढ़ के लोगों को शुद्ध देशी घी से निर्मित स्वादिष्ट और उच्च गुणवत्ता वाली मिठाइयों के लिए शहर से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। यहाँ बेहतरीन क्वालिटी और लाजवाब स्वाद का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।प्रोपराइटर पुष्पेंद्र ने बताया कि हमारे पास शुद्ध देसी घी की मिठाइयों की विशाल श्रृंखला है। कुशल कारीगरों द्वारा मांगलिक कार्यक्रमों के लिए विशेष रूप से तैयार की जाने वाली मिठाइयों की संपूर्ण रेंज।
बर्थडे पार्टी व अन्य खास अवसरों के लिए ताज़ा केक, पेस्ट्री और चॉकलेट की बेहतरीन वैरायटी है। हमारे यहां प्रीमियम 'माधव पापड़ी' और काजू की मिठाइयों की विशेष रेंज, जो स्वाद में बेजोड़ है। संचालकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सपरिवार पधारें और 'श्री माधव स्वीट्स' की शुद्धता व मिठास का आनंद उठाएँ। इस नए प्रतिष्ठान के खुलने से मिष्ठान प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
डांडिया और महाभारत की झांकियों से भक्तिमय हुआ पारस कन्या इंटर कॉलेज, छात्राओं ने बांधा समां

उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़:;नवरात्रि के पावन पर्व के उपलक्ष्य में 'पारस कन्या इंटर कॉलेज' में भव्य डांडिया और सांस्कृतिक कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा के पूजन और आरती के साथ हुई, जिससे पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रेमचंद विश्वकर्मा की  उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मंच संचालन चंद्रभान गौतम द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
छात्राओं की शानदार  प्रस्तुतियां और 'नवदुर्गा' का रूप
सांस्कृतिक कार्यक्रम डांडिया में कक्षा 6 से लेकर बीए और बीएससी तक की छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत 'नवदुर्गा' के नौ स्वरूपों की मनमोहक झांकी रही मां काली मां सरस्वती रही । इसके अलावा छात्राओं ने महाभारत के विभिन्न ऐतिहासिक और पौराणिक प्रसंगों पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। डांडिया की ताल पर छात्राओं के नृत्य ने पूरे माहौल में उत्सव का रंग भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान शांति विश्वकर्मा, नागेंद्र मास्टर, शारदा सिंह, इन्द्रा सनी यादव, पुष्टम सिंह, अंकित यादव, देवेंद्र मिश्रा, अरुण चौहान और अविनाश यादव सहित पूरा विद्यालय परिवार  शिक्षकगण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के सफल समापन पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ज्योति विश्वकर्मा ने आए हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और प्रतिभावान छात्राओं का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों में भारतीय संस्कृति, कला और परंपराओं के प्रति सम्मान व जुड़ाव बढ़ता है। वहीं कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाली सभी
छात्रों को पुरस्कृत भी किया गया
घोसी लोकसभा की मिट्टी के लाल दुर्गेश यादव को घोसी लोकसभा के सांसद राजीव राय ने कहा कि उन्होने ने मऊ का सम्मान और मान  बढ़ाया
मऊ। घोसी लोकसभा के सांसद राजीव राय ने कहा कि घोसी लोकसभा क्षेत्र की मिट्टी से निकले प्रतिभाशाली गायक दुर्गेश यादव ने लोकप्रिय रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा’ के टॉप-12 में जगह बनाकर मऊ जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

ग्राम महलीपुर, पोस्ट कोहिनौर, जनपद मऊ निवासी दुर्गेश यादव ने पंडित देवनाथ संगीत महाविद्यालय, मऊ से संगीत की शिक्षा प्राप्त की है।

उनकी प्रतिभा और मेहनत का सम्मान करते हुए घोसी सांसद राजीव राय ने उन्हें अपने आवास पर आमंत्रित कर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर दुर्गेश यादव के प्रति स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए उनके निरंतर सफलता की कामना की गई। उनकी उपलब्धि को पूरे मऊ जनपद के लिए गर्व का विषय बताया गया।
धूमधाम से निकली मां भगवती की 52वीं विशाल शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा बहसूमा
**मुख्य यजमान की बोली 55,101 रुपये और सारथी की बोली 25,101 रुपये में छूटी, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने किया स्वागत**

**बहसूमा (मेरठ)।** कस्बा बहसूमा में महानवमी के पावन पर्व पर रविवार को मां भगवती की 52वीं विशाल शोभायात्रा बैंड-बाजों के साथ धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने मां भगवती के जयकारे लगाते हुए उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। पूरे नगर का माहौल भक्तिमय हो गया।

शोभायात्रा का शुभारंभ रेशु एडवरटाइजिंग के संस्थापक सत्यप्रकाश रेशु ने फीता काटकर किया। मां भगवती के चरणों में बैठने के लिए मुख्य यजमान की बोली कॉपीन बैरागी पुत्र सतपाल बैरागी ने 55,101 रुपये लगाकर अपने नाम की। वहीं, सारथी की बोली प्रदीप गर्ग पुत्र स्वर्गीय मोतीराम ने 25,101 रुपये में अपने नाम कर मां के चरणों में बैठने का सौभाग्य प्राप्त किया।

शोभायात्रा श्री शिव दुर्गा मंदिर परिसर से शुरू होकर मुख्य बाजार, मोहल्ला मंगल बाजार, मोहल्ला जुमेरात, मोहल्ला चौखट्टा, मोहल्ला मार्कपुरिया और मोहल्ला छिप्पी वाला से होते हुए वापस मंदिर प्रांगण में पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर मां भगवती का स्वागत किया। कई स्थानों पर प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालु मां भगवती के रथ को पैदल खींचते हुए भजनों की धुन पर नृत्य करते और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।

शोभायात्रा का लाइव प्रसारण श्री शिव दुर्गा श्याम मंदिर के यूट्यूब चैनल के माध्यम से किया गया, जिससे घर बैठे श्रद्धालु भी मां भगवती की यात्रा के दर्शन कर सके।

**ये रहे मौजूद**

इस अवसर पर समिति अध्यक्ष रविंद्र नागर, लोकेश सिंघल, विपिन माहेश्वरी, अमरीश गोयल, राम अवतार शर्मा, रविशंकर कौशिक, शिवम माहेश्वरी, राहुल सिंघल, भूषण शर्मा, राम बहादुर, मास्टर ओमबीर, सौरभ शर्मा, अभिषेक गौड़, चिंटू सिंघल, वैभव गौड़, आदिराज गौड़, दिव्यांश गौड़, विष्णु शर्मा, सचिन कुमार प्रजापति, अक्षत और काले सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। शोभायात्रा के आयोजन में कस्बावासियों का विशेष सहयोग रहा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना अध्यक्ष रविंद्र पवार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।