युवक फांसी पर झूला, हालत गंभीर, इलाज जारी


अमृतपुर,फर्रुखाबाद ।थाना क्षेत्र के ग्राम उजरामऊ निवासी 25 वर्षीय शिवम पुत्र ओमपाल सिंह जाटव ने शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली। परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, शिवम सुबह करीब 11 बजे खेतों की ओर से घर लौटा था। इसके बाद वह कमरे में चला गया, जहां साड़ी के सहारे छत के कुंडे से फांसी लगा ली। परिजन उसे जमापुर स्थित निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे फर्रुखाबाद के नालामच्छरट्टा स्थित  अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सक के अनुसार, युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उपचार जारी है। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
मऊ मुहम्मदाबाद गोहना में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन, 194 मरीजों की हुई जांच
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। शासन के निर्देश पर प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले के तहत रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जुड़े करहां समेत चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में चिकित्सकों ने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित कीं।

मेले के दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. फैयाज अहमद ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को अपनी ड्यूटी पर मुस्तैदी से तैनात रहने के निर्देश दिए। उन्होंने मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति विशेष रूप से जागरूक करने पर जोर दिया।

स्वास्थ्य मेले में सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार, टाइफाइड, मलेरिया और शुगर से संबंधित मरीज बड़ी संख्या में पहुंचे। चारों स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 194 मरीजों की जांच कर उन्हें दवा दी गई।

इस अवसर पर डॉ. जावेद अहमद, डॉ. संजय चौहान, डॉ. बलवंत समेत फार्मासिस्ट सरोज यादव, सूबेदार सरोज, रितेश कुमार राय, उपासना राय सहित एएनएम और स्टाफ नर्स विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर अपनी सेवाएं देते रहे।
सपा को बड़ा झटका: महासचिव मंटू मिश्रा ने छोड़ी पार्टी, पूर्व डीएम दिव्या मित्तल की 'जननीति भारत' में शामिल
'राजनीति नहीं, जननीति' मंत्र से जुड़ रहे है मिर्जापुर के मतदाता : दिव्या मित्तल
मीरजापुर। जिले की सियासत में बड़ा भूचाल आ गया है। समाजवादी पार्टी के महासचिव और प्रसिद्ध गायक मंटू मिश्रा ने सपा का दामन छोड़कर पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल की नई पार्टी 'जननीति भारत' का दामन थाम लिया है। मंटू मिश्रा के शामिल होने को जननीति भारत के लिए बड़ी मजबूती के तौर पर देखा जा रहा है। जानकारों का मानना है कि यह सिर्फ दल बदलने की नहीं, सोच बदलने की कहानी है। उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने 13 साल की प्रतिष्ठित सेवा छोड़कर जनसेवा का रास्ता चुना है। उनकी पार्टी का नाम ही चर्चा का विषय बना हुआ है। पार्टी का कहना है कि यह किसी परिवार या जाति की नहीं, बल्कि जन की नीति पर आधारित पार्टी है। दिव्या मित्तल ने जिले की पांच विधानसभा सीटों में से सबसे चर्चित सीट मिर्जापुर नगर (सदर) से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। यह सीट कभी किसी एक दल की जागीर नहीं रही है। 2002 से 2012 तक यह सीट सपा के कैलाश चौरसिया के पास रही, जबकि 2017 और 2022 में भाजपा के रत्नाकर मिश्रा ने जीत दर्ज की। 2022 के चुनाव में भाजपा ने सपा को 39,876 वोटों के अंतर से हराया था। इस सीट का जातीय समीकरण जननीति के लिए अनुकूल माना जा रहा है। यहां करीब डेढ़ लाख वैश्य, 50 हजार ब्राह्मण, 40 हजार मुस्लिम मतदाताओं के साथ बड़ा दलित-पिछड़ा वर्ग निर्णायक भूमिका में है। दिव्या मित्तल सितंबर 2022 से 2023 तक मिर्जापुर की डीएम रही हैं और लहुरिया दह गांव में पानी पहुंचाने जैसे कार्यों से उन्होंने जनता में अपनी पहचान बनाई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार ग्रामीण कार्यक्रमों में देर रात तक उमड़ रही भीड़ इस बदलाव का संकेत दे रही है
मऊ रोटरी क्लब मऊ  की अनूठी पहल: मोतियाबिंद जांच शिविर में हुई 95मरीजों की स्क्रीनिंग,24 मरीज़ को निशुल्क ऑपरेशन के लिए भेजा गया वाराणसी
रोटरी क्लब के तत्वाधान में एक सराहनीय स्वास्थ्य शिविर कार्यक्रम के अंतर्गत, आरजे शंकरा हॉस्पिटल, वाराणसी की विशेषज्ञ टीम द्वारा एक विशेष नेत्र जांच शिविर का आयोजन डुमराव गांव में  किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद और मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को समय पर उचित उपचार उपलब्ध कराना था। 

