मऊ में कृषि वैज्ञानिकों का महामंथन, 500 किसानों के बीच उन्नत बीज और सूक्ष्मजीव तकनीक पर जोर
मऊ। कृषि अनुसंधान को खेतों तक पहुंचाने, किसानों की आय बढ़ाने और दलहन-तिलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करने के उद्देश्य से रविवार को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के वरिष्ठ अधिकारियों ने मऊ स्थित राष्ट्रीय कृषि उपयोगी सूक्ष्मजीव ब्यूरो (ICAR-NBAIM) और राष्ट्रीय बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (ICAR-NISST) का दौरा किया। इस दौरान करीब 500 किसानों की मौजूदगी में किसान गोष्ठी आयोजित कर उन्नत बीज, वैज्ञानिक खेती और सूक्ष्मजीव आधारित कृषि तकनीकों के उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के सचिव तथा ICAR के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट, उपमहानिदेशक (फसल विज्ञान) डॉ. देवेंद्र कुमार यादव और उपमहानिदेशक (कृषि विस्तार) डॉ. राजबीर सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने संस्थानों के परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ कृषि के प्रति प्रतिबद्धता जताई।

इसके बाद राष्ट्रीय कृषि उपयोगी सूक्ष्मजीव संग्रह (NAIMCC) के नवीन भवन का शिलान्यास किया गया।
वैज्ञानिकों ने बताया कि कृषि उपयोगी सूक्ष्मजीवों का संरक्षण और उनका प्रभावी इस्तेमाल मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने, पोषक तत्वों की उपलब्धता बढ़ाने तथा पर्यावरण अनुकूल खेती को प्रोत्साहित करने में सहायक हो सकता है।

किसान गोष्ठी में दलहन और तिलहन की उत्पादकता बढ़ाने, गुणवत्तापूर्ण बीजों के इस्तेमाल, संतुलित पोषण प्रबंधन और मृदा स्वास्थ्य संरक्षण पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि इन फसलों का उत्पादन बढ़ाकर आयात पर निर्भरता कम करने के लिए वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाना जरूरी है। किसानों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप जैव उर्वरकों और सूक्ष्मजीव आधारित उत्पादों का उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद हुआ। अनुसंधान संस्थानों और उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ाने तथा प्रयोगशालाओं में विकसित तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने की संभावनाओं पर विचार किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों संस्थानों की प्रयोगशालाओं का निरीक्षण कर अनुसंधान गतिविधियों और वैज्ञानिक सुविधाओं का जायजा भी लिया।

यह दौरा कृषि अनुसंधान, उन्नत बीज प्रौद्योगिकी और किसान हितों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। कार्यक्रम में टिकाऊ खेती, मिट्टी की सेहत और दलहन-तिलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
मऊ बेटी-बहू सम्मेलन के तहत एंटी रोमियो स्क्वायड ने महिलाओं-बच्चियों को किया जागरूक

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। बेटी-बहू सम्मेलन के तहत रविवार को पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में एवं थानाध्यक्ष कमलकांत वर्मा के कुशल नेतृत्व में एंटी रोमियो स्क्वायड ने ग्राम टेकई और हिंडोला में महिलाओं एवं बच्चियों को सुरक्षा और महिला अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

पुलिस टीम ने महिलाओं को 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 102 गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस तथा 108 एंबुलेंस सेवा समेत अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं एवं बच्चियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक सहायता का भरोसा दिलाया।

इस दौरान पुलिस टीम ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूक किया। महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा गया कि वे समाज की निडर प्रहरी हैं और किसी भी गलत गतिविधि की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि समाज में सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण बनाया जा सके।

अभियान के दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक मधुसूदन चौरसिया, महिला उपनिरीक्षक शालिनी मौर्य समेत महिला पुलिसकर्मी एवं कांस्टेबल मौजूद रहे।
विजयादशमी पर्व को लेकर बड़ा परेड ग्राउंड का पालिका अध्यक्ष ने किया निरीक्षण।    
               
                                     
साफ-सफाई,स्वच्छता एवं जनसुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।              
                                     
बलरामपुर। विजयादशमी (दशहरा) पर्व के सफल,भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने बलरामपुर स्थित बड़ा परेड ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैदान की साफ-सफाई,स्वच्छता व्यवस्था,आवश्यक जनसुविधाओं तथा आयोजन से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पालिका अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विजयादशमी पर्व के दृष्टिगत सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं,ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। उन्होंने साफ-सफाई एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने,आयोजन स्थल को व्यवस्थित रखने तथा श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि विजयादशमी भारतीय संस्कृति,आस्था एवं बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक पर्व है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह,अधिशाषी अधिकारी लाल चन्द्र मौर्य,राजकुमार श्रीवास्तव,डीपी सिंह बैस,व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष रमेश पाहवा,सनातन धर्म सभा अध्यक्ष संजय शर्मा,जे.ई.जल धर्मेंद्र गौड़,गौरव मिश्रा तथा सफाई विभाग के अधिकारियों सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
गुर्दे की बीमारी से जूझ रहे मरीजों को बड़ी राहत, आयुष्मान योजना बनी उपचार का सहारा


पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर, गंभीर मरीजों को समय पर उपचार दिलाने पर जोर



फर्रुखाबाद । गुर्दे से संबंधित गंभीर बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मरीजों के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना उपचार का बड़ा सहारा बन रही है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर उपलब्ध कराया जाता है। किडनी जैसी गंभीर बीमारी में लंबे समय तक उपचार की आवश्यकता होने के कारण योजना की सुविधा जरूरतमंद परिवारों के लिए काफी महत्वपूर्ण है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र परिवारों को आयुष्मान योजना की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने और ई-केवाईसी की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि आर्थिक अभाव के कारण किसी पात्र मरीज का उपचार प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि गुर्दे की बीमारी के लक्षणों को सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। चेहरे या पैरों में सूजन, पेशाब में असामान्य बदलाव, अत्यधिक कमजोरी, रक्तचाप बढ़ना अथवा बार-बार स्वास्थ्य खराब होने जैसी स्थिति में चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। समय पर जांच और उपचार से बीमारी को गंभीर होने से रोकने में मदद मिल सकती है।
सीएमओ ने स्वास्थ्य इकाइयों को यह भी निर्देश दिए कि गंभीर मरीजों को आवश्यकता के अनुसार उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए समय से रेफर किया जाए तथा पात्र मरीजों को उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग किया जाए। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि बीमारी के साथ आर्थिक परेशानी मरीज के उपचार में बाधा न बने।
आयुष्मान के पात्र परिवारों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाने की पहल, 15 गांव निजी अस्पतालों को गोद देकर चलाया जाएगा विशेष अभियान

फर्रुखाबाद।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जिले में पात्र परिवारों और लाभार्थियों को शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड से संतृप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने योजना से संबद्ध निजी अस्पतालों को चिन्हित गांवों की जिम्मेदारी सौंपते हुए संबंधित गांवों में विशेष शिविर लगाने तथा डोर-टू-डोर अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ के निर्देश पर जिले के विभिन्न ब्लॉकों के 15 गांवों को संबंधित निजी अस्पतालों से जोड़ा गया है। संबंधित अस्पतालों की टीमें अपने-अपने आवंटित गांवों में पहुंचकर पात्र परिवारों से संपर्क करेंगी और जिन लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड अभी नहीं बने हैं, उनका कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराएंगी।
बढ़पुर ब्लॉक में याकूतगंज गांव की जिम्मेदारी लाइफलाइन अस्पताल, दिलावल की जिम्मेदारी श्री बाबूसिंह जयसिंह अस्पताल तथा सोता बहादुरपुर की जिम्मेदारी केपी सिंह अस्पताल को दी गई है।
नवाबगंज ब्लॉक में गनीपुर जोगपुर गांव की जिम्मेदारी डॉ. अनिता रंजन अस्पताल, कुरार की डॉ. सुनीता अस्पताल, पिलखना की द केयर अस्पताल तथा बरतल की जिम्मेदारी रेडियेन्टो अस्पताल को सौंपी गई है।
मोहम्मदाबाद ब्लॉक में सिरौली गांव को परिवर्तन मिशन अस्पताल, मदनपुर को डॉ. शिवाक्षी अस्पताल तथा पिपरगांव को श्री बाबूसिंह दद्दूजी अस्पताल से जोड़ा गया है।
इसी तरह कमालगंज ब्लॉक में जरारी गांव की जिम्मेदारी एसएम अस्पताल तथा हुसैनपुर नौखंडा की जिम्मेदारी भारत नर्सिंग होम को दी गई है। कायमगंज ब्लॉक में चिलौली गांव को आरपी मेमोरियल अस्पताल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं शमसाबाद ब्लॉक में खिनमिनी तथा कुआंखेड़ा वजीर आलम खान गांवों को संबंधित निजी अस्पतालों के माध्यम से आयुष्मान कार्ड अभियान से जोड़ा गया है।
सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित निजी अस्पताल अपने आवंटित गांवों में एक सप्ताह के अंदर विशेष शिविर आयोजित कर अभियान को गति दें। शिविर में बनाए गए आयुष्मान कार्डों की संख्या, लाभार्थियों का विवरण तथा फोटो सहित रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड पात्र परिवारों के लिए गंभीर बीमारी के इलाज में आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए अभियान का उद्देश्य केवल कार्ड बनाना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र परिवार तक योजना का लाभ पहुंचाना है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें और संबंधित निजी अस्पताल मिलकर गांव-गांव अभियान चलाएंगे, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी आयुष्मान योजना के लाभ से वंचित न रहे।
61 सालों से मुस्लिम परिवार बना रहा रावण,पिता ने 46 साल बनाए रावण
*बेटे शाहिद ने संभाली कमान