शिविर में स्थानीय स्तर पर  95 लोगों ने अपनी आंखों की जांच करवाई। आरजे शंकरा हॉस्पिटल के अनुभवी नेत्र चिकित्सकों ने मरीजों का गहन परीक्षण किया और मोतियाबिंद से प्रभावित रोगियों की पहचान की। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद, चिन्हित किए गए 24 मरीजों को निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए वाराणसी स्थित आरजे शंकरा हॉस्पिटल ले जाया गया। सभी अतिथियों का सम्मान डुमराव गांव के पूर्व प्रधान भारतीय जनता पार्टी  परदहा के मंडल अध्यक्ष एवं रोटरी क्लब मऊ  के कार्यक्रम संयोजक यशपाल सिंह ने किया l

मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष आदरणीय कामेश्वर सिंह जी रहे उन्होंने अपने संबोधन में कहा  कि रोटरी क्लब गरीब असहाय की सेवा में सदैव तत्पर रहा है आर्थिक अभाव के कारण कई लोग अपनी आंखों का उपचार नहीं करा पाते हैं, जिससे उनका जीवन अंधकारमय हो जाता है |

क्लब द्वारा गरीब लोगों का निशुल्क ऑपरेशन कराया जाना अत्यंत ही सराहनीय कार्य है विशिष्ट अतिथि भाजपा  जिला अध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने कहा  ने कहा  कि आगामी दिनों में मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर को ग्रामीण अंचल एरिया में भी करने की आवश्यकता है जिससे कि अधिक से अधिक लाभार्थी लाभान्वित  शिविरों के माध्यम से हो सके और उन्हें बेहतर दृष्टि प्रदान की जा सके l

इस अवसर पर रोटरी क्लब के अध्यक्ष सचिंद्र सिंह ने कहा रोटरी क्लब मऊ समाज के गरीब वर्ग के लिए सेवा के क्षेत्र में आदरणीय भूमिका निभाती रही है और आगे भी सेवा के क्षेत्र में अपना बहुमूल्य योगदान देती रहेगी पूर्व अध्यक्ष रोटरी क्लब डॉ असगर अली सिद्दीकी   रोटेरियन सुरेंद्र यादव ने भी संबोधित किया इस अवसर पर राम सिंह आनंद सिंह हरकेश सिंह राजेश राम प्रमुख ब्लॉक परदहा अजय पांडे सहित  सैकड़ो  लोग मौजूद थे |

आरजे शंकरा हॉस्पिटल की टीम ने जानकारी दी कि सभी मरीजों का ऑपरेशन आधुनिक तकनीक से पूरी तरह निशुल्क किया जाएगा। इस सेवा कार्य की स्थानीय लोगों ने खूब सराहना की है और रोटरी क्लब के इस प्रयास को समाज के लिए बेहद लाभकारी बताया है। 