गोंडा।जिले में विजयादशमी पर्व पर रावण दहन की तैयारियां जोरों पर हैं।शहर के अलग अलग स्थानों पर रावण के पुतले तैयार किए जा रहे हैं।वहीं पटेल नगर के रहने वाले मोहम्मद शाहिद का परिवार वर्ष 1955 से रावण के पुतले बनाकर हिन्दू मुस्लिम एकता की मिशाल पेश कर रहा है।बताते चलें कि लगभग 61 साल से यह परिवार हर साल रावण के पुतले तैयार कर रहा है,जिन्हें ले जाकर अलग अलग स्थानों पर रावण दहन किया जाता है।इस साल भी मोहम्मद शाहिद रावण और मेघनाद के पुतले तैयार कर रहे हैं।रविवार अपरान्ह 3.00 बजे तक वह अपने आर्डर का लगभग 60% काम पूरा कर चुके थे।शाहिद के पिता ने वर्ष 1965 से वर्ष 2011 तक रावण और मेघनाद के पुतले बनाने का काम किया तथा इसके बाद वर्ष 2011 से उसके बेटे मोहम्मद शाहिद ने यह जिम्मेदारी संभाल लिया।इस बार उन्हें अलग अलग स्थानों पर रावण दहन के लिए रावण और मेघनाद के पुतले बनाने के लिए ऑर्डर मिले हैं।वह प्रत्येक रावण व मेघनाद का पुतला बनाने के लिए 20 हजार से 25 हजार रूपए लेते हैं।इस वर्ष रावण और मेघनाद के पुतले तैयार करके उन्हें लगभग एक लाख रूपए की कमाई होने की उम्मीद है।मोहम्मद शाहिद अपनी पत्नी,बच्चों और कुछ कारीगरों के साथ मिलकर पिछले 20 दिनों से लगातार रावण और मेघनाद के पुतले बनाने में तल्लीन हैं।शहर के मालवीय नगर स्थित रामलीला मैदान में 45 फिट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा,इसके लिए शाहिद रावण का पुतला तैयार कर रहे हैं।वहीं माँ खैरा भवानी मंदिर परिसर में इस बार 30 फिट ऊंचे रावण और 20 फिट ऊंचे मेघनाद के पुतले बनाए जा रहे हैं।पटेल नगर निवासी मोहम्मद शाहिद ने बताया कि पहले उनके पिता रावण के पुतले बनाते थे,परन्तु अब वह स्वयं यह काम कर रहे हैं।
प्रभु श्रीराम व हनुमान मिलन देख प्रफुल्लित हुए दर्शक