मरीजों को वाराणसी ले जाया गया जिसमें प्रमुख रूप से शारदा देवी शांति देवी लखपतिया  शिव प्रताप राम भजन आदि मौजूद थे
मऊ में कृषि वैज्ञानिकों का महामंथन, 500 किसानों के बीच उन्नत बीज और सूक्ष्मजीव तकनीक पर जोर
मऊ। कृषि अनुसंधान को खेतों तक पहुंचाने, किसानों की आय बढ़ाने और दलहन-तिलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करने के उद्देश्य से रविवार को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के वरिष्ठ अधिकारियों ने मऊ स्थित राष्ट्रीय कृषि उपयोगी सूक्ष्मजीव ब्यूरो (ICAR-NBAIM) और राष्ट्रीय बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (ICAR-NISST) का दौरा किया। इस दौरान करीब 500 किसानों की मौजूदगी में किसान गोष्ठी आयोजित कर उन्नत बीज, वैज्ञानिक खेती और सूक्ष्मजीव आधारित कृषि तकनीकों के उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के सचिव तथा ICAR के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट, उपमहानिदेशक (फसल विज्ञान) डॉ. देवेंद्र कुमार यादव और उपमहानिदेशक (कृषि विस्तार) डॉ. राजबीर सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने संस्थानों के परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ कृषि के प्रति प्रतिबद्धता जताई।

इसके बाद राष्ट्रीय कृषि उपयोगी सूक्ष्मजीव संग्रह (NAIMCC) के नवीन भवन का शिलान्यास किया गया।
वैज्ञानिकों ने बताया कि कृषि उपयोगी सूक्ष्मजीवों का संरक्षण और उनका प्रभावी इस्तेमाल मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने, पोषक तत्वों की उपलब्धता बढ़ाने तथा पर्यावरण अनुकूल खेती को प्रोत्साहित करने में सहायक हो सकता है।

किसान गोष्ठी में दलहन और तिलहन की उत्पादकता बढ़ाने, गुणवत्तापूर्ण बीजों के इस्तेमाल, संतुलित पोषण प्रबंधन और मृदा स्वास्थ्य संरक्षण पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि इन फसलों का उत्पादन बढ़ाकर आयात पर निर्भरता कम करने के लिए वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाना जरूरी है। किसानों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप जैव उर्वरकों और सूक्ष्मजीव आधारित उत्पादों का उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद हुआ। अनुसंधान संस्थानों और उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ाने तथा प्रयोगशालाओं में विकसित तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने की संभावनाओं पर विचार किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों संस्थानों की प्रयोगशालाओं का निरीक्षण कर अनुसंधान गतिविधियों और वैज्ञानिक सुविधाओं का जायजा भी लिया।

यह दौरा कृषि अनुसंधान, उन्नत बीज प्रौद्योगिकी और किसान हितों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। कार्यक्रम में टिकाऊ खेती, मिट्टी की सेहत और दलहन-तिलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
मऊ बेटी-बहू सम्मेलन के तहत एंटी रोमियो स्क्वायड ने महिलाओं-बच्चियों को किया जागरूक

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। बेटी-बहू सम्मेलन के तहत रविवार को पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में एवं थानाध्यक्ष कमलकांत वर्मा के कुशल नेतृत्व में एंटी रोमियो स्क्वायड ने ग्राम टेकई और हिंडोला में महिलाओं एवं बच्चियों को सुरक्षा और महिला अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

पुलिस टीम ने महिलाओं को 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 102 गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस तथा 108 एंबुलेंस सेवा समेत अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं एवं बच्चियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक सहायता का भरोसा दिलाया।

इस दौरान पुलिस टीम ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूक किया। महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा गया कि वे समाज की निडर प्रहरी हैं और किसी भी गलत गतिविधि की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि समाज में सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण बनाया जा सके।

अभियान के दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक मधुसूदन चौरसिया, महिला उपनिरीक्षक शालिनी मौर्य समेत महिला पुलिसकर्मी एवं कांस्टेबल मौजूद रहे।
विजयादशमी पर्व को लेकर बड़ा परेड ग्राउंड का पालिका अध्यक्ष ने किया निरीक्षण।    
               