*-मालवीय नगर की प्राचीन रामलीला में उमड़े दर्शक*
*गोण्डा।*
मालवीय नगर स्थित जनपद मुख्यालय की प्राचीन  नगर रामलीला में  सप्तम्  दिवस  कल की लीला में हनुमान जी का प्रभु श्री राम से मिलन सुग्रीव मित्रता बाली वध तथा तारा शोक व किष्किंधा पर प्रभु का चातुर्मास निवास  की लीला का  रोचक मंचन किया गया।  अयोध्याधाम के हनुमत लीला मंडल के कलाकारों ने भगवती सीता की खोज में पशु पक्षियों से विरह भाव से पूंछते पूंछते वे किष्किंधा पहुंचे जहां ब्राह्मण वेश में हनुमान और फिर सुग्रीव से मित्रता हुई। प्रभु ने सुग्रीव की सहायता करते हुए बालि का वध किया।  सुग्रीव को राजा और अंगद को युवराज बनाकर स्वयं किष्किंधा पर चतुर्मास व्यतीत करने लगे। कलाकारों के मनोहारी मंचन से दर्शक  मंत्रमुग्ध हो गए।  भगवान के जुलूस का नगर के कई स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत किया गया।
रामलीला में आए श्रद्धालुओं का अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह एवं लीला संरक्षक अरुण कुमार शुक्ल ने आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पर पूर्व भाजपा अध्यक्ष अमर किशोर कश्यप,संजय तिवारी, धीरेन्द्र प्रताप पाण्डेय, सभासद रामगोपाल साहू, हरीश शुक्ला एवं गोपेश श्रीवास्तव आदि पदाधिकारी शामिल रहे।
देवी मंडप में महागौरी का पूजन, नवरात्र मेला चढ़ा परवान*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। देवी आराधना के पवित्र पर्व शारदीय नवरात्र की महाष्टमी पर रविवार को समूची कालीन नगरी भगवती की भक्ति में लीन नजर आई। घर से लेकर पूजा पंडालों तक देवी के आवाहन मंत्र गूंजते रहे। देवी गीत और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने देवी मंदिरों और पंडालों में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इस दौरान जयकारे लगे। नवरात्र की महाष्टमी के अवसर पर रविवार को देवी मंडप में आदिशक्ति के महागौरी स्वरूप की उपासना की गई। महाष्टमी पर दर्शन-पूजन के लिए देवी मंदिरों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। नवरात्र में दो दिन व्रत करने वालों अष्टमी पर उपवास रखकर सुख-समृद्धि की कामना की। दूसरी ओर नवरात्र मेला चरम पर पहुंच गया। पंडालों में दर्शन-पूजन के लिए देर रात नगर की सड़कों पर लोगों की भीड़ दिखी। ज्ञानपुर नगर स्थित हरिहरनाथ धाम, घोपइला दुर्गा मंदिर,  देवी मंदिरों में देवी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।   ज्ञानपुर नगर स्थित दूधनाथ मंदिर,मिश्रा मार्केट, हरिहरनाथ धाम, श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क, बालीपुर काग भुसुंडी मंदिर, बड़ाडीह, हनुमत कुटिया बालीपुर रोड, पुरानी बाजार, आदि स्थानों पर पंडालों में दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गईं हैं, जहां दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
ज्ञानपुर पुलिस ने मारपीट-बलवा के मामले में 3 आरोपी पकड़े: जमीन विवाद में हुई थी घटना, दोनों पक्षों के खिलाफ दर्ज हुए थे केस
**

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही के ज्ञानपुर इलाके के झींगुरपुर गांव में जमीन की पैमाइश और बाउंड्रीवाल बनाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इस मामले में ज्ञानपुर थाने में दोनों पक्षों की शिकायत पर दो केस दर्ज किए गए थे।

भदोही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर, रविवार को उप-निरीक्षक हरिकेश सिंह और हेड कांस्टेबरामअवतार यादव ने कार्रवाई की। उन्होंने जांच के दौरान दोनों केसों में वांछित 3 आरोपियों को दोपहर करीब 1:30 बजे थाना परिसर से पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपियों में झींगुरपुर गांव के इंद्रेश कुमार दुबे उर्फ नंद कुमार (40), मनीष कुमार दुबे (28) और प्रमोद कुमार मिश्रा (45) शामिल हैं। इंद्रेश और मनीष का नाम केस 269/2026 में था, जबकि प्रमोद का नाम केस 270/2026 में था।

पूछताछ में आरोपियों ने जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट की बात कबूल की। उनके शरीर पर पुरानी चोटों के अलावा कोई नई चोट नहीं मिली। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



1. उ०नि० हरिकेश सिंह (थाना ज्ञानपुर, जनपद भदोही) 
2. हे०का० रामअवतार यादव (थाना ज्ञानपुर, जनपद भदोही)
गोपीगंज में स्कूल से चोरी का आरोपी गिरफ्तार:स्टेबलाइजर, 2 सीसीटीवी कैमरे और घटना में प्रयुक्त साइकिल बरामद


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। गोपीगंज पुलिस ने एक स्कूल में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी का स्टेबलाइजर, दो सीसीटीवी कैमरे और घटना में इस्तेमाल साइकिल बरामद हुई है।

पीएमश्री कम्पोजिट विद्यालय, बेरासपुर के प्रधानाध्यापक जमाल अख्तर ने 18 अक्टूबर 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया, 16-17 अक्टूबर 2026 की रात चोरों ने विद्यालय का ताला तोड़कर चोरी की।

चोरों ने 2 सीसीटीवी कैमरे, 1 मॉनिटर, डीवीआर, 3 गैस सिलेंडर, 1 स्टेबलाइजर और 1 आहूजा एम्पलीफायर चुराया था। कुछ सामान क्षतिग्रस्त भी किया गया। इस संबंध में गोपीगंज थाने में केस दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर उप-निरीक्षक उमेश चंद्र यादव की टीम ने आरोपी अंकित मिश्रा (20) को दानीपट्टी डुहिया से पकड़ा।

पूछताछ में अंकित ने चोरी कबूल करते हुए बताया कि उसने साथियों संग मिलकर वारदात की। बंटवारे में मिले स्टेबलाइजर और दो कैमरे वह बेचने जा रहा था।



1. उ०नि० उमेश चन्द्र यादव (थाना गोपीगंज, जनपद भदोही)
2. का० मुरली धर (थाना गोपीगंज, जनपद भदोही)