                                     
साफ-सफाई,स्वच्छता एवं जनसुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।              
                                     
बलरामपुर। विजयादशमी (दशहरा) पर्व के सफल,भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने बलरामपुर स्थित बड़ा परेड ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैदान की साफ-सफाई,स्वच्छता व्यवस्था,आवश्यक जनसुविधाओं तथा आयोजन से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पालिका अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विजयादशमी पर्व के दृष्टिगत सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं,ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। उन्होंने साफ-सफाई एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने,आयोजन स्थल को व्यवस्थित रखने तथा श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि विजयादशमी भारतीय संस्कृति,आस्था एवं बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक पर्व है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह,अधिशाषी अधिकारी लाल चन्द्र मौर्य,राजकुमार श्रीवास्तव,डीपी सिंह बैस,व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष रमेश पाहवा,सनातन धर्म सभा अध्यक्ष संजय शर्मा,जे.ई.जल धर्मेंद्र गौड़,गौरव मिश्रा तथा सफाई विभाग के अधिकारियों सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
गुर्दे की बीमारी से जूझ रहे मरीजों को बड़ी राहत, आयुष्मान योजना बनी उपचार का सहारा


पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर, गंभीर मरीजों को समय पर उपचार दिलाने पर जोर



फर्रुखाबाद । गुर्दे से संबंधित गंभीर बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मरीजों के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना उपचार का बड़ा सहारा बन रही है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर उपलब्ध कराया जाता है। किडनी जैसी गंभीर बीमारी में लंबे समय तक उपचार की आवश्यकता होने के कारण योजना की सुविधा जरूरतमंद परिवारों के लिए काफी महत्वपूर्ण है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र परिवारों को आयुष्मान योजना की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने और ई-केवाईसी की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि आर्थिक अभाव के कारण किसी पात्र मरीज का उपचार प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि गुर्दे की बीमारी के लक्षणों को सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। चेहरे या पैरों में सूजन, पेशाब में असामान्य बदलाव, अत्यधिक कमजोरी, रक्तचाप बढ़ना अथवा बार-बार स्वास्थ्य खराब होने जैसी स्थिति में चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। समय पर जांच और उपचार से बीमारी को गंभीर होने से रोकने में मदद मिल सकती है।
सीएमओ ने स्वास्थ्य इकाइयों को यह भी निर्देश दिए कि गंभीर मरीजों को आवश्यकता के अनुसार उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए समय से रेफर किया जाए तथा पात्र मरीजों को उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग किया जाए। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि बीमारी के साथ आर्थिक परेशानी मरीज के उपचार में बाधा न बने।
आयुष्मान के पात्र परिवारों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाने की पहल, 15 गांव निजी अस्पतालों को गोद देकर चलाया जाएगा विशेष अभियान

फर्रुखाबाद।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जिले में पात्र परिवारों और लाभार्थियों को शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड से संतृप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने योजना से संबद्ध निजी अस्पतालों को चिन्हित गांवों की जिम्मेदारी सौंपते हुए संबंधित गांवों में विशेष शिविर लगाने तथा डोर-टू-डोर अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ के निर्देश पर जिले के विभिन्न ब्लॉकों के 15 गांवों को संबंधित निजी अस्पतालों से जोड़ा गया है। संबंधित अस्पतालों की टीमें अपने-अपने आवंटित गांवों में पहुंचकर पात्र परिवारों से संपर्क करेंगी और जिन लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड अभी नहीं बने हैं, उनका कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराएंगी।
बढ़पुर ब्लॉक में याकूतगंज गांव की जिम्मेदारी लाइफलाइन अस्पताल, दिलावल की जिम्मेदारी श्री बाबूसिंह जयसिंह अस्पताल तथा सोता बहादुरपुर की जिम्मेदारी केपी सिंह अस्पताल को दी गई है।
नवाबगंज ब्लॉक में गनीपुर जोगपुर गांव की जिम्मेदारी डॉ. अनिता रंजन अस्पताल, कुरार की डॉ. सुनीता अस्पताल, पिलखना की द केयर अस्पताल तथा बरतल की जिम्मेदारी रेडियेन्टो अस्पताल को सौंपी गई है।
मोहम्मदाबाद ब्लॉक में सिरौली गांव को परिवर्तन मिशन अस्पताल, मदनपुर को डॉ. शिवाक्षी अस्पताल तथा पिपरगांव को श्री बाबूसिंह दद्दूजी अस्पताल से जोड़ा गया है।
इसी तरह कमालगंज ब्लॉक में जरारी गांव की जिम्मेदारी एसएम अस्पताल तथा हुसैनपुर नौखंडा की जिम्मेदारी भारत नर्सिंग होम को दी गई है। कायमगंज ब्लॉक में चिलौली गांव को आरपी मेमोरियल अस्पताल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं शमसाबाद ब्लॉक में खिनमिनी तथा कुआंखेड़ा वजीर आलम खान गांवों को संबंधित निजी अस्पतालों के माध्यम से आयुष्मान कार्ड अभियान से जोड़ा गया है।
सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित निजी अस्पताल अपने आवंटित गांवों में एक सप्ताह के अंदर विशेष शिविर आयोजित कर अभियान को गति दें। शिविर में बनाए गए आयुष्मान कार्डों की संख्या, लाभार्थियों का विवरण तथा फोटो सहित रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड पात्र परिवारों के लिए गंभीर बीमारी के इलाज में आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए अभियान का उद्देश्य केवल कार्ड बनाना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र परिवार तक योजना का लाभ पहुंचाना है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें और संबंधित निजी अस्पताल मिलकर गांव-गांव अभियान चलाएंगे, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी आयुष्मान योजना के लाभ से वंचित न रहे।
61 सालों से मुस्लिम परिवार बना रहा रावण,पिता ने 46 साल बनाए रावण
*बेटे शाहिद ने संभाली कमान

गोंडा।जिले में विजयादशमी पर्व पर रावण दहन की तैयारियां जोरों पर हैं।शहर के अलग अलग स्थानों पर रावण के पुतले तैयार किए जा रहे हैं।वहीं पटेल नगर के रहने वाले मोहम्मद शाहिद का परिवार वर्ष 1955 से रावण के पुतले बनाकर हिन्दू मुस्लिम एकता की मिशाल पेश कर रहा है।बताते चलें कि लगभग 61 साल से यह परिवार हर साल रावण के पुतले तैयार कर रहा है,जिन्हें ले जाकर अलग अलग स्थानों पर रावण दहन किया जाता है।इस साल भी मोहम्मद शाहिद रावण और मेघनाद के पुतले तैयार कर रहे हैं।रविवार अपरान्ह 3.00 बजे तक वह अपने आर्डर का लगभग 60% काम पूरा कर चुके थे।शाहिद के पिता ने वर्ष 1965 से वर्ष 2011 तक रावण और मेघनाद के पुतले बनाने का काम किया तथा इसके बाद वर्ष 2011 से उसके बेटे मोहम्मद शाहिद ने यह जिम्मेदारी संभाल लिया।इस बार उन्हें अलग अलग स्थानों पर रावण दहन के लिए रावण और मेघनाद के पुतले बनाने के लिए ऑर्डर मिले हैं।वह प्रत्येक रावण व मेघनाद का पुतला बनाने के लिए 20 हजार से 25 हजार रूपए लेते हैं।इस वर्ष रावण और मेघनाद के पुतले तैयार करके उन्हें लगभग एक लाख रूपए की कमाई होने की उम्मीद है।मोहम्मद शाहिद अपनी पत्नी,बच्चों और कुछ कारीगरों के साथ मिलकर पिछले 20 दिनों से लगातार रावण और मेघनाद के पुतले बनाने में तल्लीन हैं।शहर के मालवीय नगर स्थित रामलीला मैदान में 45 फिट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा,इसके लिए शाहिद रावण का पुतला तैयार कर रहे हैं।वहीं माँ खैरा भवानी मंदिर परिसर में इस बार 30 फिट ऊंचे रावण और 20 फिट ऊंचे मेघनाद के पुतले बनाए जा रहे हैं।पटेल नगर निवासी मोहम्मद शाहिद ने बताया कि पहले उनके पिता रावण के पुतले बनाते थे,परन्तु अब वह स्वयं यह काम कर रहे हैं